बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यपालों की नियुक्ति को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने मांग की है कि राज्यों में राज्यपालों की होने वाली नियुक्ति के प्रावधान पारदर्शी होने चाहिए।
नीतीश कुमार, दिल्ली में आयोजित अंतर-राज्य परिषद की बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली में थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यपाल को लेकर अपना पक्ष रखा।
नीतीश कुमार ने कहा कि राज्यपाल की नियुक्ति से संबंधित प्रावधान को स्पष्ट रूप से परिभाषित किया जाना चाहिए और उनकी नियुक्ति प्रक्रिया को भी पारदर्शी बनाया जाना चाहिए।
बता दें कि नीतीश कुमार का ये बयान अरुणाचल प्रदेश और उत्तराखंड के हालिया घटनाक्रम से जुड़ा हुआ माना जा रहा है। जहां राज्यपाल के रोल को लेकर सवाल खड़े हुए थे। अरुणाचल प्रदेश में राज्यपाल के रवैये पर खुद सुप्रीम कोर्ट ने भी निशाना साधा था।