बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इन दिनों दिल्ली दौरे पर हैं। 31 जुलाई को जनता दल यूनाइटेड (जदयू) को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष भी मिल गया। जदयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में राजीव रंजन सिंह ऊर्फ ललन सिंह राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए गए हैं। बैठक में पार्टी की ओर से कई प्रस्ताव पारित किए गए हैं, लेकिन कुछ प्रस्ताव उनके सहयोगी दल भाजपा के लिए राजनीतिक तौर पर असहज करने वाले हो सकते हैं।
दिल्ली में शनिवार जदयू कार्यालय में हुई कार्यकारिणी बैठक में जनसंख्या नियंत्रण कानून, जातीय आधारित जनगणना और बिहार के बाहर अन्य राज्यों में अलग चुनाव लड़ने को लेकर प्रस्ताव पारित पारित किए गए। जदयू इन मुद्दों पर कायम दिख रहा है। कार्यकारिणी बैठक के प्रस्ताव में कहा गया कि जातीय आधारित जनगणना तत्काल की लागू करने की जरूरत है। इस सिलसिले में जदयू केंद्र सरकार पर दबाव बनाने की तैयारी भी शुरू कर दिया है। जल्द ही जदयू का एक प्रतिनिधिमंडल प्रधानमंत्री से मुलाकात कर लागू करने की मांग करेगा। जदयू के वरिष्ठ नेता के सी त्यागी ने कहा कि इसके लिए प्रधानमंत्री से समय मांगा गया है। हालांकि, केंद्र सरकार जातीय जनगणना की संभावना से इनकार कर चुकी है।