फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: भारत ने म्यांमार को मानवीय सहायता भेजी; बिहार में 18 साल के युवक का अपहरण और जबरन शादी

Sun, 08 Dec 2024 03:14 AM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

भारत ने शनिवार को मानवीय सहायता के तहत म्यांमार को 2,200 मीट्रिक टन चावल की खेप भेजी। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स पर पोस्ट में कहा, 'भारत अपनी 'एक्ट ईस्ट' और 'पहले पड़ोस' नीतियों के अनुरूप, म्यांमार के लोगों को मानवीय सहायता प्रदान करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराता है।' उन्होंने कहा कि आज चेन्नई बंदरगाह से 2200 मीट्रिक टन चावल की एक खेप म्यांमार के लिए रवाना की गई।

विज्ञापन


पटना में 18 साल के युवक का अपहरण और जबरन शादी
बिहार में पकड़ौआ विवाह की कुप्रथा एक बार फिर सुर्खियों में है। पटना के गौरीचक थाना क्षेत्र में 18 वर्षीय युवक शुभम कुमार का अपहरण कर जबरन शादी कराने की घटना ने न केवल कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़ा किया है बल्कि इस गंभीर समस्या को भी उजागर किया है। शुभम कुमार का अपहरण कर जबरन शादी कराए जाने की घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। पुलिस ने अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पीड़ित युवक 5 दिसंबर को बख्तियारपुर के एक गांव में अपने चचेरे भाई की शादी समारोह में शामिल होने गया था। इसी दौरान गांव के कुछ युवकों ने उसका अपहरण कर लिया और जबरन उसकी शादी करवा दी। 


भाजपा अध्यक्ष नड्डा का आरोप- कांग्रेस 'परजीवी पार्टी' है
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शनिवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस एक 'परजीवी पार्टी' है और चुनाव जीतने के लिए क्षेत्रीय दलों पर निर्भर रहती है। तेलंगाना की कांग्रेस सरकार की पिछले एक साल की कथित विफलताओं को उजागर करने के लिए भाजपा की तेलंगाना इकाई द्वारा आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा कि कांग्रेस राज्यों में चुनाव जीतने के लिए बड़े-बड़े वादे करती है, लेकिन सत्ता में आने के बाद लोगों को धोखा देती है। तमिलनाडु और उत्तर प्रदेश का उदाहरण देते हुए नड्डा ने कहा कि कांग्रेस वहीं जीतती है, जहां क्षेत्रीय पार्टी उसे चुनाव जितवाती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी बैसाखियों पर खड़ी पार्टी है। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों में कांग्रेस को सत्ता खोए हुए काफी समय हो गया है, लेकिन वह उन राज्यों में कभी भी अपनी ताकत वापस नहीं पा सकी। उन्होंने कहा कि तेलंगाना, कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश में भी पार्टी का यही हश्र होने वाला है, जहां वह सत्ता में है।

भारत में डिलीवरी एजेंट के रूप में काम कर रहे बांग्लादेशी नागरिक और रोहिंग्या: गिरिराज सिंह
केंद्रीय मंत्री गिरीराज सिंह ने शनिवार को दावा किया कि भारत में खाद्य वितरण कंपनियों और ऑनलाइन शॉपिंग मंचों के लिए बांग्लादेशी नागरिक और रोहिंग्या समुदाय के लोग डिलीवरी एजेंटों के रूप में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इनकी पहचान की जानी चाहिए। सिंह ने ये टिप्पणियां हैदराबाद में कीं, जहां वह निफ्ट-हैदराबाद के दीक्षांत समारोह में शामिल हुए। उन्होंने कार्यक्रम से इतर कहा, 'जोमैटो, स्विगी या फिर फ्लिपकार्ट जैसे सेवा क्षेत्रों में सामान का वितरण करने वाले लड़के बांग्लादेशी और रोहिंग्या हैं। उनकी पहचान करने और उन्हें पुलिस को सौंपने के प्रयास किए जाने चाहिए।' केंद्रीय मंत्री ने संभल और बांग्लादेश के बीच तुलना करने वाली योगी आदित्यनाथ की टिप्पणी का भी समर्थन किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कुछ भी गलत नहीं कहा।

सेना प्रमुख ने उत्तरी कमान की परिचालन तैयारियों की समीक्षा की
सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने शनिवार को उधमपुर में स्थित उत्तरी कमान की परिचालन तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों के पेशेवर कामकाज और परिचालन में तालमेल कायम करने के प्रति कमान द्वारा की गई पहलों की सराहना की। भारतीय सेना के अतिरिक्त लोक सूचना महानिदेशालय (एडीजीपीआई) ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि थल सेनाध्यक्ष (सीओएएस) ने संयुक्त क्षमता को और बढ़ाने के उद्देश्य से हुई बैठक की अध्यक्षता भी की। थलसेना, वायु सेना, नौसेना और आईटीबीपी के वरिष्ठ अधिकारी बैठक में शामिल हुए। एक सैन्य अधिकारी ने बताया कि उधमपुर स्थित कमान मुख्यालय का दौरा करने के बाद जनरल द्विवेदी ने लद्दाख रवाना हो गए।

बंगाल : सिलीगुड़ी में रॉयल बंगाल टाइगर के तीन शावकों की मौत
सिलीगुड़ी के बंगाल सफारी पार्क में रॉयल बंगाल टाइगर के 3 शावकों की मौत हो गई है। घटना से वन विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। बताया गया है कि लापरवाही के कारण बाघिन के काटने से तीनों शावकों की मौत हुई है। सूत्रों के मुताबिक, पिछले सप्ताह रीका बाघिन ने तीन शावकों को जन्म दिया था, लेकिन दो दिन बाद शावकों को ले जाते समय रीका के दांत शावकों की गर्दन पर गढ़ गए थे।

तमिलनाडु : काम नहीं किया तो सब रजिस्ट्रार पर उड़ेला पेट्रोल, गिरफ्तार
तमिलनाडु में 54 साल के एक शख्स ने काम नहीं होने पर सब रजिस्ट्रार को पेट्रोल डालकर आग लगाने का प्रयास किया। पुलिस ने आरोपी शख्स को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शनिवार को बताया कि आरोपी अचानक दफ्तर में घुसा और उसने सब रजिस्ट्रार पर पेट्रोल उड़ेल दिया। इसके बाद उसने जलती हुई माचिस फेंकी, लेकिन आग नहीं लगी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार शख्स का आरोप है कि एक दस्तावेज में कुछ सुधार करने में अधिकारी ने खासी देर की थी। 

झारखंड की निलंबित आईएएस अधिकारी पूजा को जमानत
रांची की विशेष पीएमएलए अदालत ने निलंबित आईएएस अधिकारी पूजा सिंघल को जमानत दे दी। झारखंड कैडर की आईएएस अधिकारी पूजा सिंघल को दो लाख रुपये के दो बॉन्ड और उनका पासपोर्ट जमा करने की शर्त पर राहत दी गई है। ईडी ने मनरेगा के कार्यान्वयन में भ्रष्टाचार से जुड़ी मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत पूजा सिंघल के ठिकानों पर छापों के बाद उन्हें गिरफ्तार किया था और वे 11 मई 2022 से ईडी की हिरासत में हैं। ईडी ने राज्य के पूर्व खनन विभाग की सचिव पूजा के ठिकानों से अवैध खनन से जुड़ी 36 करोड़ से अधिक की नकदी जब्त की थी। पिछले साल सुप्रीम कोर्ट ने सिंघल को दो महीने के लिए अंतरिम जमानत दी थी। ताकि वह अपनी बीमार बेटी की देखभाल कर सकें। 2000 बैच की आईएएस अधिकारी के अलावा, उनके व्यवसायी पति, दंपति से जुड़े एक चार्टर्ड अकाउंटेंट के परिसरों पर भी ईडी ने छापा मारा था। गिरफ्तारी के बाद सिंघल को निलंबित कर दिया गया था। 

हथियार, गोला-बारूद तस्करी गिरोह के तीन सदस्य मिजोरम से गिरफ्तार
राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने सीमा पार हथियार और गोला-बारूद की तस्करी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को मिजोरम से गिरफ्तार किया। एनआईए ने मिजोरम में छह जगहों पर व्यापक तलाशी के बाद शुक्रवार को लालरिंचुंगा, वनलालदैलोवा और लालमुआनपुइया को गिरफ्तार किया।तीनों कुछ अन्य गिरफ्तार आरोपियों और संदिग्धों से जुड़े थे और विस्फोटक, हथियार और गोला-बारूद की तस्करी के नेटवर्क में सक्रिय रूप से शामिल थे।एनआईए ने छापों के दौरान बड़ी संख्या में हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक, हथियार निर्माण उपकरण और औजार, डिजिटल डिवाइस और अन्य आपत्तिजनक वस्तुएं जब्त की हैं। एनआईए ने पिछले साल 26 दिसंबर को जांच शुरू की थी। एनआईए को इनपुट मिला था कि मिजोरम स्थित कुछ संस्थाएं अवैध कारोबार में संलिप्त हैं। ये देश के पूर्वोत्तर क्षेत्र में हथियारों, गोला-बारूद और विस्फोटकों की तस्करी में शामिल एक सिंडिकेट चला रही हैं। एनआईए ने इससे पहले क्रमशः जुलाई और नवंबर 2024 में लालनगाइहौमा और सोलोमोना उर्फ हमिंगा उर्फ लालमिथांगा के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया था।

सिलीगुड़ी के बंगाल सफारी में तीन बाघ शावकों की मौत
सिलीगुड़ी के बंगाल सफारी में तीन बाघ शावकों की मौत हो गई, जब उनकी मां ने उन्हें मुंह में एक जगह से दूसरी जगह ले जाते समय गलती से गर्दन पर काट लिया। मामले में पश्चिम बंगाल चिड़ियाघर प्राधिकरण के सचिव सौरव चौधरी ने बताया कि पिछले सप्ताह बाघिन 'रिका' के जन्मे शावकों की मौत तब हुई, जब उनकी श्वास नली में छेद हो गया, क्योंकि बाघिन अपने बच्चों को रैन बसेरा के बाड़े में ले जाने की कोशिश कर रही थी। गुरुवार रात दो शावकों की तत्काल मौत हो गई, जबकि शुक्रवार को एक और शावक ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद से बाघिन शोक में है, जैसा कि उसके व्यवहार से स्पष्ट है। उन्होंने कहा, ये बाघिन की तरफ से शावकों की गर्दन पर गलत जगह काटने का मामला था। हम भविष्य में और अधिक सावधानी बरतेंगे।

बांग्लादेश: पूर्व पीएम खालिदा जिया की बीएनपी ने प्रदर्शन कर भारतीय मिशन को ज्ञापन सौंपा
पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया की बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने रविवार को विरोध प्रदर्शन कर ढाका स्थित भारतीय उच्चायोग को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में त्रिपुरा के अगरतला में देश के वाणिज्य दूतावास में कथित तोड़फोड़ की निंदा की गई।

भारत ने पिछले सप्ताह हिंदू पुजारी चिन्मय कृष्ण दास की गिरफ्तारी के विरोध में लोगों के एक समूह के अगरतला में बांग्लादेश के सहायक उच्चायोग के परिसर में घुसने की घटना को 'बेहद खेदजनक' बताया था।

रविवार को बीएनपी की छात्र, युवा और वालंटियर शाखाओं से जुड़े प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने ढाका के मध्य भाग में पार्टी के नया पलटन केंद्रीय कार्यालय से बारीधारा राजनयिक एन्क्लेव स्थित उच्चायोग की ओर मार्च किया। लेकिन पुलिस ने उन्हें मिशन से कई मील पहले रामपुरा क्षेत्र में रोक लिया। प्रदर्शनकारियों के छह सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को ज्ञापन सौंपने के लिए भारतीय उच्चायोग जाने की अनुमति दी गई।
 

पुणे: फोटो स्टुडियो में आग लगने के बाद सात अस्पताल में भर्ती
पुणे के एक फोटो स्टुडियो में आग लगने के बाद सात लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फोटो स्टुडियो शहर के बावधन इलाके में पांच मंजिला इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित था। आग आज शाम करीब 5.50 बजे लग गई। एक दमकल अधिकारी ने बताया, हमें घटना के बारे में शाम 5.52 बजे फोन आया। आग बुझाने के लिए पांच दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग में फोटो स्टुडियो पूरी तरह जलकर राख हो गया। 
 

क्लीनिकल इलेक्ट्रिकल थर्मामीटर के लिए प्रस्तावित नियमों पर केंद्र ने मांगी राय
केंद्र ने क्लीनिकल इलेक्ट्रिकल थर्मामीटर के लिए प्रस्तावित नियमों पर 30 दिसंबर तक लोगों से राय मांगी है। उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय ने रविवार को बयान में कहा कि विभाग ने कानूनी माप विज्ञान (सामान्य) नियम, 2011 के तहत ओआईएमएल की सिफारिशों के अनुसार, संशोधन का प्रस्ताव दिया है। इस संबंध में मसौदा नियमों को परामर्श के लिए 29 नवंबर को विभाग की वेबसाइट पर प्रकाशित किया गया था। इसमें कहा गया है कि सार्वजनिक और हितधारकों के फीडबैक की समीक्षा के बाद अंतिम रूप दिए जाने के बाद ये नियम क्लीनिकल इलेक्ट्रिकल थर्मामीटर की सटीकता और विश्वसनीयता को मानक बना देंगे।

झारखंड: मुख्यमंत्री सोरेन ने मंत्रियों-विधायकों के साथ की बैठक, पहले विधानसभा सत्र की तैयारियों पर चर्चा
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रविवार को अपने आवास पर मंत्रियों और विधायको के साथ बैठक की। बैठक के दौरान 6वीं विधानसभा के पहले सत्र की तैयारियों पर चर्चा की गई। नई सरकार का पहला सत्र 9 दिसंबर से 12 दिसंबर तक चलेगा। 
 

मतपत्रों से मतदान की ‘जनता की मांग’ पर विचार करने का निर्वाचन आयोग, शीर्ष अदालत से पटोले का आग्रह
कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के प्रमुख नाना पटोले ने राज्य विधानसभा चुनाव में जनादेश को लेकर ‘‘संदेह’’ के मद्देनजर मतपत्र से मतदान कराये जाने की ‘‘जनता की बढ़ती मांग’’ का उच्चतम न्यायालय और निर्वाचन आयोग से संज्ञान लेने का रविवार को आग्रह किया। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली महायुति द्वारा 288 में से 230 सीट जीतने के बाद विपक्षी महा विकास आघाडी ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएमएस) के खिलाफ अपना अभियान तेज कर दिया है।

पटोले ने दावा किया कि महायुति की जीत लोगों के जनादेश को नहीं दर्शाती है। पटोले ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘राज्य की नयी सरकार को लेकर लोगों में व्यापक भ्रम है। यह सरकार लोगों के जनादेश को प्रतिबिंबित नहीं करती है।’’ राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) प्रमुख शरद पवार समेत विपक्षी दलों के कई नेताओं ने सोलापुर जिले के मरकडवाडी गांव का दौरा किया और उन ग्रामीणों के साथ एकजुटता व्यक्त की जिन्होंने ईवीएम की विश्वसनीयता पर सवाल उठाते हुए मतपत्रों का इस्तेमाल कर एक ‘मॉक’ ‘‘पुनर्मतदान’’ कराने की कोशिश की थी।

महाराष्ट्र में शपथ ग्रहण समारोह के दौरान 12 लाख रुपये की चीजें चोरी, जांच शुरू
दक्षिण मुंबई के आजाद मैदान में 5 दिसंबर को आयोजित महायुति सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान कुल मिलाकर 12 लाख रुपये की चीजें चोरी हो गईं, जिसमें सोने की चेन, मोबाइल फोन और नकदी शामिल है। आजाद मैदान थाने के अधिकारी ने बताया कि अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई हैं और आरोपियों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
विज्ञापन

तमिलनाडु: दुष्कर्म मामले पर सीएम की चुप्पी पर अन्नामलाई ने उठाया सवाल
तमिलनाडु भाजपा प्रमुख के. अन्नामलाई ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, चेन्नई के अयनावरण क्षेत्र में सात लोगों के एक गिरोह द्वारा मानसिक रूप से विकलांग कॉलेज छात्र के साथ दुष्कर्म की खबर चौंकाने वाली है। इस मामले में छात्रा के पिता ने चेन्नई के अयनावरम थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। लेकिन आरोपियों को केवल चेतावनी देकर छोड दिया गया। छात्रा के एक परिजन की कोशिशों से अब मामला दर्ज किया गया है और दो आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं। जबकि पांच अभी फरार हैं। मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन जो देश के दूसरे राज्यो में होने वाली आपराधिक घटनाओं की निंदा करते हैं, वह इस घटना पर चुप क्यों हैं? वह इस घटना पर क्यों नहीं बोल रहे?
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें