फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Update: नौसेना में शामिल होगा एंड्रोथ, पनडुब्बी रोधी क्षमता को मिलेगा बल; केरल में एक कमरे में मिला आधा जला शव

Sun, 05 Oct 2025 10:53 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
भारतीय नौसेना सोमवार 6 अक्तूबर को ‘एंड्रोथ’ नामक दूसरा एंटी-सबमरीन वॉरफेयर शैलो वाटर क्राफ्ट अपने बेड़े में शामिल करने जा रही है। यह कमीशनिंग समारोह विशाखापत्तनम के नेवल डॉकयार्ड में होगा, जिसकी अध्यक्षता ईस्टर्न नेवल कमांड के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ वाइस एडमिरल राजेश पेंढरकर करेंगे। कोलकाता स्थित गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स द्वारा निर्मित यह जहाज 80 प्रतिशत से अधिक स्वदेशी तकनीक और सामग्री से तैयार किया गया है। नौसेना ने कहा कि अंद्रोथ का कमीशनिंग क्षमता विस्तार और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
विज्ञापन



केरल में किराए के कमरे में मिला आधा जला हुआ शव
केरल के चोवनूर में किराए के कमरे से आधा जला हुआ शव मिला। मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस के अनुसार, कमरे में रहने वाला शख्स सनी नाम का इतिहास अपराधी था, जो सुबह से लापता था। पड़ोसियों ने कमरे से धुआं उठता देख पुलिस को सूचना दी। आग बुझाने के बाद शव बरामद हुआ। पुलिस हत्या की संभावना जता रही है, जांच और पोस्टमार्टम के बाद ही पुष्टि होगी। शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा और फोरेंसिक टीम ने कमरे की जांच शुरू कर दी है।


राजस्थान की राजधानी जयपुर में जेके लोन अस्पताल में छह वर्षीय बच्चे अनस की मौत हो गई। उसे चूरू से रेफर किया गया था। बच्चे को तेज दिमागी बुखार था। शनिवार को मृतक बच्चे के माता-पिता ने दावा किया कि अस्पताल में भर्ती होने से पहले उन्होंने घर पर उसे खांसी की दवा दी थी। यह घटना उस समय सामने आई है जब मध्य प्रदेश में 9 और राजस्थान में 2 बच्चों की मौत कथित रूप से खराब गुणवत्ता वाली खांसी की दवा (कफ सिरप) से जुड़ी बताई जा रही है। हालांकि, राजस्थान सरकार ने जांच के बाद दावा किया कि दवा में कोई मिलावट नहीं पाई गई। स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खीमसर ने कहा कि दवा को दो बार जांचा गया और कोई दोष नहीं मिला।

झारखंड के कोडरमा में दुर्घटना में दो बाइक सवारों की मौत
झारखंड के कोडरमा जिले में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। यह दुर्घटना एनएच-20 रांची-पटना रोड पर होली फैमिली अस्पताल के पास हुई। पुलिस के अनुसार, ट्रक कोडरमा से झुमरीतिलैया की ओर जा रहा था, तभी सतगवां से आ रही बाइक से आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में प्रवीन कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे अरविंद कुमार ने कोडरमा सदर अस्पताल में दम तोड़ दिया। टक्कर के बाद ट्रक सड़क किनारे नाले में गिर गया। चालक और सहायक मौके से फरार हो गए।

झारखंड में नाबालिग से दुष्कर्म और एक अन्य से छेड़छाड़; 8 गिरफ्तार
झारखंड के दुमका जिले में एक लड़की के साथ दुष्कर्म और एक अन्य के साथ छेड़छाड़ की घटना सामने आई है। घटना शुक्रवार रात रानेश्वर थाना क्षेत्र के एक गांव की है। पुलिस उपाधीक्षक एकुद डुंगडुंग ने बताया कि पीड़ितों के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। रानेश्वर पुलिस थाने के प्रभारी बलराम सिंह ने बताया कि चार किशोरों सहित आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

कर्नाटक में कार और बस की टक्कर, तीन लोगों की मौत
कर्नाटक के तुमकुरु जिले में बेलाधारा गेट के पास एक निजी बस और कार की आमने-सामने की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बस तुमकुरु से पावागडा जा रही थी। पुलिस के अनुसार, सभी पीड़ित कोराटागेरे तालुक के अलग-अलग गांवों के रहने वाले थे। कार से दक्षिण कन्नड़ जिले के धर्मस्थल जा रहे थे, लेकिन वाहन हादसे का शिकार हो गया। हादसे के बाद बस का ड्राइवर मौके से फरार हो गया। तुमकुरु ग्रामीण पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच कर रही है।

आईएनएस कलिंगा बेस पर संतरी की संदिग्ध मौत
आंध्र प्रदेश में भारतीय नौसेना के पोत आईएनएस कलिंगा बेस पर 44 वर्षीय एक संतरी की गोली लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान बाजी बाबा शेख के रूप में हुई है। एक अधिकारी ने बताया, संतरी चौकी पर ड्यूटी कर थे, तभी गोली लगने से उनकी मौत हो गई। फिलहाल यह पता नहीं चल पाया है कि यह आत्महत्या थी या हथियार से गोली गलती से चल गई, जिसके कारण मौत हो गई। पुलिस ने हथियार जब्त कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत के सही कारण का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

सबरीमाला सोना चोरी विवाद: जांच के लिए अदालत जाने की तैयारी में टीडीबी; विपक्ष ने आंदोलन की चेतावनी दी
केरल के सबरीमाला मंदिर में सोने से मढ़े द्वारपालक मूर्तियों की पीठिका (पीडम) की कथित चोरी का विवाद गहराता जा रहा है। त्रावणकोर देवस्वम बोर्ड (TDB) ने केरल उच्च न्यायालय से व्यापक जांच की मांग की है। TDB अध्यक्ष पीएस प्रशांत ने बताया कि जांच के दायरे में 1998 में विजय माल्या की तरफ से अर्पित सोने के चढ़ावे से लेकर 2025 तक की घटनाएं आएंगी। उन्होंने कहा कि मंदिर की पवित्रता संदेह के घेरे में नहीं आनी चाहिए। गौरतलब है कि 2019 में मरम्मत के लिए चेन्नई भेजे गए पीडम में 4.41 किलोग्राम सोने की कमी पाई गई थी। हाल ही में लापता पीडम एक प्रायोजक के रिश्तेदार के घर से बरामद हुआ है। दूसरी तरफ इस मामले में विपक्ष ने आंदोलन करने की चेतावनी दी है। केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता वीडी सतीसन ने शनिवार को कहा, सबरीमाला में कथित स्वर्ण-जड़ित मूर्तियों की चोरी की वे कड़ी निंदा करते हैं। उन्होने कहा कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। बकौल सतीशन, यह स्वामी अयप्पा के सोने की लूट है। अगर कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा, इस विवाद के लिए पूर्व और वर्तमान देवस्वम बोर्ड के अध्यक्ष समेत मंत्री भी जिम्मेदार हैं।

मणिपुर में दो साल बाद डाक सेवा बहाल, 10 उग्रवादी भी गिरफ्तार
मणिपुर के चुराचांदपुर जिले में दो साल से अधिक समय बाद डाक सेवाएं फिर से शुरू हो गई हैं। मई 2023 में राज्य में भड़की जातीय हिंसा के बाद पहली बार डाक वाहन जिले में दाखिल हुआ। अधिकारियों ने बताया कि यह गाड़ी शुक्रवार सुबह 11.30 बजे जिला मुख्यालय पहुंची।  चिट्ठियां, पार्सल और अन्य खेप उतारकर दोपहर लगभग 12.40 बजे इंफाल लौट गई। हिंसा शुरू होने के बाद से चुराचांदपुर में नियमित डाक सेवा बंद थीं। उधर,  सुरक्षाबलों ने तीन जिलों से कम से कम दस उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। असम राइफल्स ने 1 अक्टूबर को ऑपरेशन सोंगकोट के तहत चुराचांदपुर जिले के जंगलों से प्रतिबंधित संगठन यूनाइटेड कुकी नेशनल आर्मी (यूकेएनपी) के वरिष्ठ कमांडर एसएस लेफ्टिनेंट जामखोगिन गुइटे लुफो उर्फ पेप्सी को गिरफ्तार किया। असम राइफल्स ने इस अभियान के दौरान पांच अन्य उग्रवादियों को भी पकड़ा है। अधिकारियों ने बताया कि यूकेएनए कमांडर बिष्णुपुर जिले में एक पिता व पुत्र सहित मैतेई समुदाय के चार सदस्यों की हत्या में शामिल था।


आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में किंग जॉर्ज अस्पताल की अधीक्षक डॉ. वाणी ने बताया कि उन्हें कई लोगों के जलने की शिकायत मिली। जलारिपेटा में दशहरा समारोह के समापन समारोह के दौरान, वे दोपहर का भोजन करने वाले थे। डॉ वाणी के मुताबिक खाना बनाते समय कुछ खाद्य सामग्री और 'गंजी' खाना पकाने वाली जगह के पास मौजूद कुछ लोगों पर गिर गई। मामूली रूप से जलने के लगभग 20 मामले सामने आए। दो लोग 15 से 20 फीसदी तक जले हुए थे... सभी का किंग जॉर्ज अस्पताल के प्लास्टिक सर्जरी विभाग में इलाज चल रहा है और सभी की हालत स्थिर है।

घर खरीदारों से धोखाधड़ी में ईडी ने अटैच की 423 करोड़ रुपये की संपत्ति
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कर्नाटक की एक रियल एस्टेट कंपनी पर बड़ी कार्रवाई की है। यह कंपनी घर खरीदारों से 927 करोड़ रुपये से धोखाधड़ी करने के आरोप में जांच के घेरे में है। ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में ओजोन अर्बन इन्फ्रा डेवलपर्स और इसके मुख्य प्रमोटर एस. वासुदेवन की करीब 423 करोड़ रुपये की संपत्ति अटैच की है। ईडी ने  पीएमएलए के तहत कंपनी के एवेन्यू प्रोजेक्ट में 92 फ्लैट, एक्वा-2 प्रोजेक्ट में 13 फ्लैट, वासुदेवन की 4.5 एकड़ व्यावसायिक जमीन और उनकी निजी संपत्तियां जब्त की हैं। कुर्की में वासुदेवन की पत्नी की 179 एकड़ जमीन भी शामिल है। ईडी के अनुसार, इन संपत्तियों की कुल कीमत 423.38 करोड़ रुपये है। एजेंसी ने बताया कि कंपनी और वासुदेवन ने खरीदारों से करीब 927 करोड़ रुपये लिए, लेकिन घर का कब्जा नहीं दिया।

तेलंगाना में लॉज मालिक लापता, संगारेड्डी के एसआई निलंबित
तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में एक पुलिस उप-निरीक्षक (एसआई) को निलंबित कर दिया गया है। एसआई पर आरोप है कि उन्होंने एक लॉज मालिक से रिश्वत मांगी और धमकी दी, जिसके बाद वह नदी में कूद गया। इसके बाद वह लापता हो गया। लॉज मालिक की पत्नी ने बताया कि सितंबर के अंतिम सप्ताह में लॉज में एक व्यक्ति की रहस्यमयी मौत के मामले में अधिकारी ने उनके पति को धमकाया और फिरौती में बड़ी रकम मांगी। 1 अक्टूबर को उन्होंने पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई। रिपोर्ट के मुताबिक लॉज मालिक ने 30 सितंबर को नदी में छलांग लगाई और तब से उसका कोई पता नहीं चला है।

अमित शाह ने महाराष्ट्र में किसानों के लिए बैठक की
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उनके उपमुख्यमंत्रियों एकनाथ शिंदे व अजित पवार से शिरडी में बैठक की। यह बैठक लगभग 45 मिनट चली। सूत्रों के अनुसार, बैठक में राज्य में भारी बारिश के कारण फसलों को हुए नुकसान और प्रभावित किसानों को तुरंत वित्तीय मदद देने पर चर्चा हुई। इसके अलावा, विभिन्न विकास परियोजनाओं की समीक्षा और प्रशासनिक मामलों पर भी विचार किया गया। हाल ही में अनियमित और अत्यधिक बारिश के कारण कई जिलों में कृषि क्षेत्र को गंभीर नुकसान हुआ है। सरकार से तत्काल सहायता की मांग बढ़ गई है।

गुजरात के पाटन में सड़क हादसा, चार की मौत, 15 घायल
गुजरात के पाटन जिले में रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। राधनपुर के पास मोती पिपली गांव के नजदीक एक पिकअप वैन ने ओवरटेक करने की कोशिश में सामने से आ रहे ट्रक और दो मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी। हादसा सुबह करीब 10 बजे नेशनल हाईवे पर हुआ।

पुलिस अधीक्षक वसंत नयी ने बताया कि सड़क के एक हिस्से पर मरम्मत का काम चल रहा था, जिससे उस तरफ का ट्रैफिक बंद था। इसी दौरान पिकअप वैन में सवार करीब 15 लोग ट्रक को ओवरटेक करने लगे और सामने से टक्कर हो गई। वैन ने पास में चल रही दो मोटरसाइकिलों को भी टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई, इनमें दो वैन यात्री और दो मोटरसाइकिल सवार शामिल हैं। 15 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों के नाम लक्ष्मण देसाई, यश उंछासन, कानू रावल और नसीब खान बताए गए हैं।
 

कर्नाटक के कोलार में कुएं में मिली दो नाबालिग लड़कियों की लाशें
कर्नाटक के कोलार जिले में रविवार को दो नाबालिग लड़कियों के शव एक कुएं में मिले। दोनों लड़कियां यालाचेपल्ली गांव की सरकारी उच्च प्राथमिक विद्यालय में कक्षा 7 की छात्राएं थीं। पुलिस के अनुसार, गुरुवार को दोनों खेलते समय अचानक लापता हो गईं। शनिवार सुबह गांववालों ने गांव से करीब दो किलोमीटर दूर एक कुएं में दोनों के शव तैरते देखे और पुलिस को सूचना दी। जांच के दौरान पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला, जो एक लड़की के पास था। उसमें लिखा था कि वह अपनी जिंदगी खत्म कर रही है और चाहती है कि उसका परिवार आगे खुश रहे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गोद लेने के मामलों में चिकित्सा शिकायतों की जांच के लिए पैनल गठित
केंद्रीय दत्तक ग्रहण संसाधन प्राधिकरण (कारा) ने गोद दिए गए बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति से संबंधित आवर्ती शिकायतों की जांच करने और नीतिगत हस्तक्षेप सुझाने के लिए एक चिकित्सा शिकायत समिति का गठन किया है। एक आधिकारिक ज्ञापन के अनुसार, कारा के सदस्य सचिव और सीईओ द्वारा अनुमोदित यह समिति, दत्तक ग्रहण करने वाले और भावी दत्तक माता-पिता के साथ-साथ अन्य हितधारकों द्वारा उठाई गई चिकित्सा शिकायतों की समीक्षा करेगी और व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के उपायों की सिफारिश करेगी।

तीन सदस्यीय इस पैनल में उप निदेशक (नीति प्रभाग), उप निदेशक (शिकायत) और उप निदेशक (देशीय प्रभाग) शामिल होंगे। संबंधित सहायक निदेशक, चाहे देशीय या अंतर्देशीय प्रभाग से हों, समिति की बैठकों के दौरान समिति की सहायता करेंगे। ज्ञापन में कहा गया है कि समिति का कार्यकाल एक महीने का होगा, जिसके दौरान वह चिकित्सा शिकायतों की श्रेणियों की जांच करेगी और अगले कदमों का प्रस्ताव रखेगी। दत्तक ग्रहण विनियम, 2022 के अनुसार, विशेष आवश्यकता वाले बच्चे को दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, 2016 के तहत विकलांगता से पीड़ित बच्चे के रूप में परिभाषित किया गया है।

केरल सरकार ने निलंबित किया पुलिस अधिकारी, अमित शाह की यात्रा के दौरान हुई थी लापरवाही
केरल सरकार ने केरल सशस्त्र पुलिस (केएपी) बटालियन के एक सहायक कमांडेंट को निलंबित कर दिया है। उस पर आरोप है कि वह अगस्त में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की राज्य यात्रा के दौरान नशे की हालत में ड्यूटी पर पहुंचा था। यह घटना तब हुई जब अधिकारी एस सुरेश कुमार को अमित शाह के दो दिवसीय दौरे के दौरान कोच्चि एयरपोर्ट टर्मिनल पर तैनात किया गया था। 

हालांकि, जब वरिष्ठ अधिकारियों ने उसे देखा तो वह शराब के नशे में पाया गया। इसके बाद उसे तुरंत ड्यूटी से हटा दिया गया। बाद में उसे अंगमाली के एक सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां मेडिकल जांच में पुष्टि हुई कि उसने शराब पी रखी थी। इस घटना के बाद राज्य पुलिस प्रमुख ने जांच के आदेश दिए और हाल ही में जांच रिपोर्ट सरकार को सौंपी गई। रिपोर्ट के आधार पर सरकार ने पाया कि यह अधिकारी की गंभीर लापरवाही थी और उसे निलंबित कर दिया गया। सरकार ने सुरेश को मौखिक जांच का सामना करने का निर्देश भी दिया है। अधिकारियों ने बताया कि जांच के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की एक समिति जल्द गठित की जाएगी।

 

असम में हग्रामा मोहिलारी ने बीटीसी के मुख्य कार्यकारी सदस्य के रूप में शपथ ली
असम के कोकराझार जिले में रविवार को बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) अध्यक्ष हग्रामा मोहिलारी ने बोडोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल (बीटीसी) के मुख्य कार्यकारी सदस्य के रूप में शपथ ली। पूर्व मंत्री रिहोन दैमारी ने उप प्रमुख का पद संभाला। बीपीएफ ने 40 में से 28 सीटें जीतकर परिषद पर कब्जा किया। शपथ समारोह में राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य, मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और त्रिपुरा के टिपरा मोथा प्रमुख प्रद्योत देबबर्मा मौजूद रहे। बीटीसी असम के चार जिलों, कोकराझार, चिरांग, बक्सा और उदालगुरी, में कार्यरत एक स्वायत्त परिषद है।

रूसी नागरिक की विशाखापट्टनम के यराडा बीच पर डूबने से मौत
विशाखापट्टनम के यराडा बीच पर रविवार को एक रूसी नागरिक की समुद्र में डूबने से मौत हो गई। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, यह विदेशी नागरिक अपने समूह के साथ दोपहर करीब तीन बजे समुद्र तट पर गया था, तभी यह घटना हुई। पुलिस अधिकारी ने बताया, यराडा बीच पर एक 62 वर्षीय रूसी नागरिक तेज समुद्री लहरों में बह गया और डूब गया।  घटना के समय कुल तीन लोग डूब रहे थे। बचावकर्मियों ने दो विदेशी नागरिकों को समय रहते बचा लिया, लेकिन रूसी नागरिक की जान नहीं बचाई जा सकी।

पुलिस ने बताया कि यह समूह अगस्त में विशाखापट्टनम आया था। मृतक व्यक्ति हेलिकॉप्टर मेंटेनेंस (रखरखाव) का काम करता था। फिलहाल, पुलिस मामले में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया में है।

ओडिशा: थप्पड़ का बदला लेने के लिए की बहनोई की हत्या
ओडिशा के जाजपुर जिले में एक व्यक्ति ने थप्पड़ का बदला लेने के लिए अपने बहनोई की हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान कान्हेई बेहरा के रूप में हुई है। आरोपी ने पारिवारिक कलह के चलते क्योंझर जिले के रायसुआन निवासी मिथुन बेहरा (बहनोई) पर धारदार हथियार से हमला किया था, इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।

मिथुन अपनी पत्नी और दो बेटियों के साथ दुर्गा पूजा के लिए पनसिया गांव में अपने बड़े भाई रसिक बेहरा के घर आया था। पास में रहने वाला कान्हेई शुक्रवार को रसिक के घर गया था। इसी दौरान उसके और मिथुन के बीच एक छोटे से घरेलू मुद्दे पर बहस हो गई और गुस्से में आकर मिथुन ने कान्हेई को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद अपमान का बदला लेने के लिए कान्हेई शनिवार को फिर रसिक के घर गया और मिथुन को शराब पीने के बहाने बाहर ले गया। करीब 300 मीटर की दूरी पर उसने एक धारदार हथियार से मिथुन पर हमला किया और भाग गया। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और कान्हेई की तलाश कर रही है।

फेसबुक पेज एडमिन पर मामला दर्ज, पूर्व सीजेआई के नाम पर झूठ फैलाने का आरोप
हैदराबाद पुलिस ने रविवार को बताया कि भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) एनवी रमना के नाम पर झूठी टिप्पणी फैलाने के आरोप में एक फेसबुक पेज एडमिन के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पूर्व सीजेआई के निजी सचिव की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर यह मामला दर्ज किया गया। साइबर अपराध पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। 
 
शिकायत में कहा गया है कि 30 सितंबर को फेसबुक पर की गई पोस्ट में मानहानिकारक और भड़काऊ सांप्रदायिक टिप्पणियां की गई थीं, जो झूठी हैं और पूर्व सीजेआई के नाम से जोड़ी गई थीं। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है।

केरल भाजपा अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ट्रेडमिल से गिरकर हुए घायल
केरल भाजपा अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर रविवार को ट्रेडमिल से गिरकर मामूली रूप से घायल हो गए। चंद्रशेखर ने फेसबुक पर अपने सिर पर चोट के निशानों की तस्वीरें साझा करते हुए इस हादसे को मजाकिया अंदाज में बयां किया।

उन्होंने लिखा, अगर आप ट्रेडमिल पर हैं और बजते हुए फोन को छूने की कोशिश करते हैं और लापरवाही बरतते हैं, तो संभावना है कि आप फिसलकर गिर सकते हैं और अपना चेहरा खरोंच सकते हैं या खुद को चोट पहुंचा सकते हैं। उन्होंने आगे कहा कि वह अपने निजी अनुभव से यह बात कह रहे हैं। उन्होंने मजाक में कहा, मुझे इसे साबित करने के लिए शर्मनाक दर्द और निशान हैं। कहानी का मूल है कि ट्रेडमिल पर फोन का इस्तेमाल बेहद सावधानी से करें। हालांकि पूर्व केंद्रीय मंत्री ने यह नहीं बताया कि यह हादसा कहां हुआ। बताते

बोडोलैंड क्षेत्रीय परिषद के प्रमुख बने हगरमा मोहिलारी, पीएम ने दी बधाई
बीपीएफ अध्यक्ष हगरमा मोहिलारी को रविवार को असम के कोक्राझर जिले में बोडोलैंड क्षेत्रीय परिषद (बीटीसी) का मुख्य कार्यकारी सदस्य (सीईएम) पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर मोहिलारी को नई जिम्मेदारी संभालने पर बधाई दी और कहा कि केंद्र और असम सरकार बीटीसी सरकार का जारी रखेंगी। 

गोद लिए बच्चों की सेहत पर बढ़ीं शिकायतें, कारा ने बनाई चिकित्सा समिति
केंद्रीय दत्तक संसाधन प्राधिकरण (कारा) ने गोद लिए बच्चों की सेहत से जुड़ी लगातार मिल रही शिकायतों को देखते हुए एक चिकित्सा शिकायत समिति बनाई है। यह समिति गोद लेने वाले, गोद लेने की तैयारी कर रहे माता-पिता और अन्य लोगों की शिकायतों की जांच करेगी।

समिति में तीन अधिकारी होंगे, जिसमें उप निदेशक (नीति), उप निदेशक (ग्रिवांस) और उप निदेशक (इन-कंट्री)। इनके साथ एक सहायक निदेशक भी बैठकों में मदद करेंगे। समिति का कार्यकाल एक महीने का है। इस दौरान यह सेहत संबंधी शिकायतों की जांच करेगी और सुधार के लिए सुझाव देगी। रिपोर्ट और नीतिगत सिफारिशें कारा के सीईओ को सौंपी जाएंगी। कारा महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के अधीन एक वैधानिक संस्था है।

तमिलनाडु: एसआईटी प्रमुख ने भगदड़ की जांच की
भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के वरिष्ठ अधिकारी अस्र गर्ग की अध्यक्षता वाली विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने रविवार को करूर भगदड़ मामले की जांच की। टीवीके प्रमुख विजय की करूर में रैली में 27 सितंबर को भगदड़ मची थी, जिसमें 41 लोगों की मौत हुई और लगभग 60 लोग घायल हुए।

गर्ग ने बताया कि मद्रास हाईकोर्ट के तीन अक्तूबर के आदेश के आधार पर एसआईटी का गठन किया गया था। एसआईटी में 11 पुलिस अधिकारी शामिल हैं, जिनमें दो पुलिस अधीक्षक भी हैं। दोपहर की शुरुआत दिन की शुरुआत में उन्होंने वेलुसमयपुरम के उन स्थानों का दौरा किया जहां भगदड़ हुई थी।

उसके बाद पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा, माननीय हाईकोर्ट ने एसआईटी का गठन किया है। जैसा कि आप सभी देख रहे हैं, हम आज घटना स्थल का दौरा करके जांच कर रहे हैं। एक सवाल के जवाब में उन्होंने बताया कि उनके अलावा दो पुलिस अधीक्षक, एक अतिरिक्त एसपी, दो उप-पुलिस अधीक्षक और पांच निरीक्षक इस टीम का हिस्सा हैं। उन्होंने मीडिया से संक्षिप्त बातचीत में कहा, मैं आज और कोई जानकारी साझा नहीं कर सकता।

 

तमिलनाडु: बाद भागते वक्त ट्रेन की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत
पुलिस ने रविवार को बताया कि एक व्यक्ति की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। वह कथित तौर पर अपने दोस्त के साथ यहां न्यू माहे में एक बुजुर्ग व्यक्ति से उसका मोबाइल और पैसे छीनने के बाद भाग रहा था। 

घटना शनिवार शाम लगभग छह बजे हुई, जब एके मुस्तफा पेरिंगाड़ी (60 वर्षीय) न्यू माहे के पास रेलवे ट्रैक के किनारे चल रहे थे। जब वे न्यू माहे रेलवे ओवरब्रिज के नीचे पहुंचे, तो दो युवकों ने उन पर हमला किया। उन्होंने उनका मोबाइल फोन और 1,500 रुपये छीन लिए और उन्हें एक पत्थर से मारा, फिर मौके से भाग गए। व्यक्ति के चिल्लाने की आवाज सुनकर राहगीरों ने उसकी मदद के लिए दौड़ लगाई और दोनों युवकों का पीछा किया। लगभग आधे घंटे बाद मम्मिमुक्कु के पास रेलवे ट्रैक पर एक शव मिला। रात तक स्थानीय लोगों ने चोरी में शामिल एक युवक, जिसकी पहचान कन्नूर का बशीर के रूप में हुई, को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

पूछताछ के दौरान बशीर ने माना कि रेलवे ट्रैक पर मिला मृतक उसका दोस्त था, जिसे चोरी के बाद भागते समय ट्रेन ने टक्कर मारी थी। न्यू माहे पुलिस ने दो मामले दर्ज किए हैं - एक चोरी की शिकायत पर और दूसरा उस व्यक्ति की मौत के संबंध में, जो कथित रूप से ट्रेन की चपेट में आया। पुलिस ने कहा कि मृतक की अभी आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है। एक अधिकारी ने कहा, गिरफ्तार व्यक्ति का कहना है कि मृतक उसका साथी था। हमें शक है कि मृतक नशे में था। जांच जारी है।

बंगाल में सोना व्यापारी की दिनदहाड़े हत्या
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में सोना व्यापारी की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। बारानगर के शंभुनाथ दास लेन में स्वर्ण आभूषणों के व्यापारी शंकर जाना की हत्या करने में पांच लुटेरे शामिल थे। रिपोर्ट के मुताबिक पहले दो लोग ग्राहक बनकर आए, फिर दो लोगों ने हमला किया। एक शख्स बाहर खड़ा था। उन्होंने व्यापारी को बांधकर पीटा और सोना लूटकर फरार हो गए। घायल जाना ने बाद में मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस आयुक्त मुरलीधर शर्मा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच कर अपराधियों की तलाश की जा रही है। फॉरेंसिक टीम की मदद भी ली जा रही है।

कर्नाटक में घूस लेते पकड़े गए ऊर्जा मंत्री के ओएसडी
कर्नाटक में ऊर्जा मंत्री केजी जॉर्ज के विशेष कार्य अधिकारी (ओएसडी) 50 हजार रुपये की घूस लेते रंगे हाथ पकड़े गए हैं। लोकायुक्त अधिकारियों ने शनिवार को ओएसडी ज्योति प्रकाश (50) को उनके ड्राइवर नवीन एम (34) के साथ गिरफ्तार किया। उन पर डीआर डेवलपर्स को बिजली कनेक्शन के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र  जारी करने की एवज में रिश्वत मांगने का आरोप था।
विज्ञापन

जेल में बंद कैदी का जन्मदिन मनाने का वीडियो वायरल
बंगलूरू के परप्पना अग्रहर केंद्र जेल में बंद एक कैदी का जन्मदिन मनाने का वीडियो वायरल होने के बाद अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है। वीडियो में हत्या के आरोप में बंद श्रीनिवास उर्फ "गुब्बच्ची सीना" को सेब की माला पहनाकर केक काटते दिखाया गया है। साथ में अन्य कैदी भी नजर आ रहे हैं। मामले में पुलिस यह पता लगा रही है कि यह घटना कब हुई और मोबाइल फोन प्रतिबंध के बावजूद कैसे वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर फैलाया गया।

सूत्रों के अनुसार, यह घटना चार से पांच महीने पुरानी हो सकती है। सीना जनवरी में हुई हत्या के मामले में फरवरी में गिरफ्तार हुआ था। मृतक के परिवार ने जेल प्रशासन को इस वीडियो की जानकारी दी थी।भाजपा नेता और पूर्व आईपीएस अधिकारी भास्कर राव ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि परप्पना अग्रहर जेल में शासन-प्रशासन ध्वस्त हो गया है और कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार और होम मिनिस्टर जी परामेश्वर को भी जिम्मेदार ठहराया है।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें