फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: जस्टिस संजय मिश्र GST न्यायाधिकरण के पहले अध्यक्ष बने; ICMR ने स्टेम सेल की राष्ट्रीय समिति भंग की

Tue, 07 May 2024 08:22 AM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
सात मई की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
विज्ञापन
जस्टिस (सेवानिवृत्त) संजय कुमार मिश्र जीएसटी अपीलीय न्यायाधिकरण (जीएसटीएटी) के पहले अध्यक्ष बन गए हैं। केंद्रीय वित्त और कॉरपोरेट कार्य मंत्री निर्मला सीतारमण ने उन्हें सत्यनिष्ठा और गोपनीयता की शपथ दिलाई। जस्टिस मिश्र की नियुक्ति जीएसटीएटी के संचालन की शुरुआत का प्रतीक है, जो जीएसटी से संबंधित विवादों को सुलझाने के लिए एक महत्वपूर्ण निकाय है। वित्त मंत्रालय के अनुसार जीएसटीएटी केंद्रीय माल एवं सेवा कर अधिनियम 2017 के तहत स्थापित एक अपीलीय प्राधिकरण है।
विज्ञापन


आईसीएमआर ने स्टेम सेल की राष्ट्रीय समिति को भंग किया
देश में स्टेम सेल चिकित्सा की निगरानी करने वाली राष्ट्रीय समिति को भंग कर दिया। नई दिल्ली स्थित भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) ने स्टेम सेल अनुसंधान और थेरेपी के लिए राष्ट्रीय शीर्ष समिति को भंग करने का आदेश जारी किया है। साथ ही इस समिति की जिम्मेदारियों को एथिक्स समिति को स्थानांतरित करने का फैसला लिया है। यह एथिक्स समिति केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन के अधीन कार्य करती है।

ईडी की बड़ी कार्रवाई, झारखंड में 35 करोड़ से अधिक बरामद
झारखंड की राजधानी रांची में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई के दौरान करोड़ों रुपये जब्त किए गए हैं। प्रदेश की गठबंधन सरकार में ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम के निजी सहायक संजीव लाल के आवास से बरामद नकदी से भरे स्टील के ट्रंक कड़ी सुरक्षा के बीच ले जाए गए। रिपोर्ट्स के मुताबिक वीरेंद्र राम मामले में प्रवर्तन निदेशालय रांची में कई जगहों पर छापेमारी कर रहा है। ईडी ने कुछ योजनाओं के कार्यान्वयन में कथित अनियमितताओं से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में फरवरी 2023 में झारखंड ग्रामीण विकास विभाग के मुख्य अभियंता वीरेंद्र राम को गिरफ्तार किया था। अब तक बड़ी मात्रा में नकदी बरामद की गई है। ईडी के मुताबिक 35.23 करोड़ रुपये जब्त किए जा चुके हैं। बंगाल में अचानक बदला मौसम, गर्मी से राहत; आंधी-तूफान के कारण छह लोगों की मौत
विज्ञापन

भीषण गर्मी से जूझ रहे देश के अधिकांश हिस्सों में लोग बेहाल हैं। मौसम बदलने का पूर्वानुमान लगाया गया है। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के कुछ हिस्सों में बारिश की फुहारों के बाद आम जनता को गर्मी से राहत मिली है। राजधानी कोलकाता की बारिश के अलावा दक्षिण बंगाल में सोमवार को आंधी-तूफान के कारण छह लोगों की मौत की खबर भी सामने आई। आपदा प्रबंधन विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि नादिया, पुरुलिया और पूर्व बर्धमान जिले सहित दक्षिण बंगाल के कई जिले प्रभावित हुए। अलग-अलग घटनाओं में एक विवाहित जोड़े सहित छह लोगों की मौत हो गई। पूर्वी रेलवे के सियालदह डिवीजन की सियालदह-कैनिंग लाइन पर उपनगरीय ट्रेन सेवाएं एक घंटे से अधिक समय तक प्रभावित रहीं। रात आठ बजे से सवा नौ बजे तक ट्रेन सेवाएं प्रभावित रहीं। मेघालय में बारिश और तूफान; 900 से अधिक लोग प्रभावित
बंगाल के अलावा पूर्वोत्तर में भी बारिश का बड़ा असर दिखा है। मेघालय में बारिश और तूफान के कारण 480 से अधिक घर क्षतिग्रस्त होने की खबर है। राज्य आपदा प्रबंधन मंत्री किरमेन शायला ने बताया कि प्राकृतिक आपदा में 483 घर, दो स्कूल और एक चर्च क्षतिग्रस्त हो गए हैं। वहीं, 949 लोग प्रभावित हुए हैं। शायला ने बताया कि राज्य के 12 में से सात जिले इस आपदा से प्रभावित हुए हैं, जिनमें पूर्वी पश्चिमी खासी हिल्स को सबसे ज्यादा आपदा की मार झेलनी पड़ी। उन्होंने कहा, 'प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने के लिए सभी उपायुक्त और विकास खंड अधिकारियों की तरफ से जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

केरल की मशहूर अभिनेत्री का निधन
मलयालम फिल्म इंडस्ट्री (मॉलीवुड) की अभिनेत्री कनकलता का 63 साल की उम्र में निधन हो गया। खबरों के मुताबिक पार्किंसंस और डिमेंशिया से लंबे समय तक जूझने के बाद कनकलता ने तिरुवनंतपुरम में अंतिम सांस ली। 350 से अधिक फिल्मों में काम कर चुकीं 63 वर्षीय अभिनेत्री कनकलता की उल्लेखनीय फिल्मों में 'पुक्कलम' शामिल है। इंडस्ट्री की एक और मशहूर हस्ती पृथ्वीराज सुकुमारन ने इंस्टाग्राम पर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

कन्याकुमारी घूमने गए एमबीबीएस के पांच छात्र समुद्र में डूबे

तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में एक निजी मेडिकल कॉलेज के पांच छात्र सोमवार को कन्याकुमारी के तट पर समुद्र में डूब गए। पुलिस ने कहा, हाउस सर्जनशिप कर रहे एमबीबीएस के छात्रों का एक समूह यहां अपने दोस्त के भाई की शादी में हिस्सा लेने के लिए पहुंचा था। राजक्कमंगलम के लेमुर समुद्र तट पर घूमने के दौरान इनमें से कइयों को समुद्र की उफनती लहरें खींच ले गईं। पुलिस अधीक्षक ई सुंदरवथनम ने कहा, हादसे में गायत्री (25), चारुकवि (23), सर्वदर्शित (23), प्रवीण सैम (23) और वेंकटेश (24) की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

आरटीआई कार्यकर्ता अमित हत्याकांड मामले में भाजपा के पूर्व सांसद दीनू सहित सात बरी

गुजरात हाईकोर्ट ने 2010 में सूचना का अधिकार (आरटीआई) कार्यकर्ता अमित जेठवा की हत्या मामले में सीबीआई कोर्ट में दोषी ठहराए गए भाजपा के पूर्व सांसद दीनू सोलंकी सहित सात लोगों को बरी कर दिया। खंडपीठ ने सीबीआई अदालत के उस आदेश को रद्द कर दिया, जिसमें सभी को उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। हाईकोर्ट ने आदेश में कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि सीबीआई अदालत ने दोषी ठहराने की पूर्व निर्धारित धारणा के साथ कार्यवाही की और जांच में सावधानी नहीं बरती गई।

महाराष्ट्र : गढ़चिरौली में बड़ी साजिश नाकाम, नौ आईईडी किए गए नष्ट

महाराष्ट्र पुलिस ने गढ़चिरौली जिले के एक पहाड़ी इलाके में छुपाए गए नौ आईईडी और अन्य विस्फोटकों को नष्ट कर बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है। बताया जा रहा है कि लोकसभा चुनावों के मद्देनजर नक्सली इसका इस्तेमाल करने वाले थे। पुलिस को नौ आईईडी, तीन क्लेमोर पाइप, विस्फोटकों और डेटोनेटर से भरे छह प्रेशर कुकर मिले। घटनास्थल से कुछ दवाएं और कंबल भी बरामद किए गए।

केरल में एनआईटी के छात्र ने इमारत से कूदकर की खुदकुशी 
केरल में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान के एक छात्र ने सोमवार सुबह एनआईटी परिसर के अंदर ही एक इमारत से कूदकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। कुन्नमंगलम पुलिस ने कहा, आत्महत्या करने वाला छात्र योगेश्वर नाथ था, जो प्रदेश से बाहर का निवासी था। आत्महत्या के कारण का फिलहाल पता नहीं चल सका है। विस्तृत जांच के बाद ही अन्य जानकारियां मिल सकेंगी। 

तमिलनाडु : दो रॉटविलर कुत्तों ने मासूम को नोचा, हालात गंभीर 
तमिलनाडु की राजधानी के एक पार्क में दो पालतू रॉटविलर कुत्तों ने एक मासूम बच्ची (5) पर हमलाकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। बच्ची को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस सिलसिले में कुत्तों के मालिक सहित तीन लोगों को हिरासत में लिया है। फिलहाल बच्ची की हालत स्थिर है, लेकिन वह बहुत दर्द से गुजर रही है। उसकी खोपड़ी 11 इंच तक फट गई थी। उसके पैरों और अन्य जगहों पर कुत्तों ने काटा है। ग्रेटर चेन्नई निगम के आयुक्त डॉ. जे राधाकृष्णन ने घोषणा की कि अब निगम उसके इलाज का खर्च वहन करेगा।
विज्ञापन

मणिपुर में ओलावृष्टि, 14 हजार से अधिक घरों को नुकसान

मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने कहा, राज्य आपदा राहत कोष (एसडीआरएफ) से 6.9 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की गई है। ओलावृष्टि से 14,000 से अधिक घरों को नुकसान पहुंचा है। इम्फाल पश्चिम जिला सबसे अधिक प्रभावित हुआ है। इस जिले में 6,053 घर क्षतिग्रस्त हुए हैं। इम्फाल पूर्व में कुल 5,600 घरों को नुकसान हुआ है, जबकि चुराचांदपुर जिले में 540 घर क्षतिग्रस्त हुए हैं। बिष्णुपुर में 1171 और थौबल में 800 घरों को नुकसान हुआ है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें