एनआईए ने बुधवार को अमरावती में फार्मासिस्ट उमेश कोल्हे की हत्या के सिलसिले में महाराष्ट्र के कई स्थानों पर छापेमारी की। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने पिछले हफ्ते 21 जून को अमरावती जिले में उमेश कोल्हे की हत्या का मामला एनआईए को सौंपा था। एनआईए के एक प्रवक्ता ने बताया कि एजेंसी ने बुधवार को महाराष्ट्र में 13 स्थानों पर छापेमारी की।
एजेंसी के मुताबिक, आरोपियों और संदिग्धों के परिसरों की तलाशी के दौरान मोबाइल फोन, सिम कार्ड, मेमोरी कार्ड, डीवीआर जैसे डिजिटल उपकरण, चाकू और पैम्फलेट के अलावा नफरत भरे संदेश और अन्य आपत्तिजनक दस्तावेज और सामग्री जब्त की गई। प्रवक्ता ने कहा कि मामले में आगे की जांच जारी है।
दरअसल, भाजपा की बर्खास्त प्रवक्ता नूपुर शर्मा की पैगंबर मोहम्मद पर टिप्पणी का समर्थन करने के लिए कोल्हे की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। मामला शुरू में 22 जून को अमरावती के थाना शहर कोतवाली में दर्ज किया गया था। एनआईए ने दो जुलाई को फिर से मामला दर्ज कर जांच अपने हाथ में ले ली थी।
पीएफआई नेता से पुलिस ने की पूछताछ
पुलिस ने फार्मासिस्ट उमेश कोल्हे की हत्या के सिलसिले में बुधवार को पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) के एक स्थानीय नेता से यहां पूछताछ की। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पीएफआई के अमरावती जिला प्रमुख सोहैल नदवी को नागपुरी गेट थाने लाया गया और पूछताछ की गई तथा बाद में उसे जाने दिया गया।
अफगानिस्तान के सूफी धर्मगुरु की हत्या
इस बीच महाराष्ट्र के नासिक जिले में अफगानिस्तान के सूफी धर्मगुरु की संदिग्ध तौर पर संपत्ति विवाद में हत्या कर दी गई। एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि मंगलवार शाम को हुई इस हत्या के सिलसिले में एक शख्स को हिरासत में लिया गया है। वह चार साल से शरणार्थी के तौर पर भारत में रह रहे थे और सोशल मीडिया पर उन्हें लोग बड़ी संख्या में 'फॉलो' करते थे।
महाराष्ट्र: बजरंग दल के पदाधिकारी पर हमला
ठाणे शहर के मुंब्रा में दो अज्ञात लोगों ने बजरंग दल के 30 वर्षीय एक पदाधिकारी के साथ कथित तौर पर मारपीट की। पुलिस ने आरोपियों का पता लगाने के लिए तलाशी अभियान शुरू किया है। एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि एक जुलाई को मुस्लिम बहुल इलाके मुंब्रा के कादर पैलेस इलाके में सर्वेश तिवारी पर लकड़ियों से हमला किया गया था। पुलिस के मुताबिक, कलवा निवासी तिवारी शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे अपने दोस्त के साथ मुंब्रा में एक बेकरी में गए थे। जब वह फोन पर बात कर रहे थे, तो दो लोग वहां आए और उससे मारपीट करने लगे। बाद में दोनों मौके से भाग गए।