एनआईए ने बुधवार को बिहार, नागालैंड, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर के 15 आरोपियों के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान 315 राइफल, 11 राउंड, 3 खाली कारतूस, मोबाइल फोन, मेमोरी कार्ड, पेन ड्राइव जैसे कई उपकरण बरामद हुए है।
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने बुधवार को अंतरराज्यीय हथियार तस्करी मामले में चार राज्यों में कई स्थानों पर तलाशी ली। आधिकारिक बयान के अनुसार, यह तलाशी बिहार (12 स्थान), नागालैंड (3 स्थान), हरियाणा (1 स्थान) और जम्मू-कश्मीर (1 स्थान) में 15 आरोपियों के घरों पर की गई। बता दें कि जिन 11 संदिग्धों के घरों की तलाशी ली गई, वे चार पहले गिरफ्तार आरोपियों से जुड़े थे, जिनके खिलाफ एनआईए ने एक मामले में आरोप-पत्र दाखिल किया था।
विज्ञापन
एनआईए ने जारी किया बयान
मामले में एनआईए के बयान में कहा गया कि तलाशी के दौरान .315 राइफल, 11 राउंड, 3 खाली कारतूस, मोबाइल फोन, मेमोरी कार्ड, पेन ड्राइव और अन्य डिजिटल डिवाइस के अलावा, हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल और उपकरण बरामद हुए। इसके अलावा एक कार और 13,94,840 रुपये की नकदी, साथ ही कुछ आपत्तिजनक दस्तावेज भी जब्त किए गए।
प्रतिबंधित हथियारों से जुड़ा मामला
यह मामला एके-47 राइफल और अन्य प्रतिबंधित हथियारों की तस्करी से जुड़ा है, जिन्हें नगालैंड और अन्य पूर्वोत्तर राज्यों से तस्करी करके लाया जा रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि बिहार तस्करी के लिए मुख्य गंतव्य था और इसे पारगमन मार्ग के रूप में भी इस्तेमाल किया जाता था। अब तक की जांच में पता चला है कि आरोपी कई सालों से हथियारों की तस्करी में शामिल थे।