फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: पूर्व शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करेगी ED; मिजोरम में हेरोइन के साथ युवक पकड़ा

Thu, 01 May 2025 02:07 PM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने राज्य के स्कूलों में प्राथमिक शिक्षकों की भर्ती से संबंधित मनी लॉड्रिंग मामले में पूर्व शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को मंजूरी दे दी है। राज्यपाल ने इससे पहले सीबीआई को माध्यमिक विद्यालय की नौकरी में भर्ती में अनियमितताओं से संबंधित मामले में बेहाला पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस के विधायक चटर्जी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी थी। राजभवन के अधिकारी ने बताया कि चटर्जी के अलावा बोस ने प्राथमिक विद्यालय के शिक्षकों की भर्ती में कथित अनियमितताओं के मामले में पश्चिम बंगाल प्राथमिक शिक्षा बोर्ड के तत्कालीन अध्यक्ष माणिक भट्टाचार्य के खिलाफ मुकदमा चलाने के लिए भी ईडी को मंजूरी दी।

विज्ञापन


मिजोरम में हेरोइन के साथ युवक गिरफ्तार
पूर्वी मिजोरम के चम्फाई जिले में 38 वर्षीय एक व्यक्ति को हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि आबकारी एवं मादक पदार्थ विभाग के कर्मियों ने बुधवार को जोखावथर रोड पर एक वाहन को रोका और आरोपी से 451 ग्राम हेरोइन जब्त की गई। आरोपी की पहचान आइजोल जिले के तुइरियल एयरफील्ड गांव निवासी रोहलुपुइया (38) के रूप में हुई है। कार जब्त कर ली गई है और नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

नेल्लोर में कार घर में घुसी, 5 मेडिकल छात्रों समेत छह की मौत
आंध्र प्रदेश के नेल्लोर जिले में सड़क दुर्घटना में पांच मेडिकल छात्रों समेत छह लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना तब हुई जब तेज रफ्तार कार ने नियंत्रण खो दिया और जिले के पोथिरेड्डीपालेम इलाके में एक घर में घुस गई। पोथिरेड्डीपालेम पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर सुधाकर रेड्डी ने कहा, मृतकों में से पांच नारायण मेडिकल कॉलेज के छात्र थे। छठे पीड़ित की पहचान रामनय्या के रूप में हुई है, जो कार के दुर्घटनाग्रस्त होने के समय पास की एक दुकान पर था। 

विज्ञापन

बायोमेट्रिक्स से लाभार्थियों की पहचान सुनिश्चित करें सभी मंत्रालय : पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को प्रगति बैठक के 46वें संस्करण की अध्यक्षता करते हुए देशभर में चल रहीं करीब 90,000 करोड़ की आठ विकास परियोजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान पीएम ने सभी मंत्रालयों और विभागों को निर्देश देते हुए लाभार्थियों की पहचान बायोमेट्रिक्स आधारित आधार प्रमाणीकरण या सत्यापन के जरिये सख्ती से सुनिश्चित करने को कहा। बैठक के दौरान पीएम ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से संबंधित शिकायत निवारण की भी समीक्षा की। आठ महत्वपूर्ण परियोजनाओं में तीन सड़क परियोजनाएं, रेलवे और बंदरगाह, शिपिंग और जलमार्ग की दो-दो परियोजनाएं शामिल हैं। मोदी ने पीएम मातृ वंदना योजना में अतिरिक्त कार्यक्रमों को एकीकृत करने की संभावना तलाशने का भी निर्देश दिया। पीएम ने रिंग रोड के विकास से संबंधित समीक्षा के दौरान रिंग रोड के विकास को व्यापक शहरी नियोजन के एक प्रमुख घटक के रूप में एकीकृत करने पर जोर दिया।

झारखंड: नक्सलियों के नाम पर उगाही करने वाले पांच गिरफ्तार
झारखंड के लातेहार में नक्सलियों के नाम पर ठेकेदारों और एनटीपीसी अफसरों से उगाही करने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। ये सभी प्रतिबंधित समूह तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी (टीएसपीसी) के नाम पर वसूली करते थे। पुलिस ने उनके पास से एक बंदूक, गोला-बारूद, टीएसपीसी के आठ पर्चे और सात मोबाइल बरामद किए हैं। एक अधिकारी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर सभी आरोपियों को आरा गांव के जंगल के पास से गिरफ्तार किया गया है। 

भारत-बांग्लादेश सीमा पर बीएसएफ के जवान हाई अलर्ट : आईजी
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मेघालय सीमांत क्षेत्र में भारत-बांग्लादेश सीमा पर बीएसएफ के जवान हाई अलर्ट पर हैं। उन्होंने कहा कि बीएसएफ सभी एहतियाती कदम उठा रही है। मेघालय सीमांत क्षेत्र के महानिरीक्षक ओपी उपाध्याय ने कहा, पहलगाम आतंकवादी हमले के मद्देनजर हम पूरी तरह तैयार हैं और पिछले साल बांग्लादेश में विद्रोह के बाद से ही हमारे जवान सीमा पर हाई अलर्ट पर हैं। उन्होंने कहा, किसी भी संभावित घटना को टालने के लिए हम पूरी तरह तैयार हैं। हमारे जवान हर समय सतर्क रहते हैं। हम सभी निवारक उपाय कर रहे हैं। बीएसएफ आईजी के अनुसार, बांग्लादेश में बीएसएफ के अपने समकक्षों के साथ अच्छे कामकाजी संबंध हैं। उन्होंने कहा, वास्तव में, बीजीबी अधिक सक्रिय है और हमने फ्लैग मीटिंग के दौरान जो जानकारी साझा की है, उसके आधार पर कार्रवाई की है, जिसके परिणामस्वरूप दलालों और हाल ही में सीमा पार करने की कोशिश करने वालों की गिरफ्तारी हुई है।

मणिपुर के 21 विधायकों ने शाह को पत्र लिख सरकार गठन की मांग की
मणिपुर के 21 विधायकों ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर उनसे पूर्वोत्तर राज्य में शांति और सामान्य स्थिति सुनिश्चित करने के लिए सरकार बनाने का आग्रह किया है। केंद्र सरकार ने 13 फरवरी को मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लागू कर दिया था। एन बीरेन सिंह के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद केंद्र ने राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू कर दिया। यहां विधानसभा का कार्यकाल 2027 तक है, जिसे निलंबित कर दिया गया है। पत्र लिखने वालों में भाजपा के 13 विधायकों, एनपीपी के तीन, नगा पीपुल्स फ्रंट के तीन विधायक और विधानसभा के दो स्वतंत्र सदस्यों के हस्ताक्षर हैं। पत्र में कहा गया है, मणिपुर के लोगों ने बड़ी उम्मीदों के साथ राष्ट्रपति शासन का स्वागत किया। हालांकि, तीन महीने होने जा रहे हैं, लेकिन अब तक शांति और सामान्य स्थिति किए जाने के लिए कोई स्पष्ट कार्रवाई नहीं देखी गई है। उन्होंने कहा, लोगों में इस बात की प्रबल आशंका है कि राज्य में फिर से हिंसा हो सकती है। कई नागरिक संगठन राष्ट्रपति शासन लागू किए जाने के खिलाफ खुलकर सामने आ गए हैं और सरकार बनाए जाने की मांग कर रहे हैं। यहां एक विधायक ने बताया कि यह पत्र गृह मंत्रालय को 29 अप्रैल को प्राप्त हुआ और बुधवार को इसे सार्वजनिक किया गया।
 
विज्ञापन

गुजरात- घर में करंट लगने से महिला और उसके दो बच्चों की मौत
गुजरात के खेड़ा जिले में गुरुवार को घर में करंट लगने से एक महिला और उसके दो बच्चों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान गीताबेन परमार और उनके बच्चों मीरा और दक्षेश के रूप में हुई है। घटना थसरा तालुका के अगरवा गांव में हुई। जिला पुलिस अधीक्षक राजेश गढ़िया ने बताया कि मीरा को घर के फर्श पर पानी होने के कारण बिजली का झटका लगा। अधिकारी ने बताया, "जब उसकी मां गीताबेन और भाई दक्षेश ने उसे बचाने की कोशिश की तो वे भी करंट की चपेट में आ गए और तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।"

उन्होंने बताया कि पुलिस ने दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ितों के रिश्तेदार सलाम परमार ने मीडियाकर्मियों को बताया कि गीताबेन और उनके बेटे ने बच्ची को बचाने की कोशिश में अपनी जान गंवा दी। परमार ने बताया, "लड़की ने जैसे ही एक खुला तार छुआ, जो चिंगारी के कारण क्षतिग्रस्त हो गया था, वह करंट की चपेट में आ गई। उसे बचाने के लिए उसकी मां और भाई दौड़े तो वे भी करंट की चपेट में आ गए। गीताबेन की सास भी इस घटना में घायल हो गईं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।"
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें