फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: चेन्नई में ईडी ऑफिस को मिली बम की धमकी; सबरीमला तीर्थयात्रा- वर्चुअल कतार बुकिंग 1 नवंबर से शुरू

Fri, 31 Oct 2025 05:24 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

वाइस एडमिरल संजय भल्ला ने शुक्रवार को भारतीय नौसेना की पूर्वी नौसैनिक कमान के नए प्रमुख के रूप में कार्यभार संभाला। उन्होंने वाइस एडमिरल राजेश पेंढरकर का स्थान लिया, जो आज सेवानिवृत्त हुए। ये समारोह विशाखापट्टनम में हुआ, जहां भल्ला ने गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण किया और नौसेना कर्मियों की टुकड़ियों की समीक्षा की।

विज्ञापन


संजय भल्ला 1 जनवरी 1989 को नौसेना में शामिल हुए थे। 36 साल की सेवा में उन्होंने कई अहम पदों पर काम किया है, जिनमें आईएनएस निशंक, तरागिरी और ब्यास के कमांडिंग ऑफिसर के रूप में सेवा शामिल है। वे 'फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग ईस्टर्न फ्लीट' भी रह चुके हैं और राष्ट्रपति की नौसेना समीक्षा (पीएफआर-22) और बहुराष्ट्रीय अभ्यास 'मिलन-22' का सफल संचालन किया था। ये कार्यभार संभालने से पहले वे नौसेना मुख्यालय में 'चीफ ऑफ पर्सनल' के पद पर कार्यरत थे।

भारत ने जम्मू-कश्मीर पर OIC के बयान को किया खारिज
भारत ने गुरुवार को इस्लामिक सहयोग संगठन (ओआईसी) की जम्मू-कश्मीर पर की गईं टिप्पणियों को खारिज करते हुए कहा कि उसे देश के आंतरिक मामलों पर बोलने का कोई अधिकार नहीं है। ओआईसी ने सोमवार को अपने एक बयान में जम्मू-कश्मीर के लोगों के आत्मनिर्णय के अधिकार की वैध मांग के समर्थन में फिर पूरी एकजुटता जताई थी। भारत ने इन टिप्पणियों को खारिज कर दिया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने अपनी साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग में कहा, हम उन बयानों को खारिज करते हैं। भारत के आंतरिक मामलों पर बोलने का उन्हें कोई अधिकार नहीं है। विवादास्पद इस्लामी उपदेशक जाकिर नाइक की अगले महीने ढाका यात्रा की योजना से जुड़ी खबरों पर पूछे गए एक सवाल पर जायसवाल ने कहा कि भारत को उम्मीद है कि वह जहां भी जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। वह एक भगोड़ा है। वह भारत में वांछित है। हम उम्मीद करते हैं कि वह जहां भी जाएगा, वहां के लोग उसके खिलाफ उचित कार्रवाई करेंगे और हमारी सुरक्षा चिंताओं को दूर करेंगे। नाइक भारतीय अधिकारियों की ओर से धन शोधन और नफरती भाषणों के माध्यम से चरमपंथ भड़काने के आरोप में वांछित है। वह 2016 में भारत छोड़कर चला गया था। इस्लामी उपदेशक को महातिर मोहम्मद के नेतृत्व वाली पिछली सरकार ने मलेशिया में स्थायी निवास प्रदान किया था।
विज्ञापन


विमान हादसे में नहीं हुई थी बोस की मौत: उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि उनका विश्वास है कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मृत्यु विमान दुर्घटना में नहीं हुई थी। हालांकि, उनके पास इसे साबित करने के लिए कोई सबूत नहीं है। उपराष्ट्रपति ने बृहस्पतिवार को यहां पसुम्पोन स्थित थेवर स्मारक पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और पत्रकारों से बातचीत में कहा, मेरे पास कोई सबूत नहीं है लेकिन मेरा मानना है कि बोस की मृत्यु उस विमान दुर्घटना में नहीं हुई थी क्योंकि नेताजी के अनुयायी और स्वतंत्रता सेनानी पसुम्पोन मुथुरामलिंगा थेवर ने ऐसा कहा था। उन्होंने (थेवर) कहा था- नेताजी की मृत्यु उस विमान दुर्घटना में नहीं हुई थी और मैं उनसे मिला था। उन्हें थेवर की बातों पर विश्वास है क्योंकि उन्होंने अपने जीवन में कभी झूठ नहीं बोला।

बंगाल : मेडिकल छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म मामले में 20 दिनों में चार्जशीट की दाखिल
पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में मेडिकल छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस ने महज 20 दिनों में चार्जशीट दाखिल कर दी है। बृहस्पतिवार को चार्जशीट दुर्गापुर महकमा अदालत में पेश की गई। सूत्रों के अनुसार, चार्जशीट में छात्रा के सहपाठी सहित तीन युवकों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया गया है। दो अन्य आरोपियों पर धन उगाही का मामला दर्ज किया गया है। बता दें, घटना 10 अक्तूबर की रात छात्रा सहपाठी के साथ कैंपस से बाहर निकली थी। आरोप है कि कॉलेज से सटे गांव के पांच युवकों ने छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने घटना के तुरंत बाद छात्रा के सहपाठी समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया था।

सबरीमला सोना चोरी के मुख्य आरोपी पोट्टी को न्यायिक हिरासत में भेजा 
केरल के सबरीमला मंदिर से सोना चोरी मामले के मुख्य आरोपी उन्नीकृष्णन पोट्टी को बृहस्पतिवार को अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया। अदालत ने पुलिस को सोमवार को उसे फिर से पेश करने का निर्देश भी दिया। दरअसल, विशेष जांच दल (एसआईटी) ने पोट्टी की हिरासत अवधि खत्म होने के बाद दोपहर में उसे रन्नी में प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया था।

मैरीटाइम वीक में 12 लाख करोड़ के हुए समझौते : सोनोवाल
केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने बृहस्पतिवार को कहा कि इंडिया मैरीटाइम वीक 2025 (आईएमडब्ल्यू 2025) में नौवहन क्षेत्र में 12 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों के लिए 600 समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सोनोवाल ने कहा कि भारत समुद्री क्षेत्र में महाशक्ति बनने की ओर अग्रसर है। पांच दिवसीय कार्यक्रम शुक्रवार को समाप्त होगा।

भारत परमाणु प्रौद्योगिकी के शांतिपूर्ण अनुप्रयोगों के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध
भारत ने शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए परमाणु प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल का विस्तार करने की अपनी प्रतिबद्धता फिर दोहराई है। संयुक्त राष्ट्र महासभा में अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) की रिपोर्ट पर भारतीय सांसद डी. पुरंदेश्वरी ने कहा कि भारत बिजली और गैर-बिजली दोनों क्षेत्रों में परमाणु तकनीक का विस्तार करने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही परमाणु और रेडियोलॉजिकल सामग्री की सुरक्षा भी सुनिश्चित करेगा।  सांसद डी. पुरंदेश्वरी ने कहा कि भारत में एक मजबूत परमाणु सुरक्षा संस्कृति है और इसका सुरक्षा रिकॉर्ड त्रुटिहीन है। पुरंदेश्वरी ने बताया कि परमाणु विज्ञान और प्रौद्योगिकी की भूमिका राष्ट्रीय विकास रणनीतियों को लागू करने, कोविड महामारी से उबरने और जलवायु लक्ष्यों को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण रही है। भारत आईएईए की पहल, जैसे- कैंसर नियंत्रण के लिए रेज ऑफ होप और प्लास्टिक समुद्री प्रदूषण से निपटने के लिए एनयूटीईसी प्लास्टिक का स्वागत करता है। एक अन्य भारतीय सांसद जीके वासन ने सामूहिक विनाश के हथियारों (डब्ल्यूएमडी) के प्रसार को रोकने के वैश्विक प्रयासों के प्रति भारत की अटूट प्रतिबद्धता को दोहराया।

नक्सल विरोधी अभियान के दौरान आईईडी विस्फोट में घायल CRPF इंस्पेक्टर बलिदान
झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान गंभीर रूप से घायल हुए सीआरपीएफ के इंस्पेक्टर कौशल कुमार मिश्रा (58) ने बृहस्पतिवार को दिल्ली एम्स में दम तोड़ दिया। वह 20 दिन पहले नक्सलियों की ओर से बिछाई गई आईईडी की चपेट में आ गए थे। एक अधिकारी ने बताया कि 10 अक्तूबर को पश्चिमी सिंहभूम जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान आईईडी विस्फोट में इंस्पेक्टर मिश्रा के बाएं पैर में गंभीर चोटें आई थीं। बिहार के रहने वाले मिश्रा 11 अक्तूबर से एम्स में इलाज करा रहे थे, जहां उन्हें झारखंड से एयरलिफ्ट कर लाया गया था। उन्होंने बताया कि सीआरपीएफ की 60वीं बटालियन के इंस्पेक्टर उत्तरी सारंडा वन क्षेत्र में जवानों के गश्ती दल का नेतृत्व कर रहे थे, तभी आईईडी विस्फोट हुआ। धमाके में कांस्टेबल महेंद्र लस्कर (45) समेत दो अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हो गए थे। इनमें से असम निवासी लस्कर की 11 अक्तूबर को इलाज के दौरान मौत हो गई थी।

केरल: कोर्ट ने उप तहसीलदार को सुनाई सात साल की जेल, 75 हजार रुपये का जुर्माना लगाया
केरल के कोट्टयम की एक सतर्कता अदालत ने एक उप तहसीलदार को रिश्वतखोरी के मामले में सात साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई। सतर्कता और भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो (वीएसीबी) के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। जांच आयुक्त और विशेष जज (सतर्कता) केवी रजनीश ने गुरुवार को किदंगूर के पूर्व ग्राम अधिकारी बिजुमोन पीके को सात साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई और 75 हजार रुपये का जुर्मान भी लगाया। बिजुमोन वर्तमान में पाला में भूमि अधिग्रहण कार्यालय में उप तहसीलदार के पद पर कार्यरत है। 

पश्चिम बंगाल पुलिस में बनेगी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सेल
पश्चिम बंगाल पुलिस जल्द ही अपनी कार्यक्षमता और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए एक विशेष आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) सेल बनाने जा रही है। इस इकाई का नेतृत्व एक अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) स्तर के अधिकारी करेंगे। आदेश के अनुसार, यह सेल एआई तकनीक से जुड़ी नीतियों और परियोजनाओं की निगरानी करेगी।
आईजी, डीआईजी और एसपी रैंक के अधिकारी इसके सदस्य होंगे, जबकि दो तकनीकी विशेषज्ञ इन्हें तकनीकी सहायता देंगे।

एआई सेल का मुख्यालय कोलकाता के भवानी भवन में होगा और यह पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कुमार के अधीन काम करेगी। राज्य सरकार इस परियोजना के लिए वित्तीय और प्रशासनिक सहयोग देगी। हर दो सप्ताह में बैठकें होंगी, जिनमें एआई के प्रयोग, प्रशिक्षण और नीति निर्माण पर चर्चा की जाएगी।

चेन्नई में ईडी ऑफिस को बम से उड़ाने की मिली धमकी
चेन्नई पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि शास्त्री भवन में मौजूद प्रवर्तन निदेशालय कार्यालय में बम रखे जाने का दावा करने वाला एक ईमेल पुलिस महानिदेशक कार्यालय को मिला था और यह एक झूठी खबर निकली। उन्होंने बताया कि बम निरोधक दस्ते (बीडीडीएस) की एक टीम तुरंत एक खोजी कुत्ते के साथ नुंगमबक्कम स्थित ईडी के दक्षिणी क्षेत्रीय कार्यालय पहुंची और परिसर की गहन तलाशी ली गई। मामले में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, यह एक झूठी खबर निकली। फिलहाल पुलिस के अधिकारी मेल भेजने वाले की तलाश में जुट गए हैं।

सम्मानजनक समाधान के लिए सत्ता छोड़ने को तैयार- एनपीएफ विधायक
नगा पीपुल्स फ्रंट (एनपीएफ) के महासचिव और विधायक अचुम्बेमो किकोन ने कहा कि पार्टी नगा राजनीतिक मुद्दे पर सम्मानजनक और स्वीकार्य समाधान के लिए कभी भी सत्ता छोड़ने को तैयार है। उन्होंने कहा कि एनपीएफ ने हमेशा नागा लोगों की आकांक्षाओं के लिए काम किया है, न कि सत्ता के लिए। उन्होंने एनपीएफ और एनडीपीपी के विलय को एक ऐतिहासिक कदम बताया जो नगा एकता को मजबूत करेगा।

किकोन ने पार्टी नेताओं से अनुशासन और एकता बनाए रखने का आग्रह किया और कहा कि 'निर्णय एक बार ले लिया जाए, तो सभी को साथ खड़ा रहना चाहिए।' उन्होंने पार्टी के आदर्श वाक्य 'फाइड नॉन आर्मिस' (विश्वास से, हथियार से नहीं) को दोहराते हुए कहा कि एनपीएफ ने हमेशा लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण रास्ता अपनाया है। समारोह में 400 से अधिक पदाधिकारियों ने शपथ ली।

कर्नाटक में भाजपा का 'किलर कांग्रेस' पोस्टर अभियान शुरू
कर्नाटक में भाजपा ने शुक्रवार को 'किलर कांग्रेस' पोस्टर अभियान की शुरुआत की, आरोप लगाया कि राज्य में कांग्रेस सरकार के आने के बाद से महिलाओं की सुरक्षा खतरे में है। केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे ने कहा कि सरकार बनने के बाद से महिलाओं पर अत्याचार के 1,800 से ज्यादा मामले सामने आए हैं। उन्होंने दावा किया कि कई स्कूली छात्राएं लापता हैं और कई भयावह घटनाएं हुई हैं।

इस पोस्टर में मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार और गृह मंत्री जी. परमेश्वर की तस्वीरें हैं, जिनके पीछे कांग्रेस का हाथ का निशान खून से सना दिखाया गया है। शोभा करंदलाजे ने कहा कि भाजपा ने राष्ट्रीय महिला आयोग से राज्य की स्थिति की समीक्षा करने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा, 'कर्नाटक में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं, और सरकार जवाबदेह है।'
 

सोना चोरी होने का मामला: न्यायिक हिरासत में भेजे गए सबरीमाला मंदिर के पूर्व अधिकारी
सबरीमाला मंदिर से सोना चोरी होने के मामले में एक पूर्व अधिकारी को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। वहीं एक अधिकारी ने बताया कि रन्नी की एक अदालत ने शुक्रवार को सबरीमाला मंदिर से सोना गायब होने के मामले में पूर्व प्रशासनिक अधिकारी बी मुरारी बाबू को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

विशेष जांच दल (एसआईटी) ने त्रावणकोर देवस्वोम बोर्ड (टीडीबी) के अधिकारी को दोपहर में न्यायिक प्रथम श्रेणी मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया। इससे पहले, अदालत ने एसआईटी को पूछताछ के लिए चार दिनों की हिरासत में भेज दिया था। अदालत द्वारा यह पूछे जाने पर कि क्या उनकी कोई शिकायत है, बाबू ने कहा कि उन्हें कोई शिकायत नहीं है। एक अधिकारी ने बताया कि बाद में उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया और तिरुवनंतपुरम विशेष जेल भेज दिया गया।

इस बीच, एसआईटी ने तिरुवनंतपुरम स्थित अपराध शाखा कार्यालय में सबरीमाला के पूर्व कार्यकारी अधिकारी डी सुधीश कुमार से पूछताछ की। सूत्रों ने बताया कि मामले में आरोपी सुधीश कुमार को नोटिस जारी होने के बाद पूछताछ के लिए पेश किया गया। उन पर इस तथ्य को छिपाने का आरोप है कि द्वारपालक (संरक्षक देवता) की मूर्तियों और चौखटों पर सोने की परत चढ़ी हुई थी और इसके बजाय उन्हें आधिकारिक अभिलेखों में ताम्रपत्र के रूप में दर्ज किया गया था।

जादू-टोना करने के शक में बुजुर्ग महिला की हत्या, तीन गिरफ्तार
पश्चिम त्रिपुरा जिले के एक गांव में जादू-टोना करने के शक में एक 63 साल की आदिवासी महिला की हत्या कर दी गई। पुलिस ने महिला की हत्या के आरोप में बृहस्पतिवार को तीन लोगों को गिरफ्तार किया। सिधाई पुलिस स्टेशन के अधिकारी अजीत कुमार चकमा ने बताया कि नंदारानी देबबर्मा का शव 26 अक्तूबर को अभिचरण गांव के एक जंगल से खुदाई करके निकाला गया।

शुरुआती जांच के अनुसार, कुछ स्थानीय लोगों को शक था कि नंदारानी के जादू-टोने के कारण गांव के दो परिवार बीमार पड़ रहे थे। पुलिस ने बताया कि लोगों के एक समूह ने नंदारानी पर हमला किया, उन्हें पीट-पीटकर मार डाला और शव को एक खिड़की से बांध दिया। सबूत मिटाने के लिए शव को जंगल में दफनाया गया था। गिरफ्तार किए गए लोगों से पूछताछ जारी है।

NHRC ने रेलवे से स्टेशन मास्टरों के 'शोषण' की जांच करने को कहा
एक सेवानिवृत्त रेलवे कर्मचारी की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए, एनएचआरसी ने रेलवे बोर्ड को स्टेशन मास्टरों के खिलाफ व्यवस्थित शोषण और अनुचित श्रम प्रथाओं के आरोपों की जांच करने का निर्देश दिया है - खासकर मध्य क्षेत्र में।

मानवाधिकार निकाय ने 27 अक्तूबर को रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष और मुख्य श्रम आयुक्त को नोटिस जारी कर चार सप्ताह के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है। आयोग को दी गई अपनी शिकायत में, सेवानिवृत्त स्टेशन मास्टर वीरेंद्र कुमार पालीवाल ने आरोप लगाया कि स्टेशन मास्टरों को महत्वपूर्ण सुरक्षा कर्तव्यों के लिए बिना वेतन के ओवरटाइम काम करने के लिए मजबूर किया जाता है, उन्हें पर्याप्त आराम के बिना अत्यधिक काम के घंटे दिए जाते हैं और लगातार रात की ड्यूटी करने के लिए मजबूर किया जाता है। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने एक आदेश में कहा, 'शिकायत में लगाए गए आरोप प्रथम दृष्टया पीड़ितों के मानवाधिकारों का उल्लंघन प्रतीत होते हैं।' आयोग ने आगे कहा कि ये प्रथाएं 'संवैधानिक अधिकारों और श्रम कानूनों का उल्लंघन' करती हैं, जिससे कर्मचारियों का स्वास्थ्य बिगड़ता है और रेलवे परिचालन में सुरक्षा जोखिम बढ़ता है।

आयोग ने कहा, 'शिकायतकर्ता ने अधिकारियों से इन अनुचित प्रथाओं की जांच करने और उन्हें रोकने, उचित मुआवजा सुनिश्चित करने और स्टेशन मास्टरों के अधिकारों और सम्मान को बनाए रखने का आग्रह किया है।' एनएचआरसी ने अपने आदेश के साथ पालीवाल की शिकायत की एक प्रति भी संलग्न की है, जिसमें यात्रियों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा करने वाली अनुचित प्रथाओं का आरोप लगाया गया है।

तृणमूल कांग्रेस का बूथवार हेल्प डेस्क अभियान
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) 4 नवंबर से 4 दिसंबर तक हर बूथ पर हेल्प डेस्क लगाएगी। पार्टी नेता अभिषेक बनर्जी ने कहा कि भाजपा के निर्देश पर 'मौन अदृश्य हेराफेरी' (एसआईआर) शुरू किया गया है, जिससे डर का माहौल बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कई क्षेत्रों में असली मतदाताओं के नाम गायब हैं और पार्टी संसद, सड़क और अदालत, तीनों जगह विरोध जारी रखेगी।

नाबालिग से छेड़छाड़ के दोषी को पांच साल की सजा
मेघालय के ईस्ट खासी हिल्स जिले की एक अदालत ने एक व्यक्ति को नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ के मामले में पांच साल की कठोर सजा सुनाई है। विशेष न्यायाधीश एम. एल. लिंगदोह ने दोषी बनाइबोरलांग मावा पर 20,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया। यह घटना 2013 में सोहरा इलाके में हुई थी।

झरिया कोयला क्षेत्र में आग की निगरानी करेगा इसरो
इसरो ने भारत कोकिंग कोल लिमिटेड और सेंट्रल माइन प्लानिंग एंड डिजाइन इंस्टीट्यूट के साथ समझौता किया है। इसका उद्देश्य झारखंड के झरिया कोयला क्षेत्र में कोयला आग और जमीन धंसाव की निगरानी करना है। इसरो की रिमोट सेंसिंग तकनीक और एआई आधारित उपग्रह डाटा से हर तिमाही आग का नक्शा तैयार किया जाएगा, जिससे कोयला मंत्रालय की योजना को लागू करने में मदद मिलेगी।

शिवालिक-श्रेणी के युद्धपोत के साथ गुआम में मालाबार नौसैनिक अभ्यास में शामिल होगा भारत
भारत आगामी मालाबार नौसैनिक अभ्यास में अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के साथ भाग लेगा। भारतीय नौसेना ने शुक्रवार को बताया कि अभ्यास में शिवालिक-श्रेणी का एक स्टील्थ युद्धपोत तैनात किया जाएगा। यह अभ्यास नवंबर में अमेरिका के गुआम में होगा। मालाबार अभ्यास क्वाड देशों (भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया) के बीच परिचालन तालमेल को मजबूत करने की दिशा में एक कदम है। गौरतलब है कि, गुआम पश्चिमी प्रशांत महासागर में स्थित एक महत्वपूर्ण समुद्री केंद्र है। मालाबार अभ्यास मूल रूप से भारत और अमेरिका के बीच एक द्विपक्षीय अभ्यास था, लेकिन अब इसमें सभी चार क्वाड साझेदार शामिल हैं। ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीस ने हाल में पुष्टि की थी कि अगले साल की पहली तिमाही में प्रधानमंत्री मोदी क्वाड बैठक की मेजबानी करेंगे।

गौरव गोगोई 100 फीसदी पाकिस्तानी एजेंट- हिमंत
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने शुक्रवार को कांग्रेस सांसद और प्रदेश अध्यक्ष गौरव गोगोई पर पाकिस्तानी एजेंट होने का गंभीर आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने उन्हें 100 फीसदी पाकिस्तानी एजेंट करार दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह विदेशी शक्ति के जरिये हमारे देश में भेजे गए हैं। सरमा और भाजपा लंबे समय से गोगोई की ब्रिटिश पत्नी के जरिये उनका संबंध पाकिस्तान से जोड़ते रहे हैं। हालांकि, कांग्रेस नेता ने हमेशा इसे खारिज किया है। गोगोई ने पहले भी सीएम के आरोपों को सी-ग्रेड बॉलीवुड फिल्म बता चुके हैं। सरमा ने कहा कि वह सिंगापुर में गायक जुबीन गर्ग की मौत के मामले की जांच पूरी होने के बाद गोगोई के खिलाफ सबूत पेश करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह अभी प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं करेंगे, ताकि कोई यह न कह सके कि जुबीन गर्ग मामले से ध्यान भटकाया जा रहा है।

कर्नाटक: भाजपा नेता के बेटे का दोस्तों सहित टोल बूथ कर्मचारी पर हमले का वीडियो वायरल
कर्नाटक में एक भाजपा नेता के बेटे और उसके दोस्तों का टोल बूथ कर्मचारी पर हमले का वीडियो खासा वायरल हो गया। इसमें विजयपुरा-कलबुर्गी राजमार्ग पर टोल बूथ पर टोल का भुगतान के लिए कहने पर भाजपा नेता विजुगौड़ा पाटिल के बेटे समर्थ गौड़ा दोस्तों संग एक कर्मचारी के साथ मारपीट और गाली-गलौज करते हुए देखे गए। पुलिस से शुक्रवार को मिली जानकारी के मुताबिक, बृहस्पतिवार को कन्नोली में हुई यह वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। समर्थ गौड़ा और उनके दोस्त कार में विजयपुरा से सिंदगी जा रहे थे। इस दौरान उनकी कार को टोल बूथ पर रोका गया और टोल देने के लिए कहा गया। इस पर उन्होंने कर्मचारी से कहा, क्या आप जानते हैं कि मैं कौन हूं? मैं भाजपा नेता विजुगौड़ा पाटिल का बेटा हूं। इस पर कर्मचारी ने पूछा, कौन विजुगौड़ा? तो समर्थ ने अपने उसके दोस्तों ने साथ उस कर्मचारी के साथ मारपीट और गाली-गलौज की। इस दौरान मामले को बिगड़ने से रोकने के लिए अन्य टोल बूथ कर्मचारियों ने दखल दिया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, टोल कर्मचारी संगप्पा घायल हो गए और उन्हें सिंदगी तालुक अस्पताल ले जाया गया। इस संबंध में टोल कर्मचारियों से अभी तक कोई शिकायत नहीं दी है।

कर्नाटक सरकार ने केंद्र से उद्योगों के लिए प्रशिक्षुता कोटा बढ़ाने की मांग की
कर्नाटक सरकार ने शुक्रवार को केंद्र से उद्योगों के लिए प्रशिक्षुता की सीमा बढ़ाने का आग्रह किया, जिसे हाल ही में केंद्रीय प्रशिक्षु परिषद द्वारा कम कर दिया गया था। कौशल विकास, उद्यमिता और चिकित्सा शिक्षा मंत्री शरण प्रकाश पाटिल ने कहा कि इस सीमा को बढ़ाने से उद्योगों और इच्छुक युवाओं, दोनों को ही रोजगार और प्रशिक्षण के अधिक अवसर पैदा होने से लाभ होगा।

बंगलूरू से लगभग 40 किलोमीटर दूर, टोयोटा किर्लोस्कर मोटर (टीकेएम) के बिदादी संयंत्र में आयोजित तकनीकी प्रशिक्षु प्रशिक्षण कार्यक्रम (टीआईटीपी) में बोलते हुए, शरण प्रकाश पाटिल ने कार्यक्रम में उपस्थित कौशल विकास एवं उद्यमिता विभाग की अतिरिक्त सचिव सोनल मिश्रा से वर्तमान नियम में संशोधन पर विचार करने का आग्रह किया। मंत्री कार्यालय के एक बयान के अनुसार, उद्योगों को वर्तमान में अपने कुल कार्यबल के केवल 15 प्रतिशत तक प्रशिक्षुओं को नियुक्त करने की अनुमति है। बयान में कहा गया है कि इस सीमा को बढ़ाने से उद्योग कौशल विकास में अधिक प्रभावी ढंग से योगदान दे सकेंगे और साथ ही युवाओं के लिए अवसरों का विस्तार भी होगा। सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए, सोनल मिश्रा ने आश्वासन दिया कि कर्नाटक का प्रस्ताव जल्द ही केंद्रीय प्रशिक्षु परिषद के समक्ष विचारार्थ रखा जाएगा।

इस अवसर पर, शरण प्रकाश पाटिल ने कंपनी के ग्लोबल स्किल-अप ट्रेनिंग (जीएसटी) कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षित 100 टोयोटा कौशल्या प्रशिक्षुओं को जापान के लिए रवाना किया और इसे कर्नाटक के युवाओं के लिए ग्रामीण से वैश्विक अवसर बताया। बयान में कहा गया है कि ग्रामीण कर्नाटक के आर्थिक रूप से वंचित परिवारों से चुने गए प्रशिक्षुओं ने टीकेएम के बिदादी संयंत्र में तीन साल का उन्नत प्रशिक्षण लिया।

टोयोटा किर्लोस्कर मोटर के कार्यकारी उपाध्यक्ष बी पद्मनाभ और जी शंकर ने कहा, 'ये 100 प्रशिक्षु अब एक महीने के कक्षा कार्यक्रम के बाद, जापान में टोयोटा के आइची विनिर्माण संयंत्र में 10 महीने का ऑन-द-जॉब प्रशिक्षण लेंगे। यह पहल न केवल उनकी तकनीकी विशेषज्ञता को निखारेगी, बल्कि उन्हें वैश्विक मूल्यों और व्यावसायिकता को अपनाने में भी मदद करेगी।' बयान में कहा गया है कि भारत-जापान तकनीकी प्रशिक्षु प्रशिक्षण कार्यक्रम (टीआईटीपी) के साथ संयुक्त जीएसटी कार्यक्रम का उद्देश्य तकनीकी कौशल, सांस्कृतिक समझ और व्यक्तिगत विकास को मिलाकर समग्र विकास को बढ़ावा देना है।

ईडी की कार्रवाई पर कार्ति चिदंबरम को झटका
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को बड़ी राहत मिली है क्योंकि पीएमएलए अपीलीय न्यायाधिकरण ने कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम की संपत्तियों की जब्ती को बरकरार रखा है। यह मामला 2018 में जारी की गई अस्थायी जब्ती आदेश से जुड़ा है, जो आईएनएक्स मीडिया मनी लॉन्ड्रिंग केस से संबंधित है। ईडी ने कार्ति की दिल्ली के जोरबाग स्थित फ्लैट का एक हिस्सा और चेन्नई स्थित बैंक में जमा कुछ करोड़ रुपये की राशि जब्त की थी। कार्ति ने 2019 में इस आदेश को चुनौती दी थी, यह कहते हुए कि एजेंसी ने तय समय यानी 365 दिनों के भीतर चार्जशीट दाखिल नहीं की।

न्यायाधिकरण ने कहा कि कोविड-19 महामारी जैसी असाधारण परिस्थितियों ने जांच की गति को प्रभावित किया था, इसलिए ईडी की कार्रवाई वैध है। कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि संपत्ति का कब्जा केवल विशेष परिस्थितियों में ही लिया जा सकता है। इस आदेश से कार्ति को बड़ा झटका लगा है, जबकि ईडी की जांच को कानूनी समर्थन मिला है।
 

तेलंगाना में सीपीआई (एम) नेता की हत्या, पुलिस जांच में जुटी
तेलंगाना के खम्मम जिले में सीपीआई (एम) नेता सामिनेनी रामाराव की शुक्रवार को हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, 70 वर्षीय रामाराव पर उनके घर के पास अज्ञात हमलावरों ने चाकू से हमला किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद आरोपी फरार हो गए। तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्का ने हत्या पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए परिवार के प्रति संवेदना जताई और पुलिस को जल्द से जल्द दोषियों को पकड़ने के निर्देश दिए। वहीं खम्मम के पुलिस आयुक्त सुनील दत्त ने मौके पर पहुंचकर जांच का निरीक्षण किया। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में एक व्यक्ति के शामिल होने की आशंका है। फिलहाल, हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए जांच सभी पहलुओं से की जा रही है।

सबरीमला तीर्थयात्रा: वर्चुअल कतार बुकिंग 1 नवंबर से शुरू
सबरीमला मंदिर में आगामी मंडला-मकरविलक्कू तीर्थयात्रा सीजन के लिए भक्तों की वर्चुअल कतार बुकिंग 1 नवंबर शाम 5 बजे से शुरू होगी। त्रावणकोर देवस्वम बोर्ड (टीडीबी) के अनुसार, श्रद्धालु वेबसाइट sabarimalaonline.org पर प्रतिदिन अधिकतम 70,000 स्लॉट बुक कर सकेंगे। इसके अलावा, वंदिपेरियार, एरुमेली, निलक्कल और पंबा में ऑन-द-स्पॉट बुकिंग केंद्र भी रहेंगे, जहां रोज 20,000 भक्त दर्शन कर सकेंगे।

इस बार तीर्थयात्रियों के लिए दुर्घटना बीमा योजना पूरे केरल में लागू की गई है। किसी भी दुर्घटना में अब पांच लाख रुपये तक का बीमा मिलेगा। प्राकृतिक कारणों से हुई मृत्यु पर भी तीन लाख रुपये की राहत राशि दी जाएगी। टीडीबी ने बताया कि वर्चुअल कतार आईडी बीमा लाभ पाने के लिए प्रमाण के रूप में मान्य होगी।
विज्ञापन

तिरुपति चिड़ियाघर में रेड-नेक्ड वालाबी की बीमारी से मौत
श्री वेंकटेश्वरा प्राणि उद्यान (एसवीजेडपी) में लाया गया एक नर रेड-नेक्ड वालाबी (कंगारू प्रजाति) बीमारी के कारण मर गया। चिड़ियाघर अधिकारियों ने बताया कि पशु को गुरुवार सुबह बीमार पाया गया था और पशु चिकित्सकों ने तुरंत इलाज शुरू किया, लेकिन रात तक उसकी हालत बिगड़ गई।

आपातकालीन इलाज और सीपीआर के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका। पोस्टमार्टम में टॉक्सोप्लाज्मोसिस संक्रमण को मौत का कारण बताया गया, जो टोकसोपलसमा गोंदी नाम के परजीवी से फैलता है। यह वालाबी गुजरात के राधे कृष्ण टेंपल एलिफेंट वेलफेयर ट्रस्ट द्वारा दान किए गए जोड़े में से एक था। बाकी जानवर, जिनमें एक मादा वालाबी, मीरकैट्स और मर्मोसेट शामिल हैं, फिलहाल स्वस्थ हैं और निगरानी में रखे गए हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें