फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

News Update: पीएम मोदी से मिले हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी; आंध्र प्रदेश में सड़क हादसे में छह की मौत

Sat, 26 Oct 2024 03:06 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की।
विज्ञापन


आंध्र प्रदेश: सड़क हादसे में छह लोगों की मौत
आंध्र प्रदेश में अनंतपुर जिले के सिंगनमाला मंडल में एक कार और विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक के बीच भिड़ंत हो जाने से छह लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग अनंतपुर जिले के ताड़ीपत्री कस्बे में इस्कॉन के एक कार्यक्रम में भाग लेने के बाद लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक सूचना के अनुसार ऐसा प्रतीत होता है कि ट्रक चालक ने कार को देखकर ब्रेक लगाकर वाहन को रोकने का प्रयास किया, क्योंकि सड़क पर फिसलन के निशान हैं। अधिकारियों ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है और जांच जारी है।
विज्ञापन



तमिलनाडु में लकड़ी की दुकान में लगी आग
तमिलनाडु के थूथुकुडी में एक लकड़ी की दुकान में आग लग गई। घटना की जानकारी पाकल दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची। 
 

महाराष्ट्र में पीएम मोदी की 12 रैलियां

भाजपा प्रदेश प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले महाराष्ट्र में 11 से 12 जनसभाओं को संबोधित कर सकते हैं।  संवाददाताओं से बात करते हुए बावनकुले ने कहा, पीएम मोदी की जनसभाएं गोंदिया, अकोला, नांदेड़, धुले, मुंबई और नवी मुंबई सहित पूरे महाराष्ट्र में प्रस्तावित हैं। 

पन्नू से जुड़े छह मामलों की जांच कर रही एनआईए

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू से जुड़े छह मामलों की जांच कर रही है। पन्नू के खिलाफ चल रही जांच में एजेंसी ने अब तक चंडीगढ़ में उसके स्वामित्व वाली तीन संपत्तियों को जब्त किया है। इसके अलावा, अमृतसर में उससे जुड़े कई भूखंडों को भी जब्त किया गया है। एजेंसी पन्नू और उसके सहयोगियों से जुड़ी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के प्रयास में सुराग तलाश रही है। एनआईए अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने इस साल 15 अक्तूबर तक उसके खिलाफ 66 मामले दर्ज किए हैं। उल्लेखनीय है कि पन्नू को भारत ने आतंकवादी घोषित किया है। उसके पास अमेरिकी और कनाडाई नागरिकता है।

केरल : एडीएम की मौत के मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित

केरल पुलिस ने शुक्रवार को कन्नूर के एडीएम नवीन बाबू की आत्महत्या के मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया। एसआईटी की अध्यक्षता कन्नूर जिले के पुलिस चीफ अजीत कुमार करेंगे। विपक्ष का आरोप है कि एडीएम की मौत के जिम्मेदार लोगों को सरकार बचा रही है। दरअसल, 14 अक्तूबर को माकपा नेता पीपी दिव्या ने नवीन पर रिश्वत लेने का आरोप लगाया था। घटना के अगले दिन नवीन अपने आवास पर मृत पाए गए थे।

भारत-बांग्लादेश के बीच डीजी स्तर की सीमा वार्ता स्थगित

भारत और बांग्लादेश के बीच अगले महीने दिल्ली में होने वाली डीजी स्तर की सीमा वार्ता पड़ोसी देश की ओर से योजना में बदलाव के बाद स्थगित कर दी गई है। सूत्रों के मुताबिक, बांग्लादेश को इसकी सूचना दे दी गई है और जल्द ही बैठक की नई तारीखें तय की जाएगी। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और उसके बांग्लादेशी समकक्ष बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) के प्रमुखों के नेतृत्व में द्वि-वार्षिक वार्ता 18 से 22 नवंबर के बीच राष्ट्रीय राजधानी में अस्थायी रूप से आयोजित की जानी थी।

अब 27 विमानों और तीन होटलों को बम से उड़ाने की धमकी

घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय 27 उड़ानों को शुक्रवार को फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली। वहीं, आंध्र प्रदेश में तीन होटलों को भी ईमेल के जरिये बम की धमकी दी गई। पुलिस एफआईआर दर्ज कर जांच कर रही है। सूत्रों ने बताया कि इंडिगो, विस्तारा व स्पाइसजेट की सात-सात उड़ानों, जबकि एअर इंडिया की छह उड़ानों को धमकी मिली। इंडिगो के प्रवक्ता ने बताया कि जिन उड़ानों को धमकी मिली, उनमें कोझिकोड से दम्मम, उदयपुर से दिल्ली, दिल्ली से इस्तांबुल, जेद्दा से मुंबई, उदयपुर से दिल्ली, मुंबई से इस्तांबुल, हैदराबाद से चंडीगढ़ व पुणे से जोधपुर उड़ान शामिल हैं। उन्होंने बताया, इसके बाद सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन किया गया और िवमान की जांच की गई। सभी यात्रियों को विमान से सुरक्षित उतार लिया गया। 12 दिन में 275 से अधिक उड़ानों को धमकी मिली है।

अरुणाचल में एनएससीएन के एक कैडर की मौत

अरुणाचल प्रदेश के लॉन्गडिंग में सुरक्षा बलों ने एनएससीएन (खापलांग युंग आंग) के एक कैडर को गोली मार दी। इलाके में एनएससीएन अधिकारियों की गतिविधियों को लेकर एक विशेष जानकारी मिलने के बाद असम राइफल्स ने शुक्रवार को एक तलाशी अभियान चलाया। तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बल कैडर के संपर्क में आए। उसने असम राइफल्स पेट्रोल टीम पर गोलीबारी कर दी। बदले में असम राइफल्स की टीम ने भी गोली चलाई, जिसमें एक कैडर की मौत हो गई। 

मणिपुर के दो जिलों में हथियार-विस्फोटक बरामद

मणिपुर के बिष्णपुर और पश्चिमी इंफाल में सुरक्षाबलों ने हथियार एवं विस्फोटक बरामद किए। पुलिस ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। बिष्णुपुर जिले के उयुंगमाखोंग में शुक्रवार को तलाशी अभियान के दौरान एक मैगजीन के साथ 7.62 एमएम की एक सेल्फ-लोडिंग राइफल, छह हथगोले, चार ग्रेनेड आर्म रिंग, आंसू गैस के दो गोले, तीन स्टिंगर ग्रेनेड और 2.3 किलोग्राम वजन का एक आईईडी बरामद किया गया। पश्चिमी इंफाल के शांतिपुर माखा लेईकाई में तलाशी अभियान के दौरान एक सिंगल बैरल बंदूक, नौ एमएम की दो पिस्तौल, दो मैगजीन, एक 7.62 एलएमजी मैगजीन और डेटोनेटर के साथ तीन हथगोले (एस-67) बरामद किए गए। 

 

तमिलनाडु में कार-लॉरी की टक्कर में तीन की मौत

तमिलनाडु के तिरुपुर में शनिवार को कार और लॉरी की टक्कर में दो बहनों समेत तीन लोगों की मौत हो गई। यह घटना पलांगराय गांव के पास घटी। मृतकों की पहचान अपर्णा, उसकी बहन हेमा और मनीष के तौर पर की गई है। पुलिस ने बताया कि कार बंगलूरू से कोयंबटूर की तरफ जा रही थी, तभी कार सड़क किनारे खड़ी एक लॉरी से टकरा गई। घटना की जानकारी पाकर पुलिस और दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीएम मोदी 28 को गुजरात को देंगे 4,800 करोड़ की सौगात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 अक्तूबर को गुजरात की अपनी यात्रा के दौरान अमरेली जिले में 4,800 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे, जिसमें अमरेली, जामनगर, मोरबी, देवभूमि द्वारका, जूनागढ़, पोरबंदर, कच्छ और बोटाद जिलों में लगभग 1,600 विकास परियोजनाएं शामिल हैं। एक आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, पीएम मोदी 705 करोड़ रुपये की जल आपूर्ति विभाग की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इनमें अमरेली जिले में गगाडियो नदी पर 35 करोड़ रुपये की लागत से बने भारत माता सरोवर का उद्घाटन शामिल है।

गुजरात में आदिवासी छात्रा से यौन उत्पीड़न के मामले में शिक्षक गिरफ्ताप

गुजरात के दाहोद जिले में एक स्कूल में  नौवीं कक्षा की आदिवासी छात्रा के साथ कथित तौर पर यौन उत्पीड़न करने के आरोप में एक शिक्षक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी शिक्षक की पहचान कल्पेश बारिया के तौर पर की गई है। बारिया ने 17 वर्षीय छात्रा को अपने आवास पर खाना बनाने के लिए बुलाया। उसने पीड़िता को पहले पीछे से पकड़ा इस दौरान वह भागने में कामयाब हुई। लड़की ने अपनी बहन को घटना की जानकारी दी। उसकी बहन भी उसी स्कूल में पढ़ती है। दोनों बहनों से अपने पिता को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। 
 

कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में खरगे के दो साल पूरे, राहुल गांधी ने दी बधाई
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आज पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को उनके कार्यालय में दो साल पूरे करने पर बधाई दी। 

शीर्ष कुकी निकायों ने भारत-म्यांमार सीमा पर बाड़, एफएमआर को खत्म करने का विरोध किया
कुकी इनपी और कुकी चीफ एसोसिएशन ने भारत-म्यांमार सीमा पर प्रस्तावित बाड़ लगाने और मुक्त आवागमन व्यवस्था (एफएमआर) समाप्त करने के खिलाफ आवाज उठाई है। इनका कहना है कि यह कदम स्वदेशी समुदायों के सांस्कृति, पारंपरिक और ऐतिहासिक अधिकारों को प्रभावित कर सकते हैं। इस साल की शुरुआत में केंद्र सरकार ने एफएमआर को खत्म करने का फैसला लिया था। एफएमआर सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बिना वीजा के 16 किलोमीटर तक एक-दूसरे के क्षेत्र में जाने की अनुमति देता था। इसके अलावा, सरकार ने 1,643 किलोमीटर लंबी भारत-म्यांमार सीमा पर बाड़ लगाने का फैसला किया। यह सीमा मिजोरम, मणिपुर, नगालैंड और अरुणाचल प्रदेश से गुजरती है।  

असम: मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा का कांग्रेस पर लगाया भाजपा कार्यकर्ता की हत्या का आरोप
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने भाजपा कार्यकर्ता बिपुल सैकिया की मौत पर संवेदना जताई है। उन्होंने एक्स पर लिखा, हमारे भाजपा कार्यकर्ता बिपुल सैकिया के परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं, जो समागुरी से थे और जिन पर कांग्रेस के गुंडों ने हमला किया और हत्या कर दी। जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराया जाएगा। 

एनसीडब्ल्यू और असम के विधि विश्वविद्यालय ने किया साइबर कानून पर पहला क्षेत्रीय परामर्श
राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने असम के राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय और न्यायिक अकादमी (एनएलयूजेए) के साथ मिलकर वर्ष 2024-25 के लिए 'महिलाओं पर प्रभाव डालने साइबर कानून' विषय पर पहला क्षेत्रीय विधि समीक्षा परामर्श आोजित किया। यह परामर्श असम के एनएलयूजेए के सेमिनार हॉल में हुआ। जिसमें पूर्वोत्तर राज्यों के चालीस से अधिक कानूनी विशेष शामिल हुए। उन्होंने महिलाओं को प्रभावित करने वाले साइबर कानूनों में आवश्यक संशोधन पर अपने विचार साझा किए। 
 

सिक्किम: गंगटोक में ट्रैफिक जाम कम करने के लागू होगा ऑड-ईवन नियम
सिक्किम सरकार पांच नवंबर से गंगटोक नगरपालिका क्षेत्र में ट्रैफिक जाम को कम करने के लिए ऑड-ईवन नियम लागू करने के जा रही है। इस प्रणाली के तहत ऑड नंबर के वाहनों को ऑड तारीखों पर चलने की अनुमति होगी, जबकि ईवन नंबर की गाड़ियों को ईवन तारीखों पर सुबह 9.30 बजे से दोपहर 12 बजे और शाम 3.30 बजे से 6 बजे तक चलने की अनुमति होगी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। 

तमिलनाडु: मदुरै शहर के कई हिस्सों में भारी बारिश के कारण जलभराव हुआ।

तमिलनाडु: दीपावली से पहले त्रिची के एनएसबी रोड में खरीदारी के लिए काफी की संख्या में लोग पहुंचे। पुलिस द्वारा सुरक्षा के इंतज़ाम किए गए हैं।

केरल: नाबालिग लड़की के अपहरण के आरोप में युवक गिरफ्तार
पुलिस ने शनिवार को बताया कि एक नाबालिग के अपहरण के आरोप में पश्चिम बंगाल के एक युवक (22 वर्षीय) को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान सबुज के रूप में हुई है, जो पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद के जलंगी का निवासी है। उसे शुक्रवार को एर्नाकुलन ग्रामीण पुलिस ने गिरफ्तार किया। यह घटना पांच दिन पहले हुई थी। आरोपी को कोच्चि लाया गया और शनिवार को अदालत में पेश किया गया, जहां उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। उत्तर प्रदेश के जोड़े ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी बेटी लापता है। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच की, जिसमें पता चला कि आरोपी ने डकी के साथ बसे बंगलूरू की यात्रा की और वहां से दोनों ने कोलकाता के लिए उड़ान भरी। 
 
एर्नाकुलम जिले के पुलिस प्रमुख वैभव सक्सेना ने इस मामले की जांच के लिए एसआईटी की गठन किया। जिसके बाद पुलिस कोलकाता पहुंची। पुलिस की टीम ने बांग्लादेश की सीमा के पास के एक गांव से लड़की को बरामद किया। स्थानीय पुलिस की मदद से अधिकारियों ने आरोपी और नाबालिग लड़की को हिरासत में लिया और उन्हें कोलकाता ले गए। वहां से उन्हें केरल वापस लाया गया, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की गई। 
 
 
 


 

कांग्रेस ने सरकार पर लगाया मनरेगा का गला दबाने का आरोप
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने शनिवार को केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर सुनियोजित तरीके से मनरेगा का गला घोंटने का आरोप लगाया। रमेश ने मनरेगा के बजट में बढ़ोतरी की मांग की और कहा कि यह भारत के करोड़ों सबसे गरीब लोगों की जीवन रेखा है। 

रमेश ने एक्स पर कहा,भारत के करोड़ों गरीब लोगों की जीवन रेखा मनरेगा का गैर-जैविक पीएम की सरकार द्वारा सुनियोजित तरीके से गला घोंटा जा रहा है। उन्होंने बताया कि बजट आवंटन में लगातार कटौती की जा रही है और मजदूरी की दरें स्थिर हैं। अब तकनीक पर अनुचित निर्भरता की वजह से मजदूरों को उनके काम करने का अधिकार और उचित भुगतान का अधिकार देने से मना किया जा रहा है। 
  
यूपीए-2 सरकार में केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री रहे रमेश ने कहा कि जनवरी 2024 में ग्रामीण विकास मंत्रालय ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के लिए आधार आधारित भुगतान प्रणाली (एबीपीएस) को लागू करने का आदेश दिया था। एबीपीएस के लिए पात्रता पाने के लिए मजदूरों को कई शर्तों पर काम करना होगा, जिसमें आधार को उनके रोजगार कार्ड से जोड़ना और नाम का मिलान शामिल है।

इस्पात मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव नियुक्ति किए गए पूर्व एनटीए प्रमुख सुबोध कुमार सिंह
केंद्र सरकार की ओर से किए गए वरिष्ठ स्तर के प्रशासनिक फेरबदल के बाद सुबोध कुमार सिंह को शनिवार को इस्पात मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव के रूप में नियुक्त किया गया है। 1997 बैच के छत्तीसगढ़ कैडर के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी सुबोध कुमार सिंह को जून में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के महानिदेश पद से हटा दिया गया था। नेट और  नीट की प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं से जुड़े एक बड़े विवाद के बाद सुबोध कुमार सिंह को एनटीए प्रमुख के पद से हटा दिया गया था। 
  

पश्चिम बंगाल: आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में आयोजित किया गया सम्मेलन
पश्चिम बंगाल में आंदोलनकारी कनिष्ठ चिकित्सकों ने आमरण अनशन वापस लेने के पांच दिन के बाद शनिवार को एक सामूहिक सम्मेलन आयोजित किया। सम्मेलन में आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में कथित तौर पर दुष्कर्म का शिकार हुई चिकित्सक को न्याय दिलाने और राज्य सरकार से अपनी मांगें पूरी करवाने के लिए अगले कदम की रणनीति बनाई गई। आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में आयोजित चार घंटे लंबे सम्मेलन में विभिन्न सरकारी चिकित्सा प्रतिष्ठानों के चिकित्सकों के अलावा नागरिक समाज समूह के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। आंदोलनकारी चिकित्सकों में से एक अनिकेत महतो ने कहा, ‘‘हमने अपनी उस बहन के लिए न्याय मांगने के लिए यह सामूहिक सम्मेलन बुलाया है, जिससे नौ अगस्त को आरजी कर अस्पताल में बलात्कार किया गया और उसकी हत्या कर दी गई।’’

कार्यक्रम में एक अन्य आंदोलनकारी चिकित्सक देबाशीष हलदर ने कहा, ‘‘कुछ चिकित्सकों द्वारा शुरू किया गया विरोध प्रदर्शन अब एक बड़ा रूप ले चुका है। हम जानना चाहते थे कि अस्पताल के संगोष्ठी कक्ष (जहां शव मिला था) में क्या हुआ था। हमें अंदाजा नहीं था कि यह आंदोलन इतना लंबा चलेगा और हमें इतने लोगों का समर्थन मिलेगा।’’

आरबीआई गवर्नर को अमेरिकी पत्रिका ने दिया शीर्ष केंद्रीय बैंकर का दर्जा
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के गवर्नर शक्तिकांत दास को अमेरिका की पत्रिका ‘ग्लोबल फाइनेंस’ ने शीर्ष केंद्रीय बैंकर का दर्जा दिया है। यह लगातार दूसरा वर्ष है जब उन्हें विश्व स्तर पर शीर्ष केंद्रीय बैंकर का दर्जा दिया गया है।

आरबीआई ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘गवर्नर शक्तिकांत दास को लगातार दूसरे साल सेंट्रल बैंक रिपोर्ट कार्ड 2024 में ‘ए प्लस’ का पुरस्कार दिया गया है। ‘ग्लोबल फाइनेंस’ द्वारा आज अमेरिका के वाशिंगटन डीसी में आयोजित एक कार्यक्रम में यह सम्मान दिया गया।’’ दास को तीन केंद्रीय बैंक गवर्नरों की सूची में शीर्ष पर रखा गया है, जिन्हें ‘ए प्लस’ रेटिंग दी गई है।

‘ग्लोबल फाइनेंस’ पत्रिका ने बयान में कहा कि मुद्रास्फीति पर नियंत्रण, आर्थिक वृद्धि लक्ष्यों, मुद्रा स्थिरता और ब्याज दर प्रबंधन में सफलता के लिए श्रेणी ‘ए’ से ‘एफ’ के पैमाने पर रेटिंग दी गई।

चक्रवात दाना के दौरान सांपों के काटने से 28 घायल: मोहन चरण माझी
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शनिवार को बताया कि चक्रवात दाना के दौरान सांपों के काटने से 13 महिलाओं और एक चिकित्सक समेत 28 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। माझी ने राज्य में चक्रवात के बाद की स्थिति का जायजा लेने के बाद संवाददाताओं को जानकारी देते हुए बताया कि चक्रवात से सबसे ज्यादा प्रभावित केंद्रपाड़ा, भद्रक और बालासोर जिलों में सांपों के काटने के 28 मामले सामने आए हैं।

माझी ने कहा, “सांपों के काटने के शिकार लोगों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में ले जाया गया और इलाज के बाद उनकी हालत में सुधार है।” उन्होंने कहा कि घायल चिकित्सक को कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया और उनकी हालत ठीक है। डॉ. बाबुल मोहंती को शौच के लिए जाते समय सांप ने काट लिया। मोहंती को चक्रवात के दौरान लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए केंद्रपाड़ा जिले के महाकालपाड़ा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में तैनात किया गया था।
विज्ञापन

एडिटर्स गिल्ड निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए अनंत नाथ
वरिष्ठ पत्रकार एवं ‘द कारवां’ के संपादक अनंत नाथ शनिवार को ‘एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया’ के निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए। अनंत नाथ लगातार दूसरी बार ‘एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया’ के अध्यक्ष चुने गए हैं। ‘एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया’ ने एक बयान में कहा कि ‘आउटलुक’ के पूर्व प्रधान संपादक रूबेन बनर्जी और ‘द ट्रिब्यून’ के पूर्व वरिष्ठ पत्रकार के.वी. प्रसाद को भी क्रमशः महासचिव और कोषाध्यक्ष के रूप में निर्विरोध निर्वाचित किया गया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें