केरल के एर्नाकुलम जिले से एक और बांग्लादेशी घुसपैठिये को गिरफ्तार किया गया है। इसी के साथ 'ऑपरेशन क्लीन' के तहत पकड़ में आए अवैध बांग्लादेशियों की संख्या बढ़कर 35 हो गई है। पुलिस ने बताया कि सुमन हलदर नाम के इस बांग्लादेशी नागरिक को रविवार को एडवानाकाड क्षेत्र से पकड़ा गया। जांच के दौरान उसके पास से आधार कार्ड समेत कई दस्तावेज बरामद किए हैं। मामले की जांच जारी है।
जेपीसी वक्फ संशोधन विधेयक पर कल संसद में पेश करेगी रिपोर्ट
वक्फ (संशोधन) विधेयक, 2024 पर रिपोर्ट 3 फरवरी को लोकसभा में पेश की जाएगी। संयुक्त समिति की रिपोर्ट वक्फ (संशोधन) विधेयक पर संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) के अध्यक्ष जगदंबिका पाल पेश करेंगे। समिति के समक्ष दिए गए साक्ष्यों का रिकॉर्ड भी पटल पर रखा जाएगा। बता दें कि रिपोर्ट 30 जनवरी, 2025 को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को सौंपी गई थी। बता दें कि जेपीसी ने वक्फ विधेयक 1995 को 14 खंडों और धाराओं में 25 संशोधनों के साथ मंजूरी दी थी।
सीबीआई ने सीएपीएफ भर्ती घोटाले से जुड़े आरोपी को किया गिरफ्तार
सीबीआई ने पश्चिम बंगाल में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) भर्ती घोटाले से जुड़े मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान महेश कुमार चौधरी के रूप में हुई है, जो इंजीनियरिंग स्टोर डिपो (ईएसडी), कनीकिनारा, उत्तर 24 परगना में सिपाही के पद पर तैनात है।
जांच में ये बातें आईं सामने
जांच में पता चला कि फर्जी प्रमाणपत्रों के आधार पर पश्चिम बंगाल के निवास प्रमाण पत्र तैयार करने वाले एक रैकेट के सरगना के रूप में वह इस मामले में शामिल था। एजेंसी ने एक बयान में कहा कि जांच में यह भी पता चला कि उसने उम्मीदवारों से सीधे और बिचौलियों के माध्यम से भारी मात्रा में धन लिया है। विज्ञप्ति में कहा गया है कि सीबीआई ने कलकत्ता उच्च न्यायालय के 2023 के आदेश के अनुपालन में गिरफ्तार आरोपियों और अज्ञात अन्य सहित दो नामजद आरोपियों के खिलाफ तत्काल मामला दर्ज किया था। उन पर आरोप था कि अयोग्य उम्मीदवारों ने जाली और अप्रमाणित दस्तावेज के आधार पर सीएपीएफ में अवैध रूप से नौकरी प्राप्त की थी।
लूटपाट करने वाले अपराधी ने की गोलीबारी पुलिस कांस्टेबल घायल
खबर हैदराबाद की है। जहां गिरफ्तारी के दौरान लूटपाट के करने वाले अपराधी ने गोलीबारी की, जिसमें एक पुलिस कांस्टेबल घायल होने की बात कही जा रही है। मामले में पुलिस ने बताया कि शनिवार शाम को यहां एक पब में डकैती के एक कुख्यात संदिग्ध द्वारा भागने के प्रयास में की गई गोलीबारी में एक पुलिस कांस्टेबल घायल हो गया। पुलिस ने ऐसे व्यक्तियों की नियमित निगरानी के दौरान संदिग्ध को पकड़ा। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान उसने अधिकारियों पर गोली चलाई। कांस्टेबल के घायल होने के बावजूद पुलिस ने शूटर को पकड़ लिया। हालांकि घायल कांस्टेबल खतरे से बाहर बताया जा रहा है और उसका इलाज चल रहा है।
पूर्व डीजीपी आरपी ठाकुर आंध्र प्रदेश सरकार के सलाहकार नियुक्त
पूर्व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) आरपी ठाकुर को आंध्र प्रदेश सरकार का सलाहकार नियुक्त किया गया है। वह दो वर्ष तक इस पद पर अपनी सेवाएं देंगे। सामान्य प्रशासन विभाग ने आरपी ठाकुर की नियुक्ति का आदेश जारी किया है।
सीआईएमए ने 12 युवा कलाकारों को दिया पुरस्कार
सेंटर ऑफ इंटरनेशनल मॉर्डन आर्ट (सीआईएमए) ने शनिवार को 12 युवा कलाकारों को उनके अद्वितीय कार्यों के लिए सम्मानित किया। इस वर्ष का सर्वोच्च सीआईएमए पुरस्कार सुप्रियो मन्ना को उनके काम ‘द हार्वेस्ट ऑफ ट्रस्ट’ के लिए मिला, जिसके तहत उन्हें पांच लाख रुपये का नकद पुरस्कार मिला। इसको लेकर मन्ना ने बताया कि यह काम उनके लिए बहुत खास है, और उन्होंने इसमें यह संदेश देने की कोशिश की है कि कोई भी चीज या विचार खारिज नहीं किया जाना चाहिए, बल्कि उसे उचित सम्मान मिलना चाहिए।
इन्हें भी मिला सम्मान
चंदन बेज बरुआ पहले उपविजेता रहे, जबकि सुषमा यादव और सौगत दास को द्वितीय उपविजेता का सम्मान मिला। कल्पना विश्वास और अरुणांग्शु रॉय को सीआईएमए द्वारा ‘परेश मैती उत्कृष्टता पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। साथ ही अविषेक दास और निलमोनी राहा को ‘स्पेशल मेंशन’ पुरस्कार दिया गया, जबकि कमलेंदु पॉल, रिमी अदक, संजय कुमार यादव और अभिजीत देबनाथ को ‘मेरिट’ पुरस्कार मिला।
वरिष्ठ टीएमसी विधायक का निधन
नादिया जिले के कालीगंज से तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक नसीरुद्दीन अहमद का रविवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। पार्टी सूत्रों ने बताया कि अहमद शनिवार रात करीब 11:50 बजे अपने आवास पर बीमार पड़ गए और उन्हें पलासी अस्पताल ले जाया गया। जहां रविवार तड़के उनकी मौत हो गई। पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि मेरे सहयोगी नसीरुद्दीन अहमद (लाल) के आकस्मिक निधन से दुखी हूं। वे कालीगंज, नादिया से विधायक थे। वह एक वरिष्ठ सार्वजनिक कार्यकर्ता और राजनीतिक प्रतिनिधि थे। वे हमारी विश्वसनीय संपत्ति थे। वह एक वकील और बहुत अच्छे सामाजिक कार्यकर्ता थे और मैं उनका सम्मान करती हूं। सीएम ने दिवंगत टीएमसी नेता के परिवार के प्रति संवेदना जताई।
असम में 170 बीघा अवैध पोस्त की खेती कराई नष्ट
असम के गोलपारा जिले में जनवरी में 27 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की लगभग 170 बीघा अवैध पोस्त की खेती नष्ट कर दी गई। असम के सीएम हिमंत बिस्व सरमा ने एक्स पर लिखा कि प्रिय स्थानीय पाब्लो एस्कोबार्स आपकी योजनाबद्ध उड़ता असम पार्टी को खराब करने के लिए खेद है। गोलपारा पुलिस ने जनवरी में चार इलाकों में 27.20 करोड़ रुपये की 170 बीघा पोस्त की खेती को नष्ट कर दिया। उन्होंने एक वीडियो साझा किया। जिसमें पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में ट्रैक्टर से पोस्त के बागान को खत्म किया जा रहा है। सीएम ने लिखा कि तो अगली बार जब आप ड्रग्स के बारे में सोचें, तो पहले असम पुलिस के बारे में सोचें।
भूपतिनगर बम विस्फोट मामले में मुख्य आरोपी को एनआईए ने पकड़ा
एनआईए ने पश्चिम बंगाल में 2022 में हुए भूपतिनगर बम विस्फोट मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। एजेंसी के आधिकारिक बयान में कहा गया कि पूर्वी मेदिनीपुर जिले के भूपतिनगर निवासी पचानन घोराई को गिरफ्तार कर लिया गया। जांच के दौरान आरोपी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था। बयान में कहा गया है कि राज कुमार मन्ना के घर में हुए उच्च तीव्रता वाले विस्फोट में मालिक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बुद्धदेब मन्ना उर्फ लालू और विश्वजीत गायेन गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्होंने बाद में दम तोड़ दिया। 20 दिसंबर 2022 को राज्य पुलिस से जांच अपने हाथ में लेने वाली एनआईए ने पाया कि विस्फोट क्षेत्र में आतंक और हिंसा फैलाने के लिए कच्चे बम बनाने के लिए विस्फोटकों की आपूर्ति से संबंधित एक आपराधिक साजिश के चलते हुआ था।
मणिपुर- टेंग्नौपाल जिले में 25 एकड़ से अधिक अवैध अफीम की खेती नष्ट की गई
मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने रविवार को जानकारी साझा कि टेंग्नौपाल जिले में खुदेई खुल्लेन पहाड़ी क्षेत्र में 25 एकड़ से अधिक अवैध अफीम की खेती नष्ट कर दी गई है। सीएम ने टेंग्नौपाल जिला पुलिस, बीएसएफ, वन विभाग और अवैध गतिविधियों से निपटने में शामिल अन्य लोगों के समन्वित प्रयासों की भी सराहना की।
सीएम ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, 'बड़ी कार्रवाई: टेंग्नौपाल में 25 एकड़ से अधिक अफीम की खेती नष्ट की गई। ड्रग्स के खिलाफ हमारे गहन युद्ध अभियान के तहत, टेंग्नौपाल उपखंड के खुदेई खुल्लेन पहाड़ी क्षेत्र में आज 25 एकड़ से अधिक अवैध अफीम की खेती को सफलतापूर्वक नष्ट कर दिया गया।' उन्होंने कहा कि इस संबंध में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है।
गुजरात: भारत-पाक सीमा के पास खाड़ी में 16 घंटे तक फंसे रहे तीन लोग बचाए गए
गुजरात के कच्छ जिले में भारत-पाकिस्तान सीमा के पास हरामी नाला के ज्वारीय चैनल पर फंसे एक निजी कंपनी के तीन कर्मचारियों को लगभग 16 घंटे बाद बचाया गया। कच्छ पश्चिम के एसपी विकास सुंडा ने बताया कि ये लोग शुक्रवार को ड्रेजिंग मशीन का उपयोग करके हरामी नाला क्रीक क्षेत्र के पूर्वी हिस्से में गुजरात हेवी केमिकल्स लिमिटेड (जीएचसीएल) की भूमि का सर्वेक्षण करने के लिए निकले थे, लेकिन वे फंस गए और वापस नहीं लौट पाए।
उन्होंने बताया कि जैसे ही जीएचसीएल अधिकारियों ने शनिवार सुबह पुलिस से संपर्क किया, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के साथ एक संयुक्त बचाव अभियान शुरू किया गया। एसपी ने कहा, 'स्थानीय पुलिस और बीएसएफ ने खोज और बचाव अभियान शुरू करने से पहले उनके अंतिम संपर्क निर्देशांक के आधार पर तीनों का पता लगा लिया।' उन्होंने बताया कि बचाव अभियान के लिए बीएसएफ की टीमें पहुंचीं, लेकिन हालात प्रतिकूल थे और इलाका दुर्गम था, इसलिए उन्होंने तीनों की सही स्थिति का पता लगाने और यह सुनिश्चित करने के लिए ड्रोन कैमरे का इस्तेमाल किया कि वे सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा, 'तीनों लोग ड्रेजिंग मशीन पर खड़े थे जो लगभग पानी में डूब गई थी। जब हमें उनकी सुरक्षा का भरोसा हो गया, तो भारतीय सेना और वायुसेना से संपर्क किया गया और एक आईएएफ हेलिकॉप्टर भी तैयार किया गया। इस बीच, बीएसएफ ने नाव पर सवार होकर इलाके में प्रवेश किया और उन्हें सुरक्षित बचा लिया। वे लोग करीब 16 घंटे तक फंसे रहे।'
टीएमसी विधायक नसीरुद्दीन अहमद नहीं रहे
अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के लाल दा के नाम से मशहूर अनुभवी नेता नसीरुद्दीन अहमद का रविवार को हृदयाघात से निधन हो गया। नदिया जिले के कालीगंज से विधायक अहमद को शनिवार रात करीब 11:50 बजे घर पर बीमार पड़ने के बाद पलासी अस्पताल ले जाया गया, जहां तड़के उन्होंने आखिरी सांस ली।
वकील से विधायक बने अहमद पहली बार 2011 में और फिर 2021 में टीएमसी के टिकट पर विधानसभा के लिए चुने गए थे। उनकी मौत पर शोक जताते हुए टीएमसी सुप्रीमो और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया पर कहा, अपने सहयोगी नसीरुद्दीन अहमद की अचानक मौत से बेहद दुखी हूं। वह एक दिग्गज सार्वजनिक कार्यकर्ता, राजनीतिक प्रतिनिधि और हमारी भरोसेमंद दौलत थे। वह एक वकील और बहुत अच्छे सामाजिक कार्यकर्ता थे और असल मेरे लिए वह बेहद अहमियत रखते थे। सीएम बनर्जी ने उनके परिवार, दोस्तों और अनुयायियों के लिए भी संवेदना जताई।
ओडिशा: जंगली हाथियों ने बुजुर्ग दंपत्ति को कुचलकर ली जान
ओडिशा के कालाहांडी जिले में जंगली हाथियों ने एक बुजुर्ग दंपत्ति की कुचलकर जान ले ली। पुलिस से रविवार को मिल जानकारी के मुताबिक, मृतकों की पहचान मगुन माझी और उनकी पत्नी गदा माझी के तौर पर की गई। शनिवार रात को भवानीपटना दक्षिण वन प्रभाग के लखबहेली पंचायत के कदोमली गांव में झोपड़ी में सो रहे इस बुजुर्ग जोड़े पर जंगली हाथियों ने हमला किया। उनकी झोपड़ी में तोड़फोड़ मचाने के बाद दोनों को कुचलकर मार डाला। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोलकाता: लेदर कॉम्प्लेक्स में मैनहोल साफ करते समय नाले में गिरे 3 मजदूरों की मौत
कोलकाता शहर के पूर्वी उपनगर बंटाला इलाके में मौजूद कोलकाता लेदर कॉम्प्लेक्स में रविवार को एक मैनहोल साफ करते समय नाले में गिरने से तीन मजदूरों की मौत हो गई। तीनों मृतकों की पहचान फरजान शेख, हसी शेख और सुमन सरदार के रूप में हुई है। एक पुलिस अधिकारी ने कहा, इलाके में चमड़े की इकाइयों के अपशिष्टों से भरे मैनहोल को साफ करते समय एक मजदूर फिसल गया और 20 फीट गहरे नाले में गिर गया, जबकि दो अन्य ने उसे बचाने की कोशिश में नाले में गिर गए।
आपदा प्रबंधन बल और अग्निशमन दल के कर्मियों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद तीन शवों को बरामद किया। यह अब तक पता नहीं चला है कि मैनहोल में काम करते समय तीनों ने मास्क पहना था या नहीं। नगर निकाय मामलों के मंत्री फिरहाद हाकिम ने घटनास्थल का दौरा किया और मौतों को दुर्भाग्यपूर्ण और दुखद बताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस त्रासदी के लिए जिम्मेदार लोगों का पता लगाने के लिए जांच करेगी। उन्होंने कहा, हम सफाई कार्य में शामिल एजेंसी और ठेकेदार की जांच करेंगे। चूक पाए जाने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
मिजोरम में 10 करोड़ रुपये से अधिक की हेरोइन, मेथमफेटामाइन की गोलियां और सुपारी जब्त
असम राइफल्स ने भारत-म्यांमार सीमा के पास मिजोरम के चंफई और लॉन्गतलाई जिलों में अलग-अलग अभियानों में 10.9 करोड़ रुपये की हेरोइन, मेथमफेटामाइन की गोलियां और तस्करी की गई सुपारी जब्त की है। मामले में एक अधिकारी ने बताया कि असम राइफल्स के कर्मियों ने राज्य आबकारी और मादक पदार्थ विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर चंफई के नगुर गांव में 9.99 करोड़ रुपये की 3.3 किलोग्राम मेथमफेटामाइन की गोलियां जब्त कीं। अधिकारी ने बताया कि मेथ की गोलियां रखने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मेथमफेटामाइन एक शक्तिशाली, अत्यधिक नशे की लत वाला उत्तेजक पदार्थ है जो केंद्रीय तंत्रिका तंत्र को प्रभावित करता है।
उन्होंने बताया कि एक अन्य अभियान में जवानों ने लॉन्गतलाई जिले के थिंगका गांव में एक व्यक्ति से 81.76 लाख रुपये मूल्य की 116.81 ग्राम हेरोइन बरामद की। अधिकारी ने बताया कि असम राइफल्स ने शनिवार को चम्फाई के जोतलांग इलाके में 17.92 लाख रुपये मूल्य की तस्करी की गई बर्मी सुपारी के 32 बैग भी बरामद किए।
मिजोरम एसईसी ने आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन पर 2 मंत्रियों से स्पष्टीकरण मांगा
मिजोरम राज्य चुनाव आयोग (एसईसी) ने 12 फरवरी को होने वाले ग्राम परिषद और स्थानीय परिषद चुनावों से पहले आदर्श आचार संहिता के कथित उल्लंघन पर दो मंत्रियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
राज्य चुनाव आयुक्त एच लालथलांगलियाना ने कहा कि मुख्य विपक्षी दल मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) द्वारा शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद पीडब्ल्यूडी मंत्री वनलालहलाना और खेल मंत्री लालनघिंगलोवा हमार को नोटिस जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि दोनों मंत्रियों को सोमवार तक अपना स्पष्टीकरण देने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि दोनों मंत्रियों के खिलाफ शिकायत के अलावा चुनाव आयोग को रविवार तक आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के बारे में कोई अन्य शिकायत नहीं मिली है।
एमएनएफ ने आरोप लगाया कि हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें वनलालहलाना अपने मंत्री कार्यालय से डर्टलांग स्थानीय परिषद में ज़ोरम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) पार्टी के उम्मीदवारों के लिए वर्चुअली प्रचार करते हुए दिखाई दे रहे थे। एमएनएफ ने आरोप लगाया कि मंत्री ने अपने कार्यालय से वस्तुतः प्रचार करके एमसीसी का उल्लंघन किया।