गृह मंत्री अमित शाह के 27 अक्तूबर को प.बंगाल के दौरे पर जाने की संभावना है। इस दौरान वह भाजपा के सदस्यता अभियान का शुभारंभ करेंगे। पार्टी के नेताओं ने यहां जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शाह, जो केंद्रीय सहकारिता मंत्री भी हैं, अपने प्रवास के दौरान दो सरकारी कार्यक्रमों में भी भाग लेंगे।कार्यक्रम के अनुसार, शाह शनिवार रात को बंगाल पहुंचेंगे। रविवार को, वह सबसे पहले दो सरकारी कार्यक्रमों में भाग लेंगे, जिनमें अंतरराष्ट्रीय भूमि बंदरगाह ‘पेट्रापोल’ में केंद्रीय गृह मंत्रालय का और दूसरा आरामबाग में केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय का कार्यक्रम है।
प्रख्यात भौतिकीविद रोहिणी गोडबोले का निधन
प्रख्यात भौतिकीविद और पद्मश्री से सम्मानित प्रोफेसर रोहिणी एम गोडबोले का शुक्रवार को निधन हो गया। वह 71 साल की थीं। यहां भारतीय विज्ञान संस्थान (आईआईएससी) के ‘सेंटर फोर हाई एनर्जी फिजिक्स (सीएचईपी)’ ने यह जानकारी दी।
गोडबोले एक प्रतिभाशाली अनुसंधानकर्ता एवं विज्ञान के क्षेत्र में महिलाओं की पैरोकार थीं। वह 1995 में एसोसिएट प्रोफेसर के तौर पर सीएचईपी से जुड़ीं और 1998 से वह वहां प्रोफेसेर थीं। 31 जुलाई, 2021 को सेवानिवृत के उपरांत वह मानद प्रोफेसर बन गयीं। उनके कई विद्यार्थियों एवं सहयोगियों ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (कानपुर) के ‘थ्योरिटकल फिजिक्स’ के प्रोफेसर जयदीप चक्रवर्ती ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘ यह न केवल एचईपी समुदाय के लिए बल्कि भौतिकी के लिए भी बहुत बड़ी क्षति है...उन्हें एक महान भौतिकीविद और एक शिक्षक के रूप में याद किया जाएगा जिन्होंने युवाओं को अनुसंधान में करियर बनाने के लिए प्रेरित किया।’’
टाटा मूलभूत अनुसंधान संस्थान के विजया राघवन ने ‘एक्स’ पर कहा कि वह ऊर्जा और उत्साह से भरी रहती थीं। उन्होंने लिखा, ‘‘वह एक भौतिकीविद, विज्ञान में महिलाओं के लिए ध्वजवाहक और कई लोगों की मित्र थीं। उनकी काफी कमी खलेगी और उनकी जगह कोई नहीं ले सकता।’’ आईआईएससी में उनके सहकर्मी अरिंदम घोष के अनुसार, गोडबोले एक प्रसिद्ध वैज्ञानिक से कहीं बढ़कर थीं। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘वह एक नेता थीं और विज्ञान में महिलाओं की प्रबल समर्थक थीं। वह एक ऐसी दोस्त थीं, जिनकी कमी खलेगी।’ आईआईएससी (बेंगलुरु) के अलावा, रमन रिसर्च इंस्टीट्यूट ने भी प्रोफेसर गोडबोले के लिए शोक संदेश जारी किया।
पांच वर्षों में 50 और हवाईअड्डे विकसित करेगी सरकार : नायडू
नागरिक उड्डयन मंत्री के राममोहन नायडू ने बृहस्पतिवार को कहा कि सरकार का लक्ष्य अगले पांच वर्षों में 50 और हवाईअड्डे स्थापित करने का है। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में हवाईअड्डों की संख्या दोगुनी होकर 157 हो गई है। दिल्ली में एयरबस इंडिया और दक्षिण एशिया मुख्यालय-प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन करने के बाद नायडू ने कहा कि अगले पांच वर्षों में 50 और अगले 20 वर्षों में 200 और हवाईअड्डे बनने की उम्मीद है।
विहिप के ‘मार्गदर्शक मंडल’ की दो दिवसीय बैठक शुरू, ‘घर वापसी’ चर्चा का प्रमुख मुद्दा
उत्तरी क्षेत्र में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की सर्वोच्च निर्णायक संस्था ‘मार्गदर्शक मंडल’ की बैठक शुरू हो चुकी है। दो दिवसीय बैठक में दूसरे धर्म अपनाने वाले हिंदुओं को वापस अपने धर्म में लाने (घर वापसी) समेत कई अन्य मुद्दों पर भी बात की गई। विहिप के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने बताया, बैठक बक्करवाला क्षेत्र में विश्व जागृति मिशन के आनंद धाम आश्रम में हो रही है। गुरुवार को शुरू हुई इस बैठक में राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर तथा उत्तराखंड सहित उत्तरी क्षेत्र के विभिन्न 12 प्रांतों से 150 से अधिक संत पहुंचे हैं।
अवैध लौह अयस्क निर्यात मामले में कांग्रेस विधायक और छह अन्य दोषी, सजा आज
कर्नाटक के बेलेकेरी अवैध लौह अयस्क निर्यात मामले में बंगलूरू की स्थानीय अदालत ने कारवार के कांग्रेस विधायक को दोषी करार दिया। कोर्ट ने कांग्रेस विधायक सतीश कृष्ण सैल और छह अन्य को 2009-10 में जब्त लौह अयस्क की चोरी और निर्यात के मामले में दोषी ठहराया। सजा 25 अक्तूबर को सुनाई जाएगी। यह मामला बिना अनुमति के 11,312 मीट्रिक टन जब्त अयस्क के अवैध परिवहन से जुड़ा है। विशेष अदालत ने इस मामले में सेल के साथ-साथ बंदरगाह संरक्षक महेश बिलिये और मल्लिकार्जुन शिपिंग को भी दोषी पाया।
वायु प्रदुषण पर डीजीएचएस ने राज्यों-केंद्रशासित प्रदेशों को चिट्ठी लिखी
डीजीएचएस डॉ. अतुल गोयल ने वायु प्रदुषण को रोकने की तैयारियों के संबंध में राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को एक चिट्ठी लिखी।
ओडिशा: सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में मारा गया एक माओवादी
ओडिशा के कंधमाल जिले के बुदनई आरक्षित वन क्षेत्र में सुरक्षा बलों के साथ गोलीबारी में एक माओवादी मारा गया। पुलिस ने बताया कि खुफिया जानकारी मिलने के बाद 23 अक्तूबर को अभियान शुरू किया गया और यह अभियान शुक्रवार तक जारी रहा। अभियान के दौरान सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच शुक्रवार की सुबह नौ बजे गोलीबारी शुरू हो गई। इसके बाद सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान चलाया और एके-47 बंदूक के साथ एक माओवादी को मार गिराया।
वेनेजुएला के कार्यकारी उप राष्ट्रपति ने धनखड़ से मुलाकात की
भारत दौरे पर आए वेनेजुएळा के कार्यकारी उप राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने शुक्रवार को उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच चर्चा आर्थिक संबंधों को मजबूत करने और लोगों के आपसी संपर्क बढ़ाने पर केंद्रित रही। उप राष्ट्रपति सचिवालय ने उनकी मुलाकात की तस्वीरों को साझा करते हुए कहा कि नेताओं के बीच चर्चा आर्थिक सहयोग को बढ़ावा देने, लोगों के आपसी संबंधों को बढ़ाने, योग और आयुर्वेद को बढ़ावा देने और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर केंद्रित रही।
दिल्ली: विदेश मंत्री जयशंकर ने अपनी जर्मन समकक्ष से मुलाकात की
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने जर्मनी की विदेश मंत्री एनालेना बेयरबॉक से मुलाकात की।
चुनाव आयोग के मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे महेंद्र सिंह धोनी
रांची-झारखंड के सीईओ (मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी) के रवि कुमार ने कहा कि मशहूर क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी झारखंड विधानसभा चुनाव में चुनाव आयोग के जागरूकता कार्यक्रम स्वीप का हिस्सा बनेंगे. इस आशय का पत्र उन्होंने निर्वाचन आयोग को दिया है। निर्वाचन आयोग उनकी तस्वीर का उपयोग स्वीप के कार्यक्रमों में करेगा। अधिक से अधिक मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने वाली उनकी अपील का उपयोग मतदान प्रतिशत बढ़ाने में किया जाएगा। शुक्रवार को धुर्वा के निर्वाचन सदन में प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे।
सरकारी भर्ती परीक्षा के लिए 27 अक्तूबर को पूरे असम में बंद रहेंगी मोबाइल इंटरनेट सेवाएं
सरकारी भर्ती परीक्षा के चलते असम में रविवार को सुबह साढ़े आठ बजे से शाम चार बजे तक मोबाइल इंटरनेट सेवाएं निलंबित रहेंगी। दो महीने में यह इस तरह का मामला होगा। एक आधिकारिक अधिसूचना में शुक्रवार यह जानकारी दी गई।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 200 करोड रुपये की बैंक धोखाधड़ी मामले में गुरुग्राम, दिल्ली, मानेसर, रोहतक और नौ स्थानों पर छापेमारी के दौरान कई लग्जरी कारें, बैंक लॉकर, डीमैट खाते और 46 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। एसेंजी ने इसके अलावा, धन की हेराफेरी से जुड़े विभिन्न दस्तावेज, उपकरण और सबूत जब्त किए हैं।
गुजरात: अहमदाबाद में अवैध रूप से रह रहे 48 बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार
अहमदाबाद पुलिस की अपराध शाखा ने शहर के विभिन्न हिस्सों में अवैध रूप से रह रहे 48 बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हिरासत में लिए गए लोगों को उनके देश वापास भेजा जाएगा।
लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई ने डीजीएणओ का पदभार संभाला
लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई ने शुक्रवार सैन्य अभियान के महानिदेशक (डीजीएमओ) के रूप में पदभार ग्रहण किया। यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभालने से पहले वह चिनार कोर के जनरल कमांडिंग ऑफिसर (जीओसी) के रूप में सेवा दे रहे थे। इसके अलावा, भारतीय नौसेना के लेफ्टिनेंट कमांडर प्रणॉय रॉय सियाचिन ग्लेशियर में उड़ान भरने के लिए मंजूरी हासिल करने वाले पहले नैसैनिक पायलट बन गए हैं। यह दुनिया का सबसे ऊंचा युद्ध क्षेत्र है।
कर्नाटक: हाईकोर्ट ने राज्य के लिए अलग झंडे की मांग करने वाली जनहित याचिका खारिज की
कर्नाटक हाईकोर्ट ने राज्य के लिए अलग झंडे के लिए मंजूरी मांगने वाली एक जनहित याचिका को खारिज कर दिया। चीफ जस्टिस एनवी अंजारियाऔर जस्टिस केवी अरविंद की अगुवाई वाली खंडपीठ ने कहा कि इस प्रकृति की शिकायतें अदालतें के अधिकार क्षेत्र में नहीं आती हैं।
किसान संगठन ने की टायर कार्टेल पर कार्रवाई करने की मांग
अखिल भारतीय किसान सभा (एआईकेएस) ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि टायर बनाने वाली कंपनियों का एक गिरोह (कार्टेल) प्राकृतिक रबर की कीमतों में हेराफेरी कर रहा है। किसान संगठन ने कहा कि एआईकेएस टायर कार्टेल द्वारा प्राकृतिक रबर की कीमतों में स्पष्ट हेराफेरी की निंदा करता है। यह लाखों रबर किसानों, श्रमिकों और छोटे व्यापारियों की आजीविका को प्रभावित कर रहा है। एआईकेएस ने कहा कि रबर किसान कर्ज के जाल में फंस रहे हैं, तो टायर कंपनियों का समूह भारी मुनाफे की स्थिति में है। किसान संगठन ने कहा कि केंद्र सरकार समूह के दबाव में आ गई और बड़े पैमाने पर आयात की अनुमति दे दी। किसान संगठन ने टायर उद्योग के एकाधिकार पैदा करने वाले तौर-तरीकों और कीमतों की हेराफेरी के नियमन के लिए केंद्र के तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।
न्याय की देवी मूर्ति के कई हाथ होने चाहिए थे और उनमें हथियार होने चाहिए थे: मीनाक्षी लेखी
पूर्व केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने कहा कि वर्तमान स्थिति से निपटने के लिए उच्चतम न्यायालय में न्याय की देवी की नई मूर्ति के कई हाथ होने चाहिए थे और उन हाथों में हथियार होने चाहिए थे। उच्चतम न्यायालय में नई न्याय की मूर्ति लगाए जाने पर लेखी ने कहा कि नई मूर्ति को लेकर विवाद चल रहा है। कुछ लोग कह रहे हैं कि यह एकतरफा फैसला था। पुरानी मूर्ति भारतीय परिप्रेक्ष्य से न्याय की देवी या न्याय की अवधारणा को प्रतिबिंबित नहीं करती है। उन्होंने कहा कि इसे बदलने के बजाय हम इसकी एक आंख पर पट्टी बांध सकते थे। तलवार भी रख सकते थे। उन्होंने कहा कि हम देवी को कई भुजाओं के साथ देखने के आदी हैं। इसलिए हम नई मूर्ति को कई भुजाएं दे सकते थे और समाज की वर्तमान स्थिति से निपटने के लिए उसे और अधिक हथियारबंद कर सकते थे। हम देवी को एक मोबाइल फोन और इंटरनेट भी दे सकते थे। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कनाडा पर भी परोक्ष हमला किया और कहा कि अगर किसी देश की धरती का इस्तेमाल दूसरे देश में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए किया जाता है, तो इसे राज्य प्रायोजित आतंकवाद कहा जाता है।
केंद्रीय सिविल सेवाओं के लिए 120 और उम्मीदवारों की यूपीएससी ने की सिफारिश
संघ लोकसेवा आयोग (यूपीएससी) ने शुक्रवार को विभिन्न केंद्रीय सिविल सेवाओं में चयन के लिए 120 और उम्मीदवारों की सिफारिश की। ये सभी आरक्षित सूची में थे। यूपीएससी ने बताया कि इन उम्मीदवारों ने सिविल सेवा परीक्षा 2023 उत्तीर्ण की थी। इसका परिणाम इस वर्ष अप्रैल में घोषित किया गया था। परिणाम के आधार पर 1,143 रिक्तियों के लिए 1,016 उम्मीदवारों की भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस), भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस), भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) और कुछ अन्य केंद्रीय सेवाओं में नियुक्ति के लिए सिफारिश की गई थी। आयोग ने अब 120 और उम्मीदवारों की सिफारिश की है। इनमें 88 सामान्य, पांच आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, 23 अन्य पिछड़ा वर्ग, तीन अनुसूचित जाति और एक अनुसूचित जनजाति से हैं। अनुशंसित उम्मीदवारों को कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग की ओर से सीधे सूचित किया जाएगा।
इस्राइल में 30 हजार भारतीय नागरिक: विक्रम मिस्री
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने शुक्रवार को बताया कि लगभग 30,000 भारतीय नागरिकों के अभी इस्राइल में होने का अनुमान है। विदेश मामले से संबंधित स्थायी समिति को बताया गया कि पश्चिम एशिया में संघर्ष शुरू होने से पहले इस्राइल-भारत के बीच हुए एक समझौते के तहत निर्माण क्षेत्र के लगभग 9,000 श्रमिक और 700 कृषि श्रमिक वहां गए हैं। इस दौरान कांग्रेस सदस्य शशि थरूर की अध्यक्षता वाली स्थायी समिति की बैठक में कुछ सदस्यों ने लद्दाख क्षेत्र में सीमा संकट के समाधान के लिए भारत और चीन के बीच हाल में हुए समझौते और भारत-कनाडा संबंधों में कड़वाहट के विषय भी उठाए। अधिकारियों ने बैठक में दो मुद्दों पर टिप्पणियां कीं। थरूर ने कहा कि यह बहुत अच्छी चर्चा रही। एक विपक्षी सांसद ने पूछा कि क्या भारत ने इस संघर्ष में इज़रायल के प्रति झुकाव दिखाया है? इस पर अधिकारियों ने संसदीय समिति के समक्ष अपनी प्रस्तुति में फलस्तीन शरणार्थियों की मदद के लिए फलस्तीन अधिकारियों और संयुक्त राष्ट्र राहत और कार्य एजेंसी को भारत की मानवीय सहायता की जानकारी दी।