पश्चिम बंगाल में अन्नपूर्णा भंडार योजना के रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को लेकर तृणमूल कांग्रेस नेता कुनाल घोष ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले इस तरह की किसी जटिल प्रक्रिया का जिक्र नहीं किया गया था। कुनाल घोष ने आरोप लगाया कि अब लाभार्थियों से पूरे परिवार की विस्तृत जानकारी मांगी जा रही है, जिससे कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले घर-घर जाकर फॉर्म बांटे गए थे, जिससे प्रक्रिया को लेकर भ्रम की स्थिति बन रही है।
केरल में अम्यूजमेंट पार्क हादसा
केरल के तिरुवनंतपुरम के पास वेंबायम स्थित एक अम्यूजमेंट पार्क में बड़ा हादसा हुआ। जायंट व्हील राइड अचानक टूटकर गिर गई, जिससे दो बच्चों समेत कुल पांच लोग घायल हो गए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि राइड के वेल्डिंग जॉइंट्स और मेटल स्ट्रक्चर में खराबी के कारण यह दुर्घटना हुई। पुलिस और फायर एंड रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुजरात में राहत: इबोला संदिग्ध रिपोर्ट नेगेटिव
गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल पनसेरिया ने जानकारी दी कि कांगो से आए संदिग्ध इबोला मरीज की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें। स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और घबराने की कोई जरूरत नहीं है।
भारत-चीन सीमा मुद्दों पर बीजिंग में हुई अहम बैठक
भारत-चीन सीमा मामलों पर परामर्श और समन्वय के लिए गठित कार्य तंत्र (WMCC) की 35वीं बैठक 27 मई 2026 को बीजिंग में आयोजित हुई। विदेश मंत्रालय (MEA) के अनुसार, भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व संयुक्त सचिव (पूर्वी एशिया) सुजीत घोष ने किया, जबकि चीनी प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई चीन के विदेश मंत्रालय के सीमा एवं समुद्री मामलों के विभाग की महानिदेशक हौ यानकी ने की। बैठक में दोनों पक्षों ने भारत-चीन सीमा क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। WMCC तंत्र के तहत दोनों देश सीमा क्षेत्रों में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए नियमित संवाद करते हैं।
गोवा क्लब अग्निकांड मामले में ईडी की बड़ी कार्रवाई
प्रवर्तन निदेशालय ने गोवा के चर्चित बर्च बाय रोमियो लेन नाइटक्लब अग्निकांड मामले में 11 करोड़ रुपये से अधिक की नई संपत्तियां अटैच की हैं। यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत की गई है। दिसंबर 2025 में उत्तर गोवा के अर्पोरा इलाके स्थित इस नाइटक्लब में भीषण आग लगने से 25 लोगों की मौत हो गई थी। ईडी ने बताया कि ताजा कार्रवाई के बाद अब तक कुल 29.05 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच या फ्रीज की जा चुकी हैं। एजेंसी इस मामले में वित्तीय लेनदेन और कथित अनियमितताओं की जांच कर रही है। हादसे के बाद सुरक्षा मानकों को लेकर भी गंभीर सवाल उठे थे।
ओडिशा में वेदांता के एक लाख करोड़ के प्रोजेक्ट पर हर 15 दिन में होगी समीक्षा
ओडिशा सरकार ने वेदांता समूह की एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की निवेश परियोजनाओं की हर 15 दिन में समीक्षा करने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने वेदांता चेयरमैन अनिल अग्रवाल के साथ बैठक में कहा कि राज्य सरकार परियोजनाओं को तय समय पर शुरू कराने के लिए लगातार निगरानी करेगी। सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं से ओडिशा को 2036 तक 500 अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने में मदद मिलेगी। कंपनी ने रायगड़ा में एल्युमिना रिफाइनरी, ढेंकानाल में एल्युमिनियम स्मेल्टर और 6000 मेगावाट बिजली संयंत्र लगाने का प्रस्ताव दिया है। इसके अलावा एल्युमिनियम पार्क और खनन परियोजनाएं भी शुरू की जाएंगी। सरकार ने कई परियोजनाओं के लिए जमीन आवंटित कर दी है। अनिल अग्रवाल ने कहा कि इन निवेशों से लाखों रोजगार पैदा होंगे और ओडिशा देश का बड़ा औद्योगिक केंद्र बनकर उभरेगा।
सुप्रीम कोर्ट में चार चीफ जस्टिस और एक वरिष्ठ वकील की एंट्री तय
सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने देश के चार हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीशों और एक वरिष्ठ महिला वकील को शीर्ष अदालत का जज बनाने की सिफारिश की है। कॉलेजियम ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस शील नागू, बॉम्बे हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस चंद्रशेखर, मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस संजीव सचदेवा, जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस अरुण पल्ली और वरिष्ठ वकील वी मोहना के नाम केंद्र सरकार को भेजे हैं। मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाले कॉलेजियम ने 22 और 27 मई की बैठकों में यह फैसला लिया। सुप्रीम कोर्ट में फिलहाल छह पद खाली हैं। हाल ही में न्यायाधीशों की संख्या बढ़ाने के लिए संशोधन अध्यादेश लागू किया गया था। वी मोहना की नियुक्ति से शीर्ष अदालत में महिलाओं का प्रतिनिधित्व और मजबूत होगा।
स्वास्थ्य पर सरकारी खर्च तीन गुना बढ़ा, इलाज का बोझ घटा
केंद्र सरकार ने पिछले एक दशक में स्वास्थ्य सेवाओं पर खर्च में बड़ी बढ़ोतरी की है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य खाते की रिपोर्ट के मुताबिक, सरकारी स्वास्थ्य खर्च 2013-14 के 1.30 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 2022-23 में 3.85 लाख करोड़ रुपये हो गया। जीडीपी में स्वास्थ्य खर्च की हिस्सेदारी भी बढ़ी है। रिपोर्ट में कहा गया कि इलाज पर लोगों की जेब से होने वाला खर्च 64.2 प्रतिशत से घटकर 43.4 प्रतिशत रह गया है। यानी करीब 21 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। वहीं सरकारी स्वास्थ्य खर्च की हिस्सेदारी बढ़कर 43.7 प्रतिशत हो गई। प्रति व्यक्ति सरकारी स्वास्थ्य खर्च भी 1,042 रुपये से बढ़कर 2,786 रुपये हो गया है। सरकार का दावा है कि स्वास्थ्य बजट बढ़ने से आम लोगों को राहत मिली है।
भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर बातचीत तेज, जून में दिल्ली पहुंचेगी अमेरिकी टीम
भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते को लेकर बातचीत तेज हो गई है। अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल एक जून से नई दिल्ली पहुंचेगा, जहां चार दिनों तक दोनों देशों के अधिकारी व्यापार समझौते के अहम मुद्दों पर चर्चा करेंगे। वाणिज्य मंत्रालय के मुताबिक, बैठक का उद्देश्य अंतरिम व्यापार समझौते के बचे हुए बिंदुओं को अंतिम रूप देना और व्यापक द्विपक्षीय समझौते को आगे बढ़ाना है। इससे पहले भारतीय प्रतिनिधिमंडल अप्रैल में वाशिंगटन दौरे पर गया था। दोनों देशों ने फरवरी 2026 में व्यापार समझौते को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई थी। हालांकि बाद में अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के फैसले से ट्रंप प्रशासन के कई शुल्क खत्म हो गए, जिससे बातचीत का नया दौर शुरू हुआ। इस समझौते से व्यापार और निवेश को नई गति मिलने की उम्मीद है।
कोलकाता में होगा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य आयोजन
इस वर्ष 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम कोलकाता में आयोजित किया जाएगा। केंद्रीय आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव ने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि इस साल की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” रखी गई है। इसका उद्देश्य बुजुर्गों के बेहतर स्वास्थ्य और सक्रिय जीवन में योग की भूमिका को बढ़ावा देना है। मंत्री ने योग संगम पोर्टल और योग पार्क पोर्टल भी लॉन्च किया। इन पोर्टलों के जरिए लोग ऑनलाइन पंजीकरण कर सकेंगे। सरकार का लक्ष्य इस बार देशभर में बड़े स्तर पर योग कार्यक्रम आयोजित करना है ताकि अधिक से अधिक लोग इससे जुड़ सकें।
अवैध विस्फोटक बेचने वाली पांच ई-कॉमर्स कंपनियों को नोटिस
केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण ने बिना अनुमति खतरनाक रसायन और विस्फोटक बेचने के मामले में पांच ई-कॉमर्स कंपनियों को नोटिस जारी किया है। इनमें इंडिया मार्ट, जस्ट डायल, सिग्मा-एल्ड्रिच इंडिया, डायल फॉर ट्रेड और एक्सपोर्टर्स इंडिया शामिल हैं। जांच में सामने आया कि अमोनियम नाइट्रेट, गन पाउडर, पिक्रिक एसिड और पीईटीएन जैसे प्रतिबंधित पदार्थ ऑनलाइन बेचे जा रहे थे। प्राधिकरण ने कहा कि सुरक्षा जांच और नियमों का पालन किए बिना ऐसे पदार्थों की बिक्री गंभीर खतरा पैदा कर सकती है। कंपनियों से जवाब मांगा गया है और मामले की आगे जांच जारी है।
कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन के संकेत, सिद्धरमैया दे सकते हैं इस्तीफा
कर्नाटक की राजनीति में लंबे समय से चल रहा नेतृत्व संकट अब खत्म हो सकता है। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने बृहस्पतिवार सुबह मंत्रियों की बैठक बुलाई है, जिसमें वह इस्तीफे की जानकारी साझा कर सकते हैं। इसके बाद वह राज्यपाल को इस्तीफा सौंप सकते हैं। पार्टी के वरिष्ठ विधायक आरवी देशपांडे ने भी संकेत दिए हैं कि सिद्धरमैया पद छोड़ सकते हैं। माना जा रहा है कि डीके शिवकुमार को मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। हालांकि कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि अभी किसी तरह की अटकलें नहीं लगानी चाहिए। कर्नाटक में पिछले दो वर्षों से नेतृत्व परिवर्तन को लेकर लगातार राजनीतिक खींचतान चल रही है।
खरगे, राहुल और प्रियंका गांधी ने देशवासियों को दी बकरीद की शुभकामनाएं
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को देशवासियों को ईद-उल-अजहा (बकरीद) की शुभकामनाएं दीं। खरगे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि यह त्योहार त्याग, आस्था, करुणा और माफी जैसे मूल्यों का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से भाईचारे, एकता और शांति को मजबूत करने की अपील की। वहीं राहुल गांधी ने देशवासियों को बकरीद की बधाई देते हुए कहा कि यह पर्व सभी के जीवन में खुशी और अपनापन लेकर आए।
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी लोगों को ईद की शुभकामनाएं दीं और शांति, प्रेम तथा समृद्धि की कामना की। देशभर में बकरीद धार्मिक उत्साह के साथ मनाई गई। सुबह से मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा करने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर मुबारकबाद दी और जरूरतमंदों की मदद भी की।
CM बनने के बाद पहली बार ISKCON पहुंचे शुभेंदु अधिकारी
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार को ISKCON मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने ‘गौ पूजा’ की और भगवान नरसिंह की आरती कर आशीर्वाद लिया। ISKCON के ट्रस्टी और कम्युनिकेशंस के कंट्री डायरेक्टर युधिष्ठिर गोविंद दास ने कहा कि सुवेंदु अधिकारी लंबे समय से संस्थान के शुभचिंतक और भक्त रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के एक महीने के भीतर उनका मंदिर आना संस्थान के लिए खुशी की बात है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने राज्य में भक्ति, सामाजिक सौहार्द और एकता का वातावरण बनाए रखने की प्रार्थना की।
यात्रियों की सेहत से खिलवाड़, दुरंतो एक्सप्रेस में शौचालय में धोए जा रहे थे बर्तन
भारतीय रेलवे में यात्रियों की सेहत के साथ खिलवाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। ट्रेन संख्या-12223 (एलटीटी-ईआरएस दुरंतो एक्सप्रेस) के कर्मी शौचालय के अंदर बर्तन धोते पकड़े गए हैं। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो पर स्वतः संज्ञान लेते हुए भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने कड़ा रुख अपनाया है। एफएसएसएआई ने सरकारी उपक्रम भारतीय रेलवे खानपान और पर्यटन निगम लिमिटेड (आईआरसीटीसी) को नोटिस जारी कर मामले में जल्द जवाब मांगा है।
एफएसएसएआई ने इस कृत्य को बेहद आपत्तिजनक बताया है। प्राधिकरण का कहना है कि टॉयलेट क्षेत्र में बर्तन धोने से भोजन और भोजन के संपर्क में आने वाली सतहों के दूषित होने का गंभीर खतरा रहता है। यह खाद्य सुरक्षा मानकों के खिलाफ है। प्राधिकरण ने खाद्य सुरक्षा और मानक (खाद्य व्यवसायों का लाइसेंस और पंजीकरण) विनियम, 2011 के शेड्यूल-4 का हवाला दिया है, जिसके तहत खाद्य ऑपरेटरों के लिए स्वच्छता, सुरक्षित निर्माण एवं रख-रखाव और बर्तनों की साफ-सफाई बनाए रखना कानूनी रूप से अनिवार्य है। इससे पहले इसी महीने एफएसएसएआई ने सोशल मीडिया पर उपभोक्ताओं की शिकायतों का स्वतः संज्ञान लेते हुए क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म ब्लिंकिट से भी खराब गुणवत्ता वाले अंडे बेचने पर स्पष्टीकरण मांगा था।
एनटीआर को भारत रत्न देने की मांग, पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजलि
तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) ने अपने वार्षिक महानडू सम्मेलन के दूसरे दिन एक बड़ा प्रस्ताव पारित किया है। पार्टी ने सर्वसम्मति से दिग्गज अभिनेता और राजनेता नंदमुरी तारका रामा राव (एनटीआर) को सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न देने की मांग की है। पार्टी प्रमुख एन. चंद्रबाबू नायडू ने जनसभा में एनटीआर को वैश्विक स्तर पर तेलुगु समुदाय का प्रतीक बताया। दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया पर एनटीआर को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी। पीएम मोदी ने लिखा कि जन कल्याण और गरीब-वंचितों के सम्मान के प्रति एनटीआर का समर्पण हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगा। आंध्र प्रदेश की एनडीए सरकार उनके सपनों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
जहांगीर खान का करीबी रंगदारी और चुनावी हिंसा के आरोप में गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल पुलिस ने दक्षिण 24 परगना के फलता से तृणमूल नेता जहांगीर खान के करीबी और बग्नाननगर-2 ग्राम पंचायत प्रमुख इसराफिल चकदार को गिरफ्तार किया है। उस पर रंगदारी, मारपीट और मतदाताओं को डराने-धमकाने के आरोप हैं। पुलिस अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि इससे पहले जबरन वसूली के आरोप में खान के एक और सहयोगी नासिर शेख को भी गिरफ्तार किया जा चुका है।
स्थानीय महिलाओं ने आरोप लगाया था कि चकदार के नेतृत्व में उपद्रवियों ने उन्हें वोट डालने से रोका। इस शिकायत पर चुनाव आयोग ने फलता विधानसभा का चुनाव रद्द कर 21 मई को दोबारा मतदान कराया, जिसमें भाजपा के देवांशु पांडा जीते और जहांगीर खान चौथे स्थान पर रहे।
कोलकाता में तृणमूल के कार्यालय से 300 वोटर और आधार कार्ड बरामद
पश्चिम बंगाल पुलिस ने राजधानी कोलकाता में तृणमूल एक कार्यालय से बड़ी संख्या में मतदाता पहचान पत्र, आधार कार्ड और राशन कार्ड बरामद किए गए। पुलिस ने बताया कि बृहस्पतिवार को वार्ड नंबर 57 के तंगरा सेकेंड लेन में स्थित पार्टी कार्यालय में एक अलमारी से लगभग 300 पहचान पत्र बरामद किए गए। भाजपा कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि लोगों को मताधिकार से वंचित करने के लिए जानबूझकर इन कार्डों को कार्यालय में रखा गया था। पार्टी के एक सदस्य ने आरोप लगाया कि अब सब कुछ सामने आ रहा है। इन कार्डों को इसलिए छिपाया गया था ताकि लोग अपना वोट न डाल सकें।
स्थानीय निवासी सौमेन विक्की दास ने दावा किया कि चुनाव से पहले उनका आधार कार्ड गुम हो गया था और उन्हें पार्टी कार्यालय में बरामद दस्तावेजों के बीच वह मिला। उन्होंने कहा, 4 मई को चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद से यह कार्यालय बंद था। बाद में इलाके के लोग कार्यालय में गए और उन्हें दस्तावेज मिले। तृणमूल ने आरोपों पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। पुलिस ने कहा कि अभी तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं की गई है, लेकिन मामले की जांच की जा रही है।
34 करोड़ की ब्लड मनी जमा कर दो दशक बाद सऊदी जेल से लौटा रहीम, काट रहा था मौत की सजा
सऊदी अरब में मौत की सजा का सामना कर रहे अब्दुल रहीम को 34 करोड़ रुपये की ब्लड मनी (पीड़ित परिवार को दी जाने वाली राशि) जमा होने के बाद रिहाई मिली। यह राशि केरलम के लोगों ने क्राउडफंडिंग के जरिये जुटाई थी। करिपुर हवाई अड्डे पर पहुंचते ही रहीम (44) के रिश्तेदारों और उनके गांव के लोगों ने उनका स्वागत किया। रहीम ने भारी संख्या में मिलने पहुंचे लोगों को हाथ हिलाकर उनका अभिवादन किया और कहा कि उनकी मदद करने वाले सभी लोगों के प्रति वह आभारी हैं।
जानकारी के मुताबिक, रहीम 2006 में नौकरी के लिए सऊदी अरब गया था। वहां वह एक दिव्यांग बच्चे की देखभाल करता था, लेकिन इसी दौरान उस बच्चे की मौत हो गई। इस घटना के बाद रहीम को जेल भेज दिया गया और 2018 में मौत की सजा सुनाई गई थी। बाद में पीड़ित परिवार को 1.5 करोड़ सऊदी रियाल यानी करीब 34 करोड़ रुपये देने के बाद रहीम की रिहाई संभव हो पाई। घर पहुंचकर रहीम अपनी मां से लिपटकर फूट-फूट कर रो पड़ा।
बेटी का रिश्ता पक्का करने से पहले पिता ने खंगाले होने वाले दामाद के ट्रैफिक चालान
शादियों में अक्सर खानदान और बैंक बैलेंस देखा जाता है, लेकिन आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले में एक पिता ने जिम्मेदारी परखने का अनूठा पैमाना अपनाया। एक 55 वर्षीय व्यक्ति ने अपनी बेटी का रिश्ता पक्का करने से पहले पुलिस से संपर्क कर यह पता लगाया कि होने वाले दामाद की गाड़ियों पर कोई ट्रैफिक चालान तो लंबित नहीं है।
पुलिस अधिकारियों ने इस कदम को दुर्लभ और विचारशील बताया है। शख्स का मानना था कि किसी व्यक्ति का सड़क पर व्यवहार उसके अनुशासन, धैर्य और सामाजिक जिम्मेदारी को दर्शाता है। वह केवल पारंपरिक पूछताछ पर निर्भर नहीं रहना चाहते थे। वह यह सुनिश्चित करना चाहते थे कि युवक शराब पीकर गाड़ी चलाने या तेज रफ्तार जैसे मामलों में तो शामिल नहीं है। पुलिस के अनुसार, इस व्यक्ति ने अपनी पत्नी को कई साल पहले खो दिया था। तमाम कठिनाइयों के बावजूद उन्होंने अकेले ही अपनी बेटी की परवरिश की और उसे इंजीनियर बनाया। हाल ही में एक रिश्ता आने पर वह रायुडुपालेम ट्रैफिक पुलिस के पास पहुंचे।
पुलिस जांच में युवक के वाहनों पर कोई भी गंभीर उल्लंघन या लंबित चालान नहीं मिला। पुलिस अधिकारियों ने इस व्यावहारिक दृष्टिकोण की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह देखकर सुखद आश्चर्य हुआ कि एक पिता अपनी बेटी के लिए जीवनसाथी चुनते समय इतना जागरूक और आधुनिक तरीका अपना रहा है।