अमरावती में बस खाई में गिरने से 2 लोगों की मौत
महाराष्ट्र के अमरावती जिले में रविवार को राज्य परिवहन की एक बस खाई में गिर गई। इस हादसे में दो लोग की मौत हो गई, जबकि 20 लोग घायल हैं। पुलिस ने मामले की जानकारी दी। अमरावती के पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद ने कहा कि यह दुर्घटना मेलघाट इलाके में दोपहर के आस-पास हुई। उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) की बस में लगभग 36 लोग सवार थे,जो पराथवाड़ा (यवतमाल जिले में) से अमरावती के धरनी जा रहे थे।
केरल पुलिस स्टेशन में एक व्यक्ति ने खुद को लगाई आग
केरल के उत्तरी पलक्कड़ जिले के एक पुलिस स्टेशन में रविवार को नाटकीय दृश्य देखने को मिला, जब एक व्यक्ति ने खुद पर मिट्टी का तेल छिड़कने के बाद परिसर में खुद को आग लगा ली। 30 वर्षीय स्थानीय व्यक्ति राजेश ने दोपहर में यहां अलाथुर पुलिस स्टेशन में आत्महत्या करने का प्रयास किया। हालांकि पीड़ित को सरकारी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, एक महिला द्वारा दायर उत्पीड़न की शिकायत पर थाने में बुलाए जाने के कुछ घंटों बाद राजेश ने खुद को आग लगा ली। हालांकि दोनों पक्षों के साथ चर्चा के बाद मामला सुलझ गया, लेकिन कुछ देर बाद राजेश थाने वापस आया और अपने शरीर पर मिट्टी का तेल छिड़क लिया और खुद को आग लगा ली। उन्होंने बताया कि उनकी हालत गंभीर है।
मरम्मत के दौरान नाले में गिरने से मजदूर की मौत
मुंबई के सेवरी इलाके में रविवार को मरम्मत के दौरान खुले नाले में गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई और उसके चार सहयोगी घायल हो गए। अधिकारी ने बताया कि यह घटना सुबह सेवरी गाडी बंदर इलाके के पास हुई। मुंबई फायर ब्रिगेड के अधिकारी के मुताबिक, उस समय बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के तूफान जल विभाग के निर्देशन में एक 'बॉक्स ड्रेन' की मरम्मत की जा रही थी।
उन्होंने बताया कि ठेकेदार एम/एस एक्यूट डिजाइन द्वारा काम पर लगाए गए पांच मजदूर नाले में गिर गए। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों ने सभी पांचों को बचाया और उन्हें नगर निगम संचालित केईएम अस्पताल ले गए, जहां उनमें से एक, जिसकी पहचान महबूब इस्माइल (19) के रूप में हुई, को मृत घोषित कर दिया गया।
36 साल के जज ने पत्नी से मामूली बहस के बाद मौत को गले लगाया; हैदराबाद में फंदे से लटका मिला शव
हैदराबाद में एक न्यायधीश ने अपने आवास में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में पत्नी से मामूली 'बहस' के बाद पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या करने की बात सामने आई है। मृतक के पिता की शिकायत पर अंबरपेट पुलिस थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आबकारी मामलों के 36 वर्षीय न्यायधीश की मौत के मामले में पुलिस अलग-अलग पहलुओं पर जांच कर रही है।
महाराष्ट्र में दो लोगों के डूबने की खबर
महाराष्ट्र में 45 साल के रामचंद्र सुर्वे और 43 साल के चिंतामणि वारंग जय महाराष्ट्र खदान में डूब गए। बृह्नमुंबई महानगरपालिका (BMC) की तरफ से जारी बयान के मुताबिक हादसा दहीसर में सौराज पटेल मार्ग के पास हुआ।
संदेशखाली मामला: संदेशखाली का दौरा कर सीबीआई ने जुटाए सबूत
सीबीआई(सांकेतिक)
- फोटो : Social media
पश्चिम बंगाल में 5 जनवरी को ईडी अधिकारियों पर हुए हमले की जांच कर रही केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की एक टीम ने और सबूत जुटाने के लिए रविवार को संदेशखाली का फिर से दौरा किया। 6 मार्च को हमले के मुख्य आरोपी निलंबित तृणमूल कांग्रेस नेता शाहजहां शेख की हिरासत मिलने के बाद उत्तर 24 परगना जिले के सरबेरिया गांव में सीबीआई का यह दूसरा दौरा है। अधिकारियों ने बताया कि इस बार घटना का फिर से दृश्यांकन करने तथा और सबूत जुटाने के लिए गिरफ्तार दो लोगों को साथ ले जाया गया।
25 लाख की रिश्वत लेते पकड़े गए मंगलूरू विकास प्राधिकरण के प्रमुख
लोकायुक्त पुलिस ने मंगलूरू शहरी विकास प्राधिकरण के आयुक्त मंसूर अली और दलाल मोहम्मद सलीम को हस्तांतरणीय विकास अधिकार (टीडीआर) प्रमाणपत्र जारी करने के एवज में 25 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। शिकायतकर्ता ने कहा कि उसने मंगलूरू तालुक के कुडुपु में 10.8 एकड़ जमीन खरीदी थी। भूमि जनवरी को इस साल एमसीसी ने पंजीकृत कर लिया था। एमसीसी आयुक्त ने फरवरी में टीडीआर प्रमाणपत्र जारी करने के लिए एमयूडीए आयुक्त को पत्र लिखा था। हालांकि, एमयूडीए आयुक्त फाइल को मंजूरी देने में विफल रहे। जब शिकायतकर्ता ने एमयूडीए कमिश्नर से मुलाकात की, तो उन्होंने 25 लाख रुपये की रिश्वत की मांग रखी थी।
कोचीन हवाईअड्डे पर 3.7 किलो सोने के साथ चार गिरफ्तार
केरल के कोचीन हवाईअड्डे पर एयर इंटेलिजेंस यूनिट ने बैंकॉक से आए चार यात्रियों से 3.7 किलो से अधिक सोना बरामद कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। एक आरोपी की पहचान कन्नूर के सुमित के रूप में हुई है। अन्य तीन महिला यात्री हैं। उन्हें शनिवार को सुमित के साथ गिरफ्तार किया गया था। बरामद सोना पेस्ट की फॉर्म में था। यात्री को प्रोफाइलिंग के आधार पर एआईयू अधिकारियों ने निकास द्वार पर रोक लिया। यह सोना महिला यात्रियों ने ब्रेसियर और सैनिटरी पैड में और पुरुष यात्री ने कमर बेल्ट के अंदर पेस्ट के रूप में छिपाया था।
महिला यूट्यूबर पर धार्मिक वैमनस्यता पैदा करने का केस दर्ज
उत्तरी केरल के एक कॉलेज छात्रावास में हाल ही में रैगिंग के बाद एक छात्र की मौत के मामले में दो धर्मों के बीच वैमनस्य पैदा करने के आरोप में विथिरा पुलिस ने एक महिला यूट्यूबर और एक व्यक्ति पर स्वत: संज्ञान लेते हुए रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने यूट्यूबर जमिथा टीचर और वीके बैजू के खिलाफ आईपीसी की धारा 153 ए (धर्म, जाति, जन्म स्थान, निवास, भाषा आदि के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना) के तहत केस दर्ज किया है।