तेलंगाना में विपक्षी बीआरएस विधायक मगंती गोपीनाथ का रविवार सुबह हैदराबाद के एक निजी अस्पताल में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 63 वर्ष के थे। उनको पांच जून को दिल का दौरा पड़ने के बाद एआईजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सुबह 5.45 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। जुबली हिल्स से विधायक गोपीनाथ ने 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस नेता और पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद अजहरुद्दीन को हराया था। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी, केंद्रीय मंत्री और राज्य भाजपा अध्यक्ष जी किशन रेड्डी, बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव और कई अन्य नेताओं ने गोपीनाथ के निधन पर शोक व्यक्त किया।
इलाज से वंचित मरीजों के लिए उठाई आवाज: राणे
गोवा के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने एक सरकारी अस्पताल के डॉक्टर को निलंबित करने के फैसले पर सफाई दी। उन्होंने कहा कि मरीज के प्रति डॉक्टर का व्यवहार अहंकारी था। मैं उस मरीज के लिए खड़े होने के लिए माफी नहीं मांगेंगे, जिसे देखभाल देने से इनकार कर दिया गया था। मैंने एक वरिष्ठ पत्रकार की शिकायत के बाद कार्रवाई की। मुझे बताया गया था कि गोवा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में डॉक्टर ने उनकी सास के साथ दुर्व्यवहार किया था।
मंत्री ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रुद्रेश कुर्तीकर को बर्खास्त कर दिया गया था। मंत्री राणे ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री के तौर पर मैंने हस्तक्षेप किया और मैं स्वीकार करता हूं कि मेरे लहजे और शब्दों में अधिक संयम हो सकता था। मैं चिंतन या आलोचना से ऊपर नहीं हूं। मैंने जिस तरह से संवाद किया, उसकी पूरी जिम्मेदारी मैं लेता हूं और मैं आश्वासन देता हूं कि ऐसा दृष्टिकोण दोबारा नहीं अपनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि समाज में डॉक्टरों का स्थान बहुत ऊंचा है और जीएमसीएच में अधिकांश डॉक्टर बहुत समर्पण के साथ काम करते हैं। लेकिन जब अहंकार कर्तव्य में घुस जाता है, जब करुणा की जगह उदासीनता आ जाती है, तो कार्रवाई करना मेरी जिम्मेदारी है। मैं अस्पताल में आने वाले हर मरीज के अधिकारों के लिए बोलना, काम करना और लड़ना जारी रखूंगा।
अपराजिता सारंगी बोलीं- सांसदों में कई मुद्दों पर मतभेद, लेकिन आतंकवाद के खिलाफ एकजुट
भाजपा सांसद अपराजिता सारंगी ने कहा है कि सांसदों के बीच कई मुद्दों पर मतभेद हो सकते हैं, लेकिन आतंकवाद के खिलाफ सभी एकजुट हैं। पाकिस्तानी आतंकी ठिकानों पर भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर के बाद विदेश दौरे पर गए भारत के सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल में शामिल रहीं सारंगी ने स्वदेश लौटने के बाद भुवनेश्वर में अपनी पांच देशों की यात्रा को लेकर बात की। सारंगी ने कहा, आतंकवाद के मुद्दे पर उन्होंने एक स्वर में बात की और दुनिया को इसके पीछे पाकिस्तान की भूमिका के बारे में बताया। शिष्टमंडल में शामिल सभी सदस्यों ने एक साथ भारत की आवाज उठाई। उन्होंने कहा, सारंगी के प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस, टीएमसी, जेडी(यू) और सीपीआई(एम) के सदस्य शामिल थे।
गोदावरी नदी में नहाने गए तेलंगाना के छह किशोर डूबे
तेलंगाना के जयशंकर भूपलपल्ली जिले में गोदावरी नदी में नहाने गए छह किशोर लापता हो गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि सभी किशोर शनिवार को नदी में नहाने गए थे। घटना महादेवपुर मंडल में हुई। अधिकारियों ने बताया कि किशोरों की तलाश की जा रही है। पुलिस, फायर ब्रिगेड के साथ ही अन्य एजेंसियों की टीमें बच्चों की तलाश में लगी हैं।
जू निजीकरण के आरोप बेबुनियाद : भूपेंद्र यादव
पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने राष्ट्रीय प्राणी उद्यान (एनजेडपी) के निजीकरण के कांग्रेस के आरोपों को खारिज कर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि एनजेडपी ने जनवरी 2021 में ग्रीन जूलॉजिकल, रेस्क्यू एंड रिहैबिलिटेशन सेंटर (जीजेडआरआरसी) के साथ जो समझौता ज्ञापन किया था, उसे संशोधित करने की मांग की गई है। यादव ने कहा, कुछ लोगों को हर मौके पर संदेह पैदा करने की आदत हो गई है। यह समझौता प्राणी उद्यान के आधुनिकीकरण के लिए है, न कि निजीकरण। इससे पहले कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सवाल उठाया था कि क्या यह चिड़ियाघर को निजी हाथों में सौंपने का पहला कदम है।
इंफोसिस का 32,000 करोड़ का जीएसटी मामला बंद
जीएसटी इंटेलिजेंस महानिदेशालय ने वित्त वर्ष 2018-19 से 2021-22 के लिए इंफोसिस के खिलाफ कारण बताओ नोटिस की कार्यवाही बंद कर दी है। 2024 में माल एवं सेवा कर (जीएसटी) अधिकारियों ने 2017 से पांच वर्षों तक विदेशी शाखाओं से ली गई सेवाओं के लिए 32,403 करोड़ रुपये का नोटिस कंपनी को दिया था। यह नोटिस इंफोसिस के वार्षिक मुनाफे से भी अधिक है। 2024-25 में कंपनी को 26,713 करोड़ रुपये का फायदा हुआ था।
सेमिनार से बचने को मेडिकल छात्रा ने कॉलेज को दी बम की फर्जी धमकी
कर्नाटक में मेडिकल की एक छात्रा ने सिर्फ इसलिए अपने कॉलेज में बम की अफवाह उड़ा दी क्योंकि वह निर्धारित सेमिनार में बचना चाहती थी। बताया जा रहा है कि उसे सेमिनार में कोई पेपर प्रस्तुत करना था। घटना बुधवार की है, जिसके बाद अस्पताल परिसर में दहशत फैल गई थी। हालांकि, गहन सुरक्षा जांच में कहीं कुछ भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली और धमकी को अफवाह करार दे दिया गया। जांच के बाद पुलिस ने शनिवार को स्नातकोत्तर की छात्रा को हिरासत में ले लिया। उस पर धमकी भरा कॉल करने का आरोप लगाया गया है।
विवाहेतर संबंध के शक में पत्नी का सिर काट थाने पहुंचा युवक
कर्नाटक में एक युवक ने विवाहेतर संबंध के शक में तीखी बहस के बाद अपनी पत्नी का सिर धड़ से अलग कर दिया और कटा सिर लेकर थाने पहुंच गया, जहां जुर्म कबूलने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। मामला बंगलूरू के हीलालिगे गांव का है। पुलिस के अनुसार, दंपती की पांच साल पहले शादी हुई थी उनकी चार साल की एक बेटी भी है। आरोपी शंकर (26) ने पुलिस को बताया कि पत्नी का किसी और के साथ संबंध है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
महेंद्र देव ने ईएसी-पीएम के अध्यक्ष का पदभार संभाला
इंदिरा गांधी विकास अनुसंधान संस्थान के पूर्व कुलपति एस महेंद्र देव ने प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद (ईएसी-पीएम) के नए अध्यक्ष के तौर पर कार्यभार संभाल लिया है। प्रख्यात अर्थशास्त्री देव ने नीति आयोग के उपाध्यक्ष सुमन बेरी का स्थान लिया जो ईएसी-पीएम का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे। ईएसी-पीएम अपने पहले अध्यक्ष बिबेक देबरॉय के निधन के बाद पिछले नवंबर से पूर्णकालिक अध्यक्ष के बिना था।
एमएचए ने NIA को सौंपा सुहास शेट्टी हत्याकांड की जांच का जिम्मा
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने बजरंग दल के कार्यकर्ता सुहास शेट्टी की हत्या के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी को जांच की जिम्मेदारी सौंपी है।
ओडिशाः सेप्टिक टैंक बनाते समय तीन मजदूरों की मौत, करंट लगने का संदेह
ओडिशा के बालासोर जिले में सेप्टिक टैंक बनाते समय तीन मजदूरों की मौत हो गई। हादसा रविवार को खैरा थाना क्षेत्र के गगनधुली गांव में हुआ। पुलिस ने बताया कि टैंक के अंदर रोशनी के लिए एक अस्थायी बिजली कनेक्शन दिया गया था, लेकिन कुछ देर बाद मजदूर वहां बेहोश पाए गए। घटना का पता चलते ही सभी मजूदरों को तुरंत भद्रक जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। माना जा रहा है कि करंट लगने से मजदूरों की मौत हुई। हालांकि, एक अधिकारी ने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा। केस दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
तेलंगाना: गोदावरी नदी में डूबे छह किशोरों के शव बरामद
जयशंकर भूपलपल्ली में गोदावरी नदी में डूबे छह किशोरों के शव रविवार को बरामद किए गए। किशोर (13 से 19 वर्ष आयु वर्ग) शनिवार शाम को महादेवपुर मंडल में नदी में नहाने गए थे। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि उन्हें खोजने के लिए व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया और रविवार को शव बरामद किए गए। राज्य के आईटी और उद्योग मंत्री डी श्रीधर बाबू ने शनिवार को जिला अधिकारियों को किशोरों का पता लगाने के लिए हर संभव प्रयास करने का निर्देश दिया।