कर्नाटक की राजधानी बंगलूरू में धार्मिक शोभायात्रा के दौरान पथराव की घटना सामने आई है। ओम शक्ति की शोभायात्रा पर पत्थर फेंके जाने से दो महिला श्रद्धालु घायल हो गईं, जिससे इलाके में तनाव फैल गया। घटना रविवार रात जेजे नगर इलाके में हुई। पुलिस ने हालात को काबू में करते हुए तीन नाबालिगों को हिरासत में लिया है, जिनकी उम्र करीब 15 वर्ष बताई जा रही है। उनसे पूछताछ जारी है। घटना के विरोध में लोगों ने जगजीवन राम नगर थाने के सामने प्रदर्शन किया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। स्थिति को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि कोई जवाबी हिंसा न हो। पुलिस ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
कर्नाटक में बंदरों की संदिग्ध मौत, जहर दिए जाने की आशंका
कर्नाटक के तुमकुर जिले में देवरायणदुर्गा वन क्षेत्र के पास नौ बंदर और दो लंगूर मृत पाए गए हैं। वन अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक पोस्टमॉर्टम में उनके पेट में खाद्य पदार्थ मिले हैं, जिससे ज़हर दिए जाने की आशंका जताई जा रही है।
2 जनवरी की शाम सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने पोस्टमॉर्टम के बाद नमूने बंगलूरू के पशु चिकित्सा महाविद्यालय भेजे हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल मंकीपॉक्स से मौत की पुष्टि नहीं हुई है। वन विभाग ने कहा कि यह कृत्य वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत अपराध है। इस मामले में केस दर्ज कर आरोपियों की पहचान की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने और शांति बनाए रखने की अपील की है।
जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज अगले हफ्ते भारत दौरे पर आएंगे
जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज अगले सप्ताह दो दिवसीय भारत दौरे पर आएंगे। विदेश मंत्रालय के अनुसार, उनकी यह यात्रा भारत-जर्मनी संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में अहम मानी जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 जनवरी को अहमदाबाद में जर्मन चांसलर का स्वागत करेंगे। इसके अलावा मर्ज बंगलूरू भी जाएंगे। दौरे के दौरान व्यापार, निवेश, रक्षा और सुरक्षा सहयोग जैसे अहम मुद्दों पर बातचीत होने की उम्मीद है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह यात्रा दोनों देशों के बीच उच्चस्तरीय संवाद को आगे बढ़ाएगी और जनता के हित में भविष्य उन्मुख साझेदारी को मजबूती देगी। यह फ्रेडरिक मर्ज की भारत की पहली आधिकारिक यात्रा होगी।
दिल्ली रिज में पेड़ कटाई पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, अनुपालन के बाद ही अनुमति
उच्चतम न्यायालय ने दिल्ली रिज क्षेत्र में और पेड़ काटने को लेकर दिल्ली विकास प्राधिकरण की याचिका पर सख्त रुख अपनाया है। अदालत ने स्पष्ट किया कि वनीकरण और पारिस्थितिकी बहाली से जुड़े पुराने निर्देशों के पूर्ण अनुपालन की समीक्षा के बाद ही इस पर विचार किया जाएगा। प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची की पीठ डीडीए की उस याचिका पर सुनवाई कर रही थी, जिसमें सीएपीएफआईएमएस को जोड़ने वाली सड़क चौड़ीकरण परियोजना के लिए 473 पेड़ काटने की अनुमति मांगी गई है। अदालत ने कहा कि पर्यावरण संतुलन से समझौता नहीं किया जा सकता और पहले यह सुनिश्चित किया जाएगा कि निर्देशों का सही ढंग से पालन हुआ है।
चुनाव आयोग के वरिष्ठ अफसरों ने राज्यों के सीईओ संग की बैठक
चुनाव आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों ने आने वाले महीनों में विधानसभा चुनाव वाले चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों (सीईओ) के साथ बैठक कर तैयारियों पर चर्चा की। बैठक में असम, पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु और पुद्दुचेरी के सीईओ ने हिस्सा लिया। उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) और मतदान कर्मियों की आवश्यकता जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। चारों राज्यों और पुद्दुचेरी की विधानसभाओं का कार्यकाल मई और जून में अलग-अलग तिथियों पर समाप्त हो रहा है। आयोग जहां तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, केरल और पुद्दुचेरी में मतदाता सूचियों का विशेष गहन संशोधन (एसआईआर) कर रहा है, वहीं असम में मतदाता सूचियों का एक अलग विशेष संशोधन चल रहा है। एसआईआर के तहत, चुनाव आयोग ने इन राज्यों में मतदान केंद्रों में सुधार किया है। अब, प्रति मतदान केंद्र मतदाताओं की अधिकतम संख्या 1,500 से घटाकर 1,200 कर दी गई है। इसका मतलब होगा कि मतदान के दिन मतदाताओं की कतारें छोटी होंगी। इससे पोलिंग स्टेशनों की संख्या और उन्हें चलाने के लिए जरूरी कर्मचारियों की संख्या भी बढ़ी है।
गुजरात में रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान ट्रैकर की मौत
गुजरात के अमरेली जिले में शेरनी को बेहोश करने के लिए चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान एक ट्रैकर की मौत हो गई। मृतक की पहचान अशरफ चौहान के रूप में हुई है, जो वन विभाग के लिए अनुबंध पर ट्रैकर का काम कर रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, यह अभियान उस शेरनी को पकड़ने के लिए चलाया जा रहा था, जिसने एक चार साल के बच्चे की जान ले ली थी। रेस्क्यू टीम ने शेरनी पर ट्रैंक्विलाइजर डार्ट दागा, लेकिन वह गलती से पास खड़े अशरफ चौहान को लग गया। उन्हें पहले विसावदर और फिर जूनागढ़ सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां सोमवार सुबह उनकी मौत हो गई। घटना के बाद वन विभाग ने जांच शुरू कर दी है। यह इलाका गिर वन क्षेत्र के पास स्थित है, जहां मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।
पीएम मोदी ने दी जन्मदिन की शुभकानाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. मुरली मनोहर जोशी को उनके 91वें जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री ने कहा कि डॉ. जोशी का सार्वजनिक जीवन में योगदान, विशेषकर शिक्षा, संस्कृति और भारत की सभ्यतागत मूल्यों के प्रसार के क्षेत्र में, अतुलनीय रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा किए गए संदेश में लिखा कि डॉ. मुरली मनोहर जोशी एक सम्मानित राजनेता, प्रखर बुद्धिजीवी और दृढ़ राष्ट्रवादी हैं। उन्होंने कहा कि देश सेवा के प्रति उनका आजीवन समर्पण सार्वजनिक जीवन को समृद्ध करता रहा है और वह उनके स्वस्थ और दीर्घ जीवन की कामना करते हैं।
अमित शाह ने पोंगल सेलिब्रेशन में हिस्सा लिया
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को मन्नारपुरम में भाजपा महिला मोर्चा द्वारा आयोजित एक बड़े पोंगल फेस्टिवल सेलिब्रेशन में हिस्सा लिया। मन्नारपुरम पहुंचने पर शाह का स्वागत किया गया, और वे पार्टी सदस्यों के साथ पोंगल डिश बनाने में शामिल हुए। इससे पहले, तमिलनाडु के अपने दो दिन के दौरे के आखिरी दिन, शाह ने थिरुवनाइकवल में पुराने श्री जम्बूकेश्वर अकिलंदेश्वरी मंदिर और श्रीरंगम में श्री रंगनाथ स्वामी मंदिर भी गए।
भाजपा ने अरुणाचल में जिला परिषद चेयरपर्सन के लिए 26 कैंडिडेट के नाम पर मुहर लगाई
अरुणाचल प्रदेश भाजपा ने राज्य के सभी जिलों में जिला परिषद चेयरपर्सन के पद के लिए 26 जिला परिषद मेंबर को अपने आधिकारिक उम्मीदवारों के तौर पर मंजूरी दे दी है, जिससे आने वाले चुनावों की तैयारी पूरी हो गई है, पार्टी नेताओं ने यह जानकारी दी।
असम में भाजपा मजबूत, 50 सीटों के उम्मीदवार आज घोषित कर सकते हैं- सीएम हिमंत बिस्वा सरमा
असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि राज्य में भाजपा की स्थिति बहुत मजबूत है और पार्टी के पास लगभग 50 फीसदी विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवार तैयार हैं। उन्होंने कहा कि अगर पार्टी नेतृत्व निर्देश दे, तो 50 सीटों के उम्मीदवारों की सूची आज शाम तक जारी की जा सकती है।
सीएम सरमा ने साफ किया कि बीजेपी में उम्मीदवार बनने के लिए न तो आवेदन लिए जाएंगे और न ही कोई फीस ली जाती है। उम्मीदवारों के नाम जनता और पार्टी कार्यकर्ता सुझाते हैं। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह 22-23 सीटों पर उम्मीदवारों से 3 से 5 करोड़ रुपये तक वसूल रही है।
गणतंत्र दिवस परेड के टिकट आज से
रक्षा मंत्रालय ने कर्तव्य पथ पर होने वाली गणतंत्र दिवस परेड और अन्य समारोहों के लिए रविवार को टिकटों की बिक्री का एलान किया। 26 जनवरी की मुख्य परेड, बीटिंग रिट्रीट की फुल ड्रेस रिहर्सल और मुख्य बीटिंग रिट्रीट समारोह के टिकटों की बिक्री पांच जनवरी से शुरू होगी। यह बिक्री 14 जनवरी तक जारी रहेगी। टिकट सुबह नौ बजे से खरीदे जा सकते हैं। उनकी कीमत 20 से 100 रुपये के बीच तय की गई है। 28 जनवरी को बीटिंग रिट्रीट की फुल ड्रेस रिहर्सल के टिकट 20 रुपये में मिलेंगे, जबकि 29 जनवरी को बीटिंग रिट्रीट समारोह के टिकट की कीमत 100 रुपये है। टिकट ऑनलाइन आमंत्रण पोर्टल www.aamantran.mod.gov.in से खरीदे जा सकते हैं।
उत्तर भारत के दो राज्यों में भूकंप के झटके
आज सुबह उत्तर-पूर्व भारत के दो राज्यों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। एक तरफ असम के मोरीगांव में 5.1 की तीव्रता का भूकंप सुबह 04:17 बजे आया, दूसरी ओर त्रिपूरा के गोमती में सुबह 03:33 बजे 3.9 की तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) ने बताया कि मोरीगांव में आए तेज झटकों के बाद भी अभी तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है। त्रिपुरा में हल्के झटके महसूस किए गए, लेकिन कोई गंभीर घटना सामने नहीं आई। स्थानीय लोग झटकों से सहमे दिखे, हालांकि अधिकतर लोग अपने घरों और सुरक्षित स्थानों पर थे। वैज्ञानिकों ने कहा कि यह सामान्य भूकंपीय गतिविधि है और लोग घबराएं नहीं।
ओम शक्ति भक्तों के जुलूस पर पथराव के बाद हालात तनावपूर्ण, लेकिन काबू में
जगजीवन राम नगर इलाके में ओम शक्ति भक्तों के जुलूस पर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा पथराव किए जाने के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया, हालांकि पुलिस के मुताबिक स्थिति अब नियंत्रण में है। यह घटना रविवार रात की बताई जा रही है। पथराव की इस घटना में दो महिलाएं घायल हुईं, जिनमें से एक को सिर में गंभीर चोट आई और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने जेजे नगर पुलिस थाने के बाहर प्रदर्शन कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस के अनुसार, यह घटना शाम करीब 8:15 से 9 बजे के बीच हुई, जब ओम शक्ति और अयप्पा स्वामी के भक्त परंपरागत रूप से जुलूस निकाल रहे थे। शिकायतकर्ता शशिकुमार एन ने बताया कि वह पिछले 23 वर्षों से ओम शक्ति और अयप्पा स्वामी की पूजा में शामिल होते रहे हैं। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि इससे पहले भी इलाके में धार्मिक आयोजनों के दौरान ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। श्रद्धालुओं ने इस घटना को धार्मिक भावनाओं पर हमला बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।