कर्नाटक के बेलूर में रविवार दोपहर एक जर्जर दुकान गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक दुकान में अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका है। जब दुकान गिरी तो ग्राहक अंदर थे। सूचना मिलने पर पुलिस और अग्निशमन और आपातकालीन सेवा कर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया। पुलिस ने बताया कि मलबे से दो शव बरामद किए गए हैं। जबकि कई के फंसे होने की आशंका है। इनको बचाने के प्रयास जारी हैं।
कर्नाटक में इस्राइली पर्यटक से दुष्कर्म का तीसरा आरोपी पकड़ा
कर्नाटक पुलिस ने हम्पी के पास इस्राइली पर्यटक समेत दो महिलाओं से दुष्कर्म करने वाले तीसरे आरोपी को पकड़ लिया है। कर्नाटक के मंत्री शिवराज तंगदागी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि अपराध में तीन लोग शामिल थे। इनमें से दो को 8 मार्च को गिरफ्तार किया गया था। जबकि तीसरे आरोपी को रविवार को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने पुलिस को भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पर्यटकों की सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने कहा कि 6 मार्च की रात को एक इजरायली नागरिक समेत दो विदेशी नागरिक दो अन्य लोगों के साथ तुंगभद्रा नहर के किनारे तारे देखने गए थे। यहां दुष्कर्म की घटना हुई।
कांग्रेस ने तेलंगाना विधान परिषद चुनाव में उतारे उम्मीदवार
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने विधायकों द्वारा चुने जाने वाले तेलंगाना विधान परिषद के आगामी द्विवार्षिक चुनावों में अद्दांकी दयाकर, केथवथ शंकर नाइक और विजयशांति कांग्रेस उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस ने सीपीआई को एक सीट आवंटित करने का फैसला किया है।
मोटापे और मधुमेह से युवाओं को बर्बाद नहीं होने देंगे: जितेंद्र सिंह
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने रविवार को मधुमेह अध्ययन समूह के वार्षिक सम्मेलन में कहा कि भारत 2047 तक विकसित देश बनने जा रहा है। भारत अपनी युवा पीढ़ी को मधुमेह, मोटापे और अन्य बीमारियों से बर्बाद नहीं होने दे सकता। पीएम मोदी ने कई बार मोटापे की समस्या के बारे में बात की है। भारत में टाइप 2 मधुमेह महामारी की तरह फैल रहा है। ऐसा ही मोटापे के साथ हो रहा है। हर तीसरे भारतीय को फैटी लीवर की समस्या है। देश की 70 फीसदी से अधिक आबादी 40 वर्ष से कम आयु की है। युवावस्था की ऊर्जा को इन बीमारियों से बर्बाद न होने दिया जाए। यह न केवल चिकित्सा बल्कि राष्ट्र के प्रति भी अन्याय होगा।
ट्रंप ने टैरिफ आतंकवाद' का एक नया विश्व रिकॉर्ड बनाया: रामदेव
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पारस्परिक टैरिफ वाले फैसले पर योग गुरु बाबा रामदेव ने कहा, 'बौद्धिक उपनिवेशवाद का एक नया युग शुरू हो गया है। जब से ट्रंप सत्ता में आए हैं, उन्होंने 'टैरिफ आतंकवाद' का एक नया विश्व रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने गरीब और विकासशील देशों को धमकाकर लोकतंत्र को खत्म कर दिया है... यह 'आर्थिक आतंकवाद' है... वे दुनिया को एक अलग युग में ले जा रहे हैं... वर्तमान हालात में भारत को विकास की जरूरत है... सभी भारतीयों को एक मजबूत राष्ट्र बनाने के लिए एकजुट होना चाहिए और इन सभी विनाशकारी शक्तियों को जवाब देना चाहिए।'
ओडिशा के पूर्व मंत्री अनंत दास का निधन, राष्ट्रपति और सीएम ने दी श्रद्धांजलि
ओडिशा के पूर्व मंत्री अनंत दास का रविवार तड़के यहां उम्र संबंधी बीमारियों के कारण निधन हो गया। उनके परिवार ने यह जानकारी दी। वह 85 वर्ष के थे। उनके परिवार में पत्नी, तीन बेटे और एक बेटी हैं। पूर्व उच्च शिक्षा और उद्योग मंत्री कुछ समय से अस्वस्थ थे और भुवनेश्वर में अपने सरकारी आवास पर सुबह करीब 3.40 बजे उनका निधन हो गया, उनके बेटे विश्वजीत दास ने यह जानकारी दी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और अन्य नेताओं ने चार बार विधायक रहे अनंत दास के निधन पर शोक जताया। राष्ट्रपति मुर्मू ने एक्स पर लिखा, "ओडिशा सरकार में मंत्री रहे श्री अनंत दास के निधन की खबर सुनकर दुख हुआ। उन्होंने ओडिशा के लोगों के लिए काम किया। उनके परिवार, मित्रों और अनुयायियों के प्रति मेरी संवेदनाएं।" अपने शोक संदेश में सीएम माझी ने कहा कि दास एक लोकप्रिय नेता और कुशल प्रशासक थे। उन्होंने कहा, "राज्य ने एक समर्पित और मिलनसार नेता खो दिया है।" अनंत दास के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए बीजद अध्यक्ष और विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने कहा कि उन्हें लंबे समय तक जनप्रतिनिधि के रूप में उनके काम के लिए याद किया जाएगा।
गोवा में ड्रग्स की सबसे बड़ी जब्ती: 11.67 करोड़ की हाइड्रोपोनिक वीड के साथ एक गिरफ्तार
गोवा में शनिवार को एक व्यक्ति को 11.67 करोड़ रुपये की कीमत के हाइड्रोपोनिक वीड के साथ गिरफ्तार किया गया। अपराध शाखा के अधिकारियों ने कहा कि यह गोवा के इतिहास में ड्रग्स की सबसे बड़ी जब्ती है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि व्यक्ति को पणजी और मापुसा शहरों के बीच स्थित गुरिम गांव से गिरफ्तार किया गया। हमने उसके पास से 11.67 करोड़ रुपये की कीमत का 11.672 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड जब्त किया है। उस पर नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने गोवा में अब तक के सबसे बड़े ड्रग भंडाफोड़ के लिए क्राइम ब्रांच गोवा पुलिस को बधाई दी। कहा, यह हमारे राज्य को ड्रग-मुक्त रखने में हमारी कानून प्रवर्तन एजेंसियों के अथक प्रयासों का प्रमाण है।
मेघालय : वायुसेना ने उमियम झील पर किया युद्ध प्रशिक्षण
भारतीय वायुसेना (आईएएफ) ने शनिवार को मेघालय के शिलांग में उमियम झील पर युद्ध प्रशिक्षण अभ्यास किया। इस अभ्यास में सेना के विशेष बलों और नौसेना के साथ अंतर-संचालन को बढ़ाने के लिए कई विमान, हेलिकॉप्टर, पैरा जंपर्स और विशेष ऑपरेशन का प्रदर्शन किया गया। प्रशिक्षण अभ्यास में एएन-32 और सी-130 विमानों का उपयोग करके कॉम्बैट रबराइज्ड रेडिंग क्राफ्ट ड्रॉप्स, पैरा जंप और हेलोकास्टिंग (विमान से पानी में कूदना) शामिल था। इस अभ्यास को शिलांग में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के कैडेटों ने भी देखा। आईएएफ ने सोशल मीडिया पोस्ट पर प्रशिक्षण का विवरण और तस्वीरें साझा कीं।
तेलंगानाः छात्रावास में चार्जर में मिला गुप्त कैमरा, जांच शुरू
तेलंगाना के संगारेड्डी जिले स्थित एक निजी महिला छात्रावास में गुप्त कैमरा मिलने से आक्रोश फैल गया। पुलिस ने बताया कि यह घटना अमीनपुर इलाके में स्थित छात्रावास की है। एक युवती को यहां मोबाइल चार्जर में गुप्त कैमरा लगा मिला। उसकी शिकायत पर छात्रावास के मालिक बी महेश्वर को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मालदीव जा रहे जहाज से 33 करोड़ का हशीश तेल जब्त, नौ गिरफ्तार
भारतीय तटरक्षक बल और डीआरआई ने मालदीव जा रहे एक जहाज से 33 करोड़ रुपये का हशीश तेल जब्त किया और उसके चालक दल के नौ सदस्यों को तस्करी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। रक्षा विभाग ने एक बयान में कहा, खुफिया सूचना के आधार पर पांच मार्च को तटरक्षक बल (आईसीजी) व राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने मिलकर अभियान चलाया। आईसीजी ने संदिग्ध जहाज का पीछा किया और मन्नार की खाड़ी के दक्षिण में उसे रोक लिया। जांच के दौरान उसमें लगभग 30 किलो हशीश तेल बरामद किया गया।
छात्र संगठन चुनावों के दौरान भारी मात्रा में धन का लेन-देन खुला
अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने शनिवार को अरुणाचल प्रदेश छात्र संघ (AAPSU) के नेताओं से चुनाव प्रक्रिया को भ्रष्टाचार से मुक्त करने का आह्वान किया। राज्य के शीर्ष छात्र संगठन द्वारा आयोजित अंतर-जनजाति उत्सव के उद्घाटन सत्र में बोलते हुए सीएम खांडू ने कहा कि भ्रष्टाचार किसी भी संगठन के कामकाज में सबसे बड़ी बाधाओं में से एक है।
उन्होंने कहा, 'यह एक खुला रहस्य है कि छात्र संगठनों के चुनावों के दौरान भारी मात्रा में धन का लेन-देन होता है। AAPSU को युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए इस भ्रष्ट व्यवहार पर लगाम लगाने के लिए आगे आना चाहिए।' सीएम खांडू ने नेताओं से AAPSU से परे अपने भविष्य के बारे में भी सोचने को कहा।
तिरुचिरापल्ली में पूचोरिथल महोत्सव में भक्तों की भारी भीड़
तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में पूचोरिथल महोत्सव में भाग लेने के लिए समयपुरम मरियम्मन मंदिर में बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने किया पुस्तकों का विमोचन
अहमदाबाद में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक कार्यक्रम में भाग लिया जहां सस्तु साहित्य ट्रस्ट की तरफ से पुनर्प्रकाशित कई पुस्तकों का विमोचन किया जा रहा था।
थूथुकुडी में मासी उत्सव पर बैलगाड़ी दौड़
तमिलनाडु के थूथुकुडी में मासी उत्सव के अवसर पर, जिले के पुथियामपुथुर गांव में सेल्वा विनयगर और बदरकाली अम्मन मंदिरों में बैलगाड़ी दौड़ शुरू होती है।
गुजरात में दो मोटरसाइकिलों की टक्कर में चार लोगों की मौत
गुजरात के साबरकांठा जिले में रविवार सुबह गुजरात-राजस्थान सीमा के पास दो मोटरसाइकिलों की टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई। मामले में खेरोज थाने के एक अधिकारी ने बताया कि यह हादसा सुबह करीब साढ़े पांच बजे जिले के पोशिना तालुका के एक आदिवासी बहुल क्षेत्र में हुआ। अधिकारी ने कहा, 'दो तेज रफ्तार मोटरसाइकिल आपस में टकरा गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चौथे व्यक्ति ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।’'
यह दुर्घटना गुजरात-राजस्थान सीमा पर एक गांव के पास हुई। पुलिस के अनुसार, दोनों मोटरसाइकिल विपरीत दिशाओं से आ रही थीं। हादसे में जान गंवाने वाले लोग साबरकांठा और बनासकांठा जिलों के निवासी थे।
हम्पी में दुष्कर्म की घटना पर सरकार सख्त
कर्नाटक के हम्पी में कथित दुष्कर्म की घटना पर कर्नाटक के गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने कहा, 'हमने इस घटना को बहुत गंभीरता से लिया है... हमने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को घटनास्थल पर भेजा है... स्थानीय पुलिस ने पहले ही कुछ लोगों को गिरफ्तार कर लिया है'।
वहीं कर्नाटक बजट 2025 पर उन्होंने कहा, 'अल्पसंख्यकों में सिख, बौद्ध, ईसाई, जैन शामिल हैं... इसलिए अल्पसंख्यकों पर थोड़ा ध्यान दिया जा रहा है... भाजपा इस समाज को खंडित और अलग-अलग परतों में रखना चाहती है, जिसका कांग्रेस विरोध करती है'।
सरकार असामाजिक तत्वों का समर्थन करती है- भाजपा
हम्पी की घटना पर भाजपा विधायक महेश टेंगिनकाई ने कहा, 'राज्य सरकार को इस मामले पर गौर करना चाहिए ताकि देश में आने वाले विदेशियों को पूरी सुरक्षा दी जा सके। हम इस घटना की निंदा करते हैं। राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति को बनाए रखा जाना चाहिए। असामाजिक तत्वों का मानना है कि सरकारें उनका समर्थन करती हैं, और यह राज्य सरकार और पुलिस की विफलता है।'
ड्रग पेडलर्स और ड्रग गतिविधियों पर कार्रवाई हो- कांग्रेस
हम्पी की घटना पर कांग्रेस नेता बसवराज रायरेड्डी ने कहा, 'मैंने कुछ समय पहले बताया था कि उस इलाके में बहुत सारे अवैध रिसॉर्ट और अवैध होमस्टे हैं। हम्पी देखने के लिए बहुत सारे विदेशी आते हैं। वे ड्रग्स समेत कई गतिविधियों में शामिल हैं। यह जिला प्रशासन के लिए बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। पुलिस को इस बारे में सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। दुर्भाग्य से, यह 2-3 दशकों से भी अधिक समय से हो रहा है। परसों एक बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई जिसमें एक हत्या हुई और 2 लोगों के साथ दुष्कर्म हुआ। पुलिस ने पहले ही कुछ लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। मैं गृह मंत्री और मुख्यमंत्री से आग्रह करता हूं कि वे कल इस क्षेत्र में कुछ विशेष टीम भेजें ताकि वे ठीक से अध्ययन करें कि उन्हें इन ड्रग पेडलर्स और ड्रग गतिविधियों के खिलाफ क्या कार्रवाई करनी है और इन अवैध रिसॉर्ट और होमस्टे को बंद किया जाना चाहिए'।
जादवपुर यूनिवर्सिटी को लेकर भड़के शुभेंदु अधिकारी
पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी कहते हैं, 'यहां इतनी बड़ी, मशहूर यूनिवर्सिटी (जादवपुर यूनिवर्सिटी) है लेकिन यहां पढ़ाई के अलावा सब कुछ हो रहा है। टुकड़े-टुकड़े गैंग, कश्मीर मांगे आजादी, रैगिंग, ड्रग्स, सब कुछ चलता है। सीपीएम, टीएमसी मिलकर सब कुछ कर रही हैं। बीजेपी इसका विरोध कर रही है। यूनिवर्सिटी में पढ़ाई होनी चाहिए'।
अगरतला में बोले नड्डा- हम अंत्योदय के लिए काम करते हैं
त्रिपुरा के अगरतला में केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा, 'त्रिपुरा की जनता बार-बार कमल को और प्रधानमंत्री मोदी और माणिक साहा के नेतृत्व को आशीर्वाद देती है क्योंकि हम जनता के सेवक हैं, हम लोगों की चिंता करते हैं..., और हम अंत्योदय के लिए काम करते हैं। हमारी नीतियां सिर्फ कागजों पर नहीं हैं, हमारी नीतियां सचिवालय की फाइलों तक सीमित नहीं हैं, हमारी नीतियां त्रिपुरा की धरती पर आम आदमी को लाभ पहुंचाने के लिए हैं। हमारा लक्ष्य सत्ता नहीं बल्कि सेवा है'।
गुजरात में दो मेडिकल इंटर्न पर हमले में चार छात्र निलंबित
गुजरात के भावनगर स्थित एक सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के दो इंटर्न को उनके कुछ सहपाठियों और एक सीनियर ने कथित तौर पर बंधक बनाया और उन पर हमला भी किया। इस मामले में दो एफआईआर दर्ज की गई है। मेडिकल कॉलेज ने इसे रैगिंग मानते हुए चार छात्रों को निलंबित कर दिया है। पुलिस ने कहा कि दो इंटर्न और उनके एक दोस्त को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इंटर्न ईशान कोटक और अमन जोशी की तरफ से दर्ज कराई गई शिकायत में कहा गया है कि उनके साथ मारपीट इसलिए की गई क्योंकि साथी छात्र उनकी तरफ से सोशल मीडिया पर साझा किए गए जोक्स से नाराज थे। इंटर्न छात्रों का कहना है कि उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई।