फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: इंफाल घाटी में सात उग्रवादी गिरफ्तार; पीएम मोदी और आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू की मुलाकात

Fri, 25 Apr 2025 02:10 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
सुरक्षा बलों ने इंफाल पूर्व और इंफाल पश्चिम जिलों से विभिन्न प्रतिबंधित संगठनों के सात उग्रवादियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि जबरन वसूली की गतिविधियों में शामिल यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट (पी) के तीन उग्रवादियों को गुरुवार को इंफाल पश्चिम जिले के आरआईएमएस अस्पताल से गिरफ्तार किया गया और उनके कब्जे से 1,13,910 रुपये नकद जब्त किए गए। इंफाल पूर्वी जिले के खोंगमपट से प्रतिबंधित पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के एक सक्रिय कैडर को गिरफ्तार किया। प्रतिबंधित कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (पीडब्ल्यूजी) के एक सक्रिय कार्यकर्ता को गुरुवार को इंफाल पूर्वी जिले के चेकसाबी पाट स्थित एक फार्महाउस से गिरफ्तार किया गया। इंफाल ईस्ट जिले के फकनंग संगोमसांग से केसीपी (सिटी मीतेई) के एक उग्रवादी को गिरफ्तार किया गया। उसके द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर उसी संगठन के एक अन्य सदस्य को भी इंफाल ईस्ट जिले के सावोमबंग से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि गुरुवार को चुराचांदपुर जिले के तेइजांग गांव में तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने एक कार्बाइन मशीन गन, एक देशी सिंगल बैरल राइफल, एक रॉकेट लांचर (5 फीट), दस मोर्टार बम, दो हथगोले और अन्य सामान जब्त किया।
विज्ञापन


आंध्र प्रदेश की सरकार और जतना पीड़ित परिवारों के साथ, केंद्र को पूरा समर्थन: चंद्रबाबू नायडू
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, आज मैंने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में केंद्र सरकार के साथ एकजुटता जताई। पहलगाम में हुए खौफनाक आतंकी हमले ने पूरे देश को दुखी कर दिया है। ऐसी कायरतापूर्ण हिंसा की जितनी निंदा की जाए, वह कम है। आंध्र प्रदेश की सरकार और जनता पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। हम भारत की सुरक्षा सुनिश्चित करने में प्रधानमंत्री मोदी के निर्णायक नेतृत्व को अपना पूरा समर्थन देने का वादा करते हैं। 

भाजपा का आरोप: आसनसोल में वक्फ विरोधी रैली में लगे पाकिस्तान समर्थन के नारे
पश्चिम बंगाल भाजपा के एक नेता ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि आसनसोल में वक्फ संशोधन अधिनियम के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान पाकिस्तान समर्थक नारे लगाए गए। उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। भाजपा आसनसोल जिला सचिव अभिजीत रे ने आरोप लगाया कि गुरुवार को शहर के रेलपार इलाके में विरोध प्रदर्शन के दौरान देश विरोधी नारे लगाए गए और उन्होंने उचित जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान जिंदाबाद नारे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वरिष्ठ भाजपा नेता अमित मालवीय ने भी अपने एक्स हैंडल पर वीडियो शेयर किया।
विज्ञापन


पोप फ्रांसिस के अंतिम संस्कार में शामिल होंगी राष्ट्रपति मुर्मू
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पोप फ्रांसिस के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए शुक्रवार को वेटिकन सिटी के लिए रवाना हुईं। राष्ट्रपति कार्यालय ने एक्स पर लिखा कि उनके साथ केंद्रीय संसदीय कार्य और अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू, अल्पसंख्यक मामलों और मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन और गोवा विधानसभा के उपाध्यक्ष जोशुआ डी सूजा भी हैं। मुर्मू वेटिकन सिटी की दो दिवसीय यात्रा पर हैं। वे भारत सरकार तथा लोगों की ओर से संवेदना व्यक्त करेंगीं। पोप फ्रांसिस का सोमवार को निधन हो गया था। वह 88 वर्ष के थे। भारत ने पोप फ्रांसिस के निधन पर तीन दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की।

आंध्र प्रदेश के पूर्व वित्त मंत्री बोले- NSD नीति खतरनाक
आंध्र प्रदेश के पूर्व वित्त मंत्री बुग्गना राजेंद्रनाथ रेड्डी ने सत्ताधारी दल- तेलुगू देशम पार्टी (टीडीपी) की सरकार को कटघरे में खड़ा किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की सरकार की गैर-परिवर्तनीय डिबेंचर (NSD) नीति पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने इसे राज्य के लिए खतरनाक बताया है। विधानसभा में विपक्षी दल- वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) के नेता राजेंद्रनाथ रेड्डी ने कहा, गैर-परिवर्तनीय डिबेंचर (एनसीडी) राज्य के हितों के लिए बेहद हानिकारक है। टीडीपी सरकार बांड की सेवा के लिए प्रत्यक्ष डेबिट तंत्र तक पहुंच दे रही है। अगर सरकार प्रत्यक्ष डेबिट तंत्र तक पहुंच देने का फैसला करती है, तो बांड के संरक्षकों को रिजर्व बैंक (आरबीआई) के पास मौजूद राज्य के समेकित कोष से सीधे डेबिट करने की सुविधा मिल जाती है। आंध्र प्रदेश के लिए खतरनाक फैसले को वाईएसआर कांग्रेस इसलिए जनता के बीच ला रही है। सरकार को तत्काल इसका संज्ञान लेकर फैसले पर रोक लगानी चाहिए।

एससीएम के तहत फंड के बेहतर इस्तेमाल से राज्यों में अपराध दर में आई कमी
स्मार्ट सिटीज मिशन (एससीएम) के तहत फंड का बेहतर इस्तेमाल करने वाले राज्यों में अपराध दर में भारी गिरावट देखी गई है। यह खुलासा भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की एक नई रिपोर्ट में हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक, एससीएम के 80% से ज्यादा फंड खर्च करने वाले राज्यों में कम फंड खर्च करने वाले राज्यों के मुकाबले सार्वजनिक सुरक्षा में बेहतर सुधार दर्ज किया। एसबीआई रिपोर्ट का यह विश्लेषण 2021 तक के डाटा पर आधारित है। रिपोर्ट में वायु गुणवत्ता में सुधार में हुए बदलावों का भी विश्लेषण किया गया। पेड़-पौधों को बढ़ाने, स्वच्छ ऊर्जा को अपनाने और वायु गुणवत्ता मॉनिटर लगाने जैसी पहलों में हुए निवेश के सकारात्मक नतीजे दिखने लगे हैं। 2018 से 2024 के बीच कुछ स्मार्ट और गैर-स्मार्ट शहरों की वायु प्रदूषण की तुलना से यह पता चला कि स्मार्ट शहरों में पर्टिक्युलेट मैटर (पीएम) के स्तर में ज्यादा गिरावट आई है।

सिक्किम पुलिस में अग्निवीरों को मिलेगा 20 फीसदी का आरक्षण
सिक्किम पुलिस सेवा में अब अग्निवीरों को 20 फीसदी का आरक्षण मिलेगा और सेवा मानदंडों को पूरा करने वालों के लिए आयु सीमा में भी छूट मिलेगी। प्रदेश के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने बृहस्पतिवार को यह घोषणा की। सीएम ने एक कार्यक्रम में कहा, राज्य पुलिस में अग्निवीरों के लिए 20% आरक्षण मिलेगा और सशस्त्र बलों में कम से कम छह महीने पूरे करने वाले पूर्व सैनिकों के लिए मानक ऊपरी आयु सीमा में 10 साल की छूट शुरू की गई है। इससे वे 50 वर्ष की आयु तक इन पदों के लिए आवेदन कर सकेंगे।

मिजोरम के लेंगपुई एयरपोर्ट की कमान अब सीआईएसएफ के हाथ 
केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने बृहस्पतिवार को मिजोरम के एकमात्र राष्ट्रीय हवाईअड्डे की सुरक्षा की जिम्मेदारी की कमान संभाल ली। लेंगपुई हवाईअड्डा सीआईएसएफ की पहली इकाई है जो पूर्वोत्तर भारत में बल की उपस्थिति को सुदृढ़ करती है। सीआईएसएफ प्रवक्ता ने अपने बयान में कहा भारत-म्यांमार और भारत-बांग्लादेश सीमाओं के निकट स्थित लेंगपुई हवाई अड्डा सुरक्षा और संपर्क की दृष्टिकोणों से अत्यधिक महत्वपूर्ण है।

कटड़ा से गुवाहाटी और जम्मू से बनारस के बीच चलेगी विशेष ट्रेनें
गर्मी के मौसम में ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे कटड़ा से गुवाहटी और जम्मू-बनारस के बीच विशेष ट्रेनें चलाएगा। ये ट्रेनें साप्ताहिक हैं। इनके परिचालन से यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। कटड़ा-गुवाहटी साप्ताहिक ट्रेन 04606-04605 पांच फेरे लगाएगी। ट्रेन दो मई, नौ मई, 16 मई, 23 मई और 30 मई को चलेगी। यह ट्रेन कटड़ा से रात 9:30 बजे चलेगी। रास्ते में उधमपुर, जम्मू, पठानकोट में रुकेगी। 20 कोच वाली ट्रेन आरक्षित होगी। इसके अलावा 04610-14609 जम्मू-बनारस साप्ताहिक ट्रेन चलेगी। यह जम्मू से हर वीरवार को शाम 6:20 बजे आठ मई से 10 जुलाई तक चलेगी। 13 कोच वाली ट्रेन पठानकोट होते हुए जाएगी। 

मणिपुर में 1 करोड़ रुपये की हेरोइन जब्त, तीन गिरफ्तार
मिजोरम में पिछले दो दिनों में दो अलग-अलग अभियानों में एक करोड़ रुपये से अधिक की हेरोइन जब्त की गई है। इस सम्बन्ध में तीन लोगों की गिरफ्तारी हुई है। सेंट्रल यंग मिजो एसोसिएशन (सीवाईएमए) के तहत गठित सेंट्रल एंटी ड्रग्स स्क्वाड (सीएडीएस) की टीम ने मणिपुर सीमा के पास सैतुअल शहर में दो वाहनों से 4.8 किलोग्राम हेरोइन जब्त की। फलस्वरूप दो लोगों की गिरफ्तारी हुई। सीएडीएस के एक अधिकारी ने बताया कि जब्त हेरोइन का मालिक चंफाई जिले के नगुर गांव का निवासी है। जब्त हेरोइन और दो आरोपियों को आबकारी विभाग को सौंप दिया है।

बिगड़े बोल पर एआईयूडीएफ विधायक अमीनुल गिरफ्तार 
असम पुलिस ने बृहस्पतिवार को ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) के ढिंग से विधायक अमीनुल इस्लाम को उनके विवादास्पद बयान देने पर गिरफ्तार कर लिया। अमीनुल ने केंद्र सरकार पर बेतुके आरोप लगाते हुए कहा था कि पहलगाम में हुआ आतंकी हमला केंद्र सरकार की साजिश है। इस बीच, पार्टी प्रमुख ने इस्लाम के बयान के खुद को अलग कर लिया है। इस्लाम ने बुधवार को आरोप लगाया था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह 2018 के पुलवामा हमले के पीछे थे और अब वही लोग पहलगाम हमले में भी शामिल हैं। भाजपा ने पुलवामा हमले के मुद्दे पर 2019 के आम चुनावों में मतदाताओं का ध्रुवीकरण किया और चुनाव जीता। मैंने जांच की मांग की थी लेकिन कुछ नहीं हुआ। 

बयान दुर्भाग्यपूर्ण
एआईयूडीएफ प्रमुख बदरुद्दीन अजमल ने पार्टी विधायक अमीनुल इस्लाम के विवादित बयान से अपनी पार्टी को अलग कर लिया है। अजमल ने कहा, उनका बयान दुर्भाग्यपूर्ण है। ये इस्लाम के व्यक्तिगत विचार हैं, पार्टी की सोच नहीं हैं। 

भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम के विकास में कस्तूरीरंगन ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका: मुर्मू
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को पूर्व इसरो प्रमुख कृष्णास्वामी कस्तूरीरंगन के निधन पर शोक व्यक्त किया और उन्हें भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम के विकास में उनकी शानदार भूमिका के लिए याद किया। मुर्मू ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, ज्ञान के प्रति उनके जुनून के कारण उन्होंने कई क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति का मसौदा तैयार करने में मदद की, जो भावी पीढ़ी को आकार देने में पहले ही गहरा प्रभाव डाल रही है। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं।

कस्तूरीरंगन (84 वर्ष) का शुक्रवार को बंगलूरू में निधन हो गया। मुर्मू ने कहा, यह जानकर दुख हुआ कि कृष्णास्वामी कस्तूरीरंगन अब हमारे बीच नहीं रहे। इसरो के प्रमुख के रूप में उन्होंने भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम के विकास में शानदार भूमिका निभाई। कस्तूरीरंगन को पद्मश्री, पद्म भूषण और पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था। उन्होंने 1994 से 27 अगस्त 2003 तक भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) का नेतृत्व किया।

आईएमडी ने की पश्चिम बंगाल में आंधी-तूफान की भविष्यवाणी
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार को कहा कि पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में जारी लू की स्थिति शनिवार से कम होने की संभावना है। इसके बाद मध्यम से तेज आंधी-तूफान आ सकते हैं, जिससे तापमान में गिरावट होगी। आईएमडी के अनुसार, पश्चिमी से उत्तर-पश्चिमी शुष्क हवाएं शनिवार तक चलती रहेंगी।

मौसम विभाग ने कहा कि शनिवार दोपहर से हवा की दिशा में बदलाव होने की संभावना है और अनुकूल हवा की स्थिति और बंगाल की खाड़ी से नमी आने के कारण कुछ जिलों में मध्यम से तेज आंधी-तूफान आने की संभावना है। 

मुर्शिदाबाद हिंसा : पांच और आरोपी गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में हाल में हुई सांप्रदायिक हिंसा में कथित संलिप्तता के लिए पुलिस ने पांच और लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही अब तक कुल 307 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। हिंसा की घटनाओं की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, सभी पांचों आरोपी दंगों में शामिल थे। गिरफ्तार मुख्य आरोपी जियाउल शेख के छोटे बेटे को वापस यहां लाने के प्रयास जारी हैं। जियाउल शेख का छोटा बेटा फिलहाल ओडिशा पुलिस की हिरासत में है। केंद्र के नए वक्फ संशोधन कानून के खिलाफ 11 और 12 अप्रैल को विरोध प्रदर्शन के दौरान भड़की हिंसा में मुर्शिदाबाद जिले के शमशेरगंज, सुती, धुलियान और जंगीपुर में सांप्रदायिक झड़पें हुई थीं। हिंसा के कारण तीन लोगों की मौत हो गई थी।

राहुल पर पोस्ट लिखना कर्नाटक भाजपा आईटी सेल को भारी पड़ा, केस दर्ज
कर्नाटक भाजपा आईटी सेल को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ पोस्ट करना भारी पड़ गया है। इस मामले में केपीसीसी लीगल यूनिट के अध्यक्ष सीएम धनंजय ने बंगलूरू के हाई ग्राउंड्स पुलिस स्टेशन में आईटी सेल के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है।

धनंजय ने आरोप लगाया कि आईटी सेल ने अपनी भड़काऊ पोस्ट में राहुल गांधी के खिलाफ गलत जानकारी देकर भ्रम फैलाने की कोशिश की। इस पोस्ट से देश में शांति और सद्भाव का माहौल खराब हो सकता है। राहुल गांधी के खिलाफ झूठी खबरें फैलाने और उनकी प्रतिष्ठा को धूमिल करने की कोशिश की जा रही है। बता दें कि कर्नाटक भाजपा आईटी सेल ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा था कि जब भी कांग्रेस नेता राहुल गांधी विदेश जाते हैं कश्मीर में एक के बाद आतंकवादी हमले शुरू हो जाते हैं। धनंजय ने पुलिस से आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के खिलाफ अतिशीघ्र कार्यवाही करने की मांग की है। पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 196 और 353(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
 

मेघालय: नेहू में हिंदी प्रोफेसर पर हमला पुलिस ने शुरू की जांच
नॉर्थ ईस्टर्न हिल यूनिवर्सिटी (नेहू) के कैंपस में हिंदी विभाग के प्रोफेसर आलोक सिंह पर अज्ञात बदमाशों ने हमला कर दिया। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि यह घटना बृहस्पतिवार शाम को हुई, जब प्रोफेसर अपने कार्यालय में थे। हमले में घायल होने के कारण उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। ईस्ट खासी हिल्स जिले के पुलिस अधीक्षक वी. सियेम ने बताया कि मामले में शिकायत प्राप्त हो चुकी है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद मामला दर्ज किया जाएगा। विश्वविद्यालय के शिक्षकों ने हमले की कड़ी निंदा की है।

एक सहयोगी ने बताया कि हम पुलिस से आग्रह करते हैं कि विश्वविद्यालय परिसर में एक शिक्षक पर उसके कार्यालय में हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। नेहू शिक्षक संघ ने प्रोफेसर सिंह से मुलाकात कर हमले की प्रथम जानकारी प्राप्त करने का निर्णय लिया है। पुलिस ने हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी है।

एम्स भुवनेश्वर ने की पहली रोबोटिक घुटना प्रत्यारोपण सर्जरी
एम्स भुवनेश्वर ने शुक्रवार को पहली रोबोटिक घुटना प्रत्यारोपण सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। एम्स भुवनेश्वर के कार्यकारी निदेशक आशुतोष बिस्वास जानकारी दी है कि संस्थान ने अपनी उत्कृष्ट सुविधाओं की मदद से एक 66 वर्षीय महिला के घुटने की रोबोटिक सर्जरी को सफलतापूर्वक सम्पन्न किया है। यह प्रक्रिया अत्याधुनिक तकनीक के साथ सम्पन्न की गई है और ऑपरेशन के बाद मरीज अब स्थिर स्थिति में है। 

उनका कहना है कि यह पहली रोबोटिक घुटना प्रत्यारोपण सर्जरी ओडिशा एवं पूर्वी भारत के सरकारी क्षेत्र में एक नया मानक स्थापित करती है। बिस्वास ने इस ऐतिहासिक प्रक्रिया को सफलतापूर्वक करने के लिए संस्थान के हड्डी एवं जोड़ विभाग को बधाई दी है। ऑर्थोपेडिक्स विभाग के प्रमुख बिष्णु प्रसाद पात्रो ने कहा कि यह तकनीक मानवीय त्रुटि के जोखिम को कम करती है। इसके अलावा स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने शुक्रवार को एम्स भुवनेश्वर का दौरा भी किया जहां उन्होंने केंद्रीय अनुसंधान प्रयोगशाला (सीआरएल) का उद्घाटन किया। उन्होंने मल्टी यूटिलिटी (गैस्ट्रोनॉमी) ब्लॉक की आधारशिला भी रखी।

ओडिशा में नाबालिग से बलात्कार के लिए व्यक्ति को 10 साल की सजा
ओडिशा के मयूरभंज जिले की एक पॉक्सो कोर्ट ने शुक्रवार को 2017 में एक किशोरी (16 वर्षीय) से दुष्कर्म के मामले में एक व्यक्ति को दस साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई। विशेष कोर्ट के जज संतोष कुमार नायक ने दोषी मंगल सोरेन (35 वर्षीय) पर 50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया। अगर दोषी जुर्माना भरने में विफल रहता है, तो उसे 15 महीने अतिरिक्त जेल में रहना होगा। कोर्ट ने मयूरभंज जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को पीड़िता को 4 लाख रुपये का मुआवजा देने का भी निर्देश दिया। विशेष लोक अभियोजक मनारंजन पटनायक ने कहा कि पीड़िता, आठ गवाहों और मेडिकल रिपोर्ट के बयान के आधार पर फैसला सुनाया गया।

पहलगाम हमला: 1984 के सिख विरोधी दंगों के मामले में याचिकाकर्ता ने प्रधानमंत्री को लिखा पत्र 
1984 के सिख विरोधी दंगों से संबंधित मामलों में याचिकाकर्ताओं में से एक ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। उन्होंने समाज में आतंक हिंसा और विभाजन को भड़काने वालों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करने का आग्रह किया है। अधिवक्ता गुरलाद सिंह केहलों के पत्र में राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने के महत्व पर जोर दिया गया है। इसमें उन्होंनें कहा कि पहलगाम में क्रूर हत्याओं से समाज में दुख और आक्रोश की लहर है। उन्होंने कहा कि पहलगाम नरसंहार संभावित बाहरी और आंतरिक प्रभावों के बारे में गंभीर चिंता पैदा करता है

ओडिशा में बनाए गए 46 नए सिविल जज कोर्ट 
ओडिशा सरकार ने राज्य के विभिन्न हिस्सों में 46 नए सिविल जज कोर्ट स्थापित किए हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने एक बयान में कहा कि बालासोर जिले में पांच कोर्ट, जबकि संभलपुर, मयूरभंज और सुंदरगढ़ जिलों में चार-चार कोर्ट बनाए गए हैं। जाजपुर, केंद्रपाड़ा, कंधमाल और गंजाम में तीन-तीन कोर्ट और क्योंझर, जगतसिंहपुर और कटक में दो-दो कोर्ट स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा, रायगढ़ा, पुरी, सोनपुर, बरगढ़, झारसुगुड़ा, खोरधा, कोरापुट, भद्रक, मलकानगिरी, ढेंकनाल और बोलांगीर जिलों में एक-एक सिविल जज कोर्ट स्थापित किए गए हैं।  सरकार ने बताया कि ओडिशा हाईकोर्ट से विचार-विमर्श के बाद इन कोर्ट को स्थापित किया गया है। 
 

घूसखोरी में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के चीफ इंजीनियर समेत 4 गिरफ्तार
केंद्रीय जांच ब्यूरो ने घूसखोरी के आरोप में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर के एक चीफ इंजीनियर (सीई) समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। चीफ इंजीनियर पर एक निजी कंपनी से उसके किए गए कार्यों और ठेका दिलाने में लाभ पहुंचाने के लिए 32 लाख रुपये घूस लेने का आरोप है।

सीबीआई ने जाल बिछाकर इन सभी को पकड़ा है। गिरफ्तार आरोपियों में 2000 बैच के भारती रेलवे इंजीनियर्स सेवा (आईआरएसई) के अधिकारी चीफ इंजीनियर विशाल आनंद, उनके लिए घूस लेने वाले उनके भाई कुणाल, झाझरिया निर्माण लि. के प्रबंध निदेशक सुशील झाझरिया और कंपनी के एक कर्मचारी मनोज पाठक शामिल हैं। पाठक पर घूस की रकम कुणाल तक पहुंचाने का आरोप है। सीबीआई ने आनंद और झाझरिया निर्माण लि. समेत अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी।

अंडमान कोर्ट ने प्रतिबंधित द्वीप में घुसने पर गिरफ्तार अमेरिकी पर्यटक को जमानत दी
उत्तर सेंटिनल द्वीप के प्रतिबंधित जनजातीय क्षेत्र में 31 मार्च को कथित रूप से प्रवेश करने के आरोप में गिरफ्तार एक अमेरिकी नागरिक को यहां सत्र अदालत ने शुक्रवार को जमानत दे दी। आरोपी को दो जमानतदारों के साथ जमानत दी गई है। अंडमान पुलिस ने एक बयान में कहा, आज आरोपी की जमानत याचिका पोर्ट ब्लेयर में सत्र जज की अदालत में पेश की गई। अभियोजन और बचाव पक्ष की दलीलें सुनने के बाद आरोपी को दो जमानतदारों के साथ जमानत दी गई। एक जमानतदार स्थानीय होना चाहिए और उसके नाम पर पंजीकृत जमीन होनी चाहिए। 

बयान में आगे कहा गया, आरोपी को हफ्ते में दो बार जांच अधिकारी से मिलना होगा और उसका पासपोर्ट और वीजा अदालत की अगली सुनवाई तक वापस नहीं दिया जाएगा। इसका मतलब है कि वह तब तक पोर्ट ब्लेयर में ही रहेगा। यह अमेरिकी नागरिक (24 वर्षीय) 31 मार्च को उत्तर सेंटिनल द्वीप में बिना अनुमति घुसने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। उसके खिलाफ विदेशी अधिनियम, 1946 और अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह (आदिवासी जनजातियों का संरक्षण) संशोधन विनियमन, 2012 की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

आईएएस अधिकारी मनोज कुमार ने ओडिशा के मुख्य सूचना आयुक्त के रूप में शपथ ली
सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी मनोज कुमार परिदा ने शुक्रवार को ओडिशा के मुख्य सूचना आयुक्त (सीआईसी) के रूप में शपथ ली। इसके साथ ही, पूर्व आईपीएस अधिकारी प्राणबिंदु आचार्य, सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी पवित्र मंडल और ओडिशा हाईकोर्ट की वकील कल्पना पटनायक ने भी राज्य सूचना आयुक्तों के रूप में शपथ ली। उन्हें ओडिशा के राज्यपाल हरि बाबू कमभमपति ने राजभवन में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

कर्नाटक के समाजसेवी मधुसूदन साई को फिजी का सर्वोच्च सम्मान मिला
कर्नाटक के समाजसेवी मधुसूदन साई को शुक्रवार को फिजी का सर्वोच्च सम्मान 'कंपेनियन ऑफ द ऑर्डर ऑफ फिजी' प्रदान किया गया। यह सम्मान फिजी के राष्ट्रपति रातु नाइकामा लालाबालावु ने फिजी के स्टेट हाउस (राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास) में आयोजित एक समारोह में प्रदान किया। ‘कंपेनियन ऑफ द ऑर्डर ऑफ फिजी’ सम्मान पाने वालों में पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी शामिल हैं।

कर्नाटक: परीक्षा के दौरान जनेऊ उतरवाने पर एनएचआरसी से शिकायत
कर्नाटक विधानसभा में विपक्ष के नेता आर अशोक ने हाल ही में राज्य भर में आयोजित कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (सीईटी) के दौरान धार्मिक स्वतंत्रता के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया कि परीक्षा केंद्रों पर छात्रों को जनेऊ (यज्ञोपवीत) और शिवदरा जैसे पवित्र धार्मिक प्रतीकों को हटाने के लिए मजबूर किया गया।

अशोक ने एनएचआरसी से छात्रों के अधिकारों की रक्षा के लिए त्वरित कार्रवाई की मांग की और कहा कि ऐसी घटनाएं व्यक्तिगत विश्वासों का उल्लंघन और भेदभावपूर्ण हैं। बीदर के साई स्पूर्ति पीयू कॉलेज में 17 अप्रैल को आयोजित सीईटी परीक्षा में छात्र सुचिव्रत कुलकर्णी को जनेऊ न हटाने पर परीक्षा में बैठने से रोक दिया गया। उन्होंने और उनकी मां नीता कुलकर्णी ने फिर से परीक्षा आयोजित करने या उन्हें सरकारी कॉलेज में प्रवेश देने और फीस माफ करने की मांग की है। शिवमोग्गा में भी ऐसा ही मामला सामने आया। डिप्टी कमिश्नर गुरुदत्त हेगड़े ने बताया कि दो छात्रों को धार्मिक धागा पहनने के कारण रोका गया। जांच के बाद दो होम गार्ड्स को धार्मिक भावनाओं के प्रति असंवेदनशीलता के लिए निलंबित किया गया और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
विज्ञापन

सिक्किम में भूस्खलन: चुंगथांग से 1,100 पर्यटक सुरक्षित निकाले गए, लाचुंग-लाचेन में 1,800 लोग अब भी फंसे
भूस्खलन के बाद उत्तरी सिक्किम के चुंगथांग कस्बे में फंसे करीब 1,100 पर्यटकों को शुक्रवार को सुरक्षित निकाल लिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि इन पर्यटकों को करीब 200 गाड़ियों में सवार कर चुंगथांग से गंगटोक की ओर भेजा गया। रास्ते में संगकालांग में एक अस्थायी बेली ब्रिज बनाकर उन्हें मंगन जिला मुख्यालय तक पहुँचाया गया।

हालांकि, लाचुंग और लाचेन में अभी भी लगभग 1,800 पर्यटक फंसे हुए हैं, जिन्हें निकालने के लिए सड़कें साफ करने का काम लगातार जारी है। गुरुवार शाम को भारी बारिश के चलते भूस्खलन हुआ, जिससे इन इलाकों की सड़कें बंद हो गईं। ये इलाके गुरुडोंगमार झील और युमथांग घाटी जैसे खूबसूरत पर्यटन स्थलों के कारण काफी लोकप्रिय हैं। मामले में जिला प्रशासन ने बताया कि लाचुंग और लाचेन में फंसे सभी पर्यटकों की सुरक्षा और ज़रूरी व्यवस्था की गई है। सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर ने कहा कि "सभी पर्यटक सुरक्षित हैं" और मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग खुद बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें