राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने पश्चिम बंगाल के चोपड़ा में हुई हिंसा के मामले में स्वत: संज्ञान लिया है। एनएचआरसी ने उत्तर दिनाजपुर जिले में युगल की पिटाई के इस मामले में जांच की बात भी कही है। आयोग ने कहा है कि पूरे मामले की जांच के लिए मौके पर टीम भी भेजी जाएगी।
पश्चिम बंगाल के उत्तरी दिनाजपुर जिले में 'अवैध संबंध' के आरोपी युगल की पिटाई के मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने स्वत: संज्ञान लिया है। आयोग ने कहा है कि पश्चिम बंगाल के पुलिस महानिदेशक और राज्य सरकार के मुख्य सचिव से एक हफ्ते के भीतर जवाब मांगा गया है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए एक टीम भेजने का फैसला लिया गया है। उत्तर दिनाजपुर के इस मामले में NHRC ने कहा कि दिनदहाड़े युगल को बेरहमी से पीटे जाने की घटना से ऐसा लगता है कि राज्य के संबंधित अधिकारियों ने पिछले कुछ समय में हुई ऐसी ही जघन्य घटनाओं से सबक नहीं सीखा है। आयोग ने यह भी कहा कि एनएचआरसी पहले भी ऐसी गंभीर घटनाओं को लेकर चिंता का इजहार कर चुका है।
विज्ञापन
पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया
चोपड़ा विधानसभा क्षेत्र में हुई इस वारदात के मामले में इस्लामपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) जॉबी थॉमस ने कहा, कल हमने एक वीडियो देखा जिसमें एक व्यक्ति महिला की पिटाई कर रहा था। जहां पिटाई हो रही है, वहां आम लोगों की भीड़ भी देखी जा सकती है। पूछताछ के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया है। पुलिस ने वारदात में शामिल लोगों की पहचान कर ली है। मुख्य आरोपी की पहचान कर उसे तत्काल गिरफ्तार भी कर लिया गया।
थॉमस के मुताबिक पुलिस ने भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) के प्रावधानों के अनुसार मामला दर्ज किया है। आगे की जांच चल रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि महिला / युगल की पिटाई के मामले में और कौन से लोग शामिल हैं। पुलिस घटना में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।