राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार पर सीबीआई छापों के बाद बिहार से लेकर दिल्ली तक खलबली मच गई है। अब सबसे बड़ा सवाल ये है कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव पर क्या फैसला लेंगे। सूत्रों की माने तो कांग्रेस भी लालू प्रसाद यादव पर महागठबंधन को बचाने का दबाव बना रही है। ऐसे में तेजस्वी यादव पर इस्तीफा देने का दबाव भी बनाया जा सकता है।
इस खलबली के चलते बैठकों का दौर जारी है। राजद और जदयू में बैठकों का दौर जारी है। 10 जुलाई, सोमवार की सुबह लालू प्रसाद यादव ने अपने आवास में पार्टी विधायक दल की बैठक बुलाई है। वहीं 11 जुलाई को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी बैठक बुलाई है। माना जा रहा है कि लालू प्रसाद यादव एक तरफ जहां अपने बेटे तेजस्वी यादव के मामले पर बात करेंगे तो नीतीश कुमार महागठबंधन के भविष्य को लेकर बात करेंगे। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो 11 जुलाई को उपराष्ट्रपति पद को लेकर होने वाली बैठक में नीतीश कुमार हिस्सा नहीं लेंगे।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राजगीर प्रवास के बाद रविवार को पटना पहुंचे हैं। उनके राजगीर प्रवास के दौरान पटना में राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के आवास पर सीबीआई का छापा पड़ा, लेकिन उन्होंने अभी तक इस पर अपनी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। सोमवार को आरजेडी ने विधायक दल की बैठक बुलाई है। माना जा रहा है उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के पक्ष में यह बैठक होगी। दूसरी तरफ माना जा रहा है कि नीतीश कुमार 11 जुलाई को तय हुई अपनी बैठक में कोई बड़ा फैसला ले सकते हैं।
राजद विधायक दल के नेता इस समय तेजस्वी यादव हैं। तेजस्वी को लेकर हाल ही में भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। खबरें ऐसी भी आ रही हैं कि लालू के ऊपर महागठबंधन को बचान के लिए तेजस्वी यादव से इस्तीफा दिलाने का दबाव बनाया जा रहा है। अब अगर लालू प्रसाद यादव ऐसा करते हैं तो फिर उपमुख्यमंत्री कौन होगा? इस पर भी सूत्रों की माने तो लालू के दूसरे बेटे तेज प्रताप यादव का नाम सामने आ सकता है।
लालू प्रसाद यादव के परिवार पर सीबीआई छापों के बाद महागठबंधन सरकार इस वक्त संकट के दौर से गुजर रही है और ऐसे में मुख्यमंत्री को फैसला लेना है कि वह तेजस्वी यादव को अपने मंत्रिमंडल से कब और कैसे हटाते हैं।
शुक्रवार को सीबीआई ने राबड़ी देवी के आवास के साथ लालू के 12 ठिकानों पर छापेमारी की थी। इसके अगले दिन शनिवार को ईडी ने लालू की बेटी मीसा भारती के दिल्ली स्थित तीन ठिकानों पर छापेमारी की। दिन भर चली पूछताछ के बीच शाम को ईडी की टीम लालू के दामाद शैलेश कुमार को अपने साथ ले गई। सीबीआई ने लीज फॉर होटल्स केस में लालू और तेजस्वी के साथ अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।