पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस को प्रतिष्ठित मलयाला रत्न अवार्ड से सम्मानित किया गया है। मलयालम साहित्य में योगदान देने के लिए उन्हें इस अवार्ड से सम्मानित किया गया है। सीवी आनंद बोस को उनकी किताब मिथ एंड साइंस के लिए यह सम्मान मिला। यह किताब बुक ऑफ द ईयर भी चुना गया है। सीवी आनंद बोस ने इस सम्मान को केरल के लोगों को समर्पित किया। केरल को कोच्चि में चल रहे अंतररराष्ट्रीय बुक फेस्टिवल के दौरान इस सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।
जर्मन संगीतकार से छेड़छाड़ की जांच शुरू
केरल के मशहूर पर्यटन स्थल वर्कला में एक जर्मन संगीतकार का कथित तौर पर पीछा करने के आरोप में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि यह घटना 1 नवंबर की शाम को हुई, जब जर्मन म्यूजिशियन लीना मायर वर्कला में थीं। FIR के मुताबिक, उस दिन शाम करीब 6.45 बजे वर्कला हेलीपैड इलाके के पास कुछ अज्ञात लोगों के एक ग्रुप ने मायर का पीछा किया और उन्हें परेशान किया। बाद में जर्मन संगीतकार ने तिरुवनंतपुरम में जर्मन अधिकारियों को इस घटना के बारे में बताया। जिसके बाद घटना की जांच की जा रही है।
सात साल बाद तृणमूल में शोभन चटर्जी की वापसी
कोलकाता के पूर्व महापौर शोभन चटर्जी सोमवार को सात साल बाद तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) में लौट आए। उन्होंने अपनी साथी बैशाखी बंदोपाध्याय के साथ पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कभी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के सबसे भरोसेमंद सहयोगियों में शामिल रहे चटर्जी की वापसी ऐसे समय हुई है जब हाल ही में उन्हें न्यू टाउन कोलकाता डेवलपमेंट अथॉरिटी (एनकेडीए) का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। उनकी घरवापसी ने 2026 के विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी में पुराने चेहरों के फिर से सक्रिय होने की अटकलों को तेज कर दिया है।
पार्टी में शामिल होने के बाद चटर्जी ने कहा कि यह मेरी जड़ों की ओर वापसी है। दीदी परिवार की तरह हैं और मैं फिर से उनके नेतृत्व में काम करूंगा। वर्ष 2018 में उन्होंने निजी कारणों से टीएमसी से इस्तीफा देकर भाजपा का दामन थामा था, लेकिन 2021 के विधानसभा चुनावों से पहले ही उन्होंने भाजपा छोड़ दी थी। भाजपा नेतृत्व पर अपमान और विश्वासघात का आरोप लगाने वाले चटर्जी की टीएमसी में वापसी को राज्य की राजनीति में एक अहम घटनाक्रम माना जा रहा है।
कर्नाटक में 40 वर्षीय तलाकशुदा महिला की नृशंस हत्या
कर्नाटक की राजधानी में हत्या का मामला सामने आया है। शुक्रवार को बंगलूरू में केजी हल्लि थाना क्षेत्र के पिल्लन्ना गार्डन के पास 40 वर्षीय महिला की हत्या कर दी गई। महिला के पुरुष मित्र ने चाकू से गोदकर हत्या की है। पुलिस के अनुसार, मृतका तलाकशुदा थी और आरोपी, 43 वर्षीय विवाहित व्यक्ति, के साथ उसका गुप्त संबंध था। कुछ समय से दोनों के बीच शादी को लेकर विवाद चल रहा था, क्योंकि महिला उस पर विवाह के लिए दबाव डाल रही थी, जबकि आरोपी इसके खिलाफ था।
शुक्रवार को महिला जब काम से लौट रही थी, तब आरोपी ने बातचीत के बहाने उसे बुलाया और मौके पर कई बार चाकू से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को राहगीरों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज किया है।
अफगानिस्तान में भूकंप प्रभावितों की मदद को भारत ने भेजी राहत सामग्री
भारत ने अफगानिस्तान में हाल ही में आए भूकंप से प्रभावित परिवारों के लिए राहत सामग्री भेजी है। विदेश मंत्रालय ने एक्स पर पोस्ट कर बताया कि भारत ने अफगान जनता के प्रति अपने समर्थन को दोहराते हुए खाद्य सामग्री भेजी है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने अफगान विदेश मंत्री मौलवी आमिर खान मुत्ताकी से बातचीत कर भूकंप में हुई जानहानि पर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि दवाओं की अगली खेप जल्द भेजी जाएगी।
ओडिशा के कटक में दर्दनाक हादसा, सेप्टिक टैंक में गिरने से तीन मासूमों की मौत
ओडिशा के कटक जिले में सोमवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ, जिसमें तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान शुभम नायक (3), शिवानी नायक (7) और अंकित नायक (9) के रूप में हुई है, जो जिले के बड़ा बरैना और इच्छापुर गांवों के रहने वाले थे। हादसा तब हुआ जब तीनों बच्चे अपने चाचा के रगदीपाड़ा स्थित घर में खेल रहे थे और खेलते-खेलते सेप्टिक टैंक में गिर गए। स्थानीय ग्रामीणों ने बच्चों को बाहर निकाला और तुरंत बदाम्बा अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि इस घटना को लेकर अप्राकृतिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। इस घटना ने पूरे इलाके में शोक की लहर फैला दी है, वहीं प्रशासन ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है।
वैष्णव बोले- भारत सेमीकंडक्टर निर्माण में वैश्विक नेता बनाने की दिशा में बढ़ा रहा कदम
केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारत में इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए केंद्रित अभियान चलाया जा रहा है। वैष्णव ने धोलेरा और साणंद में सेमीकंडक्टर और डिस्प्ले फैब परियोजना की समीक्षा बैठक की।
वैष्णव ने कहा कि दुनिया के कई देश भारत के सेमीकंडक्टर क्षेत्र की ओर देख रहे हैं और धोलेरा विशेष रूप से चर्चा में है। उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर यह सुनिश्चित करेंगी कि भारत का पहला सेमीकंडक्टर चिप तय समय में पूरी तरह तैयार हो।
बैठक में टाटा, माइक्रॉन और सीजी सेमीकॉन जैसी कंपनियों के धोलेरा और साणंद में चल रहे परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि सेमीकंडक्टर क्षेत्र में वास्तविक प्रगति प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ही हुई है। उन्होंने भरोसा जताया कि भारत जल्द ही इस क्षेत्र में विश्व नेता बनेगा।
एनजीटी ने महाराष्ट्र सरकार पर ठोका 50 हजार का जुर्माना
नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) ने ठोस कचरा प्रबंधन से जुड़ी रिपोर्ट में गलत जानकारी देने पर महाराष्ट्र सरकार पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। एनजीटी सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से कचरा प्रबंधन की रिपोर्ट की निगरानी कर रहा है।
31 अक्तूबर को पारित आदेश में एनजीटी के अध्यक्ष जस्टिस प्रकाश श्रीवास्तव और विशेषज्ञ सदस्य ए सेंथिल वेल ने कहा कि महाराष्ट्र की 16 अक्तूबर की छठी मासिक रिपोर्ट में सही खुलासे नहीं किए गए हैं। पीठ ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार के वकील को रिपोर्ट में पाई गई गड़बड़ियों को स्पष्ट करने का मौका दिया गया, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
एनजीटी ने महाराष्ट्र सरकार पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाते हुए सुनवाई स्थगित कर दी। एनजीटी ने कहा कि जुर्माने की राशि एक सप्ताह के भीतर जमा करनी होगी, जिसे वकीलों के लिए पुस्तकालय और अन्य सुविधाओं के उन्नयन में इस्तेमाल किया जाएगा।
वोडाफोन-आइडिया के एजीआर राहत के अनुरोध पर केंद्र सरकार कर सकती है विचार: सुप्रीम कोर्ट
सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को कहा कि केंद्र सरकार वोडाफोन आइडिया के सभी समायोजित सकल राजस्व (एजीआर) दूरसंचार बकाया के लिए राहत अनुरोध पर विचार कर सकती है। शीर्ष कोर्ट की इस अनुमति के बाद कर्ज में डूबी कंपनी के शेयर लगभग 10% बढ़ गए। केस से जुड़े एक वकील ने बताया, सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि राहत में जुर्माना और ब्याज शामिल हो सकते हैं।
पिछले हफ्ते, शीर्ष अदालत ने कहा था कि सरकार कंपनी के एजीआर बकाया पर पुनर्विचार करने के लिए स्वतंत्र है। हालांकि, इस बारे में अनिश्चितता बनी हुई है कि क्या यह अवलोकन केवल फर्म के अतिरिक्त एजीआर बकाया पर लागू होता है या पूरी बकाया राशि पर। संकटग्रस्त कंपनी ने लगभग 95 अरब रुपये (1.08 अरब डॉलर) के अतिरिक्त एजीआर बकाया और लगभग 800 अरब रुपये के कुल एजीआर बकाया, दोनों पर राहत मांगी थी।
वोडाफोन ने इस बारे में टिप्पणी करने से इन्कार किया है। कंपनी के स्पेक्ट्रम और समायोजित सकल राजस्व भुगतान पर स्थगन सितंबर में समाप्त हो गया। वोडाफोन आइडिया सहित दूरसंचार ऑपरेटर लंबे समय से सरकार द्वारा एजीआर की गणना करने की पद्धति का विरोध करते रहे हैं, जो लाइसेंस शुल्क और अन्य बकाया राशि निर्धारित करती है।
इकोनॉमिक टाइम्स की इस रिपोर्ट के बाद कि अमेरिकी निजी इक्विटी फर्म टिलमैन ग्लोबल होल्डिंग्स (टीजीएच) 4 से 6 अरब डॉलर का निवेश करने और फर्म का परिचालन नियंत्रण लेने के लिए बातचीत कर रही है, वोडाफोन के शेयरों में दिन में 4.5% की वृद्धि हुई थी।