फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

News Updates: अगरतला सीमा के पास मेड इन चाइना लिखा ड्रोन बरामद; सिक्किम के गंगटोक में आया 2.8 तीव्रता का भूकंप

Fri, 01 Aug 2025 08:13 PM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

अगरतला के सीमावर्ती इलाके में शुक्रवार को एक संदिग्ध ड्रोन बरामद किया गया। इससे क्षेत्र में सुरक्षा चिंताएं बढ़ गईं हैं। पश्चिम त्रिपुरा जिले के पुलिस अधीक्षक डॉ. किरण कुमार के ने बताया कि ड्रोन पर मेड इन चाइना लिखा हुआ साफ दिख रहा था। इस ड्रोन में हाई-रिजॉल्यूशन कैमरा लगा हुआ था। संवेदनशील अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र के पास मिलने के बाद त्रिपुरा पुलिस, बीएसएफ और बम निरोधक दस्ते ने संयुक्त जांच शुरू की। इलाके को घेर लिया गया और फोरेंसिक टीम डिवाइस की जांच कर रही है। सूत्रों का कहना है कि यह ड्रोन सीमा पार से निगरानी के लिए इस्तेमाल किया गया हो सकता है। अधिकारी अभी इसके मकसद और स्रोत के बारे में जानकारी साझा नहीं कर रहे हैं। जांच जारी है।

विज्ञापन


स्वतंत्रता दिवस भाषण के लिए PM मोदी ने मांगे सुझाव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 15 दिवस के दिन लालकिले की प्राचीर से देश की जनता को संबोधित करेंगे। इससे पहले उन्होंने आज आम लोगों से अपने विचार साझा करने की अपील की। लगातार 12वें स्वतंत्रता दिवस संबोधन से दो सप्ताह पहले पीएम मोदी ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, 'जैसे-जैसे हम इस वर्ष के स्वतंत्रता दिवस के करीब आ रहे हैं, मैं अपने साथी भारतीयों से सुनने के लिए उत्सुक हूं! आप इस वर्ष के स्वतंत्रता दिवस भाषण में किन विषयों या विचारों को प्रतिबिंबित होते देखना चाहेंगे?' उन्होंने लोगों से MyGov और NaMo एप पर विचार साझा करने की अपील की।

47वें नौसेना उप प्रमुख बने वाइस एडमिरल वात्स्यायन
वाइस एडमिरल संजय वात्स्यायन ने आज 47वें नौसेना उप प्रमुख (वीसीएनएस) का पदभार ग्रहण संभाला। राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA), पुणे के 71वें बैच से निकले वाइस एडमिरल संजय वात्स्यायन भारतीय नौसेना में  01 जनवरी 1988 को कमीशन हुए थे। वात्स्यायन बंदूकों (Gunnery) और मिसाइल प्रणालियों के विशेषज्ञ अधिकारी माने जाते हैं। उन्होंने तीन दशकों से अधिक के सेवाकाल में कमान, परिचालन और स्टाफ असाइनमेंट जैसी भूमिकाएं संभाली हैं।

विज्ञापन

भारत-यूएई रिश्ता और मजबूत होगा, द्विपक्षीय साझेदारी बढ़ेगी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जाएद अल नाहयान के बीच टेलीफोन पर बातचीत हुई। दोनों नेताओं ने दोनों देशों के निवासियों को फायदा पहुंचाने के लिए भारत-यूएई के बीच सहयोग को और गहरा व मजबूत करने की जरूरत पर बल दिया।

बृहस्पतिवार को जारी बयान के मुताबिक, दोनों देशों के नेताओं ने भारत-यूएई के बीच मौजूद विस्तृत रणनीतिक साझेदारी को और मजबूती देने की साझा प्रतिबद्धता दोहराई। यह द्विपक्षीय साझेदारी कई अहम क्षेत्रों में सहयोग को लेकर है। दोनों नेताओं ने अलग-अलग क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग की अब तक की उल्लेखनीय प्रगति को सराहा। शेख मोहम्मद ने पीएम मोदी को भारत के इतिहास में लगातार दूसरी सबसे लंबी सेवा देने वाले प्रधानमंत्री बनने पर शुभकामनाएं दीं और राष्ट्र सेवा में उनकी निरंतर सफलता की कामना की। 
 

गुजरात में 3 दिनों में तीन शेर शावकों की हुई मौत
गुजरात के अमरेली जिले में तीन दिनों में तीन शेर शावकों की मौत हो गई है। इसके बाद वन विभाग ने एहतियातन खून के नमूने लेने के लिए तीन शेरनियों और छह शावकों से अलग रखा है। राज्य के वन मंत्री मुलुभाई बेरा ने बुधवार को बताया कि शेर के दो शावकों की मौत 28 और 30 जुलाई को हुई थी। वरिष्ठ वन अधिकारी जरूरी कदम उठा रहे हैं। तीन शेरनियों और छह शावकों को अलग रखा है। उनके रक्त के नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे।  

हाथी के हमले में 3 की मौत, 2 वन अधिकारी निलंबित
ओडिशा के ढेंकनाल जिले में बृहस्पतिवार को एक हाथी ने तीन लोगों को कुचलकर मार डाला। मृतकों में दो महिलाएं भी हैं। घटना हिंदोल पुलिस स्टेशन क्षेत्र के बाघधरिया गांव में हुई। मृतकों में झूलना देहुरी (55), उनके देवर करुणाकर देहुरी (60) और ग्रामीण शशि साहू शामिल हैं। हाथी ने झूलना देहुरिया पर उस समय हमला किया जब वह घर के पास फूल तोड़ रही थीं। उनके देवर करुणाकर उन्हें बचाने आए और हाथी ने उन्हें भी कुचल दिया। इसके तुरंत बाद हाथी ने शशि साहू नाम के ग्रामीण पर हमला किया।

पूर्वोत्तर भारत में 4 आतंकी समेत पांच गिरफ्तार;  मणिपुर में  गोला-बारूद और विस्फोटक भी बरामद
मणिपुर में सुरक्षाबलों ने बुधवार को 4 आतंकियों समेत 5 लोगों को गिरफ्तार किया। ये प्रतिबंधित संगठनों में पीपल्स लिबरेशन आर्मी, कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी और प्रेपाक (प्रो) में शामिल हैं। पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया कि ये लोग इंफाल, बिष्णुपुर और थौबल जिलों में ठेकेदारों व आम लोगों से वसूली करने के आरोप में पकड़े गए। उधर, मणिपुर में सुरक्षाबलों ने चुराचांदपुर और थोबाल जिलों में बुधवार को अभियान चलाकर बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री जब्त की गई। इसमें 14 देशी सिंगल बैरल रायफलें, एक पिस्तौल (मैगजीन सहित), एक पोम्पी, 9 देसी आईईआडी, 8 पोम्पी गोला-बारूद बरामद किया।

ISRO अध्यक्ष बोले- NISAR की सफलता विश्वस्तरीय तकनीक का प्रमाण
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के अध्यक्ष वी. नारायणन ने हाल ही में प्रक्षेपित भारत और अमेरिका के संयुक्त उपग्रह- निसार (NISAR)को दुनिया के सबसे सटीक प्रक्षेपणों में से एक बताया। उन्होंने कहा, यह पांच चरणों वाला रॉकेट था, जिसकी सभी चरणों ने बिल्कुल सटीक ढंग से काम किया और उपग्रह को केवल 2-3 किलोमीटर के अंतर के साथ निर्धारित कक्षा में स्थापित किया गया। यह उपलब्धि न केवल भारत के लिए गर्व की बात है, बल्कि अमेरिका की अंतरिक्ष एजेंसी नासा भी इस सफलता से बेहद उत्साहित और खुश है। नारायणन ने कहा कि नासा को यह देखकर खुशी हुई कि भारत ने अपने स्वदेशी रॉकेट से इतनी उच्च तकनीक से निर्मित उपग्रह को सटीकता से लॉन्च किया। यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि भारत अब विश्वस्तरीय तकनीक विकसित कर चुका है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भरोसेमंद सहयोगी बनकर उभर रहा है। बता दें कि भारत और अमेरिका की संयुक्त परियोजना- NISAR पूरी तरह स्वदेशी प्रक्षेपण यान- जीएसएलवी मार्क-III (GSLV-F16) के माध्यम से प्रक्षेपित इस उपग्रह को कक्षा में स्थापित किया जा चुका है। इससे पूरी धरती का अवलोकन कर डाटा जमा किया जाएगा।

जनरल पुष्पेंद्र सिंह 38 वर्षों की शानदार सेवा के बाद उप-सेना प्रमुख बने
लेफ्टिनेंट जनरल पुष्पेंद्र सिंह ने आज उप सेना प्रमुख के रूप में कार्यभार संभाला। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय युद्ध स्मारक जाकर कर्तव्य निभाते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले बलिदानी सपूतों को श्रद्धांजलि दी।  राष्ट्रीय समर स्मारक पर पुष्पांजलि के बाद उन्होंने आगंतुक पुस्तिका पर अपना संदेश भी लिखा। पदोन्नति से पहले लेफ्टिनेंट जनरल पुष्पेंद्र सिंह सेना के मुख्यालय में ऑपरेशनल लॉजिस्टिक्स एंड स्ट्रैटेजिक मूवमेंट महानिदेशक (DGOLSM) के पद पर कार्यरत थे। दिसंबर 1987 में उन्होंने पैराशूट रेजिमेंट (विशेष बल) की चौथी बटालियन में शामिल होने के बाद सेना में सेवाओं की शुरुआत की थी। कमीशन मिलने से पहले उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय के ला मार्टिनियर कॉलेज से पढ़ाई की थी। भारतीय सैन्य अकादमी (NDA), देहरादून के पूर्व छात्र रहे लेफ्टिनेंट जनरल पुष्पेंद्र सिंह 38 वर्षों के शानदार करियर के दौरान सेना के 'ऑपरेशन पवन', 'ऑपरेशन मेघदूत', 'ऑपरेशन ऑर्किड' और 'ऑपरेशन रक्षक' जैसे अभियानों में अहम भूमिकाएं निभा चुके हैं।

सीएम स्टालिन से मिलने पहुंचे MDMK चीफ वाइको
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन पिछले कुछ हफ्ते से अस्वस्थ हैं। आज मरुमलार्ची द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (एमडीएमके) प्रमुख वाइको चेन्नई स्थित आवास पर सीएम स्टालिन से मुलाकात करने पहुंचे। बीते 21 जुलाई को सुबह की सैर के दौरान हल्का चक्कर आने के बाद मुख्यमंत्री को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। फिलहाल वे डॉक्टरों की निगरानी में हैं।

सेना ने टैंक ट्रांसपोर्टर ट्रेलरों की खरीद के लिए किया अनुबंध
भारतीय सेना ने आज एक्सिसकेड्स एयरोस्पेस एंड टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड के साथ 212 अत्याधुनिक 50-टन टैंक ट्रांसपोर्टर ट्रेलरों की खरीद के लिए 223.95 करोड़ रुपये के अनुबंध पर हस्ताक्षर किए। यह अनुबंध खरीद (भारतीय-आईडीडीएम) श्रेणी के तहत हस्ताक्षरित किया गया, जिससे रक्षा निर्माण में स्वदेशीकरण के प्रति प्रतिबद्धता को बल मिला। ये अगली पीढ़ी के ट्रेलर हाइड्रोलिक/न्यूमेटिक लोडिंग रैंप और स्टीयरेबल एवं लिफ्टेबल एक्सल से सुसज्जित हैं, जो विविध और चुनौतीपूर्ण इलाकों में टैंकों और अन्य बख्तरबंद (ए) वाहनों के तेज और कुशल परिवहन को सक्षम बनाते हैं। इन प्लेटफार्मों द्वारा प्रदान किए जाने वाले उन्नत गतिशीलता समाधान फील्ड आर्मी के लिए एक बल गुणक के रूप में कार्य करेंगे, जिससे इसकी रसद और परिचालन क्षमताओं में वृद्धि होगी।
 

गलतफहमी में हो गई थी ननों की गिरफ्तारी, जल्द जमानत मिलेगी- राजीव चंद्रशेखर
मानव तस्करी और जबरन धर्म परिवर्तन कराने के आरोपों में गिरफ्तार दो ननों के मामले में केरल भाजपा अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि छत्तीसगढ़ में दो ननों की गिरफ्तारी गलतफहमी के चलते हुई है, उन्हें जल्द ही जमानत पर रिहा किया जाएगा। उन्होंने यह बात भारतीय कैथोलिक बिशप सम्मेलन (सीबीसीआई) के अध्यक्ष और त्रिशूर के आर्कबिशप एंड्रयूज थजथ से मुलाकात के बाद कही। 

भाजपा नेता ने उन्हें बताया कि प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आश्वासन दिया है कि राज्य सरकार ननों की जमानत याचिका का विरोध नहीं करेगी। चंद्रशेखर ने कहा, मैं बस इतना कहना चाहता हूं, चूंकि यह न्यायिक प्रक्रिया है। इस मुद्दे पर राजनीति न हो। उन्होंने कहा कि हम इस मामले में लोगों की मदद करने की कोशिश कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ में निजी प्लेसमेंट एजेंसियों को कंट्रोल करने वाला एक कानून है। इसके तहत नौकरी के लिए एक जिले से दूसरे जिले में जाने वाली युवतियों का एक पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन होता है। ऐसा न करने की वजह से ऐसी गलतफहमी हुई, जिसके चलते पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया। उधर, राजीव चंद्रशेखर से मुलाकात करने के बाद आर्कबिशप थजथ ने कहा कि चर्च चाहता है कि ननों को जल्द रिहा कर दिया जाए। उनके खिलाफ लिए गए एक्शन से हम सभी बहुत दुखी हैं।

25 जुलाई को हुई थी दोनों ननों की गिरफ्तारी
बता दें कि केरल की नन प्रीति मैरी और वंदना फ्रांसिस को सुखमन मंडावी के साथ छत्तीसगढ़ के दुर्ग रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने गिरफ्तार किया था। दोनों ननों की गिरफ्तारी 25 जुलाई को स्थानीय बजरंग दल के एक पदाधिकारी की शिकायत पर हुई थी। बजरंग दल ने उन पर 3 युवतियों का जबरन धर्मांतरण कराने और तस्करी करने का आरोप लगाया था।

कांग्रेस सांसदों ने ननों से की मुलाकात
केरल से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) का एक प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को छत्तीसगढ़ में मानव तस्करी और जबरन धर्म परिवर्तन के आरोप में गिरफ्तार की गई दो ननों से मिलने यहां पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने आरोप लगाया कि दुर्ग सत्र न्यायालय की ओर से मामले को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) अदालत को भेजना यह सुनिश्चित करने की साज़िश है कि गिरफ्तार ननों को तुरंत जमानत न मिले। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल में हिबी ईडन और कोडिकुन्निल सुरेश सहित चार सांसद शामिल हैं। कांग्रेस का पहला प्रतिनिधिमंडल 29 जुलाई को पहुंचा था। बता दें कि दुर्ग जिले की एक सत्र अदालत ने बुधवार को कहा कि उसके पास तीनों आरोपियों की जमानत याचिका पर सुनवाई करने का अधिकार नहीं है और उन्हें राहत के लिए विशेष एनआईए अदालत का रुख करना होगा।
 

शशि थरूर ने ननों की गिरफ्तारी की निंदा की
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने शुक्रवार को छत्तीसगढ़ में दो कैथोलिक ननों की गिरफ्तारी की निंदा करते हुए इसे घोर अन्याय बताया। थरूर ने कहा कि दो भाजपा मंत्रियों के समक्ष मामला उठाने के बावजूद कुछ नहीं हुआ। थरूर ने संसद भवन परिसर में संवाददाताओं से कहा, ननों के साथ जो हुआ है, वह घोर अन्याय है। उन्होंने कानून के खिलाफ कुछ नहीं किया। वे कुछ आदिवासी लड़कियों को नौकरी के लिए शहर ले जा रही थीं। यह देखकर बजरंग दल जैसे समूहों ने हंगामा मचा दिया। यह देखकर पुलिस ने इन ननों को गिरफ्तार कर लिया। यह बहुत गलत है; ऐसा नहीं होना चाहिए था। तिरुवनंतपुरम से सांसद ने कहा, मैंने भाजपा के दो मंत्रियों से मुलाकात की और उन्होंने कहा कि वे इसकी जांच करेंगे, लेकिन कुछ नहीं हुआ। दूसरी तरफ, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ननों की गिरफ्तारी के बारे में पूछे जाने पर कहा कि कानून अपना काम कर रहा है। उम्मीद है सबकुछ स्पष्ट हो जाएगा। इस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।

भारत-जर्मनी तकनीकी साझेदारी
नई दिल्ली में आयोजित फ्राउनहोफर नवाचार और प्रौद्योगिकी मंच (एफआईटी) 2025 के सातवें संस्करण में भारत और जर्मनी ने माइक्रोइलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर्स जैसे अहम क्षेत्रों में साझेदारी को और मजबूत किया। इस अवसर पर फ्राउनहोफर और एपिक फाउंडेशन की तरफ से एक ज्ञान पत्र जारी किया गया, जिसमें नवाचार, कौशल विकास और तकनीक के क्षेत्र में सहयोग का रोडमैप प्रस्तुत किया गया।
 

ब्रिटेन रिपोर्ट पर भारत की प्रतिक्रिया
ब्रिटेन की संसदीय रिपोर्ट में भारत पर की गई टिप्पणियों को विदेश मंत्रालय ने खारिज करते हुए कहा कि ये बेबुनियाद और पक्षपातपूर्ण हैं, जो प्रतिबंधित और भारत विरोधी स्रोतों पर आधारित हैं।

सिक्किम के गंगटोक में 2.8 तीव्रता का भूकंप
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के अनुसार, शुक्रवार को सिक्किम के गंगटोक में 2.8 तीव्रता का हल्का भूकंप आया। भूकंप का केंद्र महज 10 किमी नीचे था। इसी तरह पश्चिम बंगाल के कलिम्पोंग में भी शुक्रवार की रात 2.6 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। इसकी गहराई 5 किमी थी। मणिपुर के तेंगनौपाल में भी शुक्रवार रात के 3.3 तीव्रता का भूकंप आया। इसकी गहराई 65 किमी दर्ज की गई थी।
 

तेलंगाना भेड़ पालन घोटाला: ईडी ने छापे के दौरान जब्त किए 200 फर्जी खाते
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने तेलंगाना में पिछली बीआरएस सरकार के दौरान हुए करोड़ों के भेड़ पालन घोटाले में बड़ी कार्रवाई की है। इससे जुड़े धन शोधन मामले में छापे के बाद 200 से अधिक फर्जी (म्यूल) बैंक खातों से संबंधित पासबुक, डेबिट कार्ड और चेक बुक जब्त की। ईडी ने 30 जुलाई को हैदराबाद में घोटाले के लाभार्थियों और इसमें लिप्त बिचौलियों से जुड़े आठ ठिकानों पर छापे मारे थे।
 

गुजरात: प्रेम प्रसंग के चलते दो आदिवासी युवकों को पेड़ से बांधकर पीटा, 10 गिरफ्तार
गुजरात के पंचमहल जिले में दो आदिवासी युवकों को प्रेम प्रसंग के चलते अपहरण कर पेड़ से बांधकर पीटा गया। ये युवक दो महिलाओं के साथ भाग गए थे। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि इस घटना में 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें दो युवकों को रस्सी से बांधकर लाठी-डंडों से पिटते हुए देखा जा सकता है। डीएसपी एनवी पटेल ने बताया कि यह घटना गुरुवार को शेहरा थाना क्षेत्र के ताड़वा गांव में हुई।

पुलिस के अनुसार पीड़ितों को पीटने वाले आरोपी उन दोनों महिलाओं के रिश्तेदार थे, जो युवकों के साथ भाग गई थीं। आरोपियों ने युवकों को महमदाबाद से उठाकर ताड़वा लाया और सजा के तौर पर पीटा। महिलाओं को भी गांव लाकर मारपीट की गई। शेहरा पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने अपहरण में इस्तेमाल वाहन भी जब्त कर लिया है।

मणिपुर: वायु सेना और असम राइफल्स ने भूस्खलन प्रभावित गांवों में पहुंचाई राहत
भारतीय वायु सेना और असम राइफल्स ने शुक्रवार को एक संयुक्त राहत अभियान चलाया। इसका नाम ऑपरेशन सहयोग था। यह अभियान चुराचांदपुर जिले के हेंगलेप उप-मंडल में चलाया गया। यहां के 18 गांव 17 जुलाई से राष्ट्रीय राजमार्ग-2 पर हुए भूस्खलन के कारण बाकी इलाकों से कट गए थे।

इस मिशन के तहत 1,500 से अधिक ग्रामीणों के लिए छह टन आवश्यक सामग्री पहुंचाई गई। इसमें चावल, दाल और अन्य जरूरत की चीजें शामिल थीं। वायु सेना के हेलिकॉप्टरों ने चुराचांदपुर से राहत सामग्री पहुंचाई। असम राइफल्स के जवानों ने इसका त्वरित और समान वितरण सुनिश्चित किया। रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने इसे दोनों बलों की मानवीय सेवा के प्रति समर्पण बताया। मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट के जरिए अभियान की सराहना की और कठिन परिस्थितियों में काम करने वाली टीमों की प्रशंसा की।

अमेरिका से 2025 में 1,703 भारतीयों को देश निकाला- सरकार
केंद्र सरकार ने बताया कि 2025 में अब तक अमेरिका ने 1,703 भारतीय नागरिकों को भारत वापस भेजा है, जिनमें 141 महिलाएं शामिल हैं। संसद में पूछे गए सवाल पर विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि 2020 से 2024 के बीच अमेरिका ने कुल 5,541 भारतीयों को निकाला। 2025 में सबसे ज़्यादा लोग पंजाब (620) और हरियाणा (604) से थे। इनमें से कुछ लोगों को अमेरिकी सेना या सरकारी चार्टर फ्लाइट्स से भेजा गया, जबकि बाकी को निजी फ्लाइट्स से भेजा गया। सरकार ने कहा कि अमेरिका में भारतीयों के साथ मानवीय व्यवहार सुनिश्चित करने के लिए लगातार बातचीत की जा रही है। फरवरी 2025 के बाद से किसी भी यात्री की ओर से खराब व्यवहार की कोई शिकायत नहीं मिली है।
 
विज्ञापन

100 से अधिक खातों के जरिए 500 करोड़ से अधिक का ऋण घोटाला
 पूर्व कांग्रेस सांसद कुलदीप राय शर्मा से जुड़े अंडमान और निकोबार राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड (एएनएससीबीएल) की ऋण अनियमितताओं में बड़ा खुलासा हुआ है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कहा कि 100 से अधिक खातों के जरिए धोखाधड़ी से 500 करोड़ से ज्यादा के ऋण लिए गए थे। ईडी ने शुक्रवार को द्वीपसमूह में पहली बार छापे मारकर सबूत इकट्ठा किए, जिनसे पता चला कि कैसे धोखाधड़ी की गई थी। अधिकारियों ने पूर्व कांग्रेस सांसद के घर समेत कई जगहों पर तलाशी लेकर 100 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति के दस्तावेज बरामद किए। जांच जारी है। इस बीच पोर्ट ब्लेयर की मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अदालत ने शर्मा की जमानत याचिका फिर खारिज कर दी। उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा। 15 मई को शर्मा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई थी। इसमें बैंक के पूर्व अध्यक्ष, बोर्ड के सदस्य, निदेशक/ अधिकारी के नाम भी शामिल हैं। 18 जुलाई को पूर्व कांग्रेस सांसद गिरफ्तार किए गए थे। शर्मा एएनएससीबीएल के अध्यक्ष रह चुके हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें