तेलंगाना विधानसभा में CPI विधायक के पीएम मोदी पर बयान पर BJP नाराज
तेलंगाना विधानसभा में CPI विधायक कुनमनेनी सांबासिवा राव ने VB-G RAM G एक्ट पर बहस के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र की भाजपा सरकार पर हमला किया। उन्होंने MGNREGA को बदलने और महात्मा गांधी का नाम हटाने की निंदा की। ऐसे में भाजपा विधायक नाराज हो गए और स्पीकर गड्डम प्रसाद कुमार ने कहा कि आपत्तिजनक बयान रिकॉर्ड से हटाया जाएगा। विधानसभा ने केंद्र को कड़ी निंदा करते हुए पुराना कानून जारी रखने की मांग की। केंद्रीय राज्य मंत्री बंडी संजय कुमार ने इसे अनुचित भाषा करार दिया और माफी की मांग की।
बिहार के मुजफ्फरपुर में पीएम और राष्ट्रपति के फर्जी AI वीडियो फैलाने वाला गिरफ्तार
बिहार के मुजफ्फरपुर में प्रमोद कुमार राज को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के AI जनित फर्जी वीडियो और ऑडियो बनाने और सोशल मीडिया पर फैलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने कहा कि इसका उद्देश्य जनता को गुमराह करना, संवैधानिक पदों की गरिमा को नुकसान पहुंचाना और सामाजिक अस्थिरता पैदा करना था। आरोपी के मोबाइल फोन को भी जब्त कर लिया गया है। मामला दर्ज कर जांच जारी है।
पहली में दाखिले की उम्र की अनदेखी कर रहे छह राज्य
केंद्र सरकार के पहली कक्षा में दाखिले के लिए बच्चे की आयु छह साल निर्धारित करने वाले नियम का पालन केरल, तमिलनाडु, तेलंगाना, पुडुचेरी, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़ ने नहीं किया है।
यह राज्य अब भी पहली कक्षा में दाखिले के लिए अलग-अलग आयु मानदंड का पालन करते हैं। केंद्र ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और शिक्षा के अधिकार कानून के तहत पहली कक्षा में दाखिले को आयु सीमा छह साल निर्धारित की थी। इससे पहले, यह सीमा पांच वर्ष थी। इसका मकसद पहली कक्षा में एक समान आयु वर्ग से छात्रों को दाखिला दिलाना था।
250 करोड़ की ठगी में 33 करोड़ की संपत्तियां फ्रीज
इंफाल। मणिपुर में निवेश घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 33.66 करोड़ रुपये की संपत्तियों को फ्रीज कर दिया है। यह कार्रवाई बिरला एम्पोरियम प्रा. लि., इरा फाइनेंस प्रा. लि. और उनके निदेशक युमनाम इराबंता सिंह के खिलाफ की गई है। ईडी के मुताबिक, इस मामले में करीब 5,000 निवेशकों से धोखाधड़ी की गई। मामले में अब तक कुल 61.68 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच की जा चुकी हैं। आरोप है कि वर्ष 2019 से 2021 के बीच युमनाम इराबंता ने अपनी कंपनियों के जरिये फर्जी निवेश योजना चलाई। इसमें लोगों को ज्यादा मुनाफे का लालच देकर 250 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी की गई। एजेंसी
मनी लॉन्ड्रिंग: आईएएस अफसर गिरफ्तार
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आईएएस अधिकारी और गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले के पूर्व कलेक्टर राजेंद्र कुमार पटेल को घूसखोरी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया है। सूत्रों ने बताया कि 10 करोड़ रुपये के भूमि उपयोग परिवर्तन (सीएलयू) के मामले में भूमिका को लेकर उनकी गिरफ्तारी की गई है। सूत्रों के मुताबिक, अधिकारियों ने प्रति वर्ग मीटर के हिसाब से रिश्वत की दरें तय कर रखी थीं। ईडी ने एक सप्ताह पहले ही पटेल के कार्यालय में तैनात उप मामलतदार (राजस्व अधिकारी) चंद्रसिंह मोरी को रिश्वत मामले में गिरफ्तार किया था। मोरी के घर पर छापे में करीब 67.50 लाख रुपये नकदी बरामद की गई थी।
इसके बाद भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2015 बैच के अधिकारी पटेल को सुरेंद्रनगर के कलेक्टर पद से हटा दिया गया था।
मोरी के पास सीएलयू से जुड़े आवेदनों के निपटारे की जिम्मेदारी थी। आरोप है कि मोरी ने आवेदनों को जल्द मंजूरी देने के लिए रिश्वत ली। मोरी ने पूछताछ में बताया था कि रिश्वत की आधी रकम पटेल के पास जाती थी।