ओमिक्रॉन वैरिएंट से खतरे की आशंकाओं के बीच एक समय में इस महामारी से देश में सबसे अधिक प्रभावित रहे राज्य महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने सोमवार को कैबिनेट की बैठक बुलाई। यहां उन्होंने उन अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की ट्रैकिंग को लेकर चिंता जताई जो सीधे मुंबई नहीं उतरेंगे और फिर किसी अन्य साधन से राज्य में प्रवेश करेंगे।
उन्होंने कहा कि इसमें आसानी होती अगर ऐसे यात्रियों के बारे में जानकारी साझा की जाए। ठाकरे ने कहा कि विदेश से आने वाले जो लोग मुंबई या किसी अन्य एयरपोर्ट पर नहीं उतरते हैं और फिर ट्रेन या बस से प्रदेश में आते हैं, उनकी जांच कैसे की जाएगी, प्रधानमंत्री को इसकी जानकारी होनी चाहिए। बैठक में नए वैरिएंट पर भी चर्चा की गई।
महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा कि महाराष्ट्र मंत्रिमंडल की बैठक में ओमिक्रॉन के बारे में महत्वपूर्ण चर्चा हुई। ओमिक्रॉन को अगर रोकना है तो हमें साउथ अफ्रीका से आ रही फ्लाइट्स को रोकना भी जरूरी है। मंत्रिमंडल ने प्रभावित देशों से आने वाली फ्लाइट्स को प्रतिबंधित करने की मांग की है। मंत्रिमंडल ने केंद्र सरकार से भी इस पर विनती करने की मांग की है। आने वाले दिनों में इसके बारे में निर्णय लिया जाएगा।
वहीं, महाराष्ट्र के मंत्री आदित्य ठाकरे ने कहा कि 3-4 दिनों से ओमीक्रोन पर हमारी चर्चा हो रही है। कल भी हमारे मुख्यमंत्री ने एक बैठक की जिसमें महाराष्ट्र के सभी अधिकारी थे। महत्वपूर्ण यही है कि हम सभी को मास्क लगाना और डबल वैक्सीनेटेड होना जरूरी है। फ्लाइट्स को लेकर हमारी एडवाइजरी जारी हो गई है। 1 दिसंबर से स्कूल खुलेंगे ही, डरने की बात नहीं है लेकिन सर्तक रहना जरूरी है। कोरोना के नियमों का पालन करना जरूरी है।