पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य में एक और भव्य धार्मिक केंद्र बनाने की योजना की घोषणा की है। दीघा में जगन्नाथ मंदिर के बाद अब उत्तर बंगाल के सिलीगुड़ी में एक भव्य महाकाल मंदिर बनाया जाएगा। इस मंदिर में राज्य की सबसे बड़ी शिव प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी गुरुवार को दार्जिलिंग के मॉल क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध महाकाल मंदिर में पूजा अर्चना के लिए पहुंचीं। पूजा के बाद उन्होंने कहा, दार्जिलिंग के पहाड़ी महाकाल मंदिर तक बुजुर्गों और दिव्यांगजनों का पहुंचना कठिन होता है। इसी कारण समतल क्षेत्र में सिलीगुड़ी के पास एक नया महाकाल मंदिर बनाने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने जिला प्रशासन को मंदिर निर्माण के लिए उपयुक्त जमीन चिह्नित करने का निर्देश दिया है। मंदिर के पास एक आधुनिक कन्वेंशन सेंटर भी बनाया जाएगा। ममता ने बताया कि दिघा के जगन्नाथ धाम की तर्ज पर सिलीगुड़ी में भी एक ट्रस्ट बनाकर मंदिर का निर्माण कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा, हमने दीघा में जगन्नाथ मंदिर बनाया है, अब सिलीगुड़ी में महाकाल मंदिर बनाएंगे। वहां सबसे बड़ी शिव प्रतिमा स्थापित की जाएगी। ट्रस्ट के माध्यम से निर्माण कार्य कराया जाएगा, ताकि धार्मिक स्थल का संचालन सुव्यवस्थित तरीके से हो।
ममता ने साथ ही जीटीए (गोरखा टेरिटोरियल एडमिनिस्ट्रेशन) को निर्देश दिया है कि दार्जिलिंग महाकाल मंदिर तक पहुंचने के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों की व्यवस्था की जाए, जिससे श्रद्धालुओं को सुविधा मिल सके। फिलहाल परियोजना योजना के स्तर पर है, लेकिन मुख्यमंत्री ने संकेत दिए हैं कि इसे जल्द ही अमलीजामा पहनाया जाएगा।
फर्जी निकला उपराष्ट्रपति के आवास में बम की धमकी का ईमेल
चेन्नई में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के पोएस गार्डन आवास पर बम धमकी मिलने के बाद पुलिस ने जांच की। एक ईमेल के जरिए यह धमकी सहायक पुलिस आयुक्त के कार्यालय को भेजी गई थी। पुलिस के बम निरोधक दल और स्निफर डॉग को उपराष्ट्रपति के घर भेजा गया और पूरी जांच की गई। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि यह धमकी एक झूठी निकली है। पिछले एक महीने से चेन्नई पुलिस को ऐसे कई धमकी भरे ईमेल मिल रहे हैं और धमकी देने वाले की तलाश जारी है।
कर्नाटक: हावेरी में सड़क हादसे में तीन की मौके पर मौत, 20 से ज्यादा घायल
कर्नाटक के हावेरी जिले में एक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर रानेबेन्रुरर तालुका के काकोला के पास हुआ, जब एक वाहन एक खड़े ट्रैक्टर-ट्रेलर से टकरा गया। मृतकों की पहचान चमनसाब केरिमटिहल्ली (65 वर्षीय), मबुसाब डोडडगुब्बी ( 65 वर्षीय) और निंगम्मा जिगलर (70 वर्षीय) के रूप में हुई है। इस हादसे में 20 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें रानेबेनूर तालुका अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक दावणगेरे जिले के मालेबेनूर के निवासी थे। घायल लोगों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया है और उनका इलाज चल रहा है। यह दुर्घटना तब हुई जब वे दिब्बाना कार्यक्रम पूरा करके घर लौट रहे थे। रानेबेनूर ग्रामीण पुलिस ने दुर्घटना स्थल का निरीक्षण किया।