गरबा में न्यूयॉर्क पुलिस वालों ने लगाए ठुमके
- फोटो : social media
गरबा की धूम मुंबई से लेकर गुजरात तक सीमित नहीं रह गई है। गरबा अब पूरब से निकलकर पश्चिम तक पहुंच चुका है। इसका नजारा सोशल मीडिया पर खूब देखने को मिल रहा है। वीडियो न्यूयॉर्क से वायरल हुआ है जिसमें कुछ पुलिस वाले गरबा करते देखे जा रहे हैं।
महिंद्रा एंड महिंद्रा समूह के अध्यक्ष आनंद महिंद्रा ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा है कि पिछले कुछ दिनों में मैंने काफी गरबा के वीडियो शेयर किए हैं और मुझे अब यह डर है कि मेरा नाम कहीं आनंद गरबिंद्रा न कर दिया जाए। लेकिन यह वीडियो इतना बढ़िया है कि मैं इसे शेयर किए बिना नहीं रह सकता हूं। आनंद अपनी पोस्ट में लिखते हैं कि जाहिरतौर पर न्यूयॉर्क पुलिस देर रात तक चल रहे गरबा को बंद कराने आई होगी लेकिन संगीत और माहौल देखकर वह खुद भी इसमें शामिल हो गए।
गरबे की धुन पर सिर्फ देश में ही नहीं बल्कि दुनियाभर के लोग खुद को रोक नहीं पाते हैं। जो भी इस माहौल में पहुंचता है उसके पैर अपने आप थिरकने लग जाता है। लोग नाचने और झूमने लग जाते हैं। लगता है न्यूयॉर्क पुलिस के अधिकारी जब गरबा नाइट में पहुंचे होंगे लेकिन वहां का खुशनुमा माहौल देखकर वह खुद को रोक नहीं पाए। वीडियो में एक नजारा और देखने लायक है कि एक अधिकारी खुद तो गरबा में शामिल होता ही है वह अपने दूसरे अधिकारियों को भी इसमें शामिल होने के लिए बुलाता हुआ नजर आता है। हालांकि इस वीडियो से यह पता नहीं चल पाया है कि यह वीडियो इसी वर्ष का है या पिछले किसी वर्ष का लेकिन वीडियो में पुलिस वालों का गरबा इतना बढ़िया है कि बहुत तेजी से वायरल हो रहा है।
(अमरउजाला डॉट कॉम इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है)