पूर्व भाजपा नेता नुपुर शर्मा मामले को लेकर महाराष्ट्र के अमरावती में हुई फार्मासिस्ट उमेश कोल्हे हत्याकांड में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने शुक्रवार को गिरफ्तार 11 आरोपियों के खिलाफ मुंबई एनआईए कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की है। इस हत्याकांड के संबंध में महाराष्ट्र के अमरावती जिले के सिटी कोतवाली पुलिस स्टेशन में 22 जून को मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद जब मामले की जांच एनआईए ने अपने हाथ में ली तो 2 जुलाई को एनआईए द्वारा फिर से मामला दर्ज किया गया था।
इन आरोपियों के खिलाफ दाखिल हुई चार्जशीट
मिली जानकारी के मुताबिक, एनआईए ने जिन आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट फाइल की है, उनमें मुबाशिर अहमद, शाहरुख खान, अब्दुल तौसीफ शेख, मोहम्मद शोएब, आतिब राशिद, युसूफ खान, फैन खान, अब्दुल अरबाज, मुस्फीक अहमद, शेख शकील और शाहिम अहमद के नाम शामिल हैं।
21 जून की रात में की गई थी हत्या
अमरावती में 21 जून की रात दवा व्यापारी उमेश कोल्हे की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। उन्होंने भाजपा नेता नुपुर शर्मा के समर्थन में पोस्ट की थी। उमेश कोल्हे अमरावती शहर में एक मेडिकल स्टोर चलाते थे। उन्होंने कथित तौर पर नुपुर शर्मा के पक्ष में कुछ वाट्सएप ग्रुपों पर एक पोस्ट साझा की थी। उन्होंने गलती से पोस्ट को एक ऐसे ग्रुप में साझा कर दिया था, जिसमें कुछ मुस्लिम भी सदस्य थे। हमलावरों में कोल्हे का एक मित्र भी शामिल है, जो पेशे से वेटनरी डॉक्टर था। बाद में मामले की जांच के दौरान एनआईए ने शेख इरफान, मुदस्सिर अहमद, शाहरुख पठान, अब्दुल तौफिक, शोएब खान, अतिब रशीद और यूसुफ खान बहादुर समेत कुछ अन्य लोगों को गिरफ्तार किया था।
नुपुर शर्मा की टिप्पणी से शुरू हुआ था विवाद
दरअसल, भाजपा नेता नुपुर शर्मा ने एक टीवी चैनल पर बहस में पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ आपत्तिजनक बातें कही थीं। उसका कड़ा विरोध किया गया था। इसके बाद नुपुर को जान से मारने की धमकी दी गई थी। बढ़ते विरोध के बीच भाजपा ने नुपुर को पार्टी से निलंबित कर दिया था। उनके खिलाफ देश के कई राज्यों में केस दर्ज कराए गए हैं।