फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: चेन्नई में कोविड के तीन नए मामले सामने आए; गुजरात के कच्छ रिक्टर पैमाने पर 4.3 तीव्रता का भूकंप आया

Tue, 22 Apr 2025 11:45 AM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में एक महिला समेत तीन लोगों में कोविड-19 के लक्षण पाए गए हैं और उनका इलाज चल रहा है। मामले में एक स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि यह चिंताजनक नहीं होना चाहिए और उन पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इससे पहले 21 अप्रैल को दो पुरुषों समेत तीनों में संक्रमण की पुष्टि हुई थी। करीब 32 लोगों का आरटी-पीसीआर टेस्ट किया गया। जबकि 20 अप्रैल तक राज्य में कोई सक्रिय मामला नहीं था।

विज्ञापन


गोवा में व्यापारी से रिश्वत लेते पकड़े दो पुलिसकर्मी
गोवा पुलिस के भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने एक पुलिस थाने में कथित तौर पर 25,000 रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में एक निरीक्षक और एक कांस्टेबल को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि एसीबी ने सोमवार रात मडगांव स्थित कोंकण रेलवे पुलिस थाने में दोनों को रंगे हाथों पकड़ा। पुलिस निरीक्षक सुनील गुडलर और कांस्टेबल हुसैन शेख को कर्नाटक के एक व्यापारी से रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। कांस्टेबल ने पहले इंस्पेक्टर की ओर से व्यापारी से दो लाख रुपये की मांग की थी जो कोंकण रेलवे ट्रेनों से नियमित रूप से मांस का परिवहन करता था। शिकायतकर्ता ने एसीबी से संपर्क किया। आरोपी पुलिसकर्मियों को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 के तहत गिरफ्तार किया गया है। गुडलर को 2011 में भी इस्राइली नागरिक से रिश्वत लेने के आरोप तब गिरफ्तार किया गया था। उसे निलंबित कर दिया गया और बाद में बहाल कर दिया गया।

केंद्र ने ED में पांच विशेष निदेशक नियुक्त किए
केंद्र सरकार ने सोमवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) में चार आईआरएस और एक आईपीएस अधिकारी सहित पांच विशेष निदेशकों की नियुक्ति की। केंद्र सरकार की ओर से जारी आदेश में कहा गया है, मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति (एसीसी) ने 1997 बैच के एजीएमयूटी कैडर के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी विप्लव कुमार चौधरी के अलावा 2003 और 2005 बैच के आयकर कैडर के भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) अधिकारी टी शंकर और एन पद्मानाभन के नामों को मंजूरी दी। एसीसी ने 1999 और 2003 बैच के आयकर कैडर के आईआरएस अधिकारी रजनीश देव बर्मन और मनु टेंटिवाल को भी नियुक्त किया है।
विज्ञापन


ईडी में विशेष निदेशक (एसडी) के आठ स्वीकृत पद हैं जो मुंबई, चेन्नई, कोलकाता और चंडीगढ़ जैसे शहरों में स्थित इसके क्षेत्रीय कार्यालयों का नेतृत्व करते हैं और दिल्ली में स्थित विशेष निदेशक दिल्ली मुख्यालय में विशेष इकाइयों का नेतृत्व करते हैं। संघीय जांच एजेंसी में वर्तमान में तीन विशेष निदेशक रैंक के अधिकारी हैं। एसडी ईडी निदेशक को रिपोर्ट करते हैं और अतिरिक्त निदेशकों, संयुक्त निदेशकों और अन्य अधीनस्थ अधिकारियों द्वारा किए गए क्षेत्रीय जांच कार्य की निगरानी करते हैं। इन नियुक्तियों के साथ ईडी में विशेष निदेशक के सभी पद भर गए हैं।

भारतीय तटरक्षक बल ने जब्त किया 302 किलो तेंदू पत्ता
 भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) ने सोमवार को भारत-श्रीलंका अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा (आईएमबीएल) के पास नशीली दवा रोधी अभियान चलाकर 302 किलोग्राम तेंदू पत्ता जब्त किया। आईसीजी ने इस संबंध में सोशल मीडिया पर एक तस्वीर साझा की।

आईसीजी ने लिखा, खुफिया जानकारी पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मंडपम स्टेशन ने भारत-श्रीलंका आईएमबीएल के पास एक नशीली दवाओं विरोधी अभियान को अंजाम दिया। एक आईसीजी एसीवी ने चौथे द्वीप के पास लगभग 302 किलो तेंदु पत्ता जब्त किया। गौरतलब है कि मंडपम स्टेशन तमिलनाडु के रामनाथपुरम में स्थित है। जब्त किए गए मादक पदार्थ को कानूनी कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क विभाग को सौंप दिया गया।

गुजरात में आय से अधिक संपत्ति में एपीएसईजेड के पूर्व अधिकारी को 5 साल की सजा
 सीबीआई की विशेष अदालत ने सोमवार को मुंद्रा स्थिति अदाणी पोर्ट्स एंड एसईजेड लिमिटेड (एपीएसईजेड) के पूर्व आयुक्त कार्यालय के मूल्यांकन अधिकारी पंकज रावल को असंगत संपत्ति मामले में 5 साल की कठोर कैद और 80 लाख रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई।
सीबीआई के अनुसार, 20 अप्रैल 2015 को रावल और उनकी पत्नी के खिलाफ केस दर्ज किया गया था, जिसमें पत्नी की मौत के बाद उनके खिलाफ मामला रद्द हो गया। रावल पर सरकारी सेवक के रूप में अपनी आय से 153 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप साबित हुआ है। इसका मूल्य लगभग 45.37 लाख रुपये है। जांच में पाया गया कि उन्होंने एक जनवरी 2009 से 26 फरवरी 2015 के बीच ज्वैलरी और अन्य संपत्तियां खरीदी थीं। 26 नवंबर, 2015 को सीबीआई ने रावल और उनकी पत्नी के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी। अदालत ने 35 गवाहों के बयान और 101 दस्तावेजों के आधार पर आरोपों को सही पाते हुए सजा सुनाई। रावल पर मुंद्रा पोर्ट परिसर में पदस्थ रहते हुए भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे।

मुर्शिदाबाद हिंसा : पिता-पुत्र की हत्या के मुख्य आरोपी जियाउल के दो बेटे गिरफ्तार
प.बंगाल एसटीएफ ने ओडिशा पुलिस की मदद से सोमवार को झारसुगुड़ा जिले से जियाउल शेख के दो बेटों को गिरफ्तार किया। शेख मुर्शिदाबाद हिंसा के दौरान पिता-पुत्र की हत्या के मुख्य आरोिपयों में शामिल हैं। आईजीपी (उत्तरी रेंज) संबलपुर, हिमांशु लाल ने बताया, पुलिस ने शेख के दो बेटों को गिरफ्तार किया है, इनकी पहचान बानी इसराइल और सेफाउल हक के रूप में हुई है।

पुलिस दल ने उन्हें रोकने के लिए हवा में चेतावनी के तौर पर चार राउंड गोलियां चलाईं। हालांकि, पुलिस दल की त्वरित प्रतिक्रिया के कारण दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया। पुलिस ने बताया, बानी इसराइल और सेफाउल हक के अलावा, सोमवार को कई छापों के बाद मुर्शिदाबाद के 12 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। ये लोग कथित तौर पर मुर्शिदाबाद हिंसा की घटना में शामिल बताए गए हैं। पुलिस ने बताया कि ये सभी मुर्शिदाबाद के रहने वाले हैं। हिंसा में उनकी भूमिका के बारे में आगे की जांच की जा रही है।  
 
देशी पिस्तौल, कारतूल बरामद

आईजीपी ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देशी पिस्तौल भी बरामद की है। इसके अलावा 7.62 एमएम के दो कारतूस और 9 एमएम के चार खाली कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

26/11 : राणा ने कोर्ट से परिवार से बात करने के लिए मांगी इजाजत
26/11 मुंबई आतंकी हमले का साजिशकर्ता तहव्वुर हुसैन राणा अपने परिवार के लोगों से बात करना चाहता है। इसके लिए उसने पटियाला हाउस कोर्ट में याचिका दायर कर अनुमति मांगी है। राणा ने 19 अप्रैल को अपने वकील के जरिये विशेष न्यायाधीश हरदीप कौर के समक्ष याचिका दायर की। याचिका पर विशेष न्यायाधीश ने सोमवार को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को 23 अप्रैल तक जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया।  पाकिस्तानी मूल के कनाडाई कारोबारी राणा अभी एनआईए की हिरासत में है।  
 

केरल सीएम का आरोप-बर्बादी देखना चाहती है केंद्र सरकार
केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि वह दक्षिणी राज्य का बर्बादी देखना चाहता है और उसके प्रति नकारात्मक रुख अपना रहा है। उन्होंने कहा, केरल को हाल के दिनों में सदी की सबसे भीषण बाढ़ और वायनाड को हिला देने वाली भूस्खलन त्रासदी सहित कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे वक्त में दुर्भाग्य से केंद्र ने केरल की किसी भी स्तर पर कोई सहायता नहीं की, जबकि केंद्र की जिम्मेदारी है कि वह कठिन वक्त में प्रदेश का समर्थन करे और चुनौतियों से उबरने में मदद करे।  

विजयन, सोमवार को कासरगोड में एलडीएफ सरकार की चौथी वर्षगांठ समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान सीएम ने आरोप लगाया कि मदद के मामले में केंद्र ने पूरी तरह नकारात्मक रुख अपनाया। इतना ही नहीं, अन्य लोगों को सहायता करने से भी रोका। उन्होंने कहा कि केंद्र की केरल को टूटने दो...और भी ज्यादा टूटने दो... की मानसिकता विनाशकारी है। उन्होंने कहा, जब राज्य ने वर्षों पहले भीषण बाढ़ का सामना किया था, तो पूरी दुनिया ने सोचा था कि यह प्राकृतिक आपदा के प्रभावों से कैसे बचेगा। हालांकि, उन्होंने दावा किया कि जिस तरह से राज्य ने इससे बचकर निकला, उससे देश और दुनिया दोनों ही चकित हैं। उन्होंने कहा, हम इस तरह कैसे बच पाए? इसका एक ही कारण है। हमारे राज्य और इसके लोगों की एकता। यह सभी कठिनाइयों और चुनौतियों से बचने की हमारी ताकत बन गई है।

25,009 फर्जी कंपनियों ने धोखाधड़ी से पास कराए 61,545 करोड़ रुपये के आईटीसी, 168 गिरफ्तार
केंद्रीय-राज्य जीएसटी अधिकारियों ने वित्त वर्ष 2024-25 में 61,545 करोड़ रुपये के इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) को धोखाधड़ी से पास करने में शामिल 25,009 फर्जी फर्मों का पता लगाया है। इस अवधि में आईटीसी को रोक कर कुल 1,924 करोड़ वसूले गए और 168 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

केंद्रीय व राज्य जीएसटी अधिकारियों ने आईटीसी धोखाधड़ी के जो मामले पकड़े, उनमें दो वित्त वर्षों 2023-24 और 2024-25 के दौरान 42,140 फर्जी कंपनियों का पता चला। इन कंपनियों ने 1.01 लाख करोड़ रुपये से अधिक की आईटीसी धोखाधड़ी की। इन दो वित्त वर्षों में आईटीसी को रोक कर कुल 3,107 करोड़ रुपये की वसूली की गई और 316 लोगों को गिरफ्तार भी किया गया। 

एक अधिकारी ने बताया, केंद्र और राज्य सरकारों व जीएसटीएन (माल एवं सेवा कर नेटवर्क) ने फर्जी आईटीसी दावे रोकने के लिए कई कदम उठाए हैं। इसमें खुफिया जानकारी मुहैया कराना, फर्जी पंजीकरण का पता लगाना और संदिग्ध ई-वे बिल गतिविधियों को रोकना शामिल है। जीएसटी के तहत आईटीसी का मतलब आपूर्तिकर्ताओं से खरीद पर व्यवसायों की ओर से चुकाए गए करों से है। इसका दावा अंतिम रूप से टैक्स का भुगतान करते समय क्रेडिट या कटौती के रूप में किया जा सकता है। 

दाहोद में एनटीपीसी के सौर प्लांट के गोदाम में लगी आग 
गुजरात के दाहोद में एनटीपीसी के निर्माणाधीन 70 मेगावाट के सौर प्लांट के लिए सामग्री रखने वाले गोदाम में भीषण आग लग गई। अधिकारियों ने बताया कि आग बुझाने का काम रातभर जारी रहा। भाटीवाड़ा गांव में गोदाम में सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे लगी आग में कोई हताहत नहीं हुआ। पुलिस उपाधीक्षक जगदीश भंडारी ने बताया कि भाटीवाड़ा गांव में एनटीपीसी के सोलर प्लांट के लिए सामग्री रखने वाले गोदाम में आग लग गई। आग में लगभग पूरा गोदाम जलकर खाक हो गया। घटनास्थल पर मौजूद सात से आठ कर्मचारियों और चार सुरक्षा गार्डों को सुरक्षित बचा लिया गया।  अधिकारी ने कहा कि गोदाम को भारी नुकसान पहुंचा है। आग बुझाने का काम रात भर जारी रहा और मंगलवार सुबह तक आग पर लगभग काबू पा लिया गया।

तमिलनाडु में हाथी के हमले में महिला की मौत
नीलगिरी जिले के मसिनागुडी कस्बे में हाथी के हमले में महिला की मौत हो गई। पीड़िता के सरसु सोमवार शाम को वह बोक्कापुरम रोड पर अपने दोपहिया वाहन से जा रही थी, तभी अचानक एक जंगली हाथी ने उसे जोर से धक्का दे दिया। इस घटना में वह घायल हो गई और उसे स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। बाद में उसे उधगमंडलम सरकारी अस्पताल में ले जाया गया। पुलिस ने बताया कि रात करीब 11 बजे उसकी मौत हो गई।
विज्ञापन

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक, 22 अप्रैल को रात 11.26 बजे (भारतीय समयानुसार) कच्छ, गुजरात में रिक्टर पैमाने पर 4.3 तीव्रता का भूकंप आया।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें