रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने आतंकवाद पर करारा हमला बोलते हुए जम्मू-कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग बताया। उन्होंने कहा कि 'हम आतंकवाद को बर्दाश्त नहीं करेंगे, इसे खत्म करने के लिए कड़े कदम उठाएंगे। उन्होंने कहा कि पूरे देश से आतंकवाद का सफाया होगा।'
पाकिस्तान के पूर्व पीएम नवाज शरीफ द्वारा मुंबई हमलों में पाक आतंकियों के शामिल होने के कबूलनामे पर सीतारमण ने कहा कि
पाकिस्तान के पूर्व पीएम का खुलासा गंभीर है, भारत 26/11 मुंबई हमलों को लेकर हमेशा अपने रुख पर कायम रहा है।
सीतारमण ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 'कांग्रेस नेता पी चिदंबरम ने अपनी पूरी संपत्ति का ब्यौरा हलफनामें में नहीं दिया, क्या राहुल गांधी इस मामले में कोई टिप्पणी करेंगे या फिर कोई कार्रवाई करेंगे।' उन्होंने कहा कि पाक पीएम नवाज शरीफ की तरह पी चिदंबरम की भी विदेशों में संपत्ति है।
सीतारमण ने कहा कि राहुल गांधी एक वित्तीय मामले में जमानत पर हैं, उन्हें इस मामले के बारे में भारत की जनता को बताना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम 2015 में काला धन के लिए कानून लाये लेकिन कांग्रेस नेता पी चिदंबरम ने यूके और अमेरिका में अपनी संपत्ति का ब्यौरा नहीं दिया। आयकर विभाग ने भी इस मामले में चार चार्जशीट दाखिल की है जिससे जनता भी सारा सच जान चुकी है।