पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने पार्टी के उन विधायकों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई करने का फैसला किया है, जो व्हिप जारी होने के बावजूद विधानसभा सत्र में नियमित रूप से अनुपस्थित रहते हैं। पार्टी नेताओं के अनुसार, टीएमसी की विधायी अनुशासन समिति ने सदन में अनुपस्थित रहने वाले कई विधायकों को तलब किया है। साथ ही उन्हें इस सप्ताह के अंत में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने का निर्देश दिया है। राज्य के संसदीय कार्य मंत्री सोभनदेव चट्टोपाध्याय ने सोमवार को विधानसभा में उपस्थिति रिकॉर्ड की समीक्षा के लिए एक बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने बताया कि अनुपस्थित रहने वालों की सही संख्या निर्धारित करने के लिए उपस्थिति रजिस्टरों की जांच की जा रही है, खासकर वे जो बिना किसी वैध कारण के सत्र में अनुपस्थित रहे हैं।
यूट्यूबर के घर पर भीड़ के हमले की जांच करेगी सीबी-सीआईडी
तमिलनाडु पुलिस की सीबी-सीआईडी शाखा लोकप्रिय यूट्यूबर और राजनीतिक कार्यकर्ता 'सवुक्कु' शंकर के घर में घुसकर सीवेज डालने की घटना की जांच करेगी। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) शंकर जीवाल के कार्यालय से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, यह कदम शंकर द्वारा एक साक्षात्कार में ग्रेटर चेन्नई पुलिस और पुलिस आयुक्त के खिलाफ कुछ आरोप लगाए जाने के मद्देनजर उठाया गया है। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ग्रेटर चेन्नई पुलिस के पुलिस आयुक्त ने इस मामले की जांच के लिए इसे किसी अन्य एजेंसी को सौंपने का अनुरोध किया। इसके बाद, किलपौक पुलिस स्टेशन ने इस मामले को सीबी-सीआईडी को सौंप दिया है। बता दें कि सोमवार को कुछ लोगों ने 'सवुक्कु' शंकर के घर पर हमला किया और कथित तौर पर घर के अंदर सीवेज और मानव मल फेंका। इस घटना की कड़ी निंदा की गई, जिसमें सत्तारूढ़ डीएमके की सहयोगी पार्टी विदुथलाई चिरुथैगल काची भी शामिल है। शंकर, जो डीएमके के मुखर आलोचक हैं, ने इस घटना के बारे में कहा कि उन्होंने दिसंबर 2024 में सीवेज से संबंधित कार्यों में भ्रष्टाचार का पर्दाफाश किया था।
केरल : महिला आईबी अफसर का शव रेलवे ट्रैक पर मिला
खुफिया ब्यूरो (आईबी) की एक महिला अधिकारी सोमवार को यहां रेलवे ट्रैक पर मृत पाई गईं। पुलिस ने बताया, मेघा (24) का शव सुबह करीब 9:30 बजे शहर के चक्का इलाके के पास रेलवे ट्रैक पर मिला। शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। थानामथिट्टा जिले की रहने वाली मेघा यहां अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के प्रवास अनुभाग में काम करती थीं। घटना की विस्तृत जांच की जा रही है।
दुष्कर्म से बचने को युवती ने चलती ट्रेन से लगाई छलांग, गंभीर
दुष्कर्म से बचने के लिए 23 साल की एक युवती जान की परवाह किए बगैर चलती ट्रेन से कूद गई। इस वजह से युवती के सिर, ठोड़ी, दाहिने हाथ और कमर में चोटें आईं। सरकारी गांधी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार ने सोमवार को युवती के परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया है। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) से मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़िता 22 मार्च की शाम को सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन से मेडचल के लिए मल्टी मॉडल ट्रांसपोर्ट सर्विस (एमएमटीएस) ट्रेन की महिला कोच में सवार हुई थी। जीआरपी सिकंदराबाद पुलिस अधीक्षक जी चंदना दीप्ति के मुताबिक, पीड़ित युवती एक मशहूर ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनी में काम करती है और वारदात वाले दिन वह अपने मोबाइल फोन का डिस्प्ले ठीक कराने मेडचल से सिकंदराबाद आई थी। दीप्ति के मुताबिक, आरोपी को पकड़ने के लिए चार टीमें बनाई गई हैं। ये टीमें टीमें सीसीटीवी फुटेज, चश्मदीद गवाहों, मानवीय खुफिया जानकारी से सबूत तलाश रही हैं।
तमिलनाडु में यात्री के पास पांच करोड़ का गांजा मिला, गिरफ्तार
तमिलनाडु के त्रिची में सीमा शुल्क विभाग ने एक यात्री के पास से 5.1 करोड़ रुपये का गांजा जब्त किया और तस्करी के आरोप में उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी रविवार को मलयेशिया के कुआलालंपुर से यहां पहुंचा था। एक बयान में विभाग ने कहा, गुप्त सूचना के आधार पर अधिकारियों ने यात्री को रोका। जांच के दौरान उसके बैग में 5.15 किलो गांजा मिला, जिसे जब्त कर लिया गया। आगे की जांच जारी है।
ओडिशा में ब्लैकमेल और वसूली करने वाला नाइजीरियाई गिरफ्तार
ओडिशा के कटक में ब्लैकमेल और जबरन वसूली करने के आरोप में 31 वर्षीय नाइजीरियाई को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान जेजे रेमंड उर्फ चिजिओके जॉन ओकोये के रूप में हुई है। अधिकारियों ने बताया कि यह गिरफ्तारी एक मार्च को दरगाह बाजार थाने में दर्ज उस केस की जांच के आधार पर की गई, जिसमें पीड़िता ने आत्महत्या कर ली थी और ओकोये की मामले में संलिप्तता का पता चला था।
मणिपुर में 5 उग्रवादी गिरफ्तार बड़ी संख्या में हथियार बरामद
मणिपुर में सुरक्षाबलों ने अलग-अलग जिलों से प्रतिबंधित संगठनों के पांच उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से बड़ी संख्या में हथियार और गोला-बारूद बरामद हुए हैं। बिष्णुपुर जिले से गिरफ्तार तीन उग्रवादी ओनम अबंग मैतेई, युमलेम्बम रोमेश सिंह उर्फ रतन और आरके नेवी मैतेई प्रतिबंधित संगठन पीपल्स रिवोल्यूशनरी पार्टी ऑफ कांगलीपक के सदस्य हैं। वहीं, इंफाल पूर्व और पश्चिम जिलों से दो उग्रवादियों मोहम्मद ताज खान और शगोलशेम प्रबीन सिंह को गिरफ्तार किया है।
भाजपा कार्यकर्ता की हत्या में माकपा के आठ कार्यकर्ताओं को उम्रकैद
केरल की एक अदालत ने लगभग दो दशक पहले कन्नूर जिले में भाजपा कार्यकर्ता एलाम्बिलयी सूरज की हत्या के लिए आठ माकपा कार्यकर्ताओं को सोमवार को उम्रकैद की सजा सुनाई। इसके साथ ही हर एक पर 50,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं, दोषी पाए गए एक अन्य कार्यकर्ता को तीन साल के कठोर कारावास की सजा सुनाने के साथ ही उस पर 25,000 का जुर्माना लगाया। इन सभी नौ माकपा कार्यकर्ताओं को थालास्सेरी के प्रधान सत्र न्यायाधीश के टी निसार अहमद ने शुक्रवार को सूरज की हत्या का दोषी करार दिया था। अभियोजन पक्ष के मुताबिक, माकपा छोड़ने और भाजपा में शामिल होने के बाद राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता की वजह से सात अगस्त 2005 को एक समूह ने सूरज की हत्या की थी। हत्या और साजिश के आरोप में 12 माकपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इस दौरान दो आरोपियों पीके शम्सुद्दीन उर्फ शम्सू और टीपी रविन्द्रन की मुकदमे के दौरान मौत हो गई। मामले के एक आरोपी प्रकाशन को अदालत ने बरी कर दिया था।
अवामी एक्शन कमेटी पर यूएपीए के तहत कार्रवाई कर सकेंगे राज्य केंद्र ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए राज्य सरकारों को प्रतिबंधित संगठन अवामी एक्शन कमेटी (एएसी) के खिलाफ कार्रवाई के लिए गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए), 1967 के तहत अपनी शक्तियों के इस्तेमाल का अधिकार दे दिया। केंद्र सरकार ने दो हफ्ते पहले ही गैर-कानूनी संगठन घोषित कर इसकी गतिविधियों पर पांच साल के लिए प्रतिबंध लगा दिया था। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने अब एक और अधिसूचना जारी करके राज्यों को यूएपीए की धारा 7 और 8 के इस्तेमाल के लिए अधिकृत कर दिया है। इसमें प्रतिबंधित संगठन से जुड़ी संपत्तियों को जब्त करने, उसकी गतिविधियों को प्रतिबंधित करने की शक्ति दी गई है। यह निर्णय उन राज्यों में विशेष रूप से महत्वपूर्ण है जहां अवामी एक्शन कमेटी सक्रिय रही है। उमर फारूक के नेतृत्व वाला संगठन एएसी आतंकवादी गतिविधियों के समर्थन और जम्मू-कश्मीर में अलगाववाद को बढ़ावा देने के लिए भारत विरोधी दुष्प्रचार में शामिल रहा है।
टीटीडी बोर्ड का 5,259 करोड़ का बजट, मंदिराें का होगा पुनर्निर्माण
तिरुमाला के तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) बोर्ड के ट्रस्टियों ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 5,259 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दे दी है। बजट के अलावा, बोर्ड ने कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी पारित किए, जिसमें पोटू (मंदिर रसोई) कर्मचारियों का वेतन बढ़ाने और बुजुर्गों व दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए ऑफलाइन दर्शन की व्यवस्था की संभावना तलाशने जैसे निर्णय शामिल हैं। तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) के अध्यक्ष बीआर नायडू ने सोमवार को घोषणा की कि पोटू कर्मचारियों को चिकित्सा लाभों को बेहतर बनाने की व्यवहार्यता की जांच का फैसला लिया गया।
सशस्त्र बलों को जल्द मिलेगी 800 KM क्षमता वाली ब्रह्मोस मिसाइल
भारतीय सेना और वायुसेना की ताकत में और इजाफा होगा। दोनों सशस्त्र बलों को जल्द ही 800 किलोमीटर तक मारक क्षमता वाली ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइलें मिलने जा रही हैं। रक्षा सूत्रों ने बताया कि लगभग 250 मिसाइलों की खरीद के प्रस्ताव को रक्षा अधिग्रहण परिषद ने मंजूरी दे दी है। अब इसे अंतिम मंजूरी के लिए सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति के पास ले जाया जाएगा। इन मिसाइलों को रेगिस्तान और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा। पहले इन मिसाइलों की मारक क्षमता लगभग 300 किलोमीटर हुआ करती थी, लेकिन अब इनकी क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है और ये 800 किलोमीटर तक के लक्ष्य को भेद सकती हैं। ब्रह्मोस का निर्माण रूस के साथ मिलकर संयुक्त रूप से किया जाता है। ब्रह्मोस एयरोस्पेस अगली पीढ़ी की ब्रह्मोस मिसाइलों पर भी काम कर रहा है, जिनका निर्माण लखनऊ में किया जाएगा।
एनआरसी कराने की अपील, मणिपुर के विधायक ने गृह मंत्री शाह को लिखा पत्र
मणिपुर के एक विधायक ने फर्जी मतदाताओं का मामला उठाते हुए प्रदेश में राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर यानी एनआरसी कराने की मांग की है। इसको लेकर विधायक राजकुमार इमो सिंह ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है।विधायक राजकुमार का यह पत्र सुप्रीम कोर्ट के उस निर्देश के बाद आया है, जिसमें मणिपुर सहित कुछ चुनिंदा राज्यों में परिसीमन प्रक्रिया अगले तीन महीनों के भीतर पूरी करने को कहा गया है। सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हुए राजकुमार ने कहा, प्रक्रिया शुरू करने से पहले राज्य में कुछ महत्वपूर्ण मुद्दों पर ध्यान देने की जरूरत है। देश और राज्य के वास्तविक नागरिकों की पहचान के लिए एनआरसी आवश्यक है। एनआरसी यह सुनिश्चित करने के लिए है कि लोकतांत्रिक ढांचे के भीतर प्रतिनिधित्व केवल वास्तविक नागरिकों के लिए आरक्षित है।
हैदराबाद में सड़क दुर्घटना के बाद कांस्टेबल पर हमला
हैदराबाद के बंजारा हिल्स पुलिस स्टेशन क्षेत्र में ओमेगा अस्पताल के पास एक कांस्टेबल पर हमला किया गया। यह हमला तब हुआ जब कांस्टेबल सड़क दुर्घटना में शामिल दो पक्षों के बीच झगड़ा शांत करने के लिए बीच बचाव कर रहे थे। यह घटना एक कार और दोपहिया वाहन के बीच टक्कर से शुरू हुई। दोनों पक्षों में झगड़ा होने लगा और कांस्टेबल ने उन्हें अलग करने की कोशिश की। इस दौरान, एक दोपहिया वाहन सवार गुस्से में आकर पास में पड़ी बीयर की बोतल उठा कर कांस्टेबल पर हमला कर दिया। पुलिस ने सवार को हिरासत में ले लिया है। कांस्टेबल को मामूली चोटें आई हैं, लेकिन वह खतरे से बाहर हैं। पुलिस ने घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है।
तेलंगाना के एसएलबीसी सुरंग में मिले शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
तेलंगाना के नागरकुरनूल जिले में एसएलबीसी सुरंग के अंदर से एक शव बरामद किया गया है। बचाव दल ने सुरंग के अंदर शव को ढूंढ निकाला और उसे पोस्टमार्टम के लिए नागरकुरनूल जनरल अस्पताल भेज दिया है।अभी तक शव की पहचान नहीं हो पाई है, लेकिन पुलिस मामले की जांच कर रही है। सुरंग के अंदर शव मिलने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई है, और जांच अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि यह शव सुरंग के अंदर कैसे पहुंचा। यह घटना सुरंग के भीतर किसी अप्रिय घटना का संकेत हो सकती है, और पुलिस अधिकारियों द्वारा पूरी घटना की जांच की जा रही है।
असम में 1 अप्रैल से बिजली दरों में होगी कटौती
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने ट्वीट कर जानकारी दी कि 1 अप्रैल से राज्य के सभी घरेलू उपभोक्ताओं के लिए बिजली दरों में 1 रुपये प्रति यूनिट की कटौती की जाएगी। इस कदम से उपभोक्ताओं को गर्मी के मौसम में राहत मिलेगी।
इसके अलावा, कृषि, औद्योगिक और वाणिज्यिक बिजली शुल्क में भी 25 पैसे प्रति यूनिट की कमी की जाएगी। मुख्यमंत्री ने इसे बजट में किए गए एक और वादे के रूप में बताया और कहा कि यह कदम राज्यवासियों के लिए महत्वपूर्ण राहत लेकर आएगा।
भाजपा ने कर्नाटक के पांच नेताओं को जारी किया कारण बताओ नोटिस
भाजपा की केंद्रीय अनुशासन समिति ने कर्नाटका के पांच पार्टी नेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। ये नेता पार्टी के आंतरिक मामलों पर सार्वजनिक मंचों पर अनुचित टिप्पणी करने के लिए नोटिस प्राप्त कर रहे हैं। जिन नेताओं को नोटिस भेजा गया है, वे हैं - कट्टा सुब्रमण्य नायडू, एमपी रेणुकाचार्य, बीपी हरीश, शिवराम हेब्बार और एसटी सोमशेखर।
वाहन स्क्रैपिंग नीति से ऑटो कंपोनेंट की कीमतों में 30 प्रतिशत की कमी आ सकती है : गडकरी
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि वाहन स्क्रैपिंग नीति से ऑटो कंपोनेंट की कीमतों में 30 प्रतिशत की कमी आ सकती है। इससे वाहनों की कीमतों में भी कमी आएगी। 'टाइम्स ड्राइव ऑटो अवार्ड्स 2025' को संबोधित करते हुए सड़क, परिवहन और राजमार्ग मंत्री ने कहा कि शहरों और राजमार्गों पर चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर बनाने के लिए सरकार की ओर से उठाए जा रहे विभिन्न कदमों के कारण ईवी की मांग बढ़ेगी। गडकरी ने कहा कि इनपुट सामग्री की कीमतों में कमी आने से ईवी को अपनाने में भी तेजी आएगी। मंत्री ने कहा कि भारत में लिथियम-आयन बैटरी की कीमतों में भी कमी आई है। उन्होंने कहा कि अदाणी समूह और टाटा जैसी कई बड़ी कंपनियां भारत में बड़े पैमाने पर लिथियम-आयन बैटरी का उत्पादन करने जा रही हैं। लिथियम-आयन बैटरी इलेक्ट्रिक वाहनों का एक प्रमुख घटक है। उन्होंने यह भी कहा कि जम्मू-कश्मीर में खोजे गए बड़े लिथियम भंडार दुनिया के कुल लिथियम भंडार का 6 प्रतिशत हैं, जो करोड़ों लिथियम-आयन बैटरी बनाने के लिए पर्याप्त हैं। भारतीय ऑटोमोबाइल उद्योग के बारे में उन्होंने कहा कि यह स्वस्थ गति से बढ़ रहा है। यह उद्योग जापान को पीछे छोड़ते हुए दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा उद्योग बन गया है।