फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: अहमदाबाद हादसे में जान गंवाने वाली नर्स का शव घर पहुंचा; TTD के प्रसाद के लिए स्व-सेवा कियोस्क शुरू

Tue, 24 Jun 2025 02:38 PM IST
नितिन गौतम न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को देशभर के संग्रहालयों का एकीकृत सांस्कृतिक और सूचनात्मक परिदृश्य प्रदान करने के लिए भारत का संग्रहालय मानचित्र बनाने की अवधारणा पेश की। प्रधानमंत्री ने सभी संग्रहालयों का एक व्यापक राष्ट्रीय डाटा बनाने का सुझाव दिया। दिल्ली स्थित तीन मूर्ति भवन में आयोजित प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं पुस्तकालय (पीएमएमएल) की 47वीं वार्षिक आम बैठक (एजीएम) में मोदी ने यह भी सलाह दी कि जून 1975 में आपातकाल लागू होने के 50 साल पूरे होने के मद्देनजर आपातकाल अवधि से संबंधित सभी कानूनी लड़ाइयों और दस्तावेजों का संकलन तैयार कर उसे संरक्षित किया जा सकता है। मोदी ने देश में संग्रहालयों पर नए विचार और दृष्टिकोण लाने के लिए हर राज्य से 35 वर्ष से कम आयु के पांच लोगों की एक समिति बनाने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा, सभी प्रधानमंत्रियों पर एक संग्रहालय बनाने से पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू समेत उनकी विरासत के साथ न्याय हुआ है। बता दें, पीएमएमएल के प्रमुख निर्णय लेने वाली संस्था के अध्यक्ष मोदी और उपाध्यक्ष रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह हैं। बैठक में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, एअर इंडिया के पूर्व सीएमडी एवं रेलवे बोर्ड के पूर्व चेयरमैन और पीएमएमएल का निदेशक अश्विनी लोहानी आदि मौजूद थे।

विज्ञापन


किशोरियों के लिए आज नव्या कार्यक्रम शुरू करेगी सरकार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत की परिकल्पना को पूरा करने के लिए सरकार 16 से 18 वर्ष की बेटियों को व्यावसायिक प्रशिक्षण दिलाएगी। इसके लिए मंगलवार को एक नया पायलट कार्यक्रम- युवा किशोरियों के लिए व्यावसायिक प्रशिक्षण के माध्यम से आकांक्षाओं का पोषण (नव्या) की शुरुआत की जाएगी। सरकार ने सोमवार को कहा कि 'नव्या' कार्यक्रम में विशेष रूप से गैर-पारंपरिक नौकरी पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। यह पहल महिला एवं बाल विकास मंत्रालय (एमडब्ल्यूसीडी) और कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय (एमएसडीई) द्वारा संयुक्त रूप से उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में शुरू की जाएगी। इस दौरान एमएसडीई राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी और महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर मौजूद रहेंगे। सरकार ने कहा 'नव्या' वंचित समुदायों की किशोरियों को कार्यबल में सक्रिय भागीदार बनने के लिए उपकरण और आत्मविश्वास प्रदान करके उन्हें सशक्त बनाने का प्रयास करता है। इसके तहत कम से कम 10वीं कक्षा उत्तीर्ण किशोरियों को प्रशिक्षण मिलेगा। इसे 19 राज्यों के 27 जिलों में लागू किया जाएगा, जिसमें आकांक्षी जिले और पूर्वोत्तर के जिले शामिल हैं। 

भारतीय हवाई क्षेत्र में पाकिस्तानी विमानों पर रोक एक माह बढ़ी
भारत ने अपने हवाई क्षेत्र में पाकिस्तान के विमानों के प्रवेश पर लगी रोक और एक महीने के लिए बढ़ाने का फैसला किया है। सरकार की ओर से सोमवार को जारी नोटम में कहा गया है, भारतीय हवाई क्षेत्र में पाकिस्तानी विमानों के प्रवेश पर लगी रोक अब 24 जुलाई तक रहेगी। इस दौरान किसी भी पाकिस्तानी विमान को भारतीय हवाई क्षेत्र में घुसने की इजाजत नहीं होगी।पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने 30 अप्रैल को पाकिस्तानी विमानों पर रोक लगाई थी। इस बीच, पाकिस्तान ने भी अपने हवाई क्षेत्र में भारतीय विमानों पर लगी रोक 23 जुलाई तक बढ़ा दी।

हर गांव पहुंचेगा शुद्ध जल नई तकनीक से 20 रुपये में साफ होगा 1,000 लीटर; आईआईटी गुवाहाटी के शोधकर्ताओं ने विकसित की सस्ती तकनीक
भारत के करोड़ों लोग आज भी ऐसे भूजल पर निर्भर हैं जो फ्लोराइड और आयरन जैसे घातक रसायनों से दूषित है। यह पानी धीरे-धीरे शरीर को बीमार बना रहा है। हड्डियों की कमजोरी, जोड़ों में अकड़न और लंबी बीमारियों का कारण बन रहा है। लेकिन अब इस समस्या का सस्ता और प्रभावी समाधान सामने आया है। आईआईटी गुवाहाटी के वैज्ञानिकों ने एक ऐसी जल शुद्धिकरण तकनीक विकसित की है जो महज 20 रुपये में 1,000 लीटर दूषित पानी को पूरी तरह साफ कर सकती है। यह तकनीक आने वाले समय में देश के गांव-गांव में स्वच्छ जल पहुंचाने का आधार बन सकती है। भारत के कई राज्य जैसे राजस्थान, तेलंगाना, कर्नाटक, हरियाणा और गुजरात भूजल में फ्लोराइड की अत्यधिक मात्रा से जूझ रहे हैं। फ्लोराइड जब पानी के जरिए शरीर में जाता है तो स्केलेटल फ्लोरोसिस जैसी बीमारियां पैदा करता है। इस बीमारी से हड्डियां कठोर हो जाती हैं, जोड़ों में अकड़न और चलने-फिरने में असहनीय दर्द होता है। इस स्थिति में साफ और सुरक्षित पानी की आवश्यकता और भी अहम हो जाती है।

कर्नाटक के मुरुदेश्वर मंदिर में ड्रेस कोड लागू, अब धोती और साड़ी में ही प्रवेश
कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिला स्थित मुरुदेश्वर मंदिर के आंतरिक गर्भगृह में प्रवेश करने वाले श्रद्धालुओं के लिए ड्रेस कोड लागू कर दिया गया है। मंदिर प्रबंधन ने पवित्र क्षेत्रों में पश्चिमी पोशाक पर प्रतिबंध लगाया है। सोमवार को मंदिर अधिकारियों की आेर से जारी नोटिस के अनुसार पुरुषों को पारंपरिक धोती (पंचे) या पूरी लंबाई वाली पतलून पहनना है, जबकि महिलाओं को केवल साड़ी या सलवार कमीज में ही प्रवेश की अनुमति है।

मनी लॉन्ड्रिंग में ईडी के समक्ष पेश हुए पूर्व सांसद डीके सुरेश
पूर्व सांसद डीके सुरेश सोमवार को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समक्ष पूछताछ के लिए पेश हुए। यह मामला एक महिला ऐश्वर्या गौड़ा (33) के खिलाफ है। उस पर कई लोगों के साथ ठगी करने का आरोप है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस विधायक विनय कुलकर्णी और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ तलाशी के बाद ईडी ने अप्रैल में ऐश्वर्या को गिरफ्तार किया था। 

मिजोरम और गोवा के बाद तीसरा पूर्ण साक्षर राज्य बना त्रिपुरा
त्रिपुरा सोमवार को देश का पूर्ण साक्षर राज्य बन गया। मिजोरम और गोवा के बाद यह उपलब्धि हासिल करने वाला वह देश का तीसरा राज्य है। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने एक कार्यक्रम में यह घोषणा की। मुख्यमंत्री माणिक साहा ने इस उपलब्धि को त्रिपुरा के लिए एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण पल करार दिया। इस अवसर पर शिक्षा मंत्रालय के प्रौढ़ साक्षरता विभाग की निदेशक प्रीति मीणा ने कहा, त्रिपुरा में हमने 23,184 अशिक्षित वयस्कों की पहचान की और इस लक्ष्य को प्राप्त करने में सहायता की। 

ओडिशा सामूहिक दुष्कर्म मामले में NHRC ने सरकार से मांगी रिपोर्ट
ओडिशा के गोपालपुर समुद्र तट पर छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने सोमवार को ओडिशा सरकार और पुलिस महानिदेशक को नोटिस जारी कर दो सप्ताह में मामले की विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। घटना 15 जून की है। एक निजी कॉलेज की छात्रा अपने दोस्त के साथ समुद्र तट पर गई थी। वहां आरोपियों ने युवक को बंधक बना पीड़िता से बारी-बारी दुष्कर्म किया। इस मामले में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

लालू यादव ने राजद अध्यक्ष पद के लिए किया नामांकन
बिहार की सियासत में एक बार फिर लालू प्रसाद यादव की वापसी तय मानी जा रही है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव ने सोमवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया है। लालू का निर्विरोध अध्यक्ष बनना लगभग तय है, क्योंकि उनके खिलाफ किसी ने नामांकन दाखिल नहीं किया है। नामांकन के दौरान पार्टी के बड़े नेताओं के साथ उनकी पत्नी और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव भी मौजूद रहे। 

पंचायतें होंगी आत्मनिर्भर, प्रशिक्षित करेगा आईआईएम अहमदाबाद
भारत की पंचायतें अब खुद अपने राजस्व स्रोतों की पहचान में सक्षम होंगी और आर्थिक आत्मनिर्भरता हासिल कर सकेंगी। पंचायती राज मंत्रालय ने इसके लिए राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान (आरजीएसए) के तहत राष्ट्रीय पहल शुरू की है। इसी क्रम में सोमवार को आईआईएम अहमदाबाद के सहयोग से एक तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू किया गया। भारतीय लोक प्रशासन संस्थान (आईआईपीए) में पंचायती राज सचिव विवेक भारद्वाज ने ग्राम पंचायतों के स्वयं स्रोत राजस्व (ओएसआर) पर प्रशिक्षकों के प्रशिक्षण (टीओटी) कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इसमें आईआईएम के संकाय सदस्यों, आईआईपीए अधिकारियों के अलावा 16 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के नामित मास्टर प्रशिक्षक शामिल हुए।  पंचायती राज सचिव भारद्वाज ने इस मौके पर कहा कि पंचायतों का आय प्रबंधन में सक्षम होना एक वित्तीय विषय नहीं है, बल्कि यह उनकी नेतृत्व क्षमता, जनविश्वसनीयता और संस्थागत परिपक्वता का भी प्रतीक है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि अपने राज्यों में लौटकर नवाचार और समुदायिक भागीदारी से वित्तीय स्वायत्तता को बढ़ावा देने वाली व्यावहारिक रणनीतियां अपनाएं।

अहमदाबाद हादसे में जान गंवाने वाली केरल की नर्स का शव घर पहुंचा

अहमदाबाद विमान हादसे में जान गंवाने वाली केरल की नर्स का शव मंगलवार सुबह उसके घर पहुंचा। 37 वर्षीय रंजीता केरल के पथनमथिट्टा जिले की निवासी थी और ब्रिटेन में बतौर नर्स काम करती थी। डीएनए टेस्ट के जरिए रंजिता के शव की पहचान हुई। रंजिता का शव सुबह 7 बजे तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचा। केरल सरकार की तरफ से मंत्री वी शिवनकुट्टी, जीआर अनिल और सीपीआईएम महासचिव एमए बेबी ने रंजिता के शव को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद रंजिता का शव उसके गांव ले जाया गया। शाम में रंजिता के शव का अंतिम संस्कार किया जाएगा। 
 

टीटीडी ने प्रसाद के लिए स्व-सेवा कियोस्क शुरू किए

तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) ने प्रसाद के लिए स्व-सेवा कियोस्क की शुरूआत की है, जहां से श्रद्धालु खुद ही भुगतान कर लड्डू प्रसाद प्राप्त कर सकेंगे। टीटीडी ने एक बयान में बताया कि अब श्रद्धालु खुद ही यूपीआई के जरिए ऑनलाइन भुगतान कर अतिरिक्त लडड्डू प्रसाद ले सकेंगे। भुगतान के बाद श्रद्धालुओं को एक रसीद मिलेगी, जिससे विभिन्न काउंटर्स पर ये रसीद देकर प्रसाद हासिल किया जा सकेगा। भीड़ को नियंत्रित करने के उद्देश्य से यह स्व-सेवा कियोस्क शुरू किए गए हैं। 
 

ओडिशा: हथियारबंद बदमाशों ने बैंक से लूटे करीब 10 लाख रुपये

ओडिशा के मयूरभंज जिले में मंगलवार दोपहर पांच हथियारबंद डकैतों ने एक बैंक से 9.66 लाख रुपये लूटपाट की। थाना प्रभारी मधुमिता मोहंती ने बताया कि यह घटना ग्राम्या बैंक की कुचई शाखा में हुई, जो कुलियाना थाने के अंतर्गत आती है। पुलिस शिकायत के मुताबिक, पांच नकाबपोश डकैत बैंक में घुसे और उन्होंने शाखा प्रबंधक रंजीता सोरेन तथा कैशियर सूर्यप्रभा मलिक को बंदूक की नोक पर लेकर स्ट्रॉन्ग रूम खुलवाया।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि बैंक में उस समय आठ ग्राहक मौजूद थे, जिन्हें भी डकैतों ने धमकाया। पैसे लूटने के बाद डकैत दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर फरार हो गए। घटना के बाद पूर्वी रेंज के डीआईजी सत्यजीत नायक और मयूरभंज के एसपी वरुण गुन्टुपल्ली ने मौके का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।
विज्ञापन

एअर इंडिया विमान हादसा: 259 शवों की पहचान, 256 सौंपे, एक की पहचान बाकी
एअर इंडिया विमान हादसे में मारे गए 260 लोगों में से 259 मृतकों की पहचान हो चुकी है। सिर्फ एक शव की पहचान होनी बाकी है। इनमें से 256 शव पीड़ित परिवारों को सौंप दिए गए हैं।

चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश जोशी ने कहा, कुल 253 डीएनए परिणाम प्राप्त हुए हैं। इनमें 240 यात्री और 13 गैर-यात्री शामिल हैं। अगर मैं पहले दिन की बात करूं, तो कुल 19 गैर-यात्रियों की पहचान की गई थी, जिनमें से छह मृतकों के शव उनके परिवारों को सौंप दिए गए, जबकि 13 को डीएनए मिलान के आधार पर सौंपा गया। बता दें कि, 12 जून को अहमदाबाद से लंदन जा रहा एअर इंडिया का बोइंग विमान उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें सवार एक यात्री को छोड़कर सभी लोग मारे गए थे। इसमें गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी शामिल थे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें