राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने हैदराबाद के मानव तस्करी मामले के मुख्य आरोपी को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि आरोपी की पहचान पश्चिम बंगाल के परगना निवासी रुहुल अमिन धाली (52) के तौर पर हुई है। एनआईए ने उसके पास से एक डबल सिम वाला मोबाइल समेत 11 सिम, दो मेमोरी कार्ड, 10,000 रुपये की बांग्लादेशी मुद्रा जब्त की है।
इनमें से पांच बांग्लादेशी सिम हैं। उसके पास से पहचान पत्र व एक डायरी भी मिली है जिसमें बांग्लादेश व कई भारतीयों के नंबर हैं। उसके खिलाफ अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों ने बताया कि उसके पास से मिले साक्ष्यों से यह साफ हो रहा है कि मानव तस्करी गिरोह को चलाने के लिए उसे बांग्लादेश से पैसे मिलते थे।
आरोपी की ट्रांसिट रिमांड लेने के लिए उसे बसीरहाट के सीजेएम के सामने पेश किया गया। उसे हैदराबाद स्थित एनआईए की विशेष अदालत के सामने पेश किया जाएगा। इससे पहले इस मामले में मोहम्मद युसुफ खान, उसकी पत्नी बीथी बेगम और सोजिब को अप्रैल 2019 में हैदराबाद से गिरफ्तार किया था।
सभी पर आरोप है कि ये हैदराबाद और अन्य स्थानों पर कोठे चलाते हैं। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि ये लोग आदतन अपराधी हैं और मानव तस्करी करते हैं।