फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

News Updates: असम में आया 3.9 तीव्रता का भूकंप; बेलगावी चीनी फैक्ट्री हादसे में मरने वालों का आंकड़ा पहुंचा 8

Thu, 08 Jan 2026 10:42 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
कर्नाटक के बेलगावी में एक चीनी फैक्ट्री में बॉयलर फटने से मरने वालों की संख्या गुरुवार को पांच और मौतों के बाद बढ़कर आठ हो गया है। इस जानलेवा घटना के सिलसिले में कंपनी के तीन अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। यह धमाका बुधवार को बेलगावी जिले के मारकुंबी में इनामदार शुगर फैक्ट्री में हुआ था, जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी और एक की बाद में मौत हो गई।
विज्ञापन


इस घटना में पांच अन्य लोग घायल हो गए थे, जिनमें से सभी ने गुरुवार को जलने के घावों के कारण दम तोड़ दिया। पुलिस ने कंपनी के जनरल मैनेजर और टेक्निकल हेड सहित तीन अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने कहा कि जांच जारी है और वे इस दुर्घटना के लिए जिम्मेदार और भी लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करेंगे।

असम में आया 3.9 तीव्रता का भूकंप
गुरुवार शाम को असम में 3.9 तीव्रता का भूकंप आया, तीन दिन पहले ही 5.1 तीव्रता के भूकंप के झटके से राज्य और उसके आस-पास के इलाकों में कंपन हुआ था। अधिकारियों के अनुसार इस ताजा भूकंप का केंद्र उदलगुरी जिले में 10 किमी की गहराई पर था। इसे शाम 7.30 बजे 26.71 N अक्षांश और 92.30 E देशांतर पर रिकॉर्ड किया गया। गुवाहाटी सहित राज्य के मध्य और उत्तरी हिस्सों में झटके महसूस किए गए। अधिकारियों ने बताया कि किसी के घायल होने या संपत्ति के नुकसान की कोई खबर नहीं है।
विज्ञापन

अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन से पहले चुनाव आयोग की अहम बैठक
लोकतंत्र और चुनाव प्रबंधन पर होने वाले अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन से पहले चुनाव आयोग ने गुरुवार को राज्यों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान सम्मेलन में शामिल होने वाले 36 विषयगत समूहों (थीमैटिक ग्रुप) पर चर्चा की गई, जिनका नेतृत्व राज्य स्तर के अधिकारी करेंगे।

यह सम्मेलन इंडिया इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस ऑन डेमोक्रेसी एंड इलेक्शन मैनेजमेंट (IICDEM) के नाम से जाना जाता है और 21 से 23 जनवरी तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होगा। इसमें दुनिया भर से लगभग 100 अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। सम्मेलन में चुनाव प्रक्रिया, वैश्विक मानकों और चुनावी सुधारों से जुड़े मुद्दों पर मंथन होगा।

पार्टी अनुशासन तोड़ने पर असम कांग्रेस के संयुक्त सचिव निष्कासित
असम कांग्रेस ने पार्टी अनुशासन के उल्लंघन और हिंसक घटना में शामिल होने के आरोप में अपने संयुक्त सचिव शहनवाज अहमद को पार्टी से बाहर कर दिया है। पार्टी की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि शहनवाज अहमद की गतिविधियों से पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचा और कार्यकर्ताओं के बीच राजनीतिक तनाव पैदा हुआ। आरोप है कि उन्होंने हाल ही में पार्टी के ही एक अन्य नेता पर धारदार हथियार से हमला किया था। कांग्रेस ने इसे गंभीर और माफी के लायक न होने वाला कृत्य बताते हुए उन्हें प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज आंध्र प्रदेश और ओडिशा का दौरा करेंगे। दो दिवसीय दौरे पर पीएम मोदी विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। पीएम मोदी सबसे पहले विशाखापत्तनम में दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। हरित ऊर्जा से जुड़ी इस परियोजना के लोकार्पण के बाद प्रधानमंत्री ओडिशा जाएंगे।

माधव गाडगिल का पुणे में निधन
देश के वरिष्ठ पर्यावरणविद् और पश्चिमी घाट के संरक्षण को लेकर अपनी दूरदर्शी सोच के लिए पहचाने जाने वाले माधव गाडगिल का बुधवार रात पुणे में निधन हो गया। वह 83 वर्ष के थे और कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। निधन की पुष्टि करते हुए उनके पुत्र सिद्धार्थ गाडगिल ने कहा कि मुझे अत्यंत दुख के साथ यह सूचना साझा करनी पड़ रही है कि मेरे पिता माधव गाडगिल का कल देर रात पुणे में निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार आज किया जाएगा।
विज्ञापन

ISA से अमेरिका के हटने के बाद 125 देशों के साथ काम रहेगा जारी
भारत सरकार ने उन मीडिया रिपोर्ट्स पर ध्यान दिया है, जिनमें अमेरिका के इंटरनेशनल सोलर अलायंस (ISA) सहित 66 अंतरराष्ट्रीय संगठनों से हटने की बात कही गई है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि संयुक्त राज्य अमेरिका के इस पहल से हटने के बाद भारत के नेतृत्व वाला अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन (आईएसए) सौर ऊर्जा के उपयोग और जलवायु उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए अपने 125 सदस्य और हस्ताक्षरकर्ता देशों के साथ काम करना जारी रखेगा।

ISA में आज 125 सदस्य/हस्ताक्षरकर्ता देश हैं। ISA अपने सदस्य देशों को उनकी जरूरतों के हिसाब से सोलर एनर्जी को बढ़ाने में आने वाली मुख्य आम चुनौतियों से मिलकर निपटने में मदद करने के अपने मकसद पर फोकस कर रहा है, ताकि सभी को एनर्जी मिल सके। ISA सदस्य देशों, खासकर सबसे कम विकसित देशों और छोटे द्वीपीय विकासशील देशों के साथ सोलर एनर्जी के विकास और इस्तेमाल, फाइनेंस जुटाने, क्षमता निर्माण और जोखिम की धारणाओं को कम करने के लिए काम करता रहेगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें