देश की सभी ऐतिहासिक धरोहर 10 दिसंबर को दिवाली की रोशनी में गुलजार होंगी। दुनिया के 180 देशों के हजारों विदेशी मेहमान भारतीय संस्कृति से रूबरू होने के साथ दिवाली मनाएंगे। लाल किले में रविवार से शुरू होने वाली यूनेस्को अमूर्त सांस्कृतिक विरासत की 20वीं अंतर सरकारी समिति (आईजीसी 20 सीओएम) की बैठक में दुनिया भारतीय त्योहार की चमक, प्रेम, सौहार्द को भी देखेगी। केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने शुक्रवार को लाल किले में तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा, हम सबके लिए गर्व की बात है कि भारत के सबसे बड़े त्योहारों में एक दिवाली को यूनेस्को वर्ल्ड हेरिटेज में शामिल करने की सभी प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं। इसके लिए 10 दिसंबर को देश की सभी ऐतिहासिक धरोहरों को रोशनी से सराबोर कर एक बार फिर दिवाली मनाई जाएगी। केंद्र सरकार ने दिल्ली प्रदेश सरकार से इस खास दिन राजधानी के सभी ऐतिहासिक स्मारकों पर दिवाली जैसी तैयारियां करने का आग्रह किया है।
छठ महापर्व भी नामांकित
दिवाली के अलावा छठ महापर्व को भी 2024-25 चक्र में यूनेस्को की इस प्रतिष्ठित सूची के लिए नामांकित किया गया है। फिलहाल भारत के 15 तत्व पहले से इस सूची में जगह बना लिया है। इसमें दुर्गा पूजा, कुंभ मेला, वैदिक मंत्रोच्चार, रामलीला, छऊ नृत्य शामिल हैं। केंद्रीय संस्कृति सचिव विवेक अग्रवाल ने बताया ऐतिहासिक धरोहरों समेत लाल किले में विशेष रंगोली और दीपोत्सव का इंतजाम किया जाएगा। यूनेस्को अधिकारी, विशेषज्ञ, एनजीओ और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े लोग भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
तमिलनाडु: केलाकरई में सड़क हादसे में पांच की मौत
तमिलनाडु के रामनाथपुरम जिले के केलाकरई के पास एक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। इनमें आंध्र प्रदेश के चार अय्यप्पा भक्त शामिल थे। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
जानकारी के मुताबिक, ईस्ट कोस्ट रोड (ईसीआर) पर खड़े एक वाहन को आज एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में सात लोग घायल हुए, जिन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने कहा कि मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
केरल: गैस सिलेंडर में आग लगाने वाले व्यक्ति को पुलिस ने हिरासत में लिया
केरल के थलायोलापरम्बु के पास एक व्यक्ति ने सड़क किनारे खड़े ट्रक पर चढ़कर उसमें रखे खाना पकाने के गैस सिलेंडरों में से एक में आग लगा दी। पुलिस के अनुसार यह घटना शनिवार को रात करीब साढ़े बारह बजे हुई।
दमकल टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आग को काबू में कर लिया, जिससे यह बड़ा हादसा टल गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी मानसिक तनाव में हो सकता है। उसने दावा किया कि वह एर्नाकुलम से अपने घर मरंगट्टुपिल्ली जा रहा था जब उसने सड़क किनारे ट्रक देखा। आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धाराओं 329(3) (अवैध प्रवेश), 324(2) (दुराचार), 326 (एफ) (आग या विस्फोटक पदार्थ से नुकसान) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
असम: 11 करोड़ रुपये की कीमत का ड्रग्स बरामद, तस्करों को गिरफ्तार किया गया
असम में कई अभियानों के दौरान 11 करोड़ रुपये मूल्य के ड्रग्स बरामद किए गए और संदिग्ध तस्करों को गिरफ्तार किया गया। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने यह जानकारी दी।
कार्बी आंगलोंग और काछार जिलों में अभियान चलाए गए। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को एक्स पर पोस्ट में लिखा कि कार्बी आंगलोंग से सिलचर तक तस्करों की बुरी नौबत आ गई, क्योंकि पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।
बरामद ड्रग्स में याबा टैबलेट और अन्य अवैध वस्तुएं शामिल हैं। याबा टैबलेट भारत में गैरकानूनी हैं क्योंकि इसमें मेथामफेटामाइन नाम का मादक पदार्थ शामिल है। हालांकि मुख्यमंत्री ने गिरफ्तार व्यक्तियों की संख्या का जिक्र नहीं किया, लेकिन सोशल मीडिया पर साझा की गई तस्वीरों में छह तस्करों को पकड़े जाने का संकेत मिलता है।
अरुणाचल प्रदेश: दिबांग घाटी में हूलोक गिबन परिवार को बचाया गया
अरुणाचल प्रदेश के दिबांग घाटी जिले में एक हूलोक गिबन (बंदर जैसी प्रजाति) परिवार चार दिन तक एक ऊंचे पेड़ पर फंसा हुआ था। जंगल के आसपास खेत बढ़ जाने से बाकी पेड़ों की शाखाएं टूट गई थीं और यह परिवार एक ही पेड़ पर फंस गया था। अगर वे नीचे उतरते तो उन्हें खतरा था। चार दिन तक चले मुश्किल बचाव अभियान के बाद वन विभाग और भारतीय वन्यजीव ट्रस्ट की टीम ने एक नर, एक मादा और एक छोटे गिब्बन को सुरक्षित निकाल लिया। तीनों को मेहाओ वन्यजीव अभयारण्य में छोड़ दिया गया है और उन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। तीनों की हालत स्वस्थ है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
केरल: बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म और मारपीट के आरोप में 20 वर्षीय युवक गिरफ्तार
केरल के तिरुवनंतपुरम जिले में एक 85 वर्षीय महिला के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म और मारपीट करने और उसे सड़क किनारे छोड़ने के आरोप में एक 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
यह घटना बुधवार शाम वेंजारामूडु थाना क्षेत्र में हुई। उन्होंने बताया कि लॉटरी एजेंट अगिन को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी बुजुर्ग महिला को एक सुनसान इमारत में ले गया, उसके साथ दुष्कर्म किया, उसे डंडे से बेरहमी से पीटा, जिससे उसे चोटें आईं और बाद में उसे सड़क किनारे छोड़ दिया गया। स्थानीय लोगों ने महिला के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें देखीं और उसे तुरंत पास के एक अस्पताल ले गए, जहां से बाद में उसे सरकारी मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया।
हालांकि शुरुआत में चोटों से लग रहा था कि किसी ने उसे बेरहमी से पीटा था, लेकिन विस्तृत मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि हुई। महिला और इलाके के कुछ स्थानीय विक्रेताओं के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान की और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया।
छोटे परमाणु रिएक्टरों के बारे में सहयोग की संभावनाएं तलाश रहे भारत-रूस
भारत में रूसी रिएक्टरों के साथ दूसरे परमाणु ऊर्जा संयंत्र के निर्माण के लिए स्थल चयन और छोटे मॉड्यूलर रिएक्टरों पर सहयोग पर शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच शिखर वार्ता में प्रमुखता से चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन में तेजी लाने के संदर्भ में असैन्य परमाणु ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग पर चर्चा की। वार्ता में, दोनों पक्षों ने तमिलनाडु में कुडनकुलम परमाणु ऊर्जा संयंत्र के कार्यान्वयन की समीक्षा की। पुतिन ने कहा, इस परमाणु ऊर्जा संयंत्र को पूर्ण क्षमता पर लाने से भारत की ऊर्जा आवश्यकताओं में उल्लेखनीय योगदान मिलेगा। इससे भारतीय उद्यमों और घरों को सस्ती और स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा, हमारा मानना है कि हम छोटे मॉड्यूलर रिएक्टरों के निर्माण और परमाणु तकनीकों के गैर-ऊर्जा अनुप्रयोगों, जैसे कि चिकित्सा या कृषि, के बारे में बात कर सकते हैं। दोनों नेताओं के संयुक्त बयान में भी इसका जिक्र किया गया है। इसमें कहा गया है, दोनों पक्षों ने ईंधन चक्र, कुडनकुलम परमाणु ऊर्जा संयंत्र (केकेएनपीपी) के संचालन के लिए सहयोग, और गैर-ऊर्जा अनुप्रयोगों सहित परमाणु ऊर्जा में सहयोग को व्यापक बनाने की अपनी मंशा की पुष्टि की।
व्यापमं फर्जीवाड़ा मामले में दो दोषियों को 7 साल की सजा
मध्य प्रदेश से जुड़े मामले की जांच के दौरान केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को व्यापम प्रतिरूपण मामले में बड़ी सफलता मिली है। ग्वालियर के सीबीआई कोर्ट ने मामले में दो आरोपियों को दोषी करार देते हुए 7 साल कठोर कारावास और 11,000 रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। मामला पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा 2012 से जुड़ा है, जहां रणवीर और हरवेंद्र सिंह चौहान उर्फ परवेंद्र कुमार ने किसी और की जगह परीक्षा दी थी। शुरुआत में स्थानीय पुलिस की ओर से मामला दर्ज किया गया था, लेकिन बाद में सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर यह जांच सीबीआई को सौंप दी गई। सीबीआई ने विस्तृत जांच के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग पूरक आरोप पत्र दायर किए। सीबीआई ने कहा कि उनकी मेहनती जांच और लगातार अभियोजन से ही परीक्षा में धोखाधड़ी करने वालों को न्याय के कटघरे में लाया जा सका।