इससे पहले नितीश राणा (59) और आंद्रे रसेल (41) की तूफानी पारियों की बदौलत कोलकाता नाइटराइडर्स ने सोमवार को दिल्ली डेयरडेविल्स के सामने 201 रन का लक्ष्य रखा है। आईपीएल 2018 के 13वें मैच में केकेआर ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 200 रन बनाए।
कोलकाता के ईडन गार्डन्स पर दिल्ली द्वारा पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित केकेआर की शुरुआत बेहद धीमी और खराब रही। सुनील नरेन (1) को ट्रेंट बोल्ट ने विकेटकीपर पंत के हाथों कैच आउट कराकर दिल्ली को पहली सफलता दिलाई।
इसके बाद रॉबिन उथप्पा (35) ने आक्रामक शॉट खेलकर क्रिस लिन (31) के साथ दूसरे विकेट के लिए 55 रन की साझेदारी की। शाहबाज नदीम ने इस साझेदारी को तोड़ा। उन्होंने उथप्पा का कैच अपनी ही गेंद पर पकड़कर केकेआर को दूसरा झटका दिया। फिर लिन को मोहम्मद शमी ने जेसन रॉय के हाथों झिलवाया और मॉरिस ने कप्तान दिनेश कार्तिक (19) को डीप मिडविकेट में बोल्ट के हाथों कैच आउट कराकर केकेआर को बैकफुट पर धकेल दिया।
फिर कोलकाता में अचानक छक्को की बारिश होने लगी। आंद्रे रसेल (41) और नितीश राणा (59) ने दिल्ली के गेंदबाजों की खूब धुनाई की और मैदान के चारों कोनों में छक्के उड़ाए। दोनों ने दिल्ली के गेंदबाजों की बखिया उधेड़ते हुए सिर्फ 19 गेंदों में अर्धशतकीय साझेदारी कर डाली। दोनों ने 22 गेंदों में 61 रन की साझेदारी की और केकेआर को विशाल स्कोर की तरफ बढ़ाया।
नितीश राणा ने 30 गेंदों में तीन चौको और चार छक्को कि मदद से आईपीएल करियर का पांचवां अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने ट्रेंट बोल्ट द्वारा किए पारी के 18वें ओवर की पहली गेंद पर एक रन लेकर फिफ्टी पूरी की। बोल्ट ने रसेल को क्लीन बोल्ड करके इस साझेदारी को तोड़ा। दाएं हाथ के बल्लेबाज ने सिर्फ 12 गेंदों में 6 छक्को की मदद से 41 रन बनाए।
जल्द ही नितीश राणा भी डगआउट लौटे। उन्होंने मॉरिस की गेंद पर गंभीर को कैच थमाया। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 35 गेंदों में पांच चौको और चार छक्को की मदद से 59 रन बनाए। इसके बाद राहुल तेवटिया ने अंतिम ओवर में केकेआर को तीन झटके देते हुए शुभमन गिल (6), टॉम करन (2) और पियूष चावला को आउट किया। दिल्ली डेयरडेविल्स की तरफ से राहुल तेवटिया ने तीन जबकि ट्रेंट बोल्ट और क्रिस मॉरिस को दो-दो विकेट मिले। शाहबाज नदीम और मोहम्मद शमी को एक-एक सफलता मिली।
इससे पहले दिल्ली डेयरडेविल्स के कप्तान गौतम गंभीर ने सोमवार को आईपीएल 2018 के 13वें मैच में कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया है। दिल्ली डेयरडेविल्स और कोलकाता नाइटराइडर्स ने इस मैच के लिए अपनी टीमों में एक-एक बदलाव किया है। DD ने डेनियल क्रिस्चियन की जगह क्रिस मॉरिस को शामिल किया है। वहीं केकेआर में मिचेल जॉनसन की जगह टॉम करन को शामिल किया गया है।
केकेआर और डीडी ने मौजूदा लीग में अब तक तीन-तीन मैच खेले हैं, जिसमें से दोनों टीमों को एक-एक जीत मिली जबकि दो-दो हार। डीडी ने अपने पिछले मैच में मुंबई इंडियंस को मात दी थी जबकि केकेआर को एसआरएच से शिकस्त झेलनी पड़ी थी।
टीमें:
दिल्ली डेयरडेविल्स- गौतम गंभीर (कप्तान), जेसन रॉय, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत, ग्लेन मैक्सवेल, विजय शंकर, क्रिस मॉरिस, राहुल तेवटिया, शाहबाज नदीम, ट्रेंट बोल्ट और मोहम्मद शमी।
केकेआर- दिनेश कार्तिक, रॉबिन उथप्पा, क्रिस लिन, नितीश राणा, शुभमन गिल, आंद्रे रसेल, टॉम करन, सुनील नरेन, शिवम मावी, पियूष चावला और कुलदीप यादव।