फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

News Updates: झारखंड में दो सड़क हादसों में पांच की मौत, 15 घायल; तेलंगाना में 19 वर्षीय छात्र ने की आत्महत्या

Mon, 22 Sep 2025 06:33 PM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

झारखंड के रामगढ़ और गोड्डा जिलों में सोमवार को दो सड़क हादसे हुए। दोनों हादसों को मिलाकर कुल पांच लोगों की मौत हो गई और 15 घायल भी हुए। पहला हादसा रामगढ़ के छत्तर गांव में सुबह 10 बजे हुआ, जब एक यात्री बस की ट्रक से आमने-सामने टक्कर हो गई। इसमें दो लोगों की मौत हुई और 15 घायल हुए। गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को रांची के रिम्स अस्पताल रेफर किया गया। दूसरा हादसा गोड्डा के शीतल गांव में हुआ, जहां एक कार पलटकर खाई में गिर गई। इसमें एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई।

विज्ञापन


तेलंगाना में दोस्त से झगड़े के बाद कॉलेज के छात्र ने की आत्महत्या
हैदराबाद के नरापल्ली में 19 वर्षीय इंजीनियरिंग छात्र ने आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार, दोस्तों संग पार्टी के बिल बांटने को लेकर विवाद हुआ था। छात्र ने कथित तौर पर हॉस्टल में फांसी लगाई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बार में बिल के भुगतान को लेकर झगड़ा हुआ और कुछ स्थानीय युवकों ने छात्र से मारपीट की। आत्महत्या से पहले बनाए वीडियो में उसने आरोप लगाया कि उसे जबरन शराब पिलाई गई, 10,000 रुपये का बिल चुकाने पर मजबूर किया गया और धमकाया गया। पिता की शिकायत पर आत्महत्या के लिए उकसाने, वसूली और एससी/एसटी अत्याचार अधिनियम के तहत मामला दर्ज हुआ।

शक्तिपीठ में पूजा के बाद विकास कार्य का उद्घाटन किया
त्रिपुरा दौरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने माता त्रिपुर सुंदरी मंदिर में पूजा-अर्चना की। प्रधानमंत्री मोदी ने तीर्थयात्रा पुनरुद्धार एवं आध्यात्मिक विरासत संवर्धन अभियान (प्रसाद) योजना के तहत माताबाड़ी में 'माता त्रिपुर सुंदरी मंदिर परिसर' के विकास कार्य का उद्घाटन किया। यह मंदिर त्रिपुरा के गोमती जिले के उदयपुर शहर में स्थित प्राचीन 51 शक्तिपीठों में से एक है।

 

विज्ञापन

बैंक धोखाधड़ी मामले में भगोड़े आरोपी को सीबीआई ने केरल से किया गिरफ्तार
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने 15 साल पुराने बैंक धोखाधड़ी मामले में एक भगोड़े अपराधी को केरल से गिरफ्तार किया है।

सीबीआई के एक प्रवक्ता ने बताया कि केरल के कोल्लम जिले का रहने वाला सुरेंद्रन जे. 2010 में पंजाब के लुधियाना में बैंक ऑफ इंडिया के साथ धोखाधड़ी करने का आरोपी था। उसने अपनी कंपनी स्टिच एंड शिप के नाम पर फर्जी दस्तावेज के आधार पर 1.5 करोड़ रुपये की विदेशी बिल खरीद क्रेडिट सुविधा ले ली थी। आरोपी सुरेंद्रन इस साजिश का मुख्य सूत्रधार था। सुरेंद्रन और अन्य के खिलाफ पंजाब के मोहाली में सीबीआई के एसजेएम कोर्ट में आरोपपत्र दायर किया गया था।

उन्होंने बताया कि सुरेंद्रन मुकदमे में शामिल नहीं हुआ और 2012 में उसे भगोड़ा अपराधी घोषित कर दिया गया। लगातार कोशिशों के बावजूद उसका पता नहीं चल सका। हाल ही में, तकनीकी जानकारी और ग्राउंड वेरिफिकेशन के आधार पर उसका कोल्लम में पता चला। इसके बाद सीबीआई टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। सुरेंद्रन को शनिवार को मोहाली कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

एनआईए ने लड़की की तस्करी में लिप्त 2 आरोपियों को किया गिरफ्तार
 राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने कोलकाता और बनगांव में पांच स्थानों पर छापा मार कर नाबालिग बांग्लादेशी लड़की की तस्करी में संलिप्तता के लिए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आमिर अली शेख और अमल कृष्ण मंडल पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के रहने वाले हैं। एनआईए के एक बयान में कहा गया है कि पीड़िता को रोजगार देने के बहाने अवैध रूप से भारत में तस्करी कर लाया गया था और उसका शोषण किया गया। तलाशी अभियान में भारतीय, बांग्लादेशी और अन्य विदेशी मुद्रा के अलावा कई आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए गए।

गुजरात: पोरबंदर के सुभाषनगर जेट्टी पर लंगर डाले जहाज में लगी आग
गुजरात के पोरबंदर में सुभाषनगर जेट्टी पर खड़े एक जहाज में अचानक आग लग गई। यह जहाज जामनगर की एचआरएम एंड संस कंपनी का है और इसमें चावल व चीनी लदी हुई थी। आग की सूचना मिलते ही दमकल के तीन वाहन मौके पर पहुंचे। लेकिन जहाज पर चावल का भारी मात्रा में भंडारण होने के कारण आग तेजी से फैल गई, जिससे स्थिति गंभीर हो गई।हालात को देखते हुए जहाज को समुद्र के बीच में खींचकर ले जाया गया ताकि आग से जेट्टी और आसपास के इलाके को कोई नुकसान न हो। यह जहाज सोमालिया के बोसासो बंदरगाह के लिए रवाना होने वाला था। 
 

ओडिशा के बौध जिले में रविवार दोपहर को एक अवैध पटाखा गोदाम विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए। घटना जिले के हरभंगा ब्लॉक स्थित जियाकाटा-छत्रपुर के पटाखा गोदाम में हुई। धमाका इतना शक्तिशाली था कि पूरा गोदाम मलबे में तब्दील हो गया। बौध के एसपी राहुल गोयल ने बताया, स्थानीय पुलिस, अग्निशमन कर्मियों, बम निरोधक दस्ते, वैज्ञानिक दल और डॉग स्क्वॉड की मदद से व्यापक बचाव अभियान चलाया गया, क्योंकि मलबे में कुछ लोगों के दबे होने का संदेह था। उन्होंने कहा कि गोदाम में अवैध ढंग से भारी मात्रा में विस्फोटक पदार्थ जमा था। मामले में संदिग्धों की तलाश जारी है।

अरुणाचल प्रदेश में 3.2 तीव्रता का भूकंप
अरुणाचल प्रदेश के ऊपरी सियांग में सोमवार को भूकंप के झटके लगे। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के अनुसार, रिएक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 3.2 दर्ज की गई। वहीं, भूकंप का केंद्र 10 किलोमीटर की गहराई में रहा। 

कर्नाटक: मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने मैसूर दसरा उत्सव 2025 का किया उद्घाटन  
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, बुकर पुरस्कार विजेता लेखिका बनू मुस्ताक, मंत्री महादेवप्पा, मंत्री शिवराज टंगड़गी, एचके पाटिल और के. वेंकटेश सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने मैसूर दसरा (दशहरा) उत्सव का उद्घाटन किया। उन्होंने देवी चामुंडेश्वरी को चांदी के रथ पर पुष्प अर्पित कर दसरा 2025 की शुरुआत की। 

भाजपा नेता अन्नामलाई ने दिनाकरन से मुलाकात की, एनडीए में वापसी पर सहमति
तमिलनाडु भाजपा के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने अम्मा मक्कल मुनेत्र कड़गम (एएमएमके) प्रमुख टीटीवी दिनाकरन से मुलाकात कर उन्हें एनडीए में वापस आने के लिए मनाने की कोशिश की। दिनाकरन ने पहले कहा था कि यदि 2026 विधानसभा चुनाव के लिए पलानीस्वामी के अलावा किसी और को सीएम पद का उम्मीदवार बनाया जाता है तो वे गठबंधन में लौटेंगे। अन्नामलाई ने ओ. पन्नीरसेल्वम और दिनाकरन दोनों की वापसी का समर्थन किया है। वहीं, एआईएडीएमके नेताओं का कहना है कि पलानीस्वामी गठबंधन का नेतृत्व कर रहे हैं और वही अंतिम निर्णय लेंगे।

तिरुपति मंदिर को 1.80 करोड़ की भेंट
श्री संस्थान गोकर्णा पार्टगली जीवोत्तम मठ के पीठाधीश स्वामी विद्याधीश तीर्थ की तरफ से तिरुपति मंदिर को बड़ी भेंट चढ़ाई गई। सोमवार को इस तीर्थ की तरफ से 15 सोने के पदक और दो चांदी की थालियां अर्पित कीं, जिनकी कुल कीमत करीब 1.80 करोड़ रुपये है। यह भेंट उन्होंने तिरुमला मंदिर के रंगनायकुला मंडपम में मंदिर के पेशकर रामकृष्ण को सौंपी। तिरुपति का श्री वेंकटेश्वर मंदिर दुनिया का सबसे धनी हिंदू तीर्थ स्थल माना जाता है।
विज्ञापन

अभिनेता विजय की सियासत पर AIADMK नेता की टिप्पणी
तमिलनाडु की राजनीतिक पार्टी- टीवीके के प्रमुख और अभिनेता विजय को लेकर कभी सत्ताधारी दल रही- अन्नाद्रमुक के पूर्व मंत्री केटी राजेंद्र बालाजी ने कहा, विजय प्रशिक्षित और वफ़ादार कार्यकर्ताओं के बावजूद अभी तक मजबूत आधार नहीं बना सके हैं। उन्होंने कहा, विजय के लिए भीड़ तो उमड़ती है, लेकिन वह कभी वोटों में तब्दील नहीं होती। विजय की सभा में आने वाली भीड़ की तुलना में अभिनेता अजित के आने पर दोगुनी भीड़ उमड़ती है। सुपरस्टार रजनीकांत को लेकर उत्साह और भी अधिक होता है। 

बकौल बालाजी, 'अगर रजनी सिर्फ हवाई अड्डे पर आकर खड़े हो जाएं, तो पांच लाख लोग सिर्फ उन्हें देखने के लिए जमा हो जाएंगे। रजनी का जनाकर्षण आज भी वैसा ही है। हमने खुद देखा है कि फिल्मी सितारे कैसे लोगों को अपनी ओर आकर्षित करते हैं... अगर विजय राजनीति में कम से कम पास होना चाहते हैं, तो उन्हें  पलानीस्वामी के नेतृत्व में अन्नाद्रमुक के साथ गठबंधन करना होगा।' AIADMK नेता ने कहा, विजय अगर ऐसा नहीं करते हैं तो द्रमुक उन्हें उन्हें इसी चुनाव में राजनीतिक रूप से ख़त्म कर देगी। उन्होंने कहा, 'अगर विजय अकेले यह कहकर चुनाव लड़ते हैं कि 'हम अपनी ताकत आजमाएंगे', तो तमिलनाडु के लोग इसे अप्रत्यक्ष रूप से द्रमुक की मदद ही मानेंगे। 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में डीएमके के विकल्प के तौर पर जनता निश्चित रूप से एआईएडीएमके को ही चुनेगी। सीएम स्टालिन के विकल्प के तौर पर ई पलानीस्वामी को मुख्यमंत्री चुना जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें