फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: दहेज में सोने के सिक्के न लाने को लेकर प्रताड़ित महिला ने की खुदकुशी; ओडिशा में भूस्खलन, तीन की मौत

Wed, 02 Jul 2025 01:00 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

तमिलनाडु में दहेज में 300 सोने के सिक्के न लाने पर ससुरालियों के उत्पीड़न से परेशान विवाहिता ने खुदकुशी कर ली। उसकी शादी ढाई महीने पहले हुई थी। कीटनाशक पीकर आत्महत्या करने से ठीक पहले महिला रिथान्या ने अपने पिता को भेजे एक ऑडियो संदेश में आरोप लगाया कि उसके पति कविन कुमार ने उसे शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया। उसके ससुर ईश्वरमूर्ति और सास चित्रादेवी ने उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया।

विज्ञापन


पीड़िता के पिता ने आरोप लगाया कि उसके पति और ससुराल वालों ने दहेज की मांग की और शादी के लगभग 15 दिन बाद ही समस्याएं शुरू हो गईं। उसके ससुराल वालों ने उसे परेशान किया और कहा कि उसके पिता ने 300-500 सोने के सिक्के देने का आश्वासन दिया था, लेकिन वह कम लेकर आई थी। 28 जून को महिला ने तिरुपुर के अविनाशी से करीब 12 किलोमीटर दूर सेवुर के पास चेट्टीपुदुर में सड़क किनारे अपनी कार खड़ी की और जहर खा लिया। पुलिस ने बताया कि स्थानीय लोगों ने कार को काफी देर तक खड़ी देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने महिला के पति और उसके माता-पिता को गिरफ्तार कर लिया गया और राजस्व प्रभागीय अधिकारी ने मौत की जांच शुरू कर दी।

ओडिशा में भूस्खलन, तीन की मौत
ओडिशा के क्योंझर जिले में एक खदान से अवैध रूप से मैंगनीज निकालने के दौरान भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन में तीन लोगों की मौत हो गई। जोडा पुलिस सीमा के अंतर्गत बिचकुंडी दलपहाड़ के पास एक मैंगनीज खदान में मंगलवार को कुछ लोग अवैध रूप से खनिज निकाल रहे थे। पश्चिमी रेंज के डीआईजी बृजेश कुमार राय ने कहा कि एक शव सुबह करीब दो बजे और दो शव तड़के बरामद किए गए। सभी शवों को टाटा अस्पताल ले जाया गया और अब तीनों शव टाटा मुर्दाघर में हैं। पुलिस ने बताया कि तीनों जब बैतरणी रिजर्व वन क्षेत्र में स्थित एक खदान में अवैध रूप से मैंगनीज निकाल रहे थे, तभी ढीली मिट्टी का एक हिस्सा ढह गया। मृतकों की पहचान संदीप पुरती (32), कांडे मुंडा (19) और गुरु चंपिया (18) के रूप में हुई है। सभी क्योंझर जिले के जोड़ा थाना क्षेत्र के बिचकुंडी के निवासी हैं।

सुरक्षा बलों ने चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया

विज्ञापन

सुरक्षा बलों ने इंफाल पश्चिम और पूर्वी जिले से एक प्रतिबंधित संगठन के शीर्ष नेता सहित चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया। ज़ेलियानग्रोंग यूनाइटेड फ्रंट (जे) के स्वयंभू उप प्रमुख नामगकलुंग कामेई उर्फ नवंबर (42) को मंगलवार को इंफाल पश्चिम जिले के केकरुपट के आसपास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि उसके पास से एक 9 एमएम पिस्तौल और एक मैगजीन बरामद की गई। केवाईकेएल (सोरेपा) के एक सक्रिय कैडर को मंगलवार को इंफाल पूर्वी जिले के एंड्रो खुमान से गिरफ्तार किया गया। सुरक्षा बलों ने इंफाल पूर्वी जिले के खुरई चैथाबी लीराक से केसीपी (पीडब्ल्यूजी) के एक सक्रिय कैडर को गिरफ्तार किया। केसीपी (अपुनबा) के एक अन्य सक्रिय कैडर को इंफाल पूर्वी जिले के खुरई कोंगखम लेईकाई से गिरफ्तार किया गया। राज्य में जबरन वसूली और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों को पकड़ने के लिए खुफिया जानकारी के आधार पर तलाशी अभियान और घेराबंदी अभियान बड़े पैमाने पर चलाए जा रहे हैं। वहीं कांगपोकपी जिले के नेपाली खुट्टी में एक अभियान के दौरान तीन बोल्ट एक्शन राइफलें, चार सिंगल बैरल राइफलें, दो पुल मैकेनिज्म राइफलें, छह मोर्टार, एक ओपन बोर पिस्तौल, तीन सफेद फास्फोरस ग्रेनेड, गोला-बारूद और आंसू गैस के गोले जब्त किए गए। 

सीईसी में हितों के टकराव की आशंका, पूर्व नौकरशाहों ने सीजेआई को लिखा पत्र
पूर्व नौकरशाहों के एक समूह ने भारत के मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखकर दावा किया है कि सुप्रीम कोर्ट की ओर से नियुक्त केंद्रीय अधिकार प्राप्त समिति (सीईसी) में हितों का टकराव वन संरक्षण अधिनियम, 2023 को चुनौती देने वाले मामलों के नतीजों को प्रभावित कर सकता है। पत्र लिखने वालों में पूर्व सचिव, राजदूत, पुलिस प्रमुख और वन अधिकारी समेत 60 पूर्व अधिकारी शामिल हैं। उन्होंने 30 जून को लिखे अपने खुले पत्र में कहा कि चार सदस्यीय सीईसी में वर्तमान में भारतीय वन सेवा के तीन पूर्व अधिकारी और एक सेवानिवृत्त वैज्ञानिक शामिल हैं, जिन्होंने कई वर्षों तक पर्यावरण मंत्रालय के साथ भी काम किया है। उन्होंने कहा कि समिति में कोई स्वतंत्र विशेषज्ञ नहीं हैं।

पत्र में कहा गया कि सीईसी के दो सदस्य हाल ही में पर्यावरण मंत्रालय में वन महानिदेशक और विशेष सचिव के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय में शीर्ष पदों पर रह चुके अधिकारियों से बनी सीईसी से सुप्रीम कोर्ट को स्वतंत्र सलाह मिलने की उम्मीद नहीं की जा सकती, खासकर जब यह सलाह सरकारी सेवा के दौरान दी गई सलाह से अलग हो।

तमिलनाडु : हिरासत में मौत मामला स्टालिन ने सीबीआई जांच की सिफारिश की
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने मंगलवार को शिवगंगा में हिरासत में हुई एक व्यक्ति (29) की मौत की जांच सीबीआई को सौंपने की सिफारिश की। विपक्षी दल इस मुद्दे पर द्रमुक सरकार पर निशाना साधते हुए सीबीआई से मामले की जांच कराने की मांग कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें यह जानकर दुख हुआ कि पूछताछ के लिए हिरासत में लिए गए अजीत कुमार की तिरुप्पुवनम में रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई। इस तरह की घटना अनुचित है और इसे माफ नहीं किया जा सकता। शुरुआत में छह पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया था, लेकिन बाद में पांच को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि जिला एसपी को अनिवार्य प्रतीक्षा पर रखा गया है, जबकि एक डीएसपी को निलंबित कर दिया गया है। गृह विभाग के एक पत्र के मुताबिक, शिवगंगा के एसपी आशीष रावत को पुलिस महानिदेशक-एचओपीएफ (पुलिस बल प्रमुख) के चेन्नई के कार्यालय में अनिवार्य प्रतीक्षा पर रखा गया है।

जयंत खोब्रागड़े बने स्पेन में भारत के नए राजदूत
वरिष्ठ राजनयिक जयंत खोब्रागड़े को मंगलवार को स्पेन में भारत का अगला राजदूत नियुक्त किया गया। 1995 बैच के आईएफएस अधिकारी खोब्रागड़े वर्तमान में आसियान (एसिआन) में भारत के राजदूत हैं। वे दिनेश के. पटनायक का स्थान लेंगे, जो कनाडा में भारत के नए उच्चायुक्त नियुक्त किए गए हैं। इस नियुक्ति के साथ ही खोब्रागड़े ने अपने राजनयिक कॅरिअर में एक और महत्वपूर्ण पद संभाला है।

हवा में 900 फीट नीचे आया एअर इंडिया का विमान
अहमदाबाद में 12 जून को एअर इंडिया का विमान दुर्घटनाग्रस्त होने के महज दो दिन बाद ही वियना से दिल्ली आ रहा कंपनी का विमान बीच उड़ान में अचानक 900 फीट नीचे आ गया। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय घटना की जांच कर रहा है। एअर इंडिया के एक प्रवक्ता ने घटना की पुष्टि की और कहा कि उड़ान में शामिल रहे दोनों पायलटों को सक्रिय ड्यूटी से हटा दिया गया है। उन्हें जांच पूरी होने के बाद ही विमान उड़ाने की इजाजत दी जाएगी। प्रवक्ता ने बताया कि घटना की जानकारी तत्काल ही डीजीसीए को दे दी गई थी। प्रवक्ता ने कहा, पायलटों से घटना की सूचना मिलते ही नियमों का पालन करते हुए इसके बारे में डीजीसीए को जानकारी दी गई। इसके बाद विमान के रिकॉर्डर का डाटा हासिल कर आगे की जांच शुरू की गई। इससे पहले डीजीसीए के सुरक्षा ऑडिट में इस बात का खुलासा हो चुका है कि एअर इंडिया के विमानों के बेड़े में रखरखाव और सुधार में गंभीर खामियां हैं। अहमदाबाद घटना के बाद से कंपनी की कई उड़ानों में तकनीकी खामी के कारण आपात स्थिति में उतारना पड़ा या उड़ान रद्द करनी पड़ी।

डेढ़ करोड़ ग्रामीण परिवारों तक पहुंचेगा सब्सिडी वाला ब्रॉडबैंड
दूरसंचार राज्य मंत्री चंद्रशेखर पेम्मासानी ने मंगलवार को कहा कि भारतनेट चरण 3 योजना के तहत 1.5 करोड़ ग्रामीण परिवारों को सब्सिडी वाला ब्रॉडबैंड उपलब्ध कराया जाएगा। इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2025 के लिए रोड शो में पेम्मासानी ने कहा, भारतनेट दुनिया की सबसे बड़ी ग्रामीण ब्रॉडबैंड परियोजना है। इसने पहले ही 2.18 लाख से अधिक ग्राम पंचायतों को हाई स्पीड ऑप्टिकल फाइबर से जोड़ दिया है। उन्होंने कहा, भारतनेट चरण 3 के तहत अतिरिक्त 40 हजार ग्राम पंचायतों को जोड़ने, मौजूदा 2.18 लाख गांवों के कनेक्शनों को बनाए रखने और 1.5 करोड़ ग्रामीण परिवारों तक सब्सिडी वाले ब्रॉडबैंड की पहुंच बढ़ाने के लिए 1.4 लाख करोड़ रुपये का निवेश कर रहे हैं। मंत्री ने बताया कि भारत ने डेटा को सुलभ और सस्ता बनाया है। डिजिटल क्रांति का लोकतंत्रीकरण किया है, जिससे लाखों लोगों को जुड़ने, बनाने और योगदान करने का मौका मिला है। उन्होंने कहा, दुनिया का सबसे तेज 5जी नेटवर्क की शुरुआत भारत में ही हुई।

ओडिशा में भ्रष्टाचार के आरोप में वरिष्ठ अधिकारी गिरफ्तार
ओडिशा सतर्कता विभाग ने भुवनेश्वर में मृदा संरक्षण एवं जलग्रहण विकास विभाग के संयुक्त निदेशक दयानिधि बाग को आय से अधिक संपत्ति रखने के आरोप में गिरफ्तार किया है। मंगलवार को उनके ठिकानों पर छापेमारी के दौरान दो इमारतें, एक फ्लैट और 84 एकड़ जमीन के दस्तावेज, 312 ग्राम सोना, 58 लाख रुपये से अधिक की बैंक जमा राशि, एक बेनामी कार आदि सहित आय से अधिक संपत्ति मिली। उन्हें भवानीपटना में सतर्कता विभाग के विशेष न्यायाधीश की अदालत में भेजा जाएगा। विजिलेंस के एक अधिकारी ने बताया कि बाग के खिलाफ कोरापुट विजिलेंस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। बाग रायगडा में वाटरशेड विभाग के पूर्व परियोजना निदेशक (पीडी) थे। इस साल 22 मई को भ्रष्टाचार निरोधक विभाग ने रायगडा में वाटरशेड विभाग के परियोजना निदेशक के कार्यालय के चार अधिकारियों को मनरेगा के तहत रायगडा जिले के काशीपुर ब्लॉक के विभिन्न गांवों में 23 तालाबों की खुदाई किए बिना 20 लाख रुपये के सरकारी धन का कथित रूप से गबन करने के आरोप में गिरफ्तार किया था। उन्होंने बताया कि तब से रायगडा में वाटरशेड विभाग के पूर्व परियोजना निदेशक सतर्कता विभाग की जांच के दायरे में थे।
विज्ञापन

उड़ान के दौरान हवा से ढीला हुआ विमान की खिड़की का कॉस्मेटिक विंडो फ्रेम: प्रवक्ता
स्पाइसजेट के एक क्यू400 विमान की उड़ान के दौरान एक खिड़की का कॉस्मेटिक विंडो फ्रेम ढीला हो गया और उड़ान के दौरान अलग पाया गया। यह सिर्फ एक बाहरी सजावट का हिस्सा था, जिसे खिड़की पर छाया देने के उद्देश्य से लगाया गया था। इसका विमान की संरचना या सुरक्षा पर कोई असर नहीं पड़ा। स्पाइसजेट के एक प्रवक्ता ने यह जानकारी दी। 

प्रवक्ता ने बताया कि पूरी उड़ान के दौरान केबिन का दबाव सामान्य बना रहा और यात्रियों की सुरक्षा को कोई खतरा नहीं हुआ। क्यू400 विमान की खिड़कियों के शीशे कई परतों वाले होते हैं, जिनमें एक मजबूत और दबाव सहन करने वाला बाहरी शीशा भी शामिल होती है। इसलिए, अगर किसी सतही या सजावटी हिस्से में कोई कमी आती भी है, तब भी यात्रियों की सुरक्षा को कोई खतरा नहीं होता। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें