फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: गुजरात के परिवार में चार मौतें; बंगाल में विवादित पोस्ट पर दो DSP निलंबित; कर्नाटक में तीन हत्याएं

Sat, 11 Jul 2026 04:09 AM IST
Devesh Tripathi न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
तटीय सुरक्षा को अभेद्य बनाने पर जोर देते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पुलिस अधीक्षकों से अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाले मत्स्य बंदरगाहों (फिशिंग हार्बर) पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी जगहों पर केवल स्थायी पुलिस कर्मियों को ही तैनात किया जाना चाहिए। सरकार की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, शाह ने मत्स्य पालन विभाग को निर्देश दिया कि वे सभी जिलों के जिलाधिकारियों (डीएम) और एसपी को पत्र लिखकर अपने-अपने जिलों के सभी मछली पकड़ने के केंद्रों की सूची केंद्र सरकार को सौंपने के लिए कहें। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) की ओर से विकसित नभमित्र एप का अधिक व्यापक रूप से प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि बड़ी संख्या में मछुआरे इसे अपने मोबाइल फोन में डाउनलोड कर सकें। उन्होंने मछुआरों के लिए पंजीकरण प्रक्रिया को सरल और अधिक सुलभ बनाए जाने पर जोर दिया। गृह मंत्री ने बंदरगाह सुरक्षा ब्यूरो की स्थापना में हुई प्रगति का आकलन करने के लिए एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता भी की। इसमें केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल भी शामिल हुए। शाह ने निर्देश दिया कि ब्यूरो में केवल उन्हीं निजी सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया जाए जिन्हें सीआईएसएफ की ओर से प्रशिक्षित किया गया हो।
विज्ञापन

भारत-यूके व्यापार समझौता : पेट्रोल डीजल कारों पर आयात शुल्क घटा, 15 जुलाई से मिलेगी राहत
भारत और ब्रिटेन के बीच हुए व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौते (सीईटीए) के तहत सरकार ने ब्रिटेन में निर्मित वाहनों के आयात पर रियायती सीमा शुल्क का लाभ लेने की प्रक्रिया अधिसूचित कर दी है। समझौता 15 जुलाई से लागू होगा। इसके तहत पहले वर्ष में ब्रिटेन से 20,000 पेट्रोल और डीजल यात्री कारों के आयात पर रियायती सीमा शुल्क का लाभ मिलेगा। उम्मीद है कि अब भारतीय बाजार में आने वाली ब्रिटिश कारों की कीमतें कम हो सकती हैं। विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) के अनुसार, 15 वर्षों में 3.78 लाख पारंपरिक इंजन (पेट्रोल-डीजल) यात्री कारों के आयात की अनुमति दी जाएगी। इस अवधि में आयात शुल्क चरणबद्ध तरीके से मौजूदा लगभग 110 फीसदी से घटाकर 10 फीसदी कर दिया जाएगा। समझौते के पहले वर्ष में पूरी तरह निर्मित 20,000 कारों के आयात की अनुमति दी गई है। पांचवें वर्ष तक कुल कोटा बढ़कर 37,000 कारों तक पहुंच जाएगा और सभी श्रेणियों में आयात शुल्क घटकर 10 फीसदी रह जाएगा। 3,000 सीसी से अधिक पेट्रोल और 2,500 सीसी से अधिक डीजल इंजन वाली कारों के लिए 10,000 इकाइयों का कोटा तय किया गया है।

आईआरसीटीसी वेबसाइट में बदलाव, सभी क्लास की सीट एक साथ दिखेंगी, बुकिंग होगी आसान
ट्रेन टिकट बुकिंग को आसान और तेज बनाने के लिए भारतीय रेलवे नई आईआरसीटीसी वेबसाइट का बीटा वर्जन जल्द लॉन्च करने जा रहा है। नई वेबसाइट में यात्रियों के लिए चार बड़े बदलाव किए गए हैं। इसमें अनावश्यक कैप्चा, पॉप-अप और फ्लैशिंग ग्राफिक्स हटाए गए हैं। वहीं, सभी क्लास में सीट उपलब्धता एक साथ दिखेगी, टिकट बुकिंग के स्टेप कम होंगे और दोबारा टिकट बुक करना भी आसान होगा। रेलवे के अधिकारियों ने शुक्रवार को जयपुर स्थित एमएनआईटी के छात्रों को नई वेबसाइट का बीटा वर्जन दिखाकर उनसे फीडबैक लिया है। दरअसल, एमएनआईटी के छात्रों ने ही सबसे पहले आईआरसीटीसी की वेबसाइट की कमियों की ओर ध्यान दिलाया था। इसके बाद दस जुलाई को जयपुर में छात्रों से बीटा वर्जन की समीक्षा कराई गई। रेलवे के मुताबिक, नई वेबसाइट को भारतीय रेलवे के नए पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम के साथ जोड़ा जा रहा है। रिजर्वेशन सिस्टम का अपग्रेड भी साथ-साथ चल रहा है। नई सुविधाओं वाली वेबसाइट अगले कुछ दिनों में उपलब्ध होगी। 

बंगलूरू : होमवर्क न करने पर 20 रुपये का जुर्माना, 13 वर्षीय छात्रा ने की आत्महत्या
बंगलूरू के अनेकल में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां स्कूल का होमवर्क पूरा न करने पर 20 रुपये का जुर्माना लगाए जाने के बाद 13 वर्षीय छात्रा ने आत्महत्या कर ली। गुरुवार की सुबह जब मां उसे जगाने गई, तो वह अपने कमरे में फंदे से लटकी मिली। छात्रा कक्षा आठ में पढ़ती थी और उसने एक नोट लिखकर आत्महत्या के पीछे की वजह बताई है। उसने लिखा कि स्कूल स्टाफ ने उसे परेशान और जलील किया। होमवर्क न करने पर शिक्षक ने सजा दी और 20 रुपये का जुर्माना भरने को कहा। उसे ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) देने की धमकी भी दी गई, जिससे वह काफी तनाव में आ गई। हालांकि, नोट में किसी विशिष्ट शिक्षक का नाम नहीं है। परिवार ने स्कूल स्टाफ पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मां ने बताया कि शिक्षकों ने उसे प्रताड़ित किया। उसने एक दिन स्कूल से छुट्टी ली थी, लेकिन अपने साथ हुई घटना के बारे में बहन या किसी और को कुछ नहीं बताया। सूर्यनगर पुलिस ने अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

केरल में कटे होंठ के इलाज के लिए एनेस्थीसिया दिए जाने के बाद बच्चे की मौत
केरल के कन्नूर में एक निजी अस्पताल में 18 महीने के एक बच्चे की मौत हो गई। कटे हुए होंठ पर टांके लगाने के लिए एनेस्थीसिया दिए जाने के बाद उसकी हालत पांच दिनों से गंभीर बनी हुई थी। बच्चे की मौत के बाद डॉक्टर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जानकारी के अनुसार, 5 जुलाई को घर के आंगन में खेलते समय गिरने से बच्चे के होंठ पर कट लग गया था। उनके माता-पिता उन्हें अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने घाव पर टांके लगाने के लिए एनेस्थीसिया दिया। इसके तुरंत बाद बच्चे की हालत गंभीर हो गई और उसे होश नहीं आया। बाद में अस्पताल ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए अपनी कन्नूर यूनिट में शिफ्ट कर दिया, जहां शुक्रवार रात करीब 9 बजे उनकी मौत हो गई। मृतक बच्चे की पहचान एरामम-कुटूर ग्राम पंचायत के मथामंगलम निवासी देवांश शौर्य के रप में हुई है। यह अपने परिवार की इकलौती संतान था। माता-पिता की शादी के 8 साल बाद देवांश पैदा हुआ था।

सोशल मीडिया पोस्ट पर कोलकाता पुलिस के दो डीसीपी निलंबित
कोलकाता पुलिस के दो डिप्टी कमिश्नर (डीसीपी) को सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर कथित विवादित टिप्पणियों के मामले में निलंबित कर दिया गया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आंतरिक जांच में सोशल मीडिया गतिविधियों से जुड़े नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने के बाद यह कार्रवाई की गई। निलंबित अधिकारियों में नॉर्थ डिवीजन-III के डीसीपी बिधान साहा और पोर्ट डिवीजन-II के डीसीपी पार्थ प्रतिम दास शामिल हैं। सूत्रों के मुताबिक, मामला 2025 में पुलिस के एक व्हाट्सएप ग्रुप में की गई कथित टिप्पणियों से जुड़ा है। आरोप है कि एक अधिकारी ने उस समय के नेता प्रतिपक्ष और वर्तमान मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, जबकि दूसरे अधिकारी ने उसका समर्थन किया था। शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू हुई और दोनों अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया। पुलिस ने कहा कि अब उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।

बंगलूरू में युवक ने मां, दादी और जीजा की हत्या के बाद की आत्महत्या

बंगलूरू में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां 34 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर अपनी मां, दादी और जीजा की धारदार हथियार से हत्या करने के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार, यह घटना कामाक्षीपाल्या थाना क्षेत्र के कोट्टिगेपल्या इलाके में हुई। मृतक की पहचान प्रशांत के रूप में हुई है, जो पेशे से ड्राइवर था। आरोप है कि उसने अपनी मां मंगलम्मा (55), दादी नंजम्मा और जीजा सतीश पर माचेती (धारदार हथियार) से हमला किया, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। अधिकारियों के मुताबिक, प्रशांत लंबे समय से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहा था। घटना के बाद उसने घर के अंदर छत के पंखे से फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

विज्ञापन

गुजरात में अस्थि विसर्जन जा रहे परिवार की कार हादसे का शिकार
गुजरात के जूनागढ़ जिले में शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, हादसा माजेवाड़ी गांव के पास उस समय हुआ जब बनासकांठा जिले का परिवार एक रिश्तेदार की अस्थियां विसर्जित करने के लिए सोमनाथ जा रहा था। इसी दौरान उनकी कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में घायल चार लोगों को जूनागढ़ सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें