फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: गोवा के वास्को में लूट के दौरान परिवार से मारपीट, जांच जारी; तस्करी मामले में NIA ने चार्जशीट की दायर

Tue, 18 Nov 2025 03:08 PM IST
लव गौर न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
गोवा पुलिस ने बताया कि मंगलवार तड़के वास्को शहर में हथियारबंद लुटेरों के एक समूह ने एक परिवार पर उनके फ्लैट में हमला किया और सोने के गहने और नकदी लूट ली। एसपी (दक्षिण) टीकम सिंह वर्मा ने बताया कि आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि नकाबपोश और हेलमेट पहने सात लोगों के एक गिरोह ने खिड़की की ग्रिल काटकर एक इमारत की सातवीं मंजिल पर स्थित सागर नायक के अपार्टमेंट में घुस गए। एफआईआर में कहा गया है कि हमलावर गोवा के बाहर के लग रहे थे। उन्होंने सागर नायक, उनकी पत्नी, बेटी और उनकी बुजुर्ग मां पर हमला किया और फिर उन्हें बांध दिया। पुलिस ने बताया कि वे फ्लैट के एक लॉकर में रखे सोने के गहने और नकदी लेकर फरार हो गए। सागर नायक फिलहाल वास्को शहर के पास चिकालिम स्थित एक सरकारी अस्पताल में भर्ती हैं।
विज्ञापन


कर्नाटक सीएम सिद्धारमैया की पत्नी अस्पताल में भर्ती
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया की पत्नी पार्वती बी एम को सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पारिवारिक सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी। सिद्धारमैया, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने के लिए नई दिल्ली में हैं, उन्होंने डॉक्टरों से फोन पर बात की। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री की पत्नी को सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद अस्पताल ले जाया गया। कांग्रेस विधायक शिवलिंगे गौड़ा, जो उनके स्वास्थ्य का हालचाल जानने अस्पताल गए थे, उन्होंने बताया कि उन्होंने सिद्धारमैया के बेटे और विधान पार्षद यतींद्र सिद्धारमैया से बात की है। गौड़ा ने आगे कहा, "मैंने यतींद्र से बात की। उन्होंने कहा कि अब कोई समस्या नहीं है। उनकी सेहत अच्छी है।"

तेलंगाना सरकार ने ग्राम पंचायतों के चुनाव कराने का फैसला किया

स्थानीय निकायों में पिछड़े वर्गों (बीसी) को 42 प्रतिशत आरक्षण देने के अपने कदम को कानूनी अड़चनों का सामना करने के बाद तेलंगाना सरकार ने सोमवार को जल्द ही केवल ग्राम पंचायतों के चुनाव कराने का फैसला किया और ग्रामीण स्थानीय निकायों के अन्य पदों के लिए चुनाव स्थगित कर दिए।

राज्य मंत्रिमंडल की बैठक के बाद पत्रकारों को जानकारी देते हुए राज्य के सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी ने कहा कि मंत्रिमंडल ने केवल ग्राम पंचायतों के चुनाव कराने का फैसला किया है क्योंकि 15वें वित्त आयोग के तहत स्थानीय निकायों को मिलने वाली धनराशि (लगभग 3,000 करोड़ रुपये) मार्च, 2026 तक समाप्त हो जाएगी।

 

रक्षा सचिव ने मध्य क्षेत्र के अग्रिम ठिकानों का दौरा किया

रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने 15-17 नवंबर तक मध्य क्षेत्र के अग्रिम ठिकानों का व्यापक दौरा किया। इस दौरान उन्हें रणनीतिक गतिशीलता बढ़ाने और राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण सीमावर्ती बुनियादी ढाँचा परियोजनाओं के परिचालन पहलुओं और प्रगति की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

इस दौरे ने रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण सीमावर्ती क्षेत्रों में कनेक्टिविटी में सुधार, तैयारी बढ़ाने और मजबूत बुनियादी ढांचा विकास सुनिश्चित करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि पिथौरागढ़ में, उत्तर भारत क्षेत्र के जनरल ऑफिसर कमांडिंग और 119 (I) इन्फैंट्री ब्रिगेड ग्रुप के कमांडर ने रक्षा सचिव को महत्वपूर्ण परिचालन मामलों की जानकारी दी। नवीदांग की अपनी यात्रा के दौरान उन्होंने बटालियन कमांडरों और सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के प्रोजेक्ट हीरक के मुख्य अभियंता के साथ बातचीत की।

सऊदी अरब में हुए हादसे के शिकार व्यक्ति के कर्नाटक स्थित पैतृक निवास पर शोक की लहर

कर्नाटक के हुबली  में 55 वर्षीय अब्दुल गनी शिरहट्टी के घर में उस समय मातम छा गया, जब उनके परिवार को सऊदी अरब के मदीना में बस दुर्घटना में उनकी मृत्यु की खबर मिली। वे उमराह तीर्थयात्रा के लिए मदीना गए थे।

उनके परिवार के अनुसार दुबई के एक होटल में ड्राइवर के रूप में कार्यरत गनी 9 नवंबर को तीर्थयात्रा के लिए सऊदी अरब गए थे। गनी के भतीजे परवेज ने बताया, "मेरे चाचा पिछले बीस साल से दुबई में काम कर रहे थे। उन्होंने रविवार को मुझे फोन किया था। वे उमराह तीर्थयात्रा पर जाना चाहते थे, और दुर्भाग्य से यह घटना घट गई। हमें आज दोपहर उनकी मृत्यु के बारे में पता चला। हैदराबाद में रहने वाले उनके एक दोस्त ने हमें इसकी जानकारी दी क्योंकि उनका परिवार भी तीर्थयात्रा के लिए गया था।"

जैसे ही यह खबर उनके घर पहुंची, रिश्तेदार और पड़ोसी उन्हें ढाढ़स बधाने के लिए दौड़ पड़े। कई लोग इस क्षति से बेहद दुखी थे। यहाँ के गणेशपेठ इलाके में मातम छा गया है और परिवार आगे की जानकारी और उनके पार्थिव शरीर की वापसी का इंतजार कर रहा है। इस बीच, कांग्रेस विधायक अब्बय्या प्रसाद ने गनी के परिवार से मुलाकात की और उन्हें आश्वासन दिया कि सरकार सऊदी अरब जाकर उनके पार्थिव शरीर को वापस लाने के लिए सभी प्रबंध कर रही है।

 

एअर इंडिया 1 फरवरी से शुरू करेगी दिल्ली-शंघाई उड़ान

एअर इंडिया 1 फरवरी, 2026 से दिल्ली और शंघाई के बीच उड़ानें फिर से शुरू करेगी। एअर इंडिया लगभग छह साल के बाद चीन के लिए सीधी सेवाएं बहाल कर रहा है। एअर इंडिया सप्ताह में चार बार बोइंग 787-8 विमान से यह सेवाएं संचालित करेगी।

टाटा समूह के स्वामित्व वाली एअर इंडिया ने सोमवार को बताया कि दिल्ली-शंघाई (पीवीजी) फ्लाइटों को पुनः शुरू करने के साथ ही कंपनी 2026 में मुंबई और शंघाई के बीच सीधी सेवाएं शुरू करने की भी योजना बना रही है। शंघाई के लिए उड़ान शुरू होने के बाद एअर इंडिया समूह का यह 48वां अंतरराष्ट्रीय गंतव्य होगा। कंपनी ने कहा कि यह सेवाएं हाल के भारत-चीन राजनयिक समझौतों के बाद बहाल हुई हैं।

बेलगावी जू में चार दिनों में 31 काले हिरणों की मौत
बेलगावी के कित्तूर रानी चेन्नम्मा चिड़ियाघर में सोमवार को तीन और काले हिरणों की मौत हो गई। इससे पिछले चार दिनों में मरने वाले काले हिरणों की कुल संख्या 31 हो गई है। चिड़ियाघर के सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी। चिड़ियाघर में काले हिरणों की संख्या 38 से घटकर अब सिर्फ सात रह गई है।

सूत्रों के बताया कि बृहस्पतिवार को आठ काले हिरणों की मौत हुई थी। इसके बाद शनिवार को 20 काले हिरण मर गए। वन मंत्री ईश्वर खंड्रे ने कहा कि काले हिरणों की मौत जीवाणु संक्रमण के कारण हुई और उन्होंने उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। खंड्रे ने कहा, हमने बंगलूरू के बन्नेरघट्टा जैविक उद्यान से विशेषज्ञ भेजे हैं। हमारे अधिकारी इस क्षेत्र के विशेषज्ञों के संपर्क में हैं। चिड़ियाघर के एक अधिकारी ने बताया कि मौत का कारण जानने के लिए विसरा सैंपल बंगलूरू के बन्नेरघट्टा प्राणी उद्यान को भेजा गया है।

क्वाड़ पावर प्रोजेक्ट की टनल में डंपर में लगी आग, 39 मजदूर बचाए
किश्तवाड़। किश्तवाड़–पाडर मार्ग पर बन रहे क्वाड़ पावर परियोजना में सोमवार दोपहर टनल के अंदर जा रहे एक डंपर वाहन में अचानक आग लग गई। इसके कारण टनल में मौजूद मजदूरों और कर्मचारियों में अफरा–तफरी फैल गई। आग लगने के बाद टनल के भीतर घना धुआं भर गया था। बचाव अभियान चलाकर 39 मजदूरों और कर्मियों को सुरक्षित निकाल लिया गया। जानकारी के अनुसार आग लगने की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया गया। साथ ही पुलिस टीम ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जांच शुरू कर दी है। 

ई-केवाईसी के चलते एक माह में 27 लाख मनरेगा श्रमिकों के नाम हटाए गए
लिब टेक इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, 10 अक्तूबर से 14 नवंबर के बीच भारत में लगभग 27 लाख मनरेगा श्रमिकों के नाम हटाए गए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, यह गिरावट 1 नवंबर, 2025 से योजना के तहत ई-केवाईसी अनिवार्य होने के साथ ही देखी गई है। इसी अवधि के दौरान इस प्रमुख ग्रामीण आजीविका योजना में लगभग 10.5 लाख श्रमिक जोड़े भी गए। 

अरुणाचल प्रदेश के अपर सियांग में 3.6 तीव्रता का भूकंप

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के एक बयान में कहा गया है कि मंगलवार तड़के अरुणाचल प्रदेश के अपर सियांग में रिक्टर पैमाने पर 3.6 तीव्रता का भूकंप आया।
एनसीएस के अनुसार, भूकंप 10 किमी की गहराई पर आया। एनसीएस ने X पर पोस्ट किया, "भूकंपीय तीव्रता: 3.6, दिनांक: 18/11/2025 02:07:03 IST, अक्षांश: 28.85 उत्तर, देशांतर: 95.24 पूर्व, गहराई: 10 किमी, स्थान: अपर सियांग, अरुणाचल प्रदेश।"

उथले भूकंप आमतौर पर गहरे भूकंपों की तुलना में अधिक खतरनाक होते हैं। ऐसा इसलिए है क्योंकि उथले भूकंपों से आने वाली भूकंपीय तरंगों की सतह तक पहुंचने की दूरी कम होती है, जिसके परिणामस्वरूप जमीन का कंपन ज्यादा होता है और इमारतों को अधिक नुकसान होने की संभावना होती है, साथ ही अधिक हताहत भी होते हैं।

इस साल अब तक 255 पाकिस्तानी ड्रोन निष्क्रिय किए गए: बीएसएफ
सीमा सुरक्षा बल, पंजाब फ्रंटियर के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को बताया कि बीएसएफ ने इस साल 255 ड्रोन निष्क्रिय किए हैं, जो हेरोइन और हथियारों की तस्करी के लिए पाकिस्तान से आए थे। उन्होंने आगे कहा कि बीएसएफ ने आगामी कोहरे के मौसम को देखते हुए सीमा पार से तस्करी गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए निगरानी बढ़ा दी है।

अमृतसर में मीडिया से बात करते हुए बीएसएफ महानिरीक्षक अतुल फुलजेले ने बताया कि कोहरे के मौसम में दृश्यता कम हो जाती है, जिसका फायदा तस्कर ड्रोन के ज़रिए उठा सकते हैं। उन्होंने कहा, "हमने इस समस्या से निपटने के लिए आवश्यक प्रबंध किए हैं। कोहरे के दौरान विशेष निगरानी उपकरणों का इस्तेमाल किया जाएगा और हम नदी क्षेत्रों पर कड़ी निगरानी रखेंगे, जिससे हमारी समग्र निगरानी व्यवस्था मज़बूत होगी।"

उन्होंने यह भी बताया कि बीएसएफ के जवान सीमा पार से ड्रोन से गिराए गए सामान को वापस लेने के लिए सीमावर्ती इलाकों में आने वाले लोगों पर नजर रखेंगे। तस्करी रोकने के लिए सीमावर्ती इलाकों की ओर जाने वाली सड़कों पर बीएसएफ और पंजाब पुलिस द्वारा संयुक्त जांच की जाएगी।  उन्होंने कहा, "अब तक, बीएसएफ ने पाकिस्तान से आने वाले 255 ड्रोनों को निष्क्रिय किया है।" कुछ दिन पहले, बीएसएफ ने कहा था कि उसने 251 ड्रोनों को सफलतापूर्वक रोका है। इस साल 14 नवंबर तक उसने 329 किलोग्राम हेरोइन, 16 किलोग्राम आईसीई (मेथैम्फेटामाइन), 191 हथियार, 12 हथगोले और 10 किलोग्राम से अधिक विस्फोटक भी बरामद किए।

बांग्लादेशी लड़की की तस्करी के मामले में NIA ने दायर की चार्जशीट
पूर्वी सीमा पार से ओडिशा में एक नाबालिग बांग्लादेशी लड़की की तस्करी के सिलसिले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने कुल 10 आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया है। ओडिशा के भुवनेश्वर स्थित अपनी विशेष अदालत में दायर आरोप पत्र में, एजेंसी ने आरोपियों पर लड़की को नौकरी का झांसा देकर बहकाने और फिर पैसे कमाने के लिए उसे अनैतिक तस्करी में धकेलने का आरोप लगाया है। एनआईए ने जांच के दौरान पाया कि आरोपियों ने तस्करी के लिए उसके परिवार की खराब आर्थिक स्थिति का फायदा उठाया था, जिससे एक बड़े मानव तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ।

नागा समूहों ने केंद्र से जल्द राजनीतिक समाधान की मांग तेज की
नागा कॉमन प्लेटफॉर्म (NCP) ने मंगलवार को चुमौकेदिमा में आयोजित विशाल रैली में सर्वसम्मति से तीन प्रस्ताव पारित करते हुए केंद्र सरकार और नगा वार्ताकारों से 28 वर्षों से लंबित राजनीतिक मसले पर तत्काल समाधान देने की अपील की। NCP ने 2015 के फ्रेमवर्क एग्रीमेंट और 2017 के अग्रीड पोज़िशन का पूरा समर्थन जताते हुए कहा कि लंबा संघर्ष जनता पर भारी पड़ रहा है और अब वार्ता को उसके तार्किक नतीजे तक पहुंचाया जाना चाहिए। रैली में हजारों लोग उपस्थित रहे, जबकि कई जनजातीय संगठनों ने इस कार्यक्रम से दूरी बनाए रखी। NCP नेताओं ने कहा कि नगा आंदोलन में बिखराव, विभिन्न समूहों द्वारा हो रही अनधिकृत वसूली और वार्ता प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी बड़ी बाधाएं हैं। कार्यक्रम में वक्ताओं ने NSCN (IM) से साफगोई अपनाने और जनता को भरोसे में लेने की अपील की।

पुणे भूमि विवाद: अंजलि दमनिया को दिया गया विवादित जमीन में प्रवेश
पुणे में कार्यकर्ता अंजलि दमनिया ने आरोप लगाया कि उन्हें मुंधवा स्थित उस विवादित जमीन में प्रवेश नहीं दिया गया, जिसे कथित रूप से महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के बेटे पार्थ पवार की फर्म को अवैध रूप से बेचा गया था। दमनिया ने कहा कि वह यह देखने गई थीं कि अनुसंधान के लिए दी गई 40 एकड़ भूमि पर वास्तव में क्या कार्य हो रहा है, लेकिन बॉटनिकल सर्वे ऑफ इंडिया (BSI) के कर्मचारियों ने उन्हें रोक दिया और निदेशक से मिलने के लिए कहा, जिन्होंने अनुमति देने से मना कर दिया। 300 करोड़ रुपये की यह भूमि-डील विवादों में तब आई जब पता चला कि यह सरकारी जमीन है और फर्म को 21 करोड़ रुपये की स्टांप ड्यूटी से भी छूट दी गई थी। विवाद बढ़ने पर एक सरकारी कर्मचारी समेत कई लोगों पर मामला दर्ज किया गया, हालांकि पार्थ पवार को आरोपी नहीं बनाया गया। इसके बाद अजित पवार ने घोषणा की थी कि यह डील रद्द की जाएगी।
 

केरल में चलती ट्रेन से फेंकी गई युवती को मुआवजा और नौकरी की मांग तेज
केरल के सामान्य शिक्षा मंत्री वी. शिवंकुट्टी ने एक गंभीर घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए रेल मंत्रालय से पीड़ित महिला को उचित मुआवजा और नौकरी देने की मांग की है। हाल ही में वर्कला के पास एक नशे में धुत व्यक्ति ने 20 वर्षीय श्रीकुट्टी को चलती ट्रेन से धक्का दे दिया था, जिसके बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गई। मंत्री ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर कहा कि यह घटना भारतीय रेल की सुरक्षा प्रणाली की बड़ी चूक को दर्शाती है और पीड़िता तथा उसके परिवार को शारीरिक, मानसिक और आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि श्रीकुट्टी का इलाज फिलहाल सरकारी मेडिकल कॉलेज में चल रहा है और सभी खर्च राज्य सरकार उठा रही है। मंत्री ने कहा कि इस भयावह अपराध को देखते हुए रेलवे को मानवीय आधार पर बड़ी वित्तीय सहायता देनी चाहिए।

घटना 2 नवंबर की रात 8:30 बजे हुई, जब आरोपी संतोष कुमार ने दरवाजे के पास खड़ी श्रीकुट्टी और उसकी मित्र अर्चना पर हमला किया और धक्का देकर नीचे गिरा दिया। यात्रियों ने चेन पुलिंग कर पुलिस और आरपीएफ को सूचना दी, जिसके बाद खोज अभियान में श्रीकुट्टी पटरी के पास घायल अवस्था में मिली। उसे तुरंत वर्कला स्टेशन लाकर नजदीकी अस्पताल में ले जाया गया, फिर मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया। आरोपी को बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। मंत्री ने कहा कि इस घटना ने महिला यात्रियों की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े किए हैं और रेलवे को सुरक्षा गश्त बढ़ाने समेत कड़े कदम उठाने चाहिए।

उदयपुर एयरपोर्ट प्रक्रिया उल्लंघन पर इंडिगो पर DGCA का 20 लाख जुर्माना
एविएशन रेगुलेटर डीजीसीए ने इंडिगो पर 20 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। यह कार्रवाई उदयपुर एयरपोर्ट पर इंस्ट्रूमेंट फ्लाइट प्रोसीजर के उल्लंघन को लेकर की गई है। डीजीसीए के अनुसार, इंडिगो ने स्टैंडर्ड इंस्ट्रूमेंट डिपार्चर (SID) और इंस्ट्रूमेंट फ्लाइट प्रोसीजर (IFP) को स्वयं तैयार कर लागू कर दिया, जबकि नियमों के अनुसार यह प्रक्रिया एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा अधिसूचित होनी आवश्यक थी। कंपनी ने यह जानकारी BSE को दी और कहा कि इसका उनके वित्तीय या संचालन संबंधी गतिविधियों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।

इंडिगो को यह नोटिस 17 नवंबर को मिला। डीजीसीए ने स्पष्ट किया है कि यह उल्लंघन एयरक्राफ्ट रूल्स 1937 और संबंधित सिविल एविएशन रिक्वायरमेंट्स के खिलाफ था। इस जुर्माने के साथ डीजीसीए  ने चेतावनी दी है कि फ्लाइट सुरक्षा से जुड़े मानकों में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

गुजरात की भादर नदी में प्रदूषण रोकने पर एनजीटी सख्त
नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने गुजरात के राजकोट जिले के जेतपुर-नवगढ़ क्षेत्र में भादर नदी के प्रदूषण पर गंभीर चिंता जताते हुए अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण में पाया गया कि अंडरग्राउंड सीवरेज सिस्टम पूरी तरह तैयार न होने के कारण घरेलू गंदा पानी सीधे नदी तक पहुंच रहा है। एनजीटी ने नगर पालिका को 30 प्रतिशत निर्माणाधीन सीवरेज नेटवर्क को 2 दिसंबर 2026 तक हर हाल में पूरा करने का आदेश दिया है। साथ ही 100 प्रतिशत घरों को सीवरेज कनेक्शन देने और किसी भी तरह के अवैध सीवेज या औद्योगिक डिस्चार्ज को रोकने का निर्देश दिया गया है।

NGT ने गुजरात प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को दो कमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट्स की वैध सहमति के साथ संचालन सुनिश्चित करने और किसी भी उद्योग या प्लांट को बिना ‘कंसेंट टू ऑपरेट’ मंजूरी के कार्य करने से रोकने के आदेश दिए। ट्रिब्यूनल ने कहा कि ड्रेनेज, उद्योगों और नदी के हिस्सों की नियमित निगरानी अनिवार्य है। 2018 की PIL से जुड़े इस मामले में पहले भी कई खामियां सामने आई थीं, जिनमें PETP यूनिटों के खराब संचालन और क्षमता की कमी शामिल थी। अब एनजीटी ने सभी एजेंसियों को समयसीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करने का अंतिम निर्देश देकर मामला निपटा दिया।
 

भारत पर गर्व करने वाला हर व्यक्ति हिंदू: मोहन भागवत
गुवाहाटी में बुद्धिजीवियों से बातचीत के दौरान आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि जो भी भारत पर गर्व करता है, वह हिंदू है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ‘हिंदू’ सिर्फ धार्मिक शब्द नहीं, बल्कि हजारों वर्षों की सभ्यता और सांस्कृतिक निरंतरता से जुड़ी पहचान है। भागवत ने कहा कि भारत को ‘हिंदू राष्ट्र’ घोषित करने की जरूरत नहीं, क्योंकि इसकी सभ्यता स्वयं इसका परिचय देती है।

भागवत ने असम में जनसांख्यिकीय बदलाव, अवैध घुसपैठ और धार्मिक रूपांतरणों पर चिंता जताई और संतुलित जनसंख्या नीति, खासकर हिंदुओं के लिए तीन बच्चों का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि आरएसएस किसी के खिलाफ नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण और चरित्र निर्माण के लिए काम करता है। सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग और युवा पीढ़ी की भूमिका पर भी उन्होंने जोर दिया। भागवत तीन दिवसीय दौरे पर असम में हैं और बुधवार को युवाओं को संबोधित करेंगे।
विज्ञापन

आईएमडी प्रमुख मृत्युंजय महापात्र को मिला सर गिल्बर्ट वॉकर अवॉर्ड
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के महानिदेशक डॉ. मृत्युंजय महापात्र को मौसम विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सर गिल्बर्ट वॉकर पुरस्कार 2025 से सम्मानित किया गया है। इंडियन मेटोरोलॉजिकल सोसायटी (आईएमएस) ने उन्हें यह सम्मान मौसम पूर्वानुमान तकनीकों को बेहतर बनाने और गंभीर मौसम चेतावनी प्रणाली को आधुनिक बनाने में उनके नवाचारों के लिए दिया। महापात्र के नेतृत्व में आईएमडी ने मौसम पूर्वानुमान की सटीकता बढ़ाई है और आपदा प्रबंधन में भी सुधार किया है। यह पुरस्कार भारतीय मौसम विज्ञान क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

गुजरात पुलिस ने इंटरनेशनल साइबर स्लेवरी गिरोह के सरगना को पकड़ा
गुजरात पुलिस ने चीन के गैंगों द्वारा म्यांमार और कंबोडिया से संचालित अंतरराष्ट्रीय साइबर स्लेवरी नेटवर्क के कथित सरगना निलेश पुरोहित उर्फ नील को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी ने बताया कि पुरोहित को गांधीनगर से पकड़ा गया, जहां वह मलेशिया भागने की कोशिश कर रहा था। उसे ‘द घोस्ट’ के नाम से भी जाना जाता है। इससे पहले उसके दो सहायक हितेश सोमैया और सोनल फलदू को भी पकड़ा गया था, जबकि भावदीप जाड़ेजा और हरदीप जाड़ेजा भी गिरफ्त में हैं।

जांच में पता चला कि पुरोहित 126 से अधिक सब-एजेंटों को संभालता था और 30 से अधिक पाकिस्तानी एजेंटों के संपर्क में था। उनका नेटवर्क 100 से अधिक चीनी और विदेशी कंपनियों से जुड़ा था, जो लोगों को साइबर-फ्रॉड कैंपों में भेजते थे। आरोप है कि अब तक वह भारत, श्रीलंका, पाकिस्तान, फिलीपींस, बांग्लादेश, नेपाल और अफ्रीकी देशों के 500 से अधिक लोगों को म्यांमार और कंबोडिया भेज चुका था। उसके ताजा प्रयास में पंजाब के एक युवक को कंबोडिया भेजा गया था। पुलिस ने बताया कि पुरोहित दुबई, लाओस, म्यांमार, थाईलैंड और ईरान की यात्राएं कर चुका था।

पॉक्सो केस: पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा को कोर्ट का समन
बंगलूरू की एक फास्ट ट्रैक कोर्ट ने पॉक्सो अधिनियम के तहत दर्ज यौन उत्पीड़न मामले में कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा और तीन अन्य आरोपियों को समन जारी किया है। कोर्ट ने सभी को दो दिसंबर को पेश होने का निर्देश दिया। सह-आरोपियों में अरुणा वाईएम, रुद्रेश मारुलासिद्दैया और मारिस्वामी जी शामिल हैं। इससे पहले कर्नाटक हाईकोर्ट ने बीते गुरुवार मामले को रद्द करने से इनकार कर दिया था। आरोप है कि एक नाबालिग के यौन उत्पीड़न से जुड़ा यह मामला कई वर्षों से चल रहा है। अब कोर्ट की कार्यवाही तेज हो सकती है।

केरल सरकार ने स्थानीय निकाय चुनाव तक एसआईआर रोकने की मांग की
केरल सरकार ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया को स्थानीय निकाय चुनाव तक रोकने की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। याचिका में कहा गया कि दिसंबर में होने वाले चुनावों के दौरान एसआईआर चलने से प्रशासनिक गतिरोध पैदा हो सकता है। सरकार ने तर्क दिया कि राज्य में 1,200 स्थानीय निकाय और 23,612 वार्ड हैं और 9 व 11 दिसंबर को मतदान तथा 13 दिसंबर से मतगणना होगी। सरकार ने कहा कि एसआईआर और चुनाव साथ चलने से प्रक्रिया प्रभावित होगी, इसलिए इसे चुनावों तक टालना आवश्यक है।

भारतीय तटरक्षक बल ने बांग्लादेशी नौकाएं पकड़ीं, 79 मछुआरे हिरासत में
भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) ने देश के विशिष्ट आर्थिक क्षेत्र (ईईजेड) में अवैध रूप से मछली पकड़ने पर तीन बांग्लादेशी नौकाएं जब्त की हैं और 79 चालक दल के सदस्यों को हिरासत में लिया है। यह कार्रवाई बंगाल की खाड़ी में अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा की निगरानी के दौरान 15 और 25 नवंबर को की गई। अधिकारियों के अनुसार, इनमें से किसी भी व्यक्ति के पास भारत के जलक्षेत्र में मछली पकड़ने की वैध अनुमति नहीं थी। नौकाओं से उपकरण और ताजा मछली भी बरामद हुई। सभी को फ्रेजरगंज लाया गया जहां मरीन पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें