फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

News Updates: बंगाल से भाजपा नेता राहुल सिन्हा राज्यसभा के लिए निर्वाचित; केरल के निजी कारखाने में लगी भीषण आग

Mon, 09 Mar 2026 05:25 PM IST
Nitin Gautam न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
न्यूज अपडेट - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

पश्चिम बंगाल से भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल सिन्हा राज्यसभा के लिए चुन लिए गए हैं। उन्होंने अपना जीत का प्रमाण पत्र (सर्टिफिकेट) भी प्राप्त कर लिया है। इस मौके पर उन्होंने अपनी पार्टी के नेतृत्व का शुक्रिया अदा किया। राहुल सिन्हा ने कहा, वे जनता की सेवा और पार्टी के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे। उनके पास राजनीति का बहुत लंबा अनुभव है। वे इस अनुभव का इस्तेमाल संसद के उच्च सदन में पश्चिम बंगाल के जरूरी मुद्दों को उठाने के लिए करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे राज्य की समस्याओं को प्रभावी ढंग से सबके सामने रखेंगे।

विज्ञापन

 

थूथुकुडी के निजी कारखाने में लगी भीषण आग, दमकल की टीमें मौके पर
केरल के थूथुकुडी में एट्टायपुरम रोड पर स्थित एक निजी कारखाने में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग और बचाव दल की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मी काफी समय से आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं। फिलहाल इस हादसे में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। प्रशासन राहत और बचाव के काम में तेजी से जुटा हुआ है।
 

चुनाव की तैयारियों का जायजा लेने कोलकाता पहुंचे सीईसी, रास्ते में हुई नारेबाजी
मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में निर्वाचन आयोग के शीर्ष अधिकारी 9 और 10 मार्च को पश्चिम बंगाल में चुनाव की तैयारियों का जायजा लेंगे। अगले दो दिन तक राजनीतिक दलों, नागरिक और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक के लिए सीईसी रविवार शाम कोलकाता पहुंच गए। सीईसी ज्ञानेश कुमार जब कोलकाता हवाईअड्डे से अपने होटल जा रहे थे, तब रास्ते में कुछ लोगों ने काले झंडे लहराए और नारे लगाए। सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस के विधायक तापस चटर्जी ने दावा किया कि विरोध प्रदर्शन में सभी वर्गों के लोग शामिल रहे। चटर्जी ने बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन संशोधन (एसआईआर) के खिलाफ न्यू टाउन में एक प्रदर्शन का नेतृत्व किया। 

विज्ञापन

 

वन में हाथी के टक्कर से 80 वर्षीय महिला की मौत
अंथियूर के वन क्षेत्र में 80 वर्षीय महिला मीना हाथी के टक्कर से मर गई। स्थानीय निवासी रामकुमार (20) ने रविवार को महिला का शव पाया और पुलिस व वन अधिकारियों को सूचना दी। वन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और महिला को मृत पाया, जिस पर चोट के निशान थे। इलाके के लोगों के अनुसार मीना अक्सर जंगल में इमली इकट्ठा करने जाती थीं। महिला का शव अंथियूर सरकारी अस्पताल भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम में पुष्टि हुई कि उसकी मौत हाथी के टक्कर से हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ममता राज में राष्ट्रपति का विरोध व घुसपैठियों का स्वागत: अनुराग ठाकुर

भाजपा की परिवर्तन यात्रा के दौरान उत्तर 24 परगना जिले के नैहाटी में आयोजित जनसभा में अनुराग ठाकुर ने तृणमूल कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बंगाल में एक तरफ राष्ट्रपति और राज्यपाल का विरोध किया जाता है, जबकि दूसरी तरफ घुसपैठियों और माफियाओं को संरक्षण दिया जाता है। ठाकुर ने आरोप लगाया कि लंबे समय से राज्य में बांग्लादेशी घुसपैठ जारी है और कांग्रेस, वाम दलों तथा तृणमूल कांग्रेस ने इसे वोट बैंक की राजनीति के लिए बढ़ावा दिया। उन्होंने कहा कि बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव राज्य की अस्मिता, संस्कृति और भविष्य से जुड़ा चुनाव होगा। 
 

1,000 महिला पायलटों वाली देश की पहली एयरलाइन बनी इंडिगो

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर घरेलू एयरलाइन इंडिगो ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इंडिगो अब भारत की पहली और एकमात्र ऐसी एयरलाइन बन गई है, जिसके पास 1,000 से अधिक महिला पायलट हैं। एयरलाइन के कुल पायलट कार्यबल में महिलाओं की हिस्सेदारी 17.5 फीसदी है, जो वैश्विक औसत से तीन गुना अधिक है। इंडिगो के अनुसार, उसके कुल कार्यबल में 45 फीसदी से अधिक महिलाएं हैं। इनमें से 30 फीसदी एयरपोर्ट ऑपरेशंस, 25 फीसदी ऑपरेशंस कंट्रोल सेंटर और 23 फीसदी नेतृत्व पदों पर कार्यरत हैं। ग्रुप चीफ एचआर ऑफिसर सुखजीत सिंह पसरिचा ने इसे गर्ल पावर की जीत बताते हुए भविष्य में और अधिक अवसर देने की प्रतिबद्धता जताई। इस मौके पर कंपनी ने इक्विटी, मल्टीकल्चरलिज्म, बिलॉन्गिंग, रिस्पेक्ट, एक्सेसिबिलिटी, कम्युनिटी, एम्पावरमेंट (ईएमबीआरएसीई) पहल के तहत एक विशेष फिल्म भी जारी की। यह मील का पत्थर विमानन क्षेत्र में लैंगिक समानता और समावेशी कार्य वातावरण को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम है। 
 

एक देश, एक नेता-एक पार्टी की होड़ में भाजपा: ममता बनर्जी

प.बंगाल की सीएम ममता बनर्जी का मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ धरना रविवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। इस दौरान ममता ने आरोप लगाया कि भाजपा एक राष्ट्र, एक नेता, एक पार्टी के उन्माद में लोकतांत्रिक संस्थाओं और सांविधानिक पदों का राजनीतिकरण कर रही है। सीएम ममता ने तंज कसते हुए चुनाव आयोग को वैनिश कमीशन कहा। उन्होंने भाजपा पर चुनाव आयोग का दुरुपयोग कर वैध मतदाताओं के नाम हटाने का गंभीर आरोप लगाया। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के बाद से करीब 63.66 लाख नाम हटा दिए गए हैं। इसके अलावा 60.06 लाख मतदाताओं को विचाराधीन श्रेणी में रखा है। मुख्यमंत्री ने भाजपा नेतृत्व को दिल्ली के जमींदार बताते हुए कहा कि वे बंगाल को अपमानित करने और डराने की कोशिश कर रहे हैं।

सीएम ममता ने आरोप लगाया कि एसआईआर के दौरान मतदाताओं के नाम मनमाने तरीके से हटाए जा रहे हैं। अगर यही मतदाता सूची 2024 में थी, जिसके आधार पर मोदी प्रधानमंत्री बने, तो फिर अब उसी सूची से लोगों को वोट देने से क्यों रोका जा रहा है। ममता ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पीएम से इस्तीफा मांगना चाहिए।
 

महिला वकीलों को जज बनाने पर विचार करें हाईकोर्ट कॉलेजियम : सीजेआई

सीजेआई जस्टिस सूर्यकांत ने रविवार को न्यायपालिका में अधिक संस्थागत सुधारों की वकालत करते हुए कहा कि हाईकोर्टों के कॉलेजियम को न्यायाधीश पद के लिए बार की मेधावी महिला सदस्यों पर एक नियम के तौर पर विचार करना चाहिए, न कि अपवाद रूप में। सीजेआई ने इंडियन वीमन इन लॉ के सम्मेलन में हाफ द नेशन-हाफ द बेंच, ब्रिज द गैप-बैलेंस द बेंच विषय पर एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि बार सदस्यों को एक वास्तविकता स्वीकार करनी चाहिए कि महिला सदस्य रियायतें नहीं मांग रही हैं। वे निष्पक्ष और उचित प्रतिनिधित्व की मांग कर रही हैं, जो लंबे समय से लंबित है। जब स्वयं यह पेशा इस सत्य को आत्मसात कर लेगा, तभी न्यायपालिका तक पहुंचने का मार्ग स्पष्ट होगा। 

जस्टिस सूर्यकांत ने उच्च न्यायालयों के कॉलेजियम से अनुरोध किया कि वे अपने विचार क्षेत्र का विस्तार करें और सुप्रीम कोर्ट में वकालत कर रही अपने-अपने राज्यों की महिला अधिवक्ताओं को पदोन्नति के लिए शामिल करें। यदि प्रगति को सार्थक बनाना है, तो उसे संस्थागत रूप देना होगा। उन्होंने कहा कि कहानी यह नहीं होनी चाहिए कि किसी एक व्यक्ति को अधिक प्रतिनिधित्व मिला, बल्कि यह होनी चाहिए कि उच्चतम न्यायालय और देश भर के उच्च न्यायालयों ने समझ-बूझकर निष्पक्षता को अपनी प्रक्रियाओं में समाहित किया।
 

9वीं के छात्र ने सहपाठियों पर किया हमला...एक की मौत, सात घायल

कर्नाटक के एक निजी आवासीय स्कूल के हॉस्टल में शनिवार रात नौवीं कक्षा के एक छात्र ने लोहे की रॉड और नुकीली वस्तु से अपने सहपाठियों पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हिंसक घटना में आंध्र प्रदेश के रहने वाले एक छात्र की मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हैं। बीच-बचाव के दौरान वार्डन को भी चोटें आई हैं। आईजीपी पीएस हर्ष ने बताया कि हमलावर छात्र अचानक आक्रोश में आ गया और सोते हुए छात्रों पर हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। प्रारंभिक जांच में घटना की वजह आपसी विवाद बताई जा रही है।
 

अरुणाचल के चांगलांग में 2.74 लाख रुपये की हेरोइन जब्त, दो गिरफ्तार
अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग जिले में पुलिस ने 2.74 लाख रुपये मूल्य की हेरोइन जब्त कर दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। चांगलांग के पुलिस अधीक्षक किर्ली पाडू ने बताया कि रविवार को गिरफ्तारी हुई। आरोपियों को बोरदुमसा सर्कल में एनएच-215 पर वागुन पोनथाई ट्राई-जंक्शन के पास पकड़ा गया। विश्वसनीय खुफिया जानकारी पर एंटी-ड्रग स्क्वाड टीम ने असम के जगुन से बोरदुमसा जा रहे एक वाहन को रोका। तलाशी में स्टीयरिंग बॉक्स के नीचे छिपी 42.93 ग्राम हेरोइन मिली, जिसकी कीमत करीब 2.74 लाख रुपये है। पुलिस ने दो मोबाइल हैंडसेट और 4,900 रुपये नकद भी बरामद किए। मामले को लेकर बोरदुमसा पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस मामला दर्ज हुआ है और आगे की जांच जारी है।
 

सेवानिवृत्त न्यायाधीश 'डिजिटल गिरफ्तारी' घोटाले का शिकार, एक करोड़ रुपये से अधिक गंवाए
हैदराबाद के मलकाजगिरि में रहने वाले एक 69 साल के रिटायर्ड जिला जज 'डिजिटल अरेस्ट' स्कैम का शिकार हो गए। साइबर ठगों ने उनसे एक करोड़ रुपये से ज्यादा की ठगी की है। पुलिस ने सोमवार को इस घटना की जानकारी दी। ठगों ने करीब एक हफ्ते पहले रिटायर्ड जज को फोन किया। उन्होंने दावा किया कि जज का मोबाइल नंबर महिलाओं की तस्करी और अन्य अपराधों में शामिल है। खुद को कानून लागू करने वाला अधिकारी बताकर ठगों ने उन्हें डराया। इस धमकी से डरकर पीड़ित ने एक करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम ट्रांसफर कर दी। ठगी का एहसास होने पर उन्होंने तीन दिन पहले पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बताया कि डिजिटल अरेस्ट स्कैम में अपराधी अक्सर अधिकारियों का रूप धारण करते हैं। वे लोगों पर गैर-कानूनी कामों का झूठा आरोप लगाकर पैसे मांगते हैं। पुलिस के अनुसार, धमकियों के कारण लोग अक्सर डर जाते हैं और ठगी का शिकार हो जाते हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

विज्ञापन

मेघालय: गारो हिल्स परिषद चुनाव 10 अप्रैल को, नामांकन 16 मार्च तक
मेघालय में गारो हिल्स स्वायत्त जिला परिषद (जीएचएडीसी) के चुनाव 10 अप्रैल को होंगे। यह जानकारी सोमवार को जारी एक अधिसूचना में दी गई। जिला परिषद मामलों के विभाग की अधिसूचना के अनुसार, नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 16 मार्च है। उम्मीदवारी वापस लेने की अंतिम तिथि 17 मार्च तय की गई है। वैध नामांकन की अंतिम सूची और प्रतीकों का आवंटन 18 मार्च को प्रकाशित किया जाएगा। मतदान 10 अप्रैल को सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक होगा। मतों की गिनती 14 अप्रैल को की जाएगी। 30 सदस्यीय परिषद में नेशनल पीपल्स पार्टी (एनपीपी) 19 सीटों के साथ सत्ता में है। टीएमसी नौ सदस्यों के साथ विपक्ष में है। भाजपा के भी दो सदस्य हैं, जिनमें से एक सत्ता पक्ष में और दूसरा विपक्ष में है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें