फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

News Updates: सिक्किम में हेरोइन के साथ तीन गिरफ्तार; असम में पाकिस्तान समर्थक पोस्ट करने पर 42 लोग पकड़े

Mon, 05 May 2025 11:11 AM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

सिक्किम के नामची जिले में पुलिस ने सोमवार को 815 ग्राम हेरोइन के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया। मेली एसएचओ किशोर छेत्री के नेतृत्व में एक पुलिस दल ने जोरेथांग क्षेत्र से तीन लोगों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से हेरोइन जब्त की। पुलिस बड़े ड्रग नेटवर्क से संभावित संबंधों का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि सूचना के आधार पर एसएचओ शेर बहादुर मंगेर के नेतृत्व में सिंगताम पुलिस टीम ने आदर्श गोवा क्षेत्र से एक 39 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया और उसके पास से भूरे रंग का पदार्थ जब्त किया, जो संभवतः ब्राउन शुगर है। पुलिस ने बताया कि बरामद की गई कुल मात्रा 122.80 ग्राम है, जो 103 छोटे पाउचों में पैक थी। एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।

विज्ञापन


असम में पाकिस्तान समर्थक पोस्ट करने पर 42 लोग पकड़े
असम में पाकिस्तान के समर्थन में पोस्ट करने पर अब तक 42 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय धरती पर पाकिस्तान का बचाव करने के लिए असम के विभिन्न हिस्सों से तीन और लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अब तक गिरफ्तार लोगों की कुल संख्या 42 हो गई है। एक्स पर एक पोस्ट में सरमा ने कहा कि बारपेटा, होजई और चिरांग जिलों से एक-एक व्यक्ति को पकड़ा गया है। भारतीय धरती पर पाकिस्तान का बचाव करने वाले देशद्रोहियों के खिलाफ कार्रवाई पर अपडेट कुल 42 देशद्रोहियों को सलाखों के पीछे भेजा गया। इससे पहले विपक्षी एआईयूडीएफ विधायक अमीनुल इस्लाम को पहलगाम आतंकवादी हमले में पाकिस्तान और उसकी मिलीभगत का कथित रूप से बचाव करने के आरोप में देशद्रोह के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

मुर्शिदाबाद जा सकती हैं ममता बनर्जी
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सोमवार को हिंसा प्रभावित मुर्शिदाबाद जिले के दो दिवसीय दौरे पर जा सकती हैं। अधिकारियों ने बताया कि बनर्जी सोमवार को जिला मुख्यालय बरहामपुर का दौरा करेंगी। उनका समशेरगंज जाने और वहां दंगा पीड़ितों से मिलने का कार्यक्रम है। मुर्शिदाबाद जिले के दो दिवसीय दौरे के दौरान वह हिंसा के पीड़ितों से मिलेंगी। वह पीड़ितों के परिवारों को चेक सौंपेंगी। वह दंगों में जिन लोगों के घर क्षतिग्रस्त हुए हैं, उन्हें 'बांग्लार बारी' योजना के तहत चेक भी सौंपेंगी। अधिकारी ने बताया कि पीड़ितों से मुलाकात के बाद बनर्जी सुति स्थित छाबघाटी केडी विद्यालय (एचएस) मैदान में एक प्रशासनिक बैठक में भाग लेंगी। यहां वह मुर्शिदाबाद जिले के लिए 703 करोड़ रुपये की योजनाओं का अनावरण करेंगी।

विज्ञापन

पीएम के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार US में सम्मानित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार प्रो. अजय कुमार सूद को अमेरिकन एकेडमी ऑफ आर्ट्स एंड साइंसेज (एएएएस) के अंतरराष्ट्रीय सदस्य के रूप में सम्मानित किया गया है। 1780 में स्थापित एएएएस सबसे पुरानी अकादमियों में से एक है, जो कला, विज्ञान और सार्वजनिक नीति सहित विविध विषयों में उत्कृष्टता को मान्यता देती है। प्रो. सूद ने कहा कि वह प्रतिष्ठित संस्था के मानद सदस्य के रूप में चुने जाने पर प्रसन्न, सम्मानित और कृतज्ञ महसूस कर रहे हैं। यह अकादमी जीवन के सभी क्षेत्रों में उत्कृष्टता का सम्मान करती है, और यह देखकर खुशी होती है कि हमारे काम को मान्यता मिल रही है। उनका चयन सार्वजनिक मामले और सार्वजनिक नीति विषय के अंतर्गत किया गया, जो विज्ञान और उसके सामाजिक योगदान के महत्व को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान सिर्फ मेरे लिए नहीं है, यह पूरे देश के लिए है। पिछले कई वर्षों से हमारे प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हम इस बात पर विचार कर रहे हैं कि हम विज्ञान और प्रौद्योगिकी को कैसे आगे बढ़ा सकते हैं, देश को कैसे आगे बढ़ा सकते हैं, और विज्ञान और प्रौद्योगिकी के माध्यम से समाज को कैसे विकसित भारत की ओर ले जा सकते हैं।

नाबालिग खिलाड़ियों से यौन शोषण का आरोपी फुटबॉल कोच मणिपुर में गिरफ्तार
मणिपुर के इंफाल पूर्वी जिले में एक फुटबॉल कोच को अपनी अकादमी में प्रशिक्षण लेने वाली कम से कम 11 नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को बताया कि आरोपी कोच महीनों से इन खिलाड़ियों का यौन शोषण कर रहा था। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि पीड़ित लड़कियां उसकी अकादमी में फुटबॉल प्रशिक्षण ले रही थीं। इस घटना ने स्थानीय समुदाय में आक्रोश पैदा कर दिया है। 

जॉन ब्रिटास बने सीपीआई(एम) के राज्यसभा संसदीय दल के नेता
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (एम) ने रविवार को जॉन ब्रिटास को राज्यसभा में अपने संसदीय दल का नेता नियुक्त किया। पार्टी के एक बयान के अनुसार, केंद्रीय नेतृत्व ने यह फैसला बिकास रंजन भट्टाचार्य के पद छोड़ने के बाद लिया। ब्रिटास इससे पहले राज्यसभा में उपनेता थे। केरल से सांसद ब्रिटास विदेश मामलों की स्थायी समिति, सार्वजनिक उपक्रम समिति और सूचना प्रौद्योगिकी विभाग की सलाहकार समिति के सदस्य हैं। उनकी नियुक्ति से पार्टी को संसद में मजबूत नेतृत्व मिलने की उम्मीद है।

केरल: पद्मश्री से सम्मानित केवी राबिया का निधन
केरल के साक्षरता अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली सामाजिक कार्यकर्ता और पद्मश्री से सम्मानित केवी राबिया का रविवार को निधन हो गया। पोलियो और कैंसर जैसी बीमारी के बाद भी राबिया ने समाज सेवा में अपनी एक अलग पहचान बनाई थी। 59 साल की राबिया पिछले कुछ समय से बीमार थीं। उन्हें 2022 में सामाजिक कार्यों के लिए देश के प्रतिष्ठित पद्मश्री सम्मान से नवाजा गया था। 14 साल की छोटी उम्र में पोलियो के कारण विकलांग हो चुकीं राबिया ने जून 1992 में मलप्पुरम जिले के वेल्लिलक्कड़ के अपने पैतृक स्थान के पास तिरुरंगडी में सभी उम्र के निरक्षर लोगों के लिए साक्षरता अभियान शुरू किया। 

झारखंड : नक्सलियों ने 6 वाहनों  दो ड्रिलिंग मशीनों में लगाई आग
माओवादियों ने झारखंड के लातेहार जिले में छह वाहन और दो ड्रिलिंग मशीनों को आग लगा दी। घटना शनिवार रात चंदवा थाना क्षेत्र के तुरीसात गांव में हुई। पुलिस ने रविवार को इसकी जानकारी दी। बालूमाथ डीएसपी विनोद रावानी ने बताया कि दो कारें, दो ट्रक और दो अन्य वाहनों के साथ ही दो ड्रिलिंग मशीनों को आग के हवाले कर दिया गया।

पहलगाम पर आक्रोश: पाकिस्तानी तभी समझेंगे आएगा जब उनका दाना-पानी बंद होगा
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारतीयों में आक्रोश भरा पड़ा है। 1971 के भारत-पाक युद्ध के दौरान वायुसेना की हवाई पट्टी के पुनर्निर्माण में मदद करने वाली महिला कनबाई शिवाजी हिरानी दो टूक कहती हैं कि पाकिस्तानियों को तभी समझ में आएगा, जब भारत उनका दाना-पानी बंद कर देगा। कनबाई ने पीएम मोदी से पाकिस्तान के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की अपील की है। वह कहती हैं, 71 के युद्ध में वह 24 साल की थीं। पाकिस्तान ने बमबारी कर भुज में रनवे को उड़ा दिया तो हम गांववालों ने देश के लिए रनवे जल्दी बनाकर दिखाया। वह युद्ध जीतने पर हमें खुशी मिली थी। पहलगाम में पाकिस्तान ने जो किया है, वह बहुत गलत है। उसे सजा मिलनी चाहिए।

हावड़ा में पेड़ से टकराई तेज रफ्तार बाइक, तीन लोगों की मौत,झाड़ियों में पड़े मिले शव  
पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में बाइक सवार 3 लोगों की बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में तीनों की मौत हो गई। मरने वालों में दो नाबालिग शामिल है। दुर्घटना रविवार की रात हुई, जब उनकी तेज रफ्तार बाइक बगनान के पास पेड़ से टकरा गई। उनके शव पास की झाड़ी से बरामद किए गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। 

दो नाबालिगों की मौत
जानकारी के मुताबिक, मृतकों की पहचान मनोज घोष (30 वर्षीय), रितेश घोष(16) और राकेश मंडल (16) के रूप में हुई है। रितेश और राकेश शुक्रवार को घोषित हुई राज्य माध्यमिक परीक्षा में पास हुए थे। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि तीनों रविवार की रात बगनान अस्पताल के पास कार्यक्रम देखने गए थे। जब वो वापस घर लौट रहे थे तब यह दुर्घटना हो गई। सोमवार की सुबह स्थानीय लोगों ने झाड़ियों में तीन शवों को पड़ा देखा।

एयर इंडिया ने लीज पर चल रहे छह बोइंग 777-300 ईआर विमान खरीदे
एयर इंडिया ने छह बोइंग 777-300 ईआर विमान खरीद लिए हैं, जो अब तक लीज पर चल रहे थे। यह पहली बार है जब एयर इंडिया ने सात साल बाद इस तरह के लंबे दूरी के चौड़े आकार वाले विमान खरीदे हैं। यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब आपूर्ति से जुड़ी दिक्कतों के चलते पुराने विमानों की मरम्मत और नए विमानों की डिलीवरी में देरी हो रही है। 

एयर इंडिया को जनवरी 2022 में टाटा समूह ने खरीदा था। वह इस समय पांच साल की बदलाव योजना पर काम कर रही है। कंपनी अपनी उड़ानों और नेटवर्क दोनों का विस्तार कर रही है, क्योंकि हवाई यात्रियों की मांग तेजी से बढ़ रही है। एयर इंडिया का 400 मिलियन डॉलर (करीब 3,300 करोड़ रुपये) का कार्यक्रम जारी है, जिसके तहत 67 पुराने विमानों की अंदरूनी बनावट को नया रूप दिया जाएगा।

सूत्रों ने बताया कि ये छह विमान पहले एतिहाद एयरवेज के पास थे और एयर इंडिया ने इन्हें अपनी सब्सिडियरी कंपनी एआई फ्लीट सर्विसेज लिमिटेड के जरिए गुजरात के गिफ्ट सिटी से खरीदा है। इन विमानों की लीज अगले साल खत्म होने वाला थी। अगर एयर इंडिया इन्हें नहीं खरीदती, तो लीज पर देने वाली कंपनी वापस ले लेती। इसलिए एयर इंडिया ने पहले ही इन्हें खरीदने का फैसला किया, ताकि उसके पास पर्याप्त विमान बने रहें।

भारत विरोधी तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करे कनाडा: सरकार
भारत ने टोरंटो में आयोजित उस परेड को लेकर नई दिल्ली में कनाडाई उच्चायोग के सामने कड़े शब्दों में विरोध दर्ज कराया, जिसमें भारतीय नेतृत्व और कनाडा में रहने वाले भारतीय नागरिकों के खिलाफ गलत तस्वीरों और धमकी भरे शब्दों का इस्तेमाल किया गया। भारत सरकार ने कहा, हम एक बार फिर कनाडाई अधिकारियों से उन भारत विरोधी तत्वों के खिलाफ कार्रवाई का आग्रह करते हैं, जो नफरत फैलाते हैं और उग्रवाद और अलगाववादी एजेंडे की पैरवी करते हैं। सूत्रों ने यह जानकारी दी। 
 

मणिपुर: भाजपा के पूर्वोत्तर प्रभारी पात्रा ने पूर्व मुख्यमंत्री बीरेन सिंह से की मुलाकात
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्वोत्तर प्रभारी संबित पात्रा ने सोमवार को इंफाल में मणिपुर के पूर्व मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के साथ बंद कमरे में बैठक की। पात्रा ने इंफाल पूर्वी जिले के लुवांगशांगबाम स्थित सिंह के आवास पर उनसे मुलाकात की। पार्टी सूत्रों ने बताया,‘सिंह के साथ बंद कमरे में हुई बैठक के दौरान कुछ भाजपा विधायक भी मौजूद थे। यह बैठक एक घंटे से अधिक समय तक चली।’ इसके बाद पात्रा ने विधानसभा अध्यक्ष थोकचोम सत्यब्रत सिंह से उनके आवास पर मुलाकात की।

सूत्रों ने बताया कि पात्रा के इंफाल के एक होटल में पार्टी के अन्य विधायकों से भी मिलने की उम्मीद है। इससे पहले, पात्रा ने दो कुकी जो विधायकों वुंगजागिन वाल्टे और एल एम खौते से मुलाकात की। वाल्टे चार मई, 2023 को भीड़ के हमले में बच गए थे। भाजपा नेता पात्रा ने जोमी स्टूडेंट फेडरेशन (जेडएसएफ) के नेताओं से भी मुलाकात की। जेडएसएफ नेताओं ने उन्हें एक ज्ञापन सौंपा।

 

उपराष्ट्रपति धनखड़ ने जंगलों को बताया देश का फेफड़ा, कहा- जलवायु परिवर्तन वैश्विक खतरा 
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने सोमवार को चेतावनी दी कि जलवायु परिवर्तन एक वैश्विक खतरा और गंभीर संकट है, जिसके परिणाम अनिश्चित हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि देश के ‘फेफड़े’ कहलाने वाले वनों का अच्छी स्थिति में होना लोगों के स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण है।

धनखड़ ने इस बात को रेखांकित किया कि जब किसी देश के वन अच्छी स्थिति में होते हैं, तो वहां के लोगों का स्वास्थ्य अच्छा रहता है, क्योंकि वन देश के फेफड़े हैं।उन्होंने कहा, “कृषि हमारी जीवन रेखा है, लेकिन वन भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं-वे जलवायु को नियंत्रित करते हैं, आपदाओं को रोकते हैं और विशेष रूप से गरीबों एवं हाशिये पर पड़े लोगों की आजीविका का जरिया बनते हैं।
विज्ञापन

ममता ने मुर्शिदाबाद में टीएमसी नेताओं के साथ बैठक की
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी ने सोमवार को दंगा प्रभावित मुर्शिदाबाद जिले के पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक की, जिसमें उन्होंने शांति, सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने और जिले की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। मुस्लिम बहुल जिले में हाल ही में हुई अशांति की घटनाओं पर बनर्जी ने कड़ी नाराजगी जताई। इसे उन्होंने 'सुनियोजित हिंसा' करार दिया और पार्टी नेताओं को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि भविष्य में ऐसी अशांति न हो। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें