पूर्व तमिलनाडु मंत्री सेंथिल बालाजी की रिमांड अवधि बढ़ाई गई
एक सत्र अदालत ने मंगलवार को तमिलनाडु के पूर्व मंत्री वी सेंथिल बालाजी की रिमांड अवधि 10 जून तक बढ़ा दी। डीएमके नेता को पिछले जून में ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया था। बालाजी को प्रधान सत्र न्यायाधीश एस अल्ली के समक्ष केंद्रीय पुझल जेल से वीडियो-कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश किया गया। अदालत ने उनकी न्यायिक हिरासत 10 जून तक बढ़ा दी।
पुणे पोर्श कार हादसे में डॉक्टर समेत तीन गिरफ्तार
पोर्श कार हादसे में पुलिस ने मंगलवार को डॉक्टर समेत तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी अशफाक मकंदर और अमर गायकवाड़ पर डॉक्टरों व नाबालिग आरोपी के पिता के बीच बिचौलिए की भूमिका निभाने के साथ घूस देने में मदद का आरोप है।
पुणे में 19 मई को हुए इस हादसे में नशे में धुत 17 वर्षीय किशोर ने पोर्श कार से बाइक सवार दो आईटी पेशेवरों को टक्कर मार दी थी, जिससे उनकी मौत हो गई थी। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मकंदर व गायकवाड़ ने ससून जनरल अस्पताल के कर्मचारी अतुल घाटकांबले को रक्त के नमूने बदलने के लिए तीन लाख रुपये दिए थे, जिन्हें डॉ. श्रीहरि हलनोर को सौंपा जाना था। अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए डॉ. अजय टावरे अस्पताल में फोरेंसिक मेडिसिन विभाग के प्रमुख हैं।