फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: कांग्रेसियों की टांगे तोड़ने के IPS के निर्देश पर विवाद; मणिपुर में चार लोगों के हत्यारों की तलाश तेज

Tue, 01 Jul 2025 03:05 PM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

ओडिशा में आईपीएस अधिकारी के कथित तौर पर पुलिसकर्मियों को कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं की टांगें तोड़ने का निर्देश देने पर विवाद छिड़ गया है। भुवनेश्वर के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त नरसिंह भोल ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों को यह निर्देश दिया कि उनके पैर तोड़ दो और मुझसे इनाम ले लो। ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (ओपीसीसी) के अध्यक्ष भक्त चरण दास ने कहा कि यह बेहद निंदनीय है। यह प्रदर्शनकारियों के प्रति भाजपा सरकार के रवैये को दर्शाता है। वे 50 साल बाद भी आपातकाल की आलोचना कर रहे हैं, लेकिन अब एक वरिष्ठ अधिकारी पुलिस कर्मियों को प्रदर्शनकारियों के पैर तोड़ने का निर्देश दे रहे हैं। क्या यह लोकतंत्र है? युवा कांग्रेस नेता याशिर नवाज ने कहा कि वे शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे और पुरी भगदड़ के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। उन्होंने कहा, "कांग्रेस मुख्यमंत्री और कानून मंत्री के इस्तीफे की भी मांग कर रही थी। लेकिन भोल का पुलिस कर्मियों को निर्देश देना अलोकतांत्रिक और अत्यधिक निंदनीय है।

विज्ञापन


चूराचांदपुर में घात लगाकर हमला करने वालों की तलाश तेज 
मणिपुर पुलिस ने चुराचांदपुर जिले में घात लगाकर चार लोगों की हत्या करने वालों की तलाश तेज कर दी है। पुलिस ने कहा कि चार लोगों की हत्या के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा हिंसा को बढ़ने से रोकने के लिए सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। घटना में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार करने के लिए सुरक्षा बलों ने अभियान शुरू कर दिया है। सोमवार को चुराचांदपुर जिले में बंदूकधारियों द्वारा घात लगाकर किए गए हमले में 72 वर्षीय महिला सहित कम से कम चार लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन यूनाइटेड कुकी नेशनल आर्मी (यूकेएनए) ने इस हमले की जिम्मेदारी ली। 

मणिपुर में तीन उग्रवादी गिरफ्तार
सुरक्षा बलों ने मणिपुर में विभिन्न प्रतिबंधित संगठनों के तीन उग्रवादियों को इंफाल पूर्व और थौबल जिलों में जबरन वसूली गतिविधियों में कथित रूप से शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया है। प्रतिबंधित यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट (पी) के एक सक्रिय कैडर को सोमवार को इंफाल पूर्वी जिले के खुरई कोंगपाल क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। रविवार को थौबल जिले के लेइरोंगथेल पित्रा इलाके से प्रतिबंधित कांगलेईपाक कम्युनिस्ट पार्टी (पीडब्ल्यूजी) के एक सक्रिय कैडर को भी गिरफ्तार किया गया। सोमवार को थौबल जिले के चरंगपत ममांग लेईकाई क्षेत्र से प्रतिबंधित प्रेपक (प्रो) के एक सक्रिय कैडर को गिरफ्तार किया गया।

विज्ञापन

अपहरण केस में विधायक जगन मूर्ति को गिरफ्तारी से सुप्रीम कोर्ट से राहत
सुप्रीम कोर्ट ने विधायक एम जगन मूर्ति को सोमवार को गिरफ्तारी से अंतरिम संरक्षण प्रदान कर दिया। विधायक ने एक लड़के के अपहरण के कथित मामले में अपनी गिरफ्तारी की आशंका जताई थी। मूर्ति को पूवई जगन मूर्ति के नाम से भी जाना जाता है। वह पुरात्ची भारतम पार्टी के अध्यक्ष हैं, जो तमिलनाडु की मुख्य विपक्षी पार्टी अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) की सहयोगी पार्टी है। मूर्ति केवी कुप्पम विधानसभा सीट से विधायक हैं। जस्टिस मनोज मिश्रा और जस्टिस एन कोटिश्वर सिंह की पीठ ने विधायक की ओर से दायर अपील पर तमिलनाडु पुलिस को नोटिस जारी किया।

बंगाल की खाड़ी और हिंद महासागर में क्रूज पर्यटन विकसित करेंगे भारत और आसियान
केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने सोमवार को कहा कि भारत बंगाल की खाड़ी और हिंद महासागर में क्रूज पर्यटन सर्किट विकसित करने के लिए आसियान देशों के साथ मिलकर काम करेगा।

सोनोवाल ने सोमवार को यहां पहली बार आसियान-भारत क्रूज वार्ता का उद्घाटन किया। एक बयान के अनुसार, भारत की ओर से आयोजित इस बैठक में आसियान के सभी सदस्य देश, ब्रुनेई, कंबोडिया, इंडोनेशिया, लाओस, मलयेशिया, म्यांमार, फिलीपीन, सिंगापुर, थाईलैंड और वियतनाम के साथ-साथ तिमोर लेस्ते शामिल हुए। भारत की योजना बंगाल की खाड़ी के साथ-साथ हिंद महासागर क्षेत्र में क्रूज पर्यटन और पर्यटन सर्किट विकसित करने के लिए आसियान देशों के साथ मिलकर काम करने की है।

सोनोवाल ने कहा, भारतीय बंदरगाहों को आसियान गंतव्यों से जोड़ने वाले एक एकीकृत क्रूज नेटवर्क की परिकल्पना की जा रही है, जो वास्तविक समय ट्रैकिंग और आधुनिक टर्मिनलों से जुडे़गा। इस पर इस बैठक में विचार-विमर्श किया जाएगा।

कर्नाटक में अवैध गोहत्या मामले में छह लोग गिरफ्तार
कर्नाटक में ब्रह्मवर तालुक के अरूर गांव में अवैध रूप से गाय काटने और उसके अवशेष फेंकने के मामले में पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है। यह घटना कुंजाल जंक्शन के पास 28 जून की रात करीब 11:30 बजे हुई थी। उस समय स्थानीय लोगों ने ऑटोरिक्शा स्टैंड के पास सड़क के बीच में एक कटी हुई गाय का सिर देखा था। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने सोमवार को बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि कुछ अज्ञात लोगों ने गाय को चोरी करके कहीं और मारा और फिर उसके अवशेष यहां फेंक दिए। पुलिस ने बताया कि मामले में आरोपियों की पहचान राम (49), प्रसाद (21), नवीन (35), केशव नाइक (50), संदेश (35) और राजेश (28) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि सातवां संदिग्ध अभी भी फरार है। आरोपियों के खिलाफ कर्नाटक गोहत्या रोकथाम कानून और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(1) (चोरी) के तहत केस दर्ज किया गया है।

केरल के व्यक्ति से करोड़ों ठगने वाला आंध्र प्रदेश का आरोपी गिरफ्तार
केरल के कोट्टायम निवासी व्यक्ति से ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 1.64 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले आंध्र प्रदेश के 33 वर्षीय व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। साइबर पुलिस के अनुसार, आरोपी का नाम रमेश वेल्लमकुला है। वह आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम के गांधी नगर का रहने वाला है। पुलिस ने बताया कि रमेश ने वडावथुर (कोट्टायम) के एक व्यक्ति को ऑनलाइन शेयर बाजार में बड़ा मुनाफा दिलाने का झांसा दिया और उससे 1.64 करोड़ रुपये ले लिए। यह ठगी 28 अप्रैल से 20 मई के बीच हुई थी। शुरुआत में जब पीड़ित ने पैसे भेजे, तो उसे लगा कि उसे अच्छे लाभ मिल रहे हैं। लेकिन जब उसने अपने पैसे निकालने की कोशिश की, तो उसे समझ आया कि उसके साथ धोखा हुआ है और उसका सारा पैसा चला गया है। इसके बाद पुलिस ने जांच की और एक टीम को विशाखापत्तनम भेजा, जहां से आरोपी को गिरफ्तार किया गया। उसे कोट्टायम लाकर अदालत में पेश किया गया।

सीबीआई 8.5 लाख म्यूल अकाउंट के मामले में बैंक अधिकारियों से करेगी पूछताछ
सीबीआई ने देशभर में फैले एक बड़े साइबर अपराध गिरोह का पता लगाया है। ये अपराधी बैंकों के कुछ अधिकारियों की मिलीभगत से फर्जी या अनजान लोगों के नाम पर बैंक खाते खुलवाते थे। इन खातों का इस्तेमाल वे ऑनलाइन धोखाधड़ी से कमाए गए पैसों को इधर-उधार करने के लिए करते थे। ऐसे खातों को म्यूल अकाउंट कहा जाता है। इस मामले में सीबीआई की जांच में कुछ बैंक अधिकारी शक के घेरे में हैं। जिनसे सीबीआई पूछताछ करेगी। बैंक अधिकारियों ने खाताधारकों की सही जांच नहीं की, जो एक बड़ी लापरवाही मानी जा रही है। सीबीआई की जांच में पाया गया कि कई खातों में नकली दस्तावेजों का इस्तेमाल हुआ और कुछ मामलों में खाताधारकों को पता ही नहीं था कि उनके नाम पर खाते खुले हैं। सीबीआई की जांच में पाया गया है कि बैंक अधिकारियों ने संदिग्ध लेनदेन रिपोर्ट (एसटीआर) नहीं बनाई। जो नियमों का उल्लंघन है। सीबाई ने मामले में एफआईआर दर्ज कर देश के अलग-अलग हिस्सों में छापेमारी की है। अब तक इस मामले में 10 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। सीबीआई ने मामले में 37 लोगों को आरोपी बनाया है। साथ ही सीबीआई अब उन बैंक अधिकारियों से पूछताछ कर रही है, जो इन खातों के खुलने में शामिल थे या जिन्होंने निगरानी में लापरवाही की। 

BMC अतिरिक्त आयुक्त पर हमले के विरोध में एक जुलाई से सामूहिक अवकाश पर जाएंगे ओएएस अधिकारी
ओडिशा प्रशासनिक सेवा संघ ने सोमवार को कहा कि उसके सभी अधिकारी 1 जुलाई से सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। यह फैसला संघ अध्यक्ष ज्योति रंजन मिश्रा की अगुवाई में हुई बैठक में भुवनेश्वर नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त रत्नाकर साहू पर हुए हमले के विरोध में लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, बीएमसी अतिरिक्त आयुक्त पर सोमवार को कुछ लोगों ने हमला किया। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। 

पहला क्वाड-एट-सी मिशन शुरू, भारत समेत चार देश शामिल
भारत, जापान, अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया के तट रक्षकों ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में परिचालन समन्वय और अंतर-संचालन को बढ़ावा देने के लिए पहला क्वाड-एट-सी मिशन शुरू किया है। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि इस मिशन को शुरू करने का निर्णय पिछले साल सितंबर में विलमिंगटन में चार देशों के समूह के वार्षिक शिखर सम्मेलन में लिया गया था, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य क्वाड नेताओं ने भाग लिया था।
 

मिजोरम को मिलेगी राजधानी एक्सप्रेस : लालदुहोमा
मिजोरम के मुख्यमंत्री लालदुहोमा ने सोमवार को घोषणा की कि केंद्र सरकार ने राज्य को दिल्ली से जोड़ने के लिए राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन देने की सहमति दे दी है। उन्होंने बताया कि हाल ही में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात में आइजोल से दिल्ली, कोलकाता और त्रिपुरा के लिए सीधी रेल सेवा की मांग की गई थी। लालदुहोमा ने रेमना नी (मिजोरम शांति समझौते की वर्षगांठ) के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कहा, रेल मंत्री ने हमारी मांग स्वीकार कर ली है। हमें राजधानी एक्सप्रेस सेवा मिलेगी। आइजोल से दिल्ली के साथ-साथ त्रिपुरा (अगरतला) और कोलकाता के लिए भी ट्रेन सेवा शुरू होगी।

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि केंद्र सरकार सैरांग रेलवे स्टेशन को विश्वस्तरीय बनाने पर सहमत हो गई है। उन्होंने कहा, 51.38 किमी लंबी बैराबी-सैरांग नई रेल लाइन का काम पूरा हो चुका है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आने का इंतजार है। लालदुहोमा ने कहा कि मिजोरम जल्द ही आसियान देशों के लिए प्रमुख वाणिज्यिक केंद्र और गेटवे के रूप में उभरेगा। उन्होंने बताया कि कलादान मल्टी-मोडल ट्रांजिट परियोजना जल्द ही पूरी हो जाएगी।

भारत और आसियान बंगाल की खाड़ी व हिंद महासागर में क्रूज पर्यटन विकसित करेंगे
केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने सोमवार को कहा कि भारत बंगाल की खाड़ी और हिंद महासागर में क्रूज पर्यटन सर्किट विकसित करने के लिए आसियान देशों के साथ मिलकर काम करेगा।

सोनोवाल ने सोमवार को यहां पहली बार आसियान-भारत क्रूज वार्ता का उद्घाटन किया। एक बयान के अनुसार, भारत की ओर से आयोजित इस बैठक में आसियान के सभी सदस्य देश, ब्रुनेई, कंबोडिया, इंडोनेशिया, लाओस, मलयेशिया, म्यांमार, फिलीपीन, सिंगापुर, थाईलैंड और वियतनाम के साथ-साथ तिमोर लेस्ते शामिल हुए। भारत की योजना बंगाल की खाड़ी के साथ-साथ हिंद महासागर क्षेत्र में क्रूज पर्यटन और पर्यटन सर्किट विकसित करने के लिए आसियान देशों के साथ मिलकर काम करने की है। 


 

अधिग्रहण बैठक में जासूसी विमानों, वायु रक्षा, समुद्री बारूदी सुरंगों पर होगी चर्चा
ऑपरेशन सिंदूर के बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अगुवाई में रक्षा अधिग्रहण परिषद इस सप्ताह होने वाली बैठक में जासूसी विमानों, वायु रक्षा प्रणालियों, समुद्री बारूदी सुरंगों पर चर्चा होगी। रक्षा बलों के आधुनिकीकरण के लिए एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के प्रस्तावों को मंजूरी दिए जाने की भी उम्मीद है।

रक्षा सूत्रों के मुताबिक बैठक में देश की वायु रक्षा क्षमताओं को मजबूत करने के लिए, रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) की बनाई गई त्वरित प्रतिक्रिया सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल प्रणाली को भारतीय सेना के लिए मंजूरी देने पर चर्चा होगी। लगभग 30,000 करोड़ रुपये की लागत वाली यह परियोजना भारतीय सेना की वायु रक्षा क्षमताओं के लिए महत्वपूर्ण होगी, क्योंकि यह प्रणाली 30 किलोमीटर तक के लक्ष्यों के विरुद्ध प्रभावी हो सकती है। भारतीय वायु सेना आई-स्टार कार्यक्रम के तहत जमीन पर दुश्मन की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए तीन जासूसी विमान खरीदने का प्रस्ताव रखेगी। सूत्रों ने बताया कि खुफिया, निगरानी, लक्ष्य निर्धारण और टोही विमान भविष्य में जमीनी लक्ष्यों को नष्ट करने की वायु सेना की योजनाओं के लिए महत्वपूर्ण होंगे। 

 कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की चर्चा के बीच कांग्रेस विधायकों की बैठक
कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाएं शुरू होने के बीच कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने सोमवार को पार्टी विधायकों के साथ एक बैठक की। हालांकि, सुरजेवाला का कहना है कि मीडिया में आ रही ऐसी खबरें पूरी तरह बेबुनियाद हैं कि पार्टी कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की तैयारी कर रही हैं। यह अलग बात है कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन का बयान उनके इन दावों से मेल नहीं खाता।

दरअसल, कर्नाटक कांग्रेस में सब कुछ ठीक-ठाक नहीं चल रहा। ऐसे में विधायकों के साथ सुरजेवाला की बैठक ने असंतोष की अटकलों को और तेज कर दिया है। कुछ विधायकों ने हाल में राज्य सरकार के कामकाज पर असंतोष जताया था। पार्टी हलकों में संभावित मंत्रिमंडल फेरबदल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बदले जाने की भी चर्चा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद फिलहाल उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के पास है। कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, सुरजेवाला अपने तीन दिवसीय दौरे के दौरान विधायकों के साथ अलग-अलग मुलाकात कर सकते हैं।  

पश्चिम बंगाल के नादिया में पुलिस ने बरामद किए 40 देसी बम
पश्चिम बंगाल पुलिस ने सोमवार को नदिया जिले के मोलंडी गांव के एक खेत से करीब 40 देशी बम बरामद किए।, जहां एक सप्ताह पहले कालीगंज विधानसभा क्षेत्र उपचुनाव की मतगणना के दौरान हुए बम विस्फोट में एक लड़की (13) की मौत हो गई थी।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि हालांकि देसी बमों की बरामदगी के सिलसिले में अब तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है, लेकिन लड़की की हत्या के सिलसिले में नौ लोगों को गिरफ्तार जा चुका है।

विधानसभा उपचुनाव के नतीजों की आधिकारिक घोषणा से पहले ही तृणमूल कांग्रेस की जीत के जश्न के लिए निकाली गई रैली में कथित तौर पर बम फेंके जाने के बाद तमन्ना खातून की मौत हो गई थी। तमन्ना की मां सबीना यास्मीन ने आरोप लगाया था कि गांव की तलाशी लेने पर पता चलेगा कि इलाके में बड़ी संख्या में देसी बम रखे हुए हैं। तमन्ना की मौत और कोलकाता के एक कॉलेज में कानून की छात्रा के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म के विरोध में जिला मुख्यालय पर मशाल रैली निकाली गई। 

असम में छह करोड़ रुपये की हेरोइन बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार
असम के श्रीभूमि जिले में पुलिस ने सोमवार को लगभग 6 करोड़ रुपये मूल्य की हेरोइन जब्त कर तीन तस्करों को गिरफ्तार किया। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने सोशल मीडिया पर बताया कि नीलम बाजार के लालपूल इलाके में अभियान चलाकर 870 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। उन्होंने बताया कि विश्वसनीय सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई।

बंगलूरू के विक्टोरिया अस्पताल के बर्न्स वार्ड में आग, सभी 26 मरीज सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट
कर्नाटक सरकार द्वारा संचालित बंगलूरू के विक्टोरिया अस्पताल के बर्न्स वार्ड में मंगलवार तड़के आग लग गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई हताहत या घायल नहीं हुआ। अस्पताल अधिकारियों के मुताबिक, आग सुबह करीब 3 बजे लगी, जिसका कारण सेमिनार रूम में स्विच बोर्ड में शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। यह सेमिनार रूम बर्न्स वार्ड के ठीक बगल में, इमारत की पहली मंजिल पर स्थित है।

ड्यूटी पर तैनात एक रेजिडेंट डॉक्टर ने आग की लपटें देखीं और तुरंत अधिकारियों को जानकारी दी। फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और समय रहते आग पर काबू पा लिया। घटना के समय वार्ड में 26 मरीज भर्ती थे, जिनमें 14 पुरुष, 5 महिलाएं और 7 बच्चे शामिल थे। इन मरीजों में से 5 आईसीयू में थे।

बंगलूरू मेडिकल कॉलेज एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट के डीन और डायरेक्टर डॉ. रमेश कृष्ण के अनुसार, एहतियात के तौर पर सभी मरीजों को अस्पताल के एच ब्लॉक में सुरक्षित रूप से शिफ्ट कर दिया गया है। उन्होंने बताया KF सभी मरीज, तीमारदार, डॉक्टर और अस्पताल स्टाफ सुरक्षित हैं। स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है।

एक्यूट डिलीरियम की बीमारी से पीड़ित हैं टीएमसी सांसद सौगत रॉय  
वरिष्ठ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेता और सांसद सौगत रॉय इस समय कोलकाता के एक निजी अस्पताल में उपचार करा रहे है। वह एक्यूट डिलीरियम की बीमारी से पीड़ित। रॉय को 22 जून को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जब उन्होंने बेचैनी की शिकायत की थी। अस्पताल ने मंगलवार को एक बयान में यह जानकारी दी। 

बयान में कहा गया, रॉय को नींद न आने, बार-बार गिरने, बोलने में लड़खड़ाहट और पीठ में दर्द के साथ-साथ शरीर में पोटैशियम की मात्रा ज्यादा होने की वजह से भर्ती किया गया था। अब उन्हें वर्निके एन्सेफैलोपैथी के कारण एक्यूट डिलीरियम की पुष्टि हुई है। बयान में आगे बताया गया, टीएमसी सांसद को लोअर रेस्पिरेटरी ट्रैक्ट इंफेक्शन (फेफड़ों का संक्रमण), सेरेब्रल एट्रॉफी (मस्तिष्क की सिकुड़न) और अन्य स्वास्थ्य समस्याएं भी हैं। मरीज को होश में लाया जा सकता है। उनके शरीर के अन्य संकेतक सामान्य हैं। 

डिलीरियम क्या होता है?
डिलीरियम एक ऐसी स्थिति होती है जिसमें व्यक्ति अचानक भ्रम की स्थिति में आ जाता है और उसे अपने आसपास की चीजें ठीक से समझ नहीं आतीं। यह स्थिति अस्थायी होती है।

जीएसटी ने भारत की अर्थव्यवस्था को दिया नया रूप: प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) के लागू होने की आठवीं वर्षगांठ पर मंगलवार को कहा कि यह अप्रत्यक्ष कर प्रणाली एक ऐतिहासिक सुधार है, जिसने भारत के आर्थिक ढांचे को बदल कर रख दिया है। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, जीएसटी ने अनुपालन (compliance) का बोझ कम करके व्यापार करना आसान बना दिया है, खासकर छोटे और मझोले उद्योगों के लिए। यह भारत की आर्थिक वृद्धि का एक मजबूत इंजन बना है और इसने असली सहकारी संघवाद को बढ़ावा दिया है, जिसमें सभी राज्यों को बराबरी की भागीदारी दी गई है। 

जीएसटी को 1 जुलाई 2017 से लागू किया गया था। इसके तहत पहले के 17 कर (टैक्स) और 13 उपकर (सेस) को मिलाकर एक आसान कर प्रणाली बनाई गई। इससे पूरे देश में एक समान बाजार बना और कर व्यवस्था को डिजिटल बनाकर अनुपालन आसान किया गया। सरकार ने बताया कि जीएसटी से करदाता आधार बढ़ा है और राज्यों के बीच सहयोग भी मजबूत हुआ है। जीएसटी लागू होने के पहले साल कुल संग्रह 7.40 लाख करोड़ रुपये रहा था। इसके बाद इसमें लगातार तेजी से वृद्धि हुई है।

कर्नाटक: आईपीएस अधिकारी विकास कुमार का निलंबन आदेश रद्द 
केंद्रीय प्रशासनिक अधिकरण ने भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारी विकास कुमार का निलंबन आदेश रद्द कर दिया है। विकास कुमार बंगलूरू में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त के पद पर तैनात हैं। वह उस दिन वहां मौजूद थे, जब एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में आरसीबी (रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर) की जीत के जश्न के दौरान भगदड़ मच गई थी। इस घटना के बाद उन्हें अन्य अधिकारियों के साथ निलंबित कर दिया गया था। अब केंद्रीय प्रशासनिक अधिकरण ने उनके निलंबन को वापस ले लिया है।

आप नेता संजीव अरोड़ा ने राज्यसभा से दिया इस्तीफा
आम आदमी पार्टी (आप) के नेता संजीव अरोड़ा ने पंजाब की लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट पर हाल में हुए उपचुनाव में जीत हासिल करने के बाद मंगलवार को राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। अरोड़ा ने राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ को अपना इस्तीफा सौंपा, जिन्होंने इसे स्वीकार कर लिया है। पहली बार सांसद बने अरोड़ा 10 अप्रैल 2022 को पंजाब से राज्यसभा के लिए चुने गए थे और उनका कार्यकाल 9 अप्रैल 2028 तक था।

भूटान में सेना प्रमुख जनरल द्विवेदी ने चीन की सैन्य गतिविधियों पर की चर्चा
भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने मंगलवार को भूटान के सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल बाटू शेरिंग के साथ व्यापक वार्ता की। इस दौरान चीन की क्षेत्र में बढ़ती सैन्य सक्रियता के मद्देनजर द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा हुई। जनरल द्विवेदी ने सोमवार से भूटान की चार दिवसीय यात्रा शुरू की है। जनरल द्विवेदी की यह यात्रा बदलते क्षेत्रीय सुरक्षा परिदृश्य और पाकिस्तानी इलाकों में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाने वाले भारत के ऑपरेशन सिंदूर के सात सप्ताह बाद हो रही है। वह भूटान में भारतीय सैन्य प्रशिक्षण टीम (आईएमटीआरएटी) के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भी बातचीत करेंगे। आईएमटीआरएटी रॉयल भूटान आर्मी की सैन्य क्षमताओं को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा रहा है।
 

जयंत खोब्रागड़े बने स्पेन में भारत के नए राजदूत
वरिष्ठ राजनयिक जयंत खोब्रागड़े को मंगलवार को स्पेन में भारत का अगला राजदूत नियुक्त किया गया। 1995 बैच के आईएफएस अधिकारी खोब्रागड़े वर्तमान में आसियान (एसिआन) में भारत के राजदूत हैं। विदेश मंत्रालय ने एक संक्षिप्त बयान में कहा कि वे जल्द ही नई भूमिका संभालेंगे। वे दिनेश के. पटनायक का स्थान लेंगे, जो कनाडा में भारत के नए उच्चायुक्त नियुक्त किए गए हैं। इस नियुक्ति के साथ ही खोब्रागड़े ने अपने राजनयिक कॅरिअर में एक और महत्वपूर्ण पद संभाला है। उनके पास दक्षिण-पूर्व एशिया और यूरोप में भारत के हितों को आगे बढ़ाने का व्यापक अनुभव है।
विज्ञापन

केशवन रामचंद्रन आरबीआई के कार्यकारी निदेशक नियुक्त
केशवन रामचंद्रन को मंगलवार से आरबीआई का कार्यकारी निदेशक नियुक्त किया गया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें