फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

News Updates: अमित शाह ने भाजपा नेताओं के साथ की बैठक, तृणमूल ने लोकसभा में अभिषेक बनर्जी को बनाया नेता

Mon, 04 Aug 2025 10:10 PM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को पश्चिम बंगाल के भाजपा के प्रमुख नेताओं के साथ एक बैठक की। बैठक में राज्य की राजनीतिक स्थिति का जायजा लिया। यह बैठक अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारी को और तेज करने के लिए की गई है। इस बैठक में बंगाल के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य और राष्ट्रीय महासचिव प्रभारी सुनील बंसल शामिल हुए। समिक भट्टाचार्य ने कहा कि बैठक में मौजूदा राजनीतिक स्थिति और उभरते मुद्दों पर चर्चा हुई, लेकिन उन्होंने विस्तार से कुछ नहीं बताया। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि अगले साल के चुनाव त्रुटिहीन मतदाता सूची के आधार पर होंगे।

विज्ञापन


टीएमसी ने लोकसभा में नेता बदला, अभिषेक बनर्जी को मिली कमान
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने सोमवार को लोकसभा में अपने नए नेता के तौर पर पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और डायमंड हार्बर से सांसद अभिषेक बनर्जी को नियुक्त किया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, वे सुदीप बंद्योपाध्याय की जगह लेंगे, जो कोलकाता उत्तर से सांसद हैं और हाल के दिनों में स्वास्थ्य कारणों से सक्रिय राजनीति से दूरी बनाए हुए हैं। यह फैसला टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी की अध्यक्षता में हुई एक वर्चुअल बैठक के दौरान लिया गया, जिसमें लोकसभा और राज्यसभा के पार्टी सांसदों ने हिस्सा लिया।

आरटीआई के तहत सीसीटीवी फुटेज ना देने पर गुजरात सूचना आयोग ने पुलिस से जताई नाराजगी
गुजरात सूचना आयोग ने पुलिस थानों द्वारा नागरिकों को आरटीआई (आरटीआई) के तहत मांगी गई सीसीटीवी फुटेज न देने पर कड़ी नाराजगी जताई है। आयोग ने कहा है कि अगर किसी घटना के 30 दिनों के भीतर RTI आवेदन मिलता है, तो उस घटना से जुड़ी सीसीटीवी रिकॉर्डिंग को संरक्षित रखना अनिवार्य है, नहीं तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन


बता दें कि अहमदाबाद के नारोदा इलाके के एक निवासी ने शहर कोटड़ा पुलिस स्टेशन की सीसीटीवी फुटेज मांगी थी, जिसमें कथित दुर्व्यवहार के सबूत होने की बात कही गई थी। लेकिन पुलिस ने जवाब दिया कि तकनीकी खराबी के कारण रिकॉर्डिंग डिलीट हो गई है और तकनीकी विशेषज्ञ बुलाने के बावजूद डाटा रिकवर नहीं हो सका।

कार हादसे में तीन लोगों की मौत
पूर्वोत्तर भारत में हुए एक कार हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। मेघालय के पूर्वी खासी हिल्स जिले में एक कार के 70 फुट गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि दो लोग लापता हैं। पुलिस ने सोमवार को बताया कि हादसा रविवार शाम करीब सात बजे शिलांग-डावकी रोड पर रिंगैन के पास हुआ। कार शिलांग से पिनुरस्ला जा रही थी। पुलिस अधिकारी ने कहा, 'हमें संदेह है कि कार में एक गर्भवती महिला सहित पांच लोग थे। घंटों की मशक्कत के बाद केवल तीन शव ही बरामद हुए हैं।' उन्होंने बताया कि एक महिला, एक पुरुष और एक नाबालिग के शव बरामद कर लिए गए हैं। अन्य की तलाश जारी है।

सिक्किम- NH-10 तीन दिन के लिए बंद, वैकल्पिक मार्ग सुझाए
सिक्किम को जोड़ने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग NH-10, सड़क में दरार आने के कारण तीन दिनों के लिए बंद कर दिया गया है। यह दरार पश्चिम बंगाल के कालिम्पोंग जिले में कोरोनेशन ब्रिज और चिट्रे के बीच देखी गई। मरम्मत का कार्य 6 अगस्त शाम 6 बजे तक पूरा होने की उम्मीद है। छोटे वाहनों को डामडिम-लावा-आलागढ़ मार्ग से चलने की सलाह दी गई है, जबकि भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोकी गई है।

कर्नाटक में हाईकोर्ट ने परिवहन यूनियनों से की हड़ताल टालने की अपील
कर्नाटक हाईकोर्ट ने सोमवार को राज्य परिवहन कर्मचारियों की यूनियनों से 5 अगस्त को प्रस्तावित हड़ताल को एक दिन के लिए टालने की अपील की है। अदालत ने यह आग्रह जारी वार्ता को समय देने के लिए किया, जो यूनियन प्रतिनिधियों और मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के बीच चल रही है। सुनवाई के दौरान डिवीजन बेंच ने सरकार से पूछा कि ड्राइवरों और कंडक्टरों की वेतन वृद्धि में इतनी देरी क्यों हो रही है। अदालत ने चिंता जताई कि इन कर्मचारियों के हितों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है।

सरकारी वकील और कर्नाटक राज्य परिवहन निगम के प्रतिनिधियों ने बताया कि जॉइंट एक्शन कमेटी चारों राज्य परिवहन निगमों के कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व करती है और उसने यह हड़ताल ऐसे समय में घोषित की है जब वेतन विवाद को लेकर सुलह की प्रक्रिया अभी चल रही है। वहीं, जेएसी की मांग है कि वेतन पुनरीक्षण एक जनवरी 2024 से लागू किया जाए और जनवरी 2020 से फरवरी 2023 तक के 38 महीने के लंबित बकाये का भुगतान किया जाए। साथ ही यूनियन चाहती है कि संशोधित वेतन संरचना 31 दिसंबर 2027 तक प्रभावी रहे।

पार्टी ने बताया कि बंद्योपाध्याय को खराब स्वास्थ्य के चलते जिम्मेदारी से मुक्त किया गया है। अभिषेक बनर्जी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे भी हैं, पिछले तीन बार से सांसद हैं और पार्टी की युवा रणनीति के केंद्र में माने जाते हैं। टीएमसी के पास लोकसभा में कुल 29 सीटें हैं और वह विपक्षी INDIA गठबंधन का प्रमुख घटक है। यह कदम आगामी संसदीय सत्र और विपक्ष की एकजुट रणनीति को धार देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण बदलाव माना जा रहा है।

ममता बनर्जी का दामोदर घाटी निगम पर बड़ा आरोप
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक बार फिर केंद्र की दामोदर घाटी निगम पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सोमवार को उन्होंने दावा किया कि डीवीसी ने 2025 में पश्चिम बंगाल की ओर जो पानी छोड़ा है, वह 2023 की तुलना में 30 गुना और 2024 से 11 गुना अधिक है। ममता ने इसे ‘प्राकृतिक आपदा नहीं बल्कि मानवनिर्मित साजिश’ बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जून-जुलाई 2025 में डीवीसी ने 50,287 लाख क्यूबिक मीटर पानी छोड़ा, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह मात्रा सिर्फ 4,535 लाख क्यूबिक मीटर थी।

उन्होंने कहा कि यह अचानक और भारी जलप्रवाह दक्षिण बंगाल के कई जिलों में बाढ़ का कारण बना, जिससे फसलें नष्ट हुईं, सड़कें बह गईं और हजारों लोगों को घर छोड़ना पड़ा। ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि केंद्र शासित डीवीसी जानबूझकर बंगाल विरोधी रवैया अपना रही है। उन्होंने इसे केंद्र द्वारा देशभर में बनाई जा रही विरोधी पारिस्थितिकी का हिस्सा बताया। यह लगातार दूसरी बार है जब ममता ने डीवीसी को बाढ़ प्रबंधन विफलता का जिम्मेदार ठहराया है।

कर्नाटक के तुमकुरु जिले में 20 मोर मृत पाए गए, जांच शुरू
कर्नाटक के तुमकुरु जिले में सोमवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां रहस्यमय परिस्थितियों में 20 मोर मृत पाए गए। इनमें से 3 नर और 17 मादा मोर थे। यह घटना जिले के मधुगिरी तालुक स्थित हनुमंथपुरा गांव की है। मोरों के शव सबसे पहले गांव के कुछ किसानों ने देखे। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मौत का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हुआ है। वन विभाग ने मोरों के शवों के सैंपल एकत्र कर फॉरेंसिक साइंस लैब भेज दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि इनकी मौत कैसे हुई। वन विभाग ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारी जांच में यह भी देख रहे हैं कि कहीं इन मोरों को जानबूझकर विषाक्त पदार्थ खिलाकर तो नहीं मारा गया। गौरतलब है कि हाल ही में 26 जून को चामराजनगर जिले के माले महादेश्वर हिल्स क्षेत्र में एक मादा बाघिन और उसके चार शावकों की मौत हो गई थी। जांच में सामने आया कि एक विषाक्त गोवंशीय शव खाने से उनकी मौत हुई थी, और पुलिस ने इसमें तीन लोगों को गिरफ्तार किया था।

CPI(M) नेताओं ने दोषियों को दी विदाई, 30 साल पुराने BJP नेता पर हमले के मामले में भड़का विवाद
केरल के कन्नूर जिले में भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सांसद सी सदानंदन मास्टर पर 1994 में हुए हमले के दोषियों को सजा काटने के लिए जाते समय भव्य विदाई देने का मामला राजनीतिक विवाद का कारण बन गया है। इस विदाई समारोह का आयोजन मत्तनूर की सीपीआई(एम) विधायक और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री केके शैलजा के नेतृत्व में किया गया, जिसके बाद विरोध तेज हो गया। हमले के मामले में सुप्रीम कोर्ट द्वारा दोष सिद्ध करने के बाद सोमवार को आठ सीपीआई(एम) कार्यकर्ताओं ने थलास्सेरी सेशंस कोर्ट में आत्मसमर्पण किया। इससे पहले ‘पाझासी शहीद स्मारक भवन’ से इन कार्यकर्ताओं को 'लाल सलाम' के नारों के साथ पुलिस वैन तक पहुंचाया गया। इस दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

सी सदानंदन मास्टर ने इस घटना को “दुर्भाग्यपूर्ण” और “गलत संदेश देने वाला” बताया। उन्होंने कहा कि जिस निर्वाचन क्षेत्र से वह आते हैं, वहां की विधायक शैलजा ने इस कार्यक्रम का नेतृत्व किया, यह बेहद चिंताजनक है। इससे पार्टी कार्यकर्ताओं को हिंसक गतिविधियों के लिए बढ़ावा मिलेगा। इस मामले में CPI(M) की शीर्ष नेतृत्व की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। इस बीच, राजनीतिक हलकों में इसे कानून व्यवस्था और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताया जा रहा है। मास्टर खुद 1994 की इस हिंसा में अपने दोनों पैर गंवा चुके हैं।

CBI जांच रोकने की याचिका खारिज, तृणमूल नेता शेख शहजहां को बड़ा झटका
कलकत्ता हाईकोर्ट ने सोमवार को तृणमूल कांग्रेस से निलंबित नेता शेख शहजहां की उस याचिका को खारिज कर दिया जिसमें उन्होंने खुद पर चल रही सीबीआई जांच को चुनौती दी थी। यह मामला पश्चिम बंगाल के संदेशखाली इलाके में तीन भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या से जुड़ा है। डिवीजन बेंच ने कहा कि एक आरोपी को जांच एजेंसी चुनने का कोई अधिकार नहीं है। जस्टिस देबांगसु बसाक की अध्यक्षता वाली पीठ ने साफ किया कि आरोपी को न तो जांच के स्तर पर सुना जाना आवश्यक है और न ही उसे याचिका में पक्ष बनाया जाना अनिवार्य है।

30 जून को हाईकोर्ट की सिंगल बेंच ने संदेशखाली की हत्याओं की जांच सीबीआई को सौंपी थी। इस आदेश को चुनौती देते हुए शेख शहजहां ने अपील दायर की थी, जिसे अब खारिज कर दिया गया है। इस मामले में मृतकों की पत्नियों ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी। दो भाजपा कार्यकर्ताओं के शव पहले ही मिल चुके हैं, जबकि तीसरे व्यक्ति के शरीर के अंग मिलने की बात सामने आई है।

धर्मस्थल में मिले और कंकाल, एसआईटी ने नए स्थल से बरामद किए अवशेष
कर्नाटक के धर्मस्थल में सामूहिक कब्र की जांच कर रही विशेष जांच टीम (एसआईटी) को सोमवार को एक नए स्थल से कई मानव कंकाल और खोपड़ी के टुकड़े मिले। यह उत्खनन बंगलेगुड्डे नामक स्थान पर किया गया, जहां पहले कभी जांच नहीं हुई थी। पुलिस महानिदेशक प्रणब मोहंती की निगरानी में एसआईटी ने 11वें निर्धारित स्थल पर खुदाई रोककर नया स्थल चुना। यह स्थल 100 फीट ऊंचे भू-भाग पर स्थित है, जहां से कई मानव हड्डियां और खोपड़ी के टुकड़े बरामद किए गए हैं।

सूत्रों के अनुसार यह जांच उन सैकड़ों कथित अप्राकृतिक मौतों से जुड़ी है, जो 1995 से 2014 के बीच हुई थीं। एसआईटी ने संबंधित रिकॉर्ड एकत्र कर लिए हैं और आगे की जांच जारी है। बरामद अवशेषों को फोरेंसिक लैब भेज दिया गया है ताकि उनकी उम्र, लिंग और मौत के कारणों का पता लगाया जा सके। 31 जुलाई को भी एक अन्य साइट से कंकाल बरामद हुए थे, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया था। लगातार मिल रहे कंकालों से इलाके में डर का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे बढ़ाया जा रहा है।

मिजोरम के 1.30 लाख से ज्यादा किसानों को मिली 38 करोड़ सम्मान निधि
मिजोरम के 1.30 लाख से ज्यादा किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की 20वीं किस्त के तहत 38 करोड़ रुपये से ज्यादा की वित्तीय सहायता मिली है। अधिकारियों ने बताया कि देश की प्रमुख किसान सहायता योजना के तहत, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के वाराणसी से प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से देश भर के लगभग 9.7 करोड़ किसानों को कुल 20,500 करोड़ रुपये जारी किए। उन्होंने बताया कि योजना की 20वीं किस्त के तहत, मिजोरम के 1,31,238 किसानों को 38.06 करोड़ रुपये वितरित किए गए, जो 2025-26 वित्तीय वर्ष के लिए पहली किस्त है। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम का मिजोरम के विभिन्न जिलों के जिला कृषि कार्यालयों और कृषि विज्ञान केंद्रों (केवीके) के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया।

बंगाल: एनआरसी के डर से बुजुर्ग ने की आत्महत्या
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में एक बुजुर्ग ने अपने घर में फंदे से लटक कर जान दे दी। परिजनों का दावा है कि उन्हें डर था कि अगर राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) लागू हुआ तो उन्हें बांग्लादेश भेज दिया जाएगा।
मृतक की पहचान दिलीप कुमार साहा (63) के रूप में हुई है, जो 1972 में ढाका के नवाबगंज से कोलकाता आए थे। यहां रीजेंट पार्क इलाके के आनंदपल्ली पश्चिम में रह रहे थे। पुलिस को उनके कमरे से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। आशंका है एनआरसी के डर से ही उन्होंने खुदकुशी कर ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।  
 
 

राहुल-तेजस्वी की मतदाता अधिकार यात्रा 10 अगस्त से
बिहार चुनाव से पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद प्रमुख तेजस्वी यादव साथ मिलकर मतदाता अधिकार यात्रा निकालेंगे। शुरुआत 10 अगस्त को सासाराम से होगी और पहले चरण में चार दिन बाद 13 अगस्त को गया पहुंचेंगे।
दो दिन के ब्रेक के बाद 16 अगस्त से यात्रा फिर शुरू होगी, और दूसरे चरण में नवादा होते हुए जमुई, भागलपुर, सीमांचल के विभिन्न क्षेत्रों से होती हुए मिथ्यांचल जाएगी। यात्रा 30 से अधिक जिलों से होकर गुजर सकती है। इस दौरान बीच-बीच में सभाएं की जाएगी। इंडिया गठबंधन के नेता इसमें मतदाता को निरीक्षण की गड़बड़ियों को गिनाएंगे। 

मणिपुर में आठ उग्रवादी किए गए गिरफ्तार
मणिपुर में सुरक्षाबलों ने रविवार को चार प्रतिबंधित उग्रवादी संगठनों के आठ सक्रिय कैडरों को गिरफ्तार किया। ये लोग जबरन वसूली, अपहरण और गोलीबारी में शामिल थे। इनके पास से हथियार भी बरामद हुए। सभी आरोपियों को कई जिलों से पकड़ा गया है।

केरल- बेटे की पढ़ाई का खर्च न उठा पाने पर व्यक्ति ने की आत्महत्या
केरल के पथानमथिट्टा जिले में 47 वर्षीय वी. टी. शिजो ने आर्थिक तंगी से परेशान होकर जंगल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उनका बेटा तमिलनाडु के एक इंजीनियरिंग कॉलेज में दाखिला ले चुका था, लेकिन फीस देने के लिए पैसे नहीं थे। शिजो की पत्नी एक सहायता प्राप्त स्कूल में शिक्षिका हैं, जिनकी नियुक्ति हाल ही में अदालत से वैध ठहराई गई थी, पर 12 साल के बकाया वेतन में देरी हो रही थी। पुलिस ने आर्थिक तंगी को आत्महत्या की वजह माना है।

ओडिशा- भ्रष्टाचार के आरोप में मोटर वाहन निरीक्षक गिरफ्तार
ओडिशा के बौध जिले में मोटर वाहन निरीक्षक गोलाप चंद्र हांसदा को आय से अधिक संपत्ति रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उनके पास 44 प्लॉट, एक किलो सोना, दो किलो चांदी, 2.38 लाख रुपये नकद और 1.34 करोड़ रुपये बैंक में जमा पाए गए। एक बहुमंजिला इमारत और बेनामी लेन-देन की डायरी भी बरामद हुई है। आरोपी की वर्तमान तनख्वाह 1.08 लाख रुपये प्रति माह है।

कर्नाटक में मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के साथ कथित सत्ता संघर्ष
दिल्ली में कांग्रेस कार्यक्रम 'संवैधानिक चुनौतियां' में डीके शिवकुमार ने सोनिया गांधी की 2004 की ‘त्याग भावना’ की सराहना करते हुए कहा कि जब उन्हें प्रधानमंत्री बनने का मौका मिला, उन्होंने मनमोहन सिंह को चुना क्योंकि उनके लिए सत्ता नहीं, देश महत्वपूर्ण था। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आज तो पंचायत स्तर पर भी कोई कुर्सी छोड़ना नहीं चाहता। कुछ विधायक और मंत्री सत्ता साझा करते हैं, लेकिन कुछ नहीं करना चाहते। उनका यह बयान कर्नाटक में मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के साथ कथित सत्ता संघर्ष के संदर्भ में देखा जा रहा है।

तेलंगाना में नशाखोरी में छह आईटी कर्मचारी गिरफ्तार
तेलंगाना पुलिस के स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने रंगारेड्डी में चेवेल्ला एक्साइज पुलिस स्टेशन क्षेत्र में एक फार्महाउस पर छापा मारकर ड्रग्स लेने के आरोप में छह आईटी कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से पांच डेल कंपनी के कर्मचारी हैं। फार्महाउस में जन्मदिन की पार्टी चल रही थी। एसटीएफ के अधिकारियों ने फार्महाउस से 50 ग्राम एलएसडी और 20.21 ग्राम हैश के साथ-साथ 50 लाख रुपये मूल्य की तीन कारें जब्त कीं। मामला चेवेल्ला आबकारी पुलिस स्टेशन को सौंप दिया है। आबकारी विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि आईटी कर्मचारियों ने सेरेन ऑर्चर्ड्स के एक फार्महाउस को बुक किया और जन्मदिन की पार्टी मना रहे थे। सभी छह आईटी कर्मचारियों का ड्रग टेस्ट कराया गया और सभी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। फार्महाउस मालिक और आईटी कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
विज्ञापन

आंध्र प्रदेश में वज्रपात से किसान की मौत, दो घायल
आंध्र प्रदेश के कृष्णा जिले में रविवार शाम भारी बारिश के बाद बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि यह घटना अविनगड्डा विधानसभा क्षेत्र के कोडुरु मंडल में हुई। घटना में खेत में काम कर रही जी कोंडलम्मा (30) की बिजली गिरने से मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कोडुरु पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें