फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: कर्नाटक HC से राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि केस में कार्यवाही पर रोक; गोवा BJP अध्यक्ष बने दामोदर नाइक

Fri, 17 Jan 2025 09:00 PM IST
शुभम कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

कर्नाटक हाईकोर्ट ने शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ प्रदेश भाजपा की ओर से दायर आपराधिक मानहानि मामले में निचली अदालत की कार्यवाही पर रोक लगा दी। राहुल गांधी की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता शशि किरण शेट्टी ने जस्टिस एम नागप्रसन्ना को बताया कि यह पहली बार है, जब मामले की सुनवाई हो रही है। याचिका की समीक्षा करने के बाद, अदालत ने आदेश दिया कि प्रतिवादी को 20 फरवरी तक जवाब देने के लिए नोटिस जारी की जाती है, तब तक आगे की कार्यवाही पर रोक रहेगी। अगली सुनवाई 20 फरवरी को निर्धारित की गई है। बता दें कि मानहानि का मामला कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के भ्रष्टाचार दर कार्ड विज्ञापनों से जुड़ा है। इसमें आरोप लगाया गया था कि भाजपा नेता सरकारी नियुक्तियों और तबादलों के लिए कमीशन मांग रहे हैं। भाजपा ने इन दावों को भ्रामक और निराधार बताया था।

विज्ञापन


मोहन भागवत ने केरल के त्रिप्पुनिथुरा में अमेदा नागराज मंदिर का दौरा किया
तमाम संगठनात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए केरल में मौजूद आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने शुक्रवार सुबह त्रिप्पुनिथुरा में अमेदा नागराज मंदिर का दौरा किया और 'सप्त मातृस' और 'नाग' देवताओं की पूजा की। आरएसएस की तरफ से जारी एक बयान के अनुसार, भागवत ने 'पुल्लुवन' गीत सुना और मंदिर में 'नाग' देवताओं की पूजा की। इस बयान में कहा गया है कि उन्होंने मंदिर में सप्त मातृस - सात देवियों ब्राह्मणी, माहेश्वरी, कौमारी, वैष्णवी, वाराही, इंद्राणी और चामुंडी - की भी पूजा की।

इस दौरान मंदिर के अधिकारियों ने उन्हें माला पहनाकर स्वागत किया और उन्हें चांदी से बनी 'सप्त मातृस नाग' मूर्ति भेंट की, जिसमें ग्लोब को पांच मुंह वाले सांप के ऊपर रखा गया है और सात देवियों की तस्वीरें उभरी हुई हैं। इस बयान में कहा गया है कि आरएसएस प्रमुख ने तपस्या कला साहित्य वेदी की त्रिप्पुनिथुरा इकाई के अध्यक्ष मूर्तिकार एमएल रमेश को शॉल भेंट कर सम्मानित किया। इस बयान में कहा गया है कि आरएसएस एर्नाकुलम शाखा के संघचालक अमेदा ए वासुदेवन, क्षेत्रीय प्रचारक पीएन हरि कृष्ण कुमार, प्रांत प्रचारक एस सुदर्शनन, सह प्रचारक के प्रशांत और अन्य भी भागवत के साथ थे। संगठन के एक सूत्र ने बताया कि भागवत कुछ संगठनात्मक गतिविधियों में हिस्सा लेने के लिए 16 से 21 जनवरी तक केरल में हैं और इस दौरान कोई सार्वजनिक बैठक या मीडिया से बातचीत नहीं होगी। सूत्र ने बताया कि आरएसएस प्रमुख फरवरी में दो दिनों के लिए फिर से केरल आएंगे और उस दौरान सार्वजनिक बैठकें करेंगे।
विज्ञापन


22 जनवरी को MICE के तीसरे संस्करण का उद्घाटन
उद्योग निकाय फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की तरफ से आयोजित तीन दिवसीय मैरीटाइम इंडिया कॉन्फ्रेंस एंड एक्सपो का तीसरा संस्करण 22 जनवरी से यहां शुरू होगा और इसका उद्घाटन केंद्रीय शिपिंग, बंदरगाह और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल करेंगे। भारतीय बंदरगाह संघ द्वारा समर्थित यह परियोजना स्मार्ट प्रौद्योगिकियों और टिकाऊ प्रथाओं के माध्यम से बंदरगाहों के परिवर्तन सहित प्रमुख रणनीतिक विषयों पर ध्यान केंद्रित करेगी। इस कार्यक्रम में समुद्री क्षेत्र से 7,500 से अधिक आगंतुकों के आने की उम्मीद है।

दिलीप सैकिया बने असम भाजपा के अध्यक्ष
लोकसभा सांसद दिलीप सैकिया को असम भाजपा का नया अध्यक्ष बनाया गया है। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने सैकिया को आधिकारिक तैनाती पत्र सौंपा। इस दौरान केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा और पार्टी के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष भाबेश कालिता मौजूद रहे। सैकिया भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव हैं। साथ ही दर्रांग उदुलगुरी लोकसभा से दूसरी बार सांसद चुने गए हैं। 

तेलंगाना के सीएम ने केंद्रीय मंत्री से की मुलाकात
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने गुरुवार को दिल्ली में कई केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राज्य की लंबित विकास परियोजनाओं के लिए मंजूरी मांगी और सार्वजनिक परिवहन को इलेक्ट्रिक वाहनों में बदलने की योजना पर चर्चा की।

रेवंत रेड्डी ने रखी ये मांगे
केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव से मुलाकात में मुख्यमंत्री ने 161 रुकी हुई परियोजनाओं के लिए पर्यावरण और वन मंजूरी की मांग की, जिनमें 38 परियोजनाएं वन्यजीव संरक्षण से संबंधित थीं। रेवंत रेड्डी ने कहा कि ये परियोजनाएं वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित दूरदराज क्षेत्रों में हैं, और इनमें देरी हो रही है, खासकर राष्ट्रीय राजमार्गों और अन्य सड़कों के निर्माण में।

गौरवेली परियोजना की अनुमति के लिए किया अनुरोध
उन्होंने गौरवेली परियोजना के लिए शीघ्र अनुमति देने का भी अनुरोध किया, जिस पर मंत्री ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री एच डी कुमारस्वामी से मुलाकात की, जहां उन्होंने हैदराबाद के बस बेड़े को पूरी तरह से इलेक्ट्रिक बनाने का प्रस्ताव रखा।

डीजल बसों को इलेक्ट्रिक किट के साथ बदलने का सुझाव
साथ ही उन्होंने पीएम ई-ड्राइव योजना के तहत डीजल बसों को इलेक्ट्रिक किट के साथ बदलने का सुझाव भी दिया। मुख्यमंत्री ने हैदराबाद को 2,800 इलेक्ट्रिक बसें आवंटित करने की मांग की। इन बैठकों में तेलंगाना के अन्य मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।

बीआरएस ने विधायकों को अयोग्य ठहराने के लिए सुप्रीम कोर्ट में दायर की दो याचिकाएं
बीआरएस (भारत राष्ट्र समिति) ने गुरुवार को कहा कि उसने कांग्रेस में शामिल हुए अपने विधायकों को अयोग्य ठहराने के लिए सुप्रीम कोर्ट में दो याचिकाएं दायर की हैं। मामले में पार्टी ने एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि पहली याचिका में उसने सुप्रीम कोर्ट से विधानसभा अध्यक्ष और सचिव को यह आदेश देने की मांग की है कि वे तीन विधायकों - दानम नागेंद्र, कादियम श्रीहरि, और तेलम वेंकट राव के खिलाफ जल्द कार्रवाई करें और उन्हें अयोग्य ठहराने के लिए एक समय सीमा तय करें।

साथ ही दूसरी याचिका में, दलबदल करने वाले बाकी सात विधायकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। बीआरएस ने यह भी बताया कि छह महीने पहले उच्च न्यायालय के फैसले के बावजूद विधानसभा अध्यक्ष ने कोई कार्रवाई नहीं की और न ही इन विधायकों को नोटिस भेजा। बीआरएस ने सुप्रीम कोर्ट से यह भी अनुरोध किया है कि वह विधानसभा अध्यक्ष को निर्देश दे कि चार सप्ताह के अंदर इस मामले में निर्णय लिया जाए।

कलाकार रूबल नागी को किया गया राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग की समिति में सदस्य
जम्मू में जन्मीं कलाकार रूबल नागी को राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग (एनसीएम) की एक समिति का सदस्य नामित किया गया है। नागी एक कलाकार, लेखिका और सामाजिक कार्यकर्ता हैं।

एनसीएम के अध्यक्ष ने दी जानकारी
एनसीएम के अध्यक्ष इकबाल सिंह लालपुरा ने सोशल मीडिया मंच 'फेसबुक' पर एक पोस्ट में कहा, "पेशे से कलाकार सुश्री रूबल नागी को राष्ट्रीय स्तर पर एनसीएम के सामुदायिक नेताओं की समिति का सदस्य नामित किया गया है।

बता दें कि नागी ने कुछ साल पहले 'मिसाल कश्मीर' नामक कार्यक्रम शुरू किया था, जिसमें मदरसों के अंदर रंग और स्केचबुक ले जाना शामिल है, ताकि बच्चों को रचनात्मकता दिखाने तथा महिलाओं को स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित किया जा सके।

ओडिशा सीमेंट कारखाने में लोहे का ढांचा ढहा, कुछ मजदूरों के फंसे होने की आशंका
ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के राजगांगपुर में गुरुवार को सीमेंट के एक कारखाने के अंदर लोहे का बड़ा ढांचा ढह जाने के बाद कुछ श्रमिकों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि घटना उस समय हुई जब कारखाने के पास 12 से अधिक मजदूर काम कर रहे थे। साथ ही उन्होंने बताया कि सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मलबा हटाने में मदद की।

थाना प्रभानी ने दी जानकारी
राजगांगपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक एम. प्रधान ने बताया कि लोहे का बड़ा ढांचा ‘कोल हॉपर अचानक नीचे गिर गया। हम अभी घटनास्थल पर हैं। क्रेन की मदद से मलबा हटाया जा रहा है। अब तक किसी के हताहत होने या घायल होने की खबर नहीं है। लेकिन हमें संदेह है कि कुछ मजदूर मलबे के अंदर फंसे हो सकते हैं।

ओडिशा: प्लांट में ढही लोहे की संरचना के नीचे फंसे श्रमिकों को बचाने के प्रयास जारी

ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में एक सीमेंट फैक्ट्री में ढही लोहे की एक बड़ी संरचना, कोयला हॉपर के मलबे के नीचे घंटों से फंसे तीन श्रमिकों को बचाने के प्रयास जारी हैं। जानकारी के मुताबिक, अधिकारी क्रेन की मदद से मलबा हटा रहे हैं।

यह घटना राजगांगपुर में डालमिया सीमेंट प्लांट में कैप्टिव पावर प्लांट के बॉयलर क्षेत्र में कोयला हॉपर के ढहने के कारण गुरुवार शाम को हुई। वहीं डालमिया सीमेंट ने एक बयान में कहा, 'तीनों श्रमिकों के ठिकाने का अभी पता नहीं चल पाया है।' कंपनी ने कहा कि कोयला हॉपर का संचालन कंपनी की तरफ से नियुक्त एक तीसरे पक्ष के विक्रेता की तरफ से किया जा रहा था। फिलहाल जिला प्रशासन और राज्य सरकार की मदद से प्लांट संचालन दल बचाव अभियान पर काम कर रहा है। वहीं एक पुलिस अधिकारी ने कहा, 'कोयला हॉपर अचानक नीचे गिर गया। हम क्रेन की मदद से मलबा हटा रहे हैं।'

तेलंगाना पुलिस ने ट्रैवल फर्म मैनेजर पर गोली चलाने वालों को पकड़ने के लिए टीमें गठित
तेलंगाना पुलिस ने हैदराबाद में एक ट्रैवल फर्म मैनेजर को गोली मारकर घायल करने वाले दो हथियारबंद हमलावरों को पकड़ने के लिए टीमें बनाई हैं। प्रारंभिक जांच के आधार पर, हमलावर बिहार से होने का संदेह है। अधिकारियों का मानना है कि दोनों संदिग्ध वही व्यक्ति हैं जो 16 जनवरी को कर्नाटक के बीदर जिले में दो सुरक्षा गार्डों की हत्या के लिए जिम्मेदार हैं। अफजलगंज इलाके में गुरुवार शाम को गोलीबारी की घटना तब हुई जब दो व्यक्तियों ने एक ट्रैवल एजेंसी से हैदराबाद से रायपुर के लिए बस टिकट बुक किया। उन्हें रायपुर जाने वाली मुख्य बस में चढ़ने के लिए शटल मिनी-बस में बैठाया जा रहा था। उनमें से एक ने ट्रैवल फर्म मैनेजर पर गोली चला दी क्योंकि उसने उनके बैग की जांच करने पर जोर दिया। एक अधिकारी ने कहा कि दोनों संदिग्ध बैग लेकर ऑटो-रिक्शा में भाग गए और उन्हें आखिरी बार टैंक बंड इलाके में देखा गया। उन्होंने कहा कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।
 

आंध्र प्रदेश और सिक्किम में अलग-अलग हादसों में 14 की मौत
आंध्र प्रदेश और सिक्किम में हुए अलग-अलग हादसों में 14 की लोगों की मौत हो गई। जबकि 15 लोग घायल हो गए। आंध्र प्रदेश के प्रकाशम जिले में समुद्र तट पर एक परिवार के चार सदस्य डूब गए, जिसमें तीन शवों को बाहर निकाला गया और चौथे व्यक्ति की तलाश अभी जारी है। आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले में  गंगासागरम के पास बस और ट्रक की टक्कर में चार यात्रियों की मौत हो गई। इसके अलावा सिक्किम के ग्यालशिंग जिले में कार के खाई में गिर गई। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई।  पुलिस ने बताया कि गुरुवार रात को पांच लोगों को लेकर जा रही एक कार रटोमेटी चट्टान पर पहाड़ी से लुढ़क कर 500 फीट नीचे खाई में जा गिरी। लोगों ने सुबह पुलिस को सूचित किया और पांचों लोगों के शव बरामद कर लिए गए। कार ग्याथांग से अपर चोंगरांग जा रही थी। मृतक पश्चिमी सिक्किम के युकसोम-ताशीडिंग निर्वाचन क्षेत्र के अपर अरिथांग के निवासी थे।

आंध्र प्रदेश के प्रकाशम में एक समुद्र तट पर एक परिवार के चार सदस्य डूब गए, जिसमें तीन शवों को बाहर निकाला गया और चौथे व्यक्ति की तलाश अभी जारी है। मामले में पुलिस अधीक्षक ए आर दामोदर ने बताया कि ये लोग ओंगोल के 20 सदस्यीय परिवार का हिस्सा थे। डूबने वाली चार लोगों में दो लड़कियां और दो लड़के थे। एक लड़के का शव अभी तक नहीं मिला है।  आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले में  गंगासागरम के पास बस और ट्रक की टक्कर में चार यात्रियों की मौत हो गई। जबकि 15 यात्री घायल हो गए। चित्तूर के गाजुलापल्ली गांव के पास बस और ट्रक की भिड़ंत हुई। चित्तूर-थैचूर हाईवे पर एक ट्रक से टकराने के बाद ट्रैवल बस पलट गई। बस 26 यात्रियों को लेकर तिरुपति से त्रिची जा रही थी। चित्तूर ईस्ट सर्कल पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर श्रीनिवास राव ने बताया कि  चार यात्री की मौत हो गई। जबकि 15 लोग घायल हुए हैं। 

केरल में बाइक और कार की टक्कर में दो युवकों की मौत
केरल के कोट्टायम जिले में कार और बाइक की टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई। जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान कुदावेचूर, कोट्टायम के मूल निवासी निधिश (35) और पुचक्कल, अलाप्पुझा के मूल निवासी अक्षय (19) के रूप में की गई है। गुरुवार रात करीब 10.30 बजे वाइकोम के पास थोटाकाडु में मोटरसाइकिल ने एर्नाकुलम से वेचूर दिशा की ओर जा रही कार को टक्कर मार दी और युवा सड़क पर गिर गए। दो युवकों की मौके पर मौत हो गई। जबकि एक युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया।

तमिलनाडु में जल्लीकट्टू, मंजुविरट्टू समारोह में 7 की मौत, 130 घायल
कन्नुम पोंगल दिवस के मौके पर तमिलनाडु के विभिन्न हिस्सों में आयोजित जल्लीकट्टू और मंजुविरट्टू समारोहों में 7 सात लोगों की मौत हो गई और लगभग 130 लोग घायल हुए हैं। शुक्रवार पुलिस ने बताया कि शिवगंगा जिले में मंजुविरट्टू समारोह में शामिल तनीश राजा का बैल बिदक गया और एक खेत में भागने लगा। इसी दौरान दोनों खेत में बने कुएं गिर गए और उनकी मौत हो गई। इसी तरह अन्य जिलों में भी अलग-अलग घटनाओं में छह लोगों और एक बैल की मौत हो गई। मृतकों में कई दर्शक भी हैं।

सिंगापुर में तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी, विदेश मंत्री से की मुलाकात

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्य में निवेश और कई संबंधों की तलाश में सिंगापुर के साथ अपने दो-राष्ट्र दौरे की शुरुआत की। सीएम रेवंत रेड्डी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने सिंगापुर के विदेश मंत्री विवियन बालकृष्णन से मुलाकात की और बुनियादी ढांचे के निर्माण, ऊर्जा, हरित ऊर्जा में सतत पहल, जल प्रबंधन, नदी पुनरुद्धार, पर्यटन, शिक्षा और कौशल निर्माण, और आईटी पार्क आदि को कवर करते हुए एक व्यापक, दीर्घकालिक साझेदारी बनाने पर सहमति व्यक्त की।

सीएम रेड्डी ने पोस्ट में कहा, 'हमने सिंगापुर सरकार के विदेश मंत्री, अद्भुत अंतर्दृष्टिपूर्ण इंडोफाइल, डॉ. विवियन बालकृष्णन के साथ बहुत ही आकर्षक, उपयोगी और व्यापक चर्चा के साथ सिंगापुर में अपने दो-राष्ट्र दौरे की शुरुआत की।' वहीं एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि प्रतिनिधिमंडल ने सिंगापुर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्निकल एजुकेशन (आईटीई) परिसर का दौरा किया और संस्थान में प्रदान की जाने वाली कौशल विकास पाठ्यक्रमों और उन्नत सुविधाओं का निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री की टीम ने आईटीई के शीर्ष अधिकारियों के साथ सार्थक चर्चा की और उनसे हैदराबाद के 'चौथे शहर' में स्थापित युवा भारत कौशल विश्वविद्यालय में सहयोग बढ़ाने का अनुरोध किया। आईटीई प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के अनुरोध पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी और कौशल विश्वविद्यालय के साथ मिलकर काम करने के लिए आगे आया। संबंधों को और मजबूत करने के लिए आईटीई और कौशल विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने कौशल विकास में आपसी सहयोग के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। सीएम रेवंत रेड्डी अपने कैबिनेट सहयोगी डी श्रीधर बाबू और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ 20 से 22 जनवरी तक विश्व आर्थिक मंच (डब्ल्यूईएफ) की बैठक में भाग लेने के लिए सिंगापुर से स्विट्जरलैंड के दावोस के लिए रवाना होंगे।

ओडिशा सीएम के साथ सिंगापुर के राष्ट्रपति की चर्चा

सिंगापुर के राष्ट्रपति थर्मन षणमुगरत्नम ने विश्व कौशल केंद्र में ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के साथ चर्चा की।
 
 

मंत्री पीयूष गोयल ने ऑटो उद्योग से मशीनें बनाने और आयात पर निर्भरता कम करने को कहा

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को ऑटो कंपोनेंट उद्योग से इस क्षेत्र में इस्तेमाल होने वाली मशीनों का निर्माण शुरू करने और आयात पर निर्भरता कम करने को कहा। उन्होंने यह भी कहा कि भारत में कुछ ऑटो कंपनियां जो अभी भी कंपोनेंट आयात कर रही हैं, वे प्रतिस्पर्धा से बाहर हो जाएंगी क्योंकि घरेलू उत्पाद विदेशी उत्पादों की तुलना में अधिक प्रतिस्पर्धी हैं।

उन्होंने कहा, 'अभी भी दुनिया के अन्य हिस्सों से बहुत सारी मशीनें आ रही हैं। मशीन निर्माण में उतरें। हमें (मशीनों के लिए) विदेशी देशों पर क्यों निर्भर रहना चाहिए।' उन्होंने कहा कि भारत ने चार यूरोपीय देशों के ईएफटीए ब्लॉक के साथ एक मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं और घरेलू कंपनियों को स्विट्जरलैंड की कंपनियों के साथ सहयोग करने पर विचार करना चाहिए, जिनके पास मशीन बनाने में विशेषज्ञता है। स्विट्जरलैंड ईएफटीए का सदस्य है। मंत्री ने कहा कि जो लोग भारतीय कंपोनेंट पर निर्भर नहीं हैं, वे भारतीय बाजारों में अपनी प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त खो देंगे। उन्होंने उद्योग से इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए कंपोनेंट का उत्पादन बढ़ाने का भी आग्रह किया क्योंकि इसमें बहुत अवसर हैं। उन्होंने कहा कि अफ्रीका, लैटिन अमेरिका और मध्य पूर्व जैसे क्षेत्रों में बहुत सारे अवसर हैं।

गोवा भाजपा के अगले अध्यक्ष होंगे पूर्व विधायक दामोदर नाइक

गोवा के पूर्व विधायक दामोदर नाइक भारतीय जनता पार्टी की राज्य इकाई के अगले अध्यक्ष होंगे। पार्टी के केंद्रीय चुनाव पर्यवेक्षक सुनील बंसल ने कहा कि कोर कमेटी ने शुक्रवार को बैठक की और सर्वसम्मति से दामोदर नाइक को इस पद के लिए नामित करने का फैसला किया। दामोदर नाइक, जो वर्तमान में राज्य भाजपा के महासचिव हैं, ने सुनील बंसल, मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, निवर्तमान राज्य इकाई प्रमुख सदानंद शेट तनावड़े और अन्य की उपस्थिति में अपना नामांकन दाखिल किया। सुनील बंसल ने कहा कि दामोदर नाइक के नाम की औपचारिक घोषणा शनिवार को की जाएगी।

गौहाटी उच्च न्यायालय के दो न्यायाधीशों को स्थायी न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत

गौहाटी उच्च न्यायालय के दो अतिरिक्त न्यायाधीशों को शुक्रवार को स्थायी न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किया गया। कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने उच्च न्यायालय के दोनों अतिरिक्त न्यायाधीशों, न्यायमूर्ति कार्दक एटे और मृदुल कुमार कलिता को न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत करने की घोषणा की। 7 जनवरी को सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने उनके नामों की संस्तुति की थी। अतिरिक्त न्यायाधीशों को आमतौर पर न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किए जाने से पहले दो साल के लिए नियुक्त किया जाता है, या जिसे लोकप्रिय रूप से 'स्थायी' न्यायाधीश कहा जाता है।
विज्ञापन

सरकार ने लोकल केबल ऑपरेटरों के पंजीकरण नियम बनाए आसान

सरकार ने स्थानीय केबल ऑपरेटरों (एलसीओ) के पंजीकरण की प्रक्रिया को पूरी तरह से ऑनलाइन बनाकर केबल टेलीविजन नेटवर्क को नियंत्रित करने वाले नियमों को आसान बना दिया है जिसमें पंजीकरण प्राधिकारी सूचना और प्रसारण मंत्रालय होगा। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक, संशोधित केबल टेलीविजन नेटवर्क नियम-1994 शुक्रवार से ही लागू हो गए। मंत्रालय ने बताया कि स्थानीय केबल ऑपरेटरों का पंजीकरण प्रमाणपत्र आवेदक के विवरण (आधार, पैन, सीआईएन और डीआईएन और अन्य दस्तावेज) के सफल सत्यापन के बाद वास्तविक समय में जारी किया जाएगा। पहले एलसीओ पंजीकरण प्रक्रिया उस क्षेत्र के स्थानीय प्रधान डाकघर में ऑफलाइन मोड में की जाती थी जिसमें एलसीओ का कार्यालय स्थित होता था, जिसमें प्रधान डाकपाल उनके पंजीकरण प्राधिकारी होते थे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें