राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने इस्लामिक स्टेट (आईएस) के केरल-तमिलनाडु मॉड्यूल मामले में गिरफ्तार दो आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट (आरोप पत्र) दाखिल कर दी है। मोहम्मद अजहरुद्दीन एच और शेख हिदायतुल्ला वाई नाम के दोनों आरोपी तमिलनाडु के कोयंबटूर जिले के रहने वाले हैं।
एर्नाकुलम स्थित विशेष अदालत में दाखिल एनआईए की चार्जशीट के मुताबिक, अजहरुद्दीन और हिदायतुल्ला साल 2017 से आईएस की हिंसक विचारधारा को प्रचारित कर रहे हैं। एनआईए ने बताया कि दोनों चोरी छिपे अपने घर और दूसरी जगहों पर आतंक की पाठशाला चलाते थे, ताकि तमिलनाडु और केरल के युवाओं को आईएस में भर्ती किया जा सके। वे श्रीलंका में आईएस के आतंकी जहरान हाशिम को सोशल मीडिया पर फॉलो करते थे। मामले की जांच चल रही है।