नगालैंड विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष और मंत्री ई. थुंगचामो एजंग का गुरुवार को दीमापुर में संक्षिप्त बीमारी के बाद निधन हो गया। वह 75 वर्ष के थे। परिवार के सूत्रों ने यह जानकारी दी। एजंग अपने पीछे पत्नी और दो बेटियों को छोड़ गए हैं। वर्ष 1983 में वह पहली बार वोखा जिले की 40-बंडारी विधानसभा सीट से नगालैंड विधानसभा के लिए निर्वाचित हुए थे। वह शुरुआती लोथा नेताओं में शामिल थे, जिन्होंने अलग-अलग जिम्मेदारियां संभालते हुए राज्य की सेवा की।
एजंग ने 1974 में शिलांग के सेंट एडमंड्स कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई पूरी की थी। वह जनसेवा के साथ-साथ लोथा समुदाय और व्यापक रूप से नगा समाज के कल्याण से जुड़े प्रयासों में सक्रिय रहे। कांग्रेस नेता एजंग नगालैंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एनपीसीसी) की कोर कमेटी के सदस्य भी रहे थे। मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो ने शोक संदेश में एजंग के निधन को लोथा समुदाय और नगा लोगों के लिए बड़ी क्षति बताया।
भुवनेश्वर में नकाबपोश ने बंदूक की नोक पर महिला से दुष्कर्म किया
भुवनेश्वर में 26 वर्षीय महिला के साथ उसके किराये के फ्लैट में एक नकाबपोश व्यक्ति द्वारा कथित तौर पर बंदूक की नोक पर दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि महिला ने नयापल्ली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उसने आरोप लगाया कि बुधवार रात एक व्यक्ति उसके अपार्टमेंट में दाखिल हुआ और बंदूक दिखाकर धमकाने के बाद उसके साथ दुष्कर्म किया।
भुवनेश्वर के डीसीपी सरवण विवेक एम ने बताया कि महिला अपनी बड़ी बहन के साथ अपार्टमेंट में रहती है, जबकि मकान मालिक दूसरी मंजिल पर रहता है। उन्होंने कहा, "पीड़िता के अनुसार, उसकी बहन किसी काम से बाहर गई थी। उसी समय आरोपी ने दरवाजा खटखटाया। पीड़िता ने उसे अपनी बहन समझकर दरवाजा खोल दिया और इसके बाद यह घटना हुई।" पुलिस अधिकारी ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया है और आरोपी की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि महिला की मेडिकल जांच कराई गई है और नियमानुसार उसका बयान दर्ज किया गया है। आरोपी का पता लगाने के लिए पुलिस ने कई टीमें गठित की हैं। आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। मामले की जांच जारी है।
तेलंगाना: शादी से इनकार करने पर नर्सिंग छात्रा की हत्या, 22 वर्षीय युवक गिरफ्तार
तेलंगाना के भद्राद्री कोठागुडेम जिले में बीएससी नर्सिंग की 18 वर्षीय छात्रा की कथित तौर पर हत्या करने के आरोप में 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। पीड़िता 22 सितंबर को वंगन्नापलेम गांव स्थित अपने घर में मृत मिली थी। पीड़िता की मां की शिकायत के आधार पर शुरुआत में बीएनएसएस की धारा 194 के तहत संदिग्ध मौत का मामला दर्ज किया गया था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि महिला की गर्दन में तार कसकर उसकी हत्या की गई थी। इसके बाद मामले में हत्या से संबंधित बीएनएस की धारा 103 (1) जोड़ी गई। जांच के दौरान पता चला कि मृतका और 22 वर्षीय आरोपी पिछले चार साल से रिश्ते में थे और दोनों शादी करना चाहते थे। पुलिस के अनुसार, दोनों परिवारों के बीच विवाद के कारण युवती ने आरोपी से शादी करने से इनकार कर दिया था। इसके बाद युवक ने कथित तौर पर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस ने तलाश के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की ओर से जारी बयान में यह जानकारी दी गई।
भुवनेश्वर बम विस्फोट मामला: एनआईए ने दो आरोपियों के खिलाफ दाखिल की चार्जशीट
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने इस साल की शुरुआत में ओडिशा के भुवनेश्वर में हुए बम विस्फोट के मामले में दो आरोपियों के खिलाफ गुरुवार को चार्जशीट दाखिल की। एनआईए ने सानू उर्फ रोहन रंजन राउत और अमिया रंजन मल्लिक को आरोपी बनाया है। चार्जशीट भुवनेश्वर की विशेष एनआईए अदालत में भारतीय न्याय संहिता, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और विस्फोटक अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत दाखिल की गई।
मामला 27 जनवरी 2026 को सुंदरपाड़ा के न्यू आजादनगर में हुए विस्फोट से जुड़ा है। एनआईए के मुताबिक, दोपहर करीब 2:45 बजे चार लोग कथित तौर पर एक अपराध को अंजाम देने के इरादे से बम तैयार कर रहे थे। इसी दौरान विस्फोट हो गया और चारों गंभीर रूप से झुलस गए। घटना में घायल हुए चार लोगों में से दो की बाद में मौत हो गई। स्थानीय पुलिस से जांच अपने हाथ में लेने के बाद एनआईए ने 4 अप्रैल को मामले को दोबारा दर्ज किया था।
जांच के दौरान एनआईए ने पाया कि दोनों आरोपी कथित आपराधिक साजिश और अपराध को अंजाम देने में सक्रिय रूप से शामिल थे। एजेंसी के अनुसार, आरोपियों ने अवैध तरीके से विस्फोटक सामग्री जुटाई और बम तैयार करते समय हुए विस्फोट में उनकी भूमिका थी। एनआईए ने कहा कि मामले की आगे की जांच जारी है।