6.25 करोड़ रुपये के 1,210 KG गांजा के साथ तेलंगाना में एक गिरफ्तार
तेलंगाना पुलिस ने मंगलवार को एक अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया, जो ओडिशा के मलकानगिरी से राजस्थान तक गांजा पहुंचा रहा था। पुलिस ने विश्वसनीय सूचना पर राष्ट्रीय राजमार्ग-65 पर एक ट्रक रोककर 1,210 किलो गांजा जब्त किया, जिसकी कीमत करीब 6.25 करोड़ रुपये आंकी गई। आरोपी चालक, जो राजस्थान के जोधपुर का निवासी है, को हिरासत में लिया गया। उसने गांजा को सीमेंट की बोरियों के नीचे छुपाया था और तिरपाल से ढक दिया था। यह खेप राजस्थान के कई स्थानों पर पहुंचाई जानी थी। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और सप्लाई चेन की जांच कर रही है।
हत्या के मामले में 5 लोग गिरफ्तार, झारखंड के जमशेदपुर में कार्रवाई
झारखंड के जमशेदपुर में 19 वर्षीय युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। घटना सोमवार रात गोलमुरी थाना क्षेत्र के गदाबासा इलाके में हुई। आरोपियों में मृतक का दोस्त और पड़ोसी भी शामिल है, जिन्होंने धारदार हथियार से उस पर कई वार किए। पुलिस को संदेह है कि यह हत्या तांत्रिक क्रियाओं के तहत योजनाबद्ध तरीके से की गई। मृतक अजय बसा की मां के बयान के आधार पर आरोपियों को पकड़ा गया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच जारी है।
दुर्गा पूजा पंडाल में बीमार पड़ी कोलकाता की महिला, मौके पर ही मौत
कोलकाता के बेहाला इलाके में दुर्गा पूजा पंडाल में दर्शन के दौरान एक महिला संगिता राणा की मौत हो गई। सोमवार आधी रात नूतन दल पंडाल में दर्शन के बाद वह निकास द्वार पर अचानक गिर पड़ीं। पुलिसकर्मियों ने मौके पर CPR दिया और ग्रीन कॉरिडोर बनाकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित किया। मृतका दमा की मरीज थीं। परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने ऑक्सीजन की व्यवस्था नहीं की और एंबुलेंस में भी ऑक्सीजन सुविधा नहीं थी। साथ ही, परिजनों ने दावा किया कि पंडाल में किसी आगंतुक से बहस के बाद उनकी हालत बिगड़ी। पुलिस जांच कर रही है।
राजस्थान के झालावाड़ में हनी-ट्रैप का मामला, 13 लोग गिरफ्तार
राजस्थान पुलिस ने झालावाड़ जिले में हनी-ट्रैप, बीमा धोखाधड़ी और अवैध हथियारों के कारोबार से जुड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गैंग लीडर और हिस्ट्रीशीटर हेमराज सुमन समेत 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए लोगों में एक महिला भी शामिल है। पुलिस के मुताबिक इस रैकेट से उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों के 20-25 लोग जुड़े हो सकते हैं। एसपी अमित कुमार के अनुसार, गिरोह किसानों के नाम पर ट्रैक्टर व भारी वाहन फाइनेंस करवाकर उन्हें बेच देता था और फिर बीमा कंपनियों से फर्जी चोरी के दावे कर रकम वसूलता था। छापेमारी में पुलिस की वर्दियां, बैंक पासबुक, चेकबुक, वाहन व संपत्ति संबंधी कागजात और स्टांप जब्त किए गए। गिरोह महिलाओं के जरिए हनी-ट्रैप और झूठे बलात्कार के मामलों से प्रभावशाली लोगों को ब्लैकमेल करता था। अवैध हथियार और नकली पुलिस वर्दियां दिखाकर वे लोगों से वसूली करते थे। नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
सीएम चंद्रबाबू नायडू समेत आंध्र के टीडीपी सांसदों ने दिल्ली में गृह मंत्री शाह से की मुलाकात
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और टीडीपी प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू ने पार्टी सांसदों के साथ मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। बैठक ऐसे समय में हो रही, जब नायडू कई केंद्रीय मंत्रियों के साथ लगातार बातचीत कर रहे हैं। नायडू की तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार की एक प्रमुख सहयोगी है। एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि इससे पहले दिन में मुख्यमंत्री ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात कर केंद्र की पूर्वोदय योजना के तहत आंध्र प्रदेश के लिए वित्तीय सहायता की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा। नायडू 14-15 नवंबर को विशाखापत्तनम में होने वाले 30वें सीआईआई साझेदारी शिखर सम्मेलन के उद्घाटन समारोह समेत विभिन्न आधिकारिक कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए राष्ट्रीय राजधानी में हैं।
हैदराबाद: संगीत नाट्य के जरिये बताई गई पीएम मोदी की जीवन गाथा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन पर आधारित संगीत कार्यक्रम-मेरा देश पहले-श्री नरेंद्र मोदी की अनकही कहानी का आयोजन मंगलवार को यहां के हाईटेक्स में हुआ। प्रधानमंत्री के जीवन पर आधारित इस कार्यक्रम को दर्शकों से उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली। पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने कार्यक्रम के रचयिता, कवि और गीतकार मनोज मुंतशिर की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने वास्तव में अपना जीवन राष्ट्र पहले के सिद्धांत पर जिया है। नायडू ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, आत्मनिर्भर भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभरा है और जल्द तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है तो यह प्रधानमंत्री मोदी की असाधारण दूरदर्शिता, साहस और दूरदर्शिता का परिणाम है। मुंतशिर ने कहा कि हैदराबाद ने मेरा देश पहले को सिर्फ तालियां ही नहीं, बल्कि सच्चा प्यार दिया है। कार्यक्रम में तेलंगाना के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा, केंद्रीय कोयला मंत्री जी किशन रेड्डी और कई अन्य नेता शामिल हुए।
सारंडा को वन्यजीव अभयारण्य घोषित करने का विरोध, झारखंड के मंत्रियों के सामने ग्राम प्रधानों का विरोध प्रदर्शन
झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले में सरंडा वन को वन्यजीव अभयारण्य घोषित करने के प्रस्ताव का मंगलवार को 56 गांवों के मुखियाओं ने विरोध किया। उन्होंने मंत्रियों के सामने कहा कि स्थानीय लोग अपनी आजीविका के लिए जंगल पर निर्भर हैं और अभयारण्य बनने पर प्रतिबंधों से उनकी जिंदगी प्रभावित होगी। ग्रामीणों ने परंपरागत पूजा स्थलों की सुरक्षा, बंद खदानों को फिर से खोलने और युवाओं को रोजगार देने की मांग रखी। साथ ही विस्थापन की आशंका और स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली पर चिंता जताई। वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने आश्वासन दिया कि जनता की भावनाओं को अनदेखा नहीं किया जाएगा और निर्णय उनकी भलाई को ध्यान में रखकर लिया जाएगा। सुप्रीम कोर्ट ने 17 सितंबर को आदेश दिया था कि सरंडा वन्यजीव अभयारण्य और ससंगदाबुरू संरक्षण आरक्षित क्षेत्र की अधिसूचना तुरंत की जाए और अनुपालन न होने पर 8 अक्टूबर को मुख्य सचिव को व्यक्तिगत रूप से पेश होने का निर्देश दिया है।
बंगलूरू में निर्माणाधीन स्थल पर मिट्टी के ढेर में दबने दो मजदूरों की मौत
बंगलूरू में एक निर्माणाधीन स्थल पर मिट्टी के ढेर में दबने से दो मजदूरों की मौत हो गई और एक घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, यह घटना मंगलवार शाम को उस समय हुई जब मजदूर मादिवाला के सिद्धार्थ कॉलोनी में एक खंभे की नींव पर काम कर रहे थे, इसी दौरान अचानक मिट्टी धंसने से तीन मजदूर मलबे में दब गए। उन्होंने बताया कि रजाउद्दीन अंसारी (33) और मदन लाल (32) की मौत हो गई, जबकि सैफुल्लाह (28) घायल हो गया, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण-पूर्व) सारा फातिमा ने बताया 'मंगलवार शाम लगभग 7.30 बजे हमें मदिवाला पुलिस स्टेशन में शिकायत मिली कि एक निर्माण स्थल पर काम कर रहे कुछ मजदूर मिट्टी ढहने से मलबे में दब गए हैं। जब हम पहुंचे और जांच की, तो तीन लोग फंसे हुए थे। उन्हें मलबे से निकालकर अस्पताल ले जाया गया। उनमें से दो की मौत हो गई। तीसरे की हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर है। उन्होंने बताया कि तीनों झारखंड के निवासी है और बीते तीन माह से निर्माण स्थल पर काम कर रहे थे।
मणिपुर में पांच उग्रवादी गिरफ्तार
सुरक्षा बलों ने मणिपुर के इम्फाल पूर्व और इम्फाल पश्चिम जिलों से विभिन्न प्रतिबंधित संगठनों के पांच उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी ऑफ कांगलीपाक (यूपीपीके) के दो सक्रिय कार्यकर्ताओं को मंगलवार को इम्फाल पूर्व जिले के मोंगजाम गांव के नजदीक से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि उनकी पहचान न्गांगबाम निशान मेइतेई (24) और थोंगम परिटोन सिंह (38) के रूप में हुई है। इसी जिले के खाबम लामखाई क्रॉसिंग पर नेशनल रिवोल्यूशनरी फ्रंट ऑफ मणिपुर (एनआरएफएम) के एक कार्यकर्ता को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि उसकी पहचान निंगोमबाम अजीत सिंह (25) के रूप में हुई है।
सुरक्षा बलों ने प्रतिबंधित पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के एक सक्रिय कार्यकर्ता को भी गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान इम्फाल पूर्व जिले के थोंगजू पेचु लामपाक निवासी लोंगजाम थोई थोई मेइतेई (32) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि कंगलेईपाक कम्युनिस्ट पार्टी (सिटी मीतेई) के सक्रिय सदस्य लैशराम लाम्यानबा मीतेई (35) को सोमवार को इम्फाल पश्चिम जिले के उरीपोक सोरबोन थिंगल इलाके से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि सुरक्षा बलों ने एक 7.65 एमएम पिस्तौल, एक मैगजीन, 12 मिश्रित कारतूस, 80 खाली खोखे, एक बुलेटप्रूफ प्लेट, एक बुलेटप्रूफ कवर और लड़ाकू पोशाक के कई टुकड़े बरामद किए हैं।
पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद संघ के विजयादशमी कार्यक्रम में शामिल होने नागपुर पहुंचे
पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विजयादशमी कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने के लिए बुधवार को नागपुर पहुंच गए। शहर पहुंचने के बाद, कोविंद दीक्षाभूमि गए, जहां समाज सुधारक और संविधान निर्माता डॉ. बी.आर. अंबेडकर ने 1956 में बौद्ध धर्म अपनाया था और वहां प्रार्थना की। कोविंद गुरुवार को संघ की विजयादशमी रैली में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस अवसर पर संघ का शताब्दी वर्ष समारोह भी मनाया जाएगा। साल 1925 में विजयादशमी के दिन केशव बलिराम हेडगेवार ने संघ की शुरुआत की थी। संघ ने अपने शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में देश भर में एक लाख से अधिक 'हिंदू सम्मेलनों' सहित कई कार्यक्रमों की योजना बनाई है। इसकी शुरुआत 2 अक्टूबर को यहां संगठन के मुख्यालय में आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के वार्षिक विजयादशमी संबोधन से होगी।
वाइस एडमिरल अजय कोचर ने अंडमान और निकोबार कमान के प्रमुख का कार्यभार संभाला
वाइस एडमिरल अजय कोचर ने बुधवार को अंडमान और निकोबार कमान के 19वें कमांडर-इन-चीफ (सीआईएनसीएएन) के रूप में कार्यभार संभाल लिया। लेफ्टिनेंट जनरल दिनेश सिंह राणा ने मंगलवार को वाइस एडमिरल कोचर को एएनसी की कमान सौंपी। लेफ्टिनेंट जनरल दिनेश सिंह राणा ने अपने कार्यकाल के दौरान अग्रिम परिचालन ठिकानों पर बुनियादी ढांचे के विकास पर जोर दिया। उन्होंने संयुक्त समन्वित गश्ती दल (कॉर्पैट) के माध्यम से विदेशी नौसेनाओं के साथ बेहतर परिचालन समन्वय सुनिश्चित किया, जिससे भारत के समुद्री हितों की रक्षा में इसकी भूमिका और मजबूत हुई।
बंगलूरू में नाबालिग की कथित तौर पर जबरन शादी के बाद केस दर्ज
बंगलूरू पुलिस ने बुधवार को बताया कि हाल ही में अनेपल्या में मौजूद एक मस्जिद में 16 वर्षीय लड़की की कथित तौर पर जबरन शादी कराने की घटना के संबंध में मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि यह शादी 26 सितंबर को हुई थी। उन्होंने बताया कि एक सरकारी अधिकारी की शिकायत के आधार पर, 29 सितंबर को अशोक नगर पुलिस स्टेशन में बाल विवाह निरोधक अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया, जिसमें आरोप लगाया गया है कि लड़की की उसके माता-पिता ने जबरन शादी कराई थी।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, 'हमें एक तीसरे पक्ष से शिकायत मिली है और हमने मामला बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) को भेज दिया है। उनकी रिपोर्ट के बाद, हमने मामला दर्ज कर लिया है। कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।' एक अलग शिकायत में, अधिवक्ता हुसैन ओवैस एस ने डीजी और आईजीपी एमए सलीम और बंगलूरू पुलिस आयुक्त सीमांत कुमार सिंह को पत्र लिखकर अवैध विवाह के मामले पर प्रकाश डाला। शिकायत में सुजात अली, हसन रजा और वक्फ बोर्ड के सदस्य मीर कैम (जिन्हें अजान जाफरी भी कहा जाता है) का नाम उन लोगों में शामिल है जिन्होंने कथित तौर पर विवाह कराया या उसमें भाग लिया।
पूर्व प्रेमिका की हत्या के लिए इंजीनियर की आजीवन कारावास की सजा बरकरार
बॉम्बे उच्च न्यायालय ने 2008 में पुणे में अपनी पूर्व प्रेमिका और सहकर्मी की बेरहमी से हत्या के दोषी सॉफ्टवेयर इंजीनियर की आजीवन कारावास की सजा बरकरार रखी है। 26 सितंबर को दिए अपने फैसले में जस्टिस गिरीश कुलकर्णी और जस्टिस अद्वैत सेठना की पीठ ने कहा कि यह मामला बेहद नफरत, जलन और बदले से प्रेरित एक युवती की हत्या का है। अदालत ने मध्य प्रदेश निवासी इंजीनियर मोहिंदर मधुरेश की उस अपील को खारिज कर दिया, जिसमें उसने दिसंबर 2016 के एक सत्र न्यायालय के उस आदेश को चुनौती दी थी। सत्र अदालत ने मधुरेश को हत्या का दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी।
अभियोजन पक्ष के अनुसार, मधुरेश ने 20 अक्टूबर, 2008 को पुणे स्थित अपने फ्लैट में पीड़िता खुशबू मिश्रा की हत्या कर दी थी। उस समय दोनों की उम्र 22 वर्ष थी और नौकरी मिलने के बाद वे पुणे आ गए थे। मध्य प्रदेश में अपने कॉलेज के दिनों में दोनों एक-दूसरे के साथ रिश्ते में थे। पुणे आने के बाद, मतभेदों के कारण महिला ने मधुरेश से संबंध तोड़ लिया, जिससे वह गुस्सा हो गया। इसके बाद उसने पीड़िता को परेशान करना और धमकाना शुरू कर दिया। अदालत ने कहा कि पीड़िता ने भी आरोपी के खिलाफ उसके कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद मधुरेश को डांटा गया था।
मधुरेश की दोषसिद्धि को बरकरार रखते हुए, उच्च न्यायालय ने कहा कि अभियोजन पक्ष ने जो सबूत और तथ्य पेश किए हैं उनसे साफ तौर पर पता चलता है कि हत्या किसी और ने नहीं बल्कि मधुरेश ने ही की थी। उच्च न्यायालय ने आगे कहा कि अपराध का कारण गुस्सा और जलन थी क्योंकि पीड़िता ने रिश्ता खत्म कर दिया था।
महिला से दुष्कर्म का आरोप- तमिलनाडु के दो पुलिसकर्मी गिरफ्तार
तमिलनाडु के तिरुवन्नामलाई पूर्व पुलिस स्टेशन के दो पुलिसकर्मियों को आंध्र प्रदेश की एक महिला के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है और उन्हें सेवा से निलंबित कर दिया गया है।
तिरुवन्नामलाई अखिल महिला पुलिस स्टेशन की एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना मंगलवार को तिरुवन्नामलाई बाईपास के पास हुई, जहां ड्यूटी पर तैनात दो पुलिस कांस्टेबलों ने अपनी मां के साथ मंदिर नगरी आई महिला के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया। अधिकारी ने कहा, 'प्राथमिकी तैयार कर ली गई है। दोनों पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उन्हें हिरासत में भेज दिया गया है।'
अन्नाद्रमुक महासचिव एडप्पादी के पलानीस्वामी ने कहा कि ऐसी घटना राज्य में महिलाओं की सुरक्षा की कमी की पराकाष्ठा को दर्शाती है। वहीं पूर्व भाजपा तमिलनाडु प्रमुख के. अन्नामलाई ने कहा कि तिरुवन्नामलाई में एक युवती के साथ यौन उत्पीड़न की खबर ने 'बेहद सदमा' पहुंचाया है। अन्नामलाई ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, 'तमिलनाडु में कानून-व्यवस्था इतनी बिगड़ गई है कि पुलिस अधिकारी भी यौन उत्पीड़न में लिप्त हैं, जिससे महिलाओं को असुरक्षित माहौल में रहना पड़ रहा है।' उन्होंने कहा कि गृह विभाग के प्रमुख मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन को शर्म से सिर झुका लेना चाहिए क्योंकि ऐसे अपराध करने वालों को सरकार का कोई डर नहीं है।
मिजोरम में जनवरी से सितंबर तक 5525 गिरफ्तार
मिजोरम में जनवरी से सितंबर तक 5,525 लोगों को नशीली दवाओं और शराब से संबंधित मामलों में गिरफ्तार किया गया। राज्य के एक्साइज और नारकोटिक्स विभाग ने 41.432 किलो हेरोइन, 229.890 किलो मेथामफेटामिन, 198.853 किलो गांजा और 1.193 किलो अफीम जब्त की। इसके अलावा, 12,805 लीटर विदेशी शराब और 52,822 लीटर देशी शराब भी बरामद हुई। विभाग और पुलिस ने यंग मिजो एसोसिएशन की मदद से ऑपरेशन जेरीको नाम से चार महीने की छापेमारी शुरू की थी। चाम्फाई जिले में हाल ही में 3.282 किलो हेरोइन और 74.852 किलो मेथ बरामद की गई, जिसकी कुल कीमत 11.66 करोड़ रुपये बताई गई है।
गृह मंत्री अमित शाह ने की कैबिनेट के फैसलों की तारीफ
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि केंद्रीय कैबिनेट ने केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए महंगाई भत्ता और महंगाई राहत में 3% की बढ़ोतरी को मंजूरी दी है। यह बढ़ोतरी 1 जुलाई 2025 से लागू होगी और इससे लगभग 49.19 लाख कर्मचारी और 68.72 लाख पेंशनभोगी लाभान्वित होंगे। अमित शाह ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा विजयादशमी के अवसर पर कर्मचारियों और उनके परिवारों को दिया गया 'बड़ा तोहफा' बताया।
अमित शाह ने कहा कि असम में राष्ट्रीय राजमार्ग NH-715 के कालीबोर-नुमालिगढ़ मार्ग को चौड़ीकरण और सुधार का फैसला राज्य की आर्थिक प्रगति को तेज करेगा और नुमालिगढ़ को ऊर्जा उत्पादन का महत्वपूर्ण केंद्र बनाएगा।
2024-25 में 300 से अधिक दिव्यांग बच्चों को लिया गया गोद
महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने बताया कि 2024-25 में 313 विशेष जरूरत वाले बच्चों को गोद लिया गया, जिनमें 83 घरेलू और 230 अंतरराष्ट्रीय गोद लेने के मामले थे। केंद्रीय गोद लेने संसाधन प्राधिकरण (सीएआरए) ने राष्ट्रीय गोद लेने जागरूकता माह 2025 के लिए अभियान शुरू किया। इस साल का फोकस 'दिव्यांग बच्चों की गैर-संस्थागत पुनर्वास' पर है, ताकि बच्चों के गोद लेने को बढ़ावा मिले और गलत धारणाओं को तोड़ा जा सके। अभियान में ऑनलाइन पोस्टर प्रतियोगिताएं, गोद लेने की कहानियां, विशेष लोगो और हैशटैग #EveryChildMatters के माध्यम से बच्चों और परिवारों की भागीदारी बढ़ाई जाएगी। कई राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
मोबाइल फोन चलाने पर टोका तो किशोरी ने मां को मारा चाकू
केरल के अल्लपुझा जिले में मोबाइल फोन चलाने से रोकने पर 17 साल की एक छात्रा ने अपनी मां को चाकू मारकर जख्मी कर दिया। महिला को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। आरोपी बारहवीं कक्षा की छात्रा है। एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना दक्षिण पुलिस थाना क्षेत्र के वडक्कल स्थित पीड़िता के घर पर हुई। महिला ने पुलिस को फोन कर घटना की सूचना दी और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत ठीक होने के बाद पुलिस बयान दर्ज करेगी।
रामचंद्र गुहा को 2025 का महात्मा गांधी सेवा पुरस्कार
प्रसिद्ध इतिहासकार और लेखक रामचंद्र गुहा को 2025 का 'महात्मा गांधी सेवा पुरस्कार–कर्नाटक' से सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार कर्नाटक सरकार के सूचना और जनसंपर्क विभाग की ओर से हर साल उन व्यक्तियों या संस्थाओं को दिया जाता है, जिन्होंने समाज में महात्मा गांधी के जीवन मूल्यों और उनके सिद्धांतों को फैलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया हो।
रामचंद्र गुहा को इस पुरस्कार के लिए गांधीवादी दर्शन, मूल्य और सामाजिक विचारों को लोगों तक पहुंचाने में उनके उल्लेखनीय योगदान के कारण चुना गया। उनके प्रमुख ग्रंथों में 'गांधी के बाद का भारत', 'एक विदेशी मैदान का कोना', 'भारत से पहले गांधी', 'गांधी: दुनिया बदलने वाले वर्ष' और 'द अनक्वाइट वुड्स' शामिल हैं। इन कृतियों ने ऐतिहासिक शोध को समृद्ध किया है और आम पाठकों के लिए भी इसे सुलभ बनाया है। राज्य सरकार के अनुसार, गुहा गांधीवादी दर्शन का गहरा विश्लेषण प्रस्तुत करते हैं और इसे समकालीन भारत से जोड़ने की क्षमता रखते हैं। उनके गांधी पर आधारित दो-खंडीय जीवनी का अनुवाद कन्नड़ समेत कई कई भाषाओं में किया गया है।
अरुणाचल के तिरप में निर्माण स्थल पर भूस्खलन; दो मजदूरों की मौत, तीन घायल
अरुणाचल प्रदेश के तिरप जिले में बुधवार को एक निर्माण स्थल पर भूस्खलन होने से दो मजदूरों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। मामले में तिरप जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी (डीडीएमओ) एमिली तिंगखत्रा ने बताया कि यह घटना बुधवार सुबह लगभग 11:30 बजे हुई जब एक निर्माण स्थल पर मिट्टी काटने के दौरान हुए भूस्खलन में मजदूर दब गए।
अधिकारी ने बताया कि असम राइफल्स, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल के जवान घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव अभियान चलाया। उन्होंने बताया कि सभी पांच मजदूर मलबे में दब थे, जिसमें से लोंगडिंग जिले के कामहुआ नोकसा गांव के पंगकाई संकिओम और जाओंग पांसा नाम के दो मजदूरों की मौत हो गई। अधिकारी ने बताया कि तीन मजदूरों - पानफो पांसा, फोंगोई पांसा और चिंगंगम पांसा को बचा लिया गया और उन्हें इलाज के लिए असम के डिब्रूगढ़ रेफर कर दिया गया।
हैदराबाद में डांडिया कार्यक्रम में हमले पर शिकायत दर्ज
नेहान अली खान नाम के एक व्यक्ति ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि 29 सितंबर को हैदराबाद के पंजागुट्टा पुलिस स्टेशन क्षेत्र के एक होटल में आयोजित डांडिया कार्यक्रम में कुछ लोगों ने उन पर हमला किया। एफआईआर की कॉपी के अनुसार, हमलावरों की पहचान लक्ष्मण, दीपक, भरत, चंद्रकांत और अन्य के रूप में हुई है। फिलहाल शहर की पुलिस आरोपियों और घटना की जांच में जुट गई है।
भुज में सैनिकों के साथ दशहरा मनाएंगे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह गुजरात के भुज पहुंच गए हैं। जहां थल सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने भुज वायुसेना स्टेशन पर उनका स्वागत किया हैं। बता दें कि, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कल भुज में सैनिकों के साथ दशहरा मनाएंगे और भुज सैन्य अड्डे पर शस्त्र पूजा करेंगे।
यूनिसेफ इंडिया ने शुरू किया देश का पहला चाइल्ड प्रोटेक्शन इनोवेशन फंड
यूनिसेफ इंडिया ने देश का पहला चाइल्ड प्रोटेक्शन इनोवेशन फंड (सीपीआईएफ) लॉन्च किया है। इस फंड का उद्देश्य बच्चों की सुरक्षा से जुड़े तंत्र को मजबूत करना, किशोरियों को सहयोग देना, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं तक आसान पहुंच सुनिश्चित करना और ऑनलाइन सुरक्षा को बढ़ावा देना है। इस फंड के लिए यूनिसेफ ने मई में देशभर से विचार मांगे थे। इसमें स्पॉन्सरस्मार्ट नाम का तकनीकी समाधान को विजेता चुना गया। इसे विशेषज्ञों की जूरी ने चयनित किया, जिसमें सीआईएफएफ, बॉश ग्लोबल सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजीज और संयुक्त राष्ट्र वियना कार्यालय के प्रतिनिधि शामिल थे।
स्पॉन्सरस्मार्ट एक व्हाट्सऐप आधारित डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसके जरिये परिवार ऑनलाइन दस्तावेज भेजकर सहायता के लिए आवेदन कर सकते हैं। इससे बार-बार दफ्तर जाने की जरूरत नहीं पड़ती और तीन दिन तक की मजदूरी बच सकती है। इसका सिस्टम सबसे कमजोर बच्चों की पहचान पारदर्शी तरीके से करता है।
रेलवे ने 16 देशों को लोकोमोटिव, बोगियां, कोच भेजे
भारतीय रेलवे अब दुनियाभर में अपने आधुनिक उपकरण और तकनीक भेज रहा है। रेलवे मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड विजन के तहत भारत तेजी से रेलवे उपकरणों का निर्यातक बन रहा है।
रेल मंत्रालय के मुताबिक, अब तक भारत ने 16 से ज्यादा देशों को कोच, लोकोमोटिव, बोगियां और प्रपल्शन सिस्टम निर्यात किए हैं। मेट्रो कोच ऑस्ट्रेलिया और कनाडा भेजे गए। ब्रिटेन, सऊदी अरब, फ्रांस और ऑस्ट्रेलिया को बोगियां निर्यात की गईं। फ्रांस, मेक्सिको, रोमानिया, स्पेन, जर्मनी और इटली को प्रपल्शन सिस्टम निर्यात किए गए। मोजाम्बिक, बांग्लादेश और श्रीलंका यात्री कोच भेजे गए हैं। इसके अलावा मोजाम्बिक, सेनेगल, श्रीलंका, म्यांमार, बांग्लादेश और गिनी गणराज्य को लोकोमोटिव दिए गए हैं। जून में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के मरहोरा प्लांट से गिनी गणराज्य के लिए पहला लोकोमोटिव रवाना किया था। अब तक यहां से छह लोकोमोटिव भेजे जा चुके हैं। इस प्लांट को अफ्रीका के लिए करीब 150 इंजनों का नया ऑर्डर भी मिला है।
एच125 हेलिकॉप्टर के लिए फाइनल असेंबली लाइन कर्नाटक में बनेगी
यूरोपीय कंपनी एयरबस और टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड (टीएएसएल) ने कहा कि एच125 हेलिकॉप्टरों के लिए फाइनल असेंबली लाइन कर्नाटक में स्थापित की जाएगी। साथ ही भारत में निर्मित पहले एच125 हेलिकॉप्टर की डिलीवरी 2027 की शुरुआत में होने की उम्मीद है।
एच125 के लिए फाइनल असेंबली लाइन (एफएएल) टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स की ओर से भारत में बनाया जाने वाला दूसरा एयरबस विमान असेंबली संयंत्र होगा। इससे पहले गुजरात के वडोदरा में सी295 सैन्य विमान निर्माण सुविधा का निर्माण किया जा चुका है। टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड (टीएएसएल) की ओर से निजी क्षेत्र में स्थापित भारत की पहली हेलिकॉप्टर फाइनल असेंबली लाइन कर्नाटक के वेमगला में होगी। यहां एयरबस एच125 हेलिकॉप्टर बनाएगी। पहले मेड इन इंडिया एच125 हेलिकॉप्टर की डिलीवरी 2027 की शुरुआत में होने की उम्मीद है।
आंध्र प्रदेश: पार्क में नाबालिग से दुष्कर्म, तीन गिरफ्तार
आंध्र प्रदेश पुलिस ने बुधवार को चित्तूर जिले के एक पार्क में एक नाबालिग दलित लड़की से दुष्कर्म के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। चित्तूर टाउन एसडीपीओ टी. साईंनाथ ने बताया कि दुष्कर्म की घटना 25 सितंबर को नगरावनम पार्क में हुई। आरोपियों ने पीड़िता के पुरुष दोस्त पर हमला भी किया और उसका कीमती सामान चोरी कर लिया। पीड़िता के दोस्त ने चार दिन बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। आरोपियों की पहचान महेश, किशोर, और हेमंत प्रसाद के रूप में हुई है। पुलिस ने बीएनएस, पॉक्सो और एससी-एसटी एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।
मुंबई एयरपोर्ट पर 3KG संदिग्ध कोकीन जब्त; दो यात्री समेत तीन गिरफ्तार
सीमा शुल्क विभाग ने बुधवार को मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (सीएसएमआईए) पर दो यात्रियों सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया और लगभग 3 किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त किया, जिसके मेथाक्वालोन या कोकीन होने का संदेह है। विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर, मुंबई सीमा शुल्क क्षेत्र-III के अधिकारियों ने बैंकॉक से आए दो हवाई यात्रियों को रोका।
अधिकारी ने बताया कि उनके चेक-इन किए गए सामान की गहन जांच में 2.992 किलोग्राम सफेद पाउडर जैसा पदार्थ बरामद हुआ, जिसके मेथाक्वालोन (एक शामक-निद्राकारी दवा) या कोकीन होने का संदेह है। उन्होंने बताया कि एक बैग में मादक पदार्थ छिपा हुआ पाया गया और आगे की कार्रवाई में प्रतिबंधित पदार्थ के इच्छित प्राप्तकर्ता को गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारी ने बताया कि तीनों को - दो यात्रियों और रिसीवर को - नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम, 1985 के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया।
तेलंगाना की मादक पदार्थ निरोधक शाखा ने 401 किग्रा गांजा जब्त, तीन गिरफ्तार
तेलंगाना की मादक पदार्थ निरोधक शाखा ईगल (एलीट एक्शन ग्रुप फॉर ड्रग लॉ एनफोर्समेंट) ने बुधवार को बताया कि उसने राजस्थान से तीन ट्रांसपोर्टरों को 2 करोड़ रुपये मूल्य के 401 किलोग्राम गांजे की कथित तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, विश्वसनीय सूचना के आधार पर, अधिकारियों ने 29 सितंबर को हैदराबाद के पास पेड्डा अंबरपेट में एक वैन को रोका और तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
इसमें बताया गया है कि 401.467 किग्रा वजनी यह प्रतिबंधित पदार्थ नारियल के ढेर के नीचे छिपाकर विशाखापत्तनम से राजस्थान एक आपूर्तिकर्ता को पहुंचाने के लिए ले जाया जा रहा था। अधिकारियों ने आरोपियों के पास से पांच मोबाइल फोन, एक वैन और एक कार भी जब्त की। पुलिस ने बताया कि एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और फरार तीन अन्य आरोपियों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।