भाजपा सांसद सौमित्र खान ने गृह मंत्रालय की स्थायी समिति के अध्यक्ष राधा मोहन दास अग्रवाल को पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि समिति मुर्शिदाबाद का दौरा करे और स्थानीय हिंदू पीड़ितों से संबंधित जमीनी हकीकत की समीक्षा करे।
गोवा में 43 करोड़ की कोकीन पकड़ी
गोवा में पुलिस ने चॉकलेट और कॉफी के पैकेटों में छिपाकर रखी गई 43 करोड़ रुपये मूल्य की 4 किलोग्राम से अधिक कोकीन बरामद की। मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। यह गोवा के इतिहास में नशीले पदार्थ की सबसे बड़ी जब्ती है। पुलिस अधीक्षक (अपराध) राहुल गुप्ता ने बताया कि दक्षिण गोवा के चिकालिम गांव में कोकीन रखने के आरोप में पति-पत्नी और एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। 4.32 किलोग्राम कोकीन को 32 चॉकलेट और कॉफी के पैकेटों में छिपाया गया था। पुलिस ने निबू विंसेंट और एक दंपती को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला ने अपने पति और विन्सेंट की संलिप्तता से तस्करी के लिए एक स्रोत से पैकेट खरीदे थे।
पुलिस ने कहा कि इतनी बड़ी मात्रा में ड्रग्स के स्रोत की जांच कर रहे हैं। पुलिस संभावित अंतरराष्ट्रीय पहलू की भी जांच कर रही है, क्योंकि महिला हाल ही में थाईलैंड की यात्रा पर गई थी। महिला पहले भी वेश्यावृत्ति के एक मामले में तीन महीने की जेल की सजा काट चुकी है, जबकि उसके पति का भी आपराधिक रिकॉर्ड है। वहीं मामले में मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने एक्स पर लिखा कि राज्य में अब तक की सबसे बड़ी ड्रग बरामदगी में उनके सराहनीय प्रयासों और त्वरित कार्रवाई के लिए गोवा पुलिस और अपराध शाखा को बधाई।
तीर्थयात्रियों को सबरीमाला ले जा रही बस पलटी, एक की मौत, 20 से अधिक घायल
कोट्टयम में तीर्थयात्रियों को सबरीमाला लेकर जा रही बस एरुमेली के पास पलट गई। इसमें 45 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई और 20 से अधिक अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि सुबह करीब 6.30 बजे जिस राजमार्ग पर यह दुर्घटना हुई, उसमें तीखे मोड़ और तीव्र ढलान है। बस अनियंत्रित हो गई और सड़क के किनारे पलट गई। गंभीर रूप से घायल हुए पांच लोगों को कोट्टायम मेडिकल कॉलेज ले जाया गया तथा मामूली चोट और खरोंचों वाले 18 अन्य लोगों को निकटवर्ती अस्पतालों में प्राथमिक उपचार दिया गया। बस में सात बच्चों सहित लगभग 32 तीर्थयात्री सवार थे।
कर्नाटक में ट्रक चालकों की हड़ताल जारी रहेगी, मुख्यमंत्री से वार्ता विफल
ईंधन की कीमतों में उछाल के विरोध में कर्नाटक के ट्रक चालक अनिश्चितकालीन हड़ताल कर रहे हैं। आंदोलन कर रहे ट्रक चालकों के एक संगठन ने मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के साथ वार्ता की। हालांकि, वार्ता विफल रही। संगठन के एक पदाधिकारी ने बताया कि ट्रक चालकों की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी। मुख्यमंत्री ने ट्रक चालकों से जनहित में हड़ताल खत्म करने की अपील की, लेकिन चालकों ने पहले मांगों को पूरा करने को कहा। मांगों में डीजल की कीमतों में कटौती और टोल संबंधी मुद्दों का ठोस समाधान करना शामिल हैं। बता दें कि इस हड़ताल के कारण राज्य के भीतर और बाहर माल के परिवहन पर असर पड़ रहा है। 129 ट्रक एसोसिएशन का नेतृत्व कर रहे कर्नाटक राज्य लॉरी मालिक एवं एजेंट एसोसिएशन फेडरेशन (FOKSLOAA) के मुताबिक हड़ताल के कारण राज्य भर में ट्रक टर्मिनलों पर ट्रक खड़े रहे। हालात बिगड़ता देख मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने मंगलवार शाम को FOKSLOAA के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। फेडरेशन के अध्यक्ष जीआर शानमुगप्पा ने बताया कि सीएम के साथ बैठक के दौरान प्रदर्शनकारी डीजल की कीमतें कम करने की मांग पर अड़े थे, लेकिन सरकार ने उनकी मांग खारिज कर दी। फेडरेशन महासचिव सोमसुंदरम बालन ने कहा कि बातचीत विफल हो गई है। हमारी हड़ताल जारी रहेगी। बैठक के बाद मुख्यमंत्री कार्यालय से भी बयान जारी किया गया। सरकार के मुताबिक बजट में डीजल पर शुल्क में दो रुपये की बढ़ोतरी की गई है। पड़ोसी राज्यों की तुलना में हमारे राज्य में डीजल की कीमत कम है। ट्रक चालकों के महासंघ की मांगों से सरकार अवगत है। मुख्यमंत्री ने ने ट्रक मालिकों से सरकार के साथ सहयोग करने की अपील की क्योंकि सरकार गरीबों के हित में फैसले कर रही है।
राजद एमएलसी डिजिटल अरेस्ट, मनी लॉन्ड्रिंग केस में फंसाने की दी धमकी
बिहार में राजद के विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) मोहम्मद शोएब ऑनलाइन ठगी का शिकार बनते-बनते बचे। साइबर अपराधियों ने उन्हें वीडियो कॉल के जरिये डिजिटल अरेस्ट किया और खुद को मुंबई साइबर क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताते हुए मनी लॉन्ड्रिंग केस में फंसाने की धमकी दी। घटना 8 अप्रैल की है, जब राजद एमएलसी शोएब अपने पटना स्थित आवास पर थे। ठगों ने एक अनजान नंबर से वीडियो कॉल कर पहले उनके बैंक खाते में संदिग्ध लेनदेन का हवाला दिया, फिर उन्हें फर्जी कानूनी कार्रवाई का डर दिखाते हुए घंटों तक मानसिक प्रताड़ना दी। लेकिन शोएब ने तुरंत इसकी सूचना पटना पुलिस को दी। पुलिस ने शोएब की शिकायत पर जांच शुरू कर दी है।
राजीव कुमार पापुआ न्यू गिनी के उच्चायुक्त नियुक्त
भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) के अधिकारी राजीव कुमार को पापुआ न्यू गिनी का उच्चायुक्त नियुक्त किया गया है। 2001 बैच के आईएफएस अधिकारी कुमार वर्तमान में भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद के उप महानिदेशक (डीडीजी) के रूप में कार्यरत हैं। विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि राजीव कुमार जल्द ही पापुआ न्यू गिनी में भारत के अगले उच्चायुक्त के तौर पर कार्यभार संभालेंगे।
कांग्रेस का गुजरात से संगठन सृजन अभियान का आगाज
कांग्रेस का संगठन को मजबूत करने का अभियान गुजरात से शुरू हो गया है। इसके लिए राहुल गांधी मंगलवार को अहमदाबाद पहुंच कर कांग्रेस पर्यवेक्षकों को जिम्मेदारी सौंपी है। इसके अलावा एक केन्द्रीय निरीक्षक के साथ गुजरात के 4 निरीक्षकों की टीम गठित की गई है। यह कांग्रेस को 10 दिन में जिलेवार पहली रिपोर्ट प्रस्तुत करेगा। कांग्रेस ने वर्ष 2025 को संगठन को मजबूत करने के लिए नूतन संगठन का नारा दिया है। इसकी शुरुआत पार्टी गुजरात से कर रही है। यही वजह है कि राहुल का 6 दिनों में यह दूसरा गुजरात दौरा है। इसमें तय किया गया है कि जिला अध्यक्षों की नियुक्ति 45 दिनों के भीतर पूरी कर ली जाएगी। जिला अध्यक्षों के लिए 5 नामों का पैनल बनाया जाएगा। जिसके आधार उनका चयन होगा।
सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश दिनेश माहेश्वरी बने विधि आयोग के अध्यक्ष
कानून मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश दिनेश माहेश्वरी को 23वें विधि आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। 23वें विधि आयोग का गठन पिछले साल 3 सितंबर को तीन साल की अवधि के लिए किया गया था। अधिवक्ता हितेश जैन और प्रोफेसर डी पी वर्मा को इसका पूर्णकालिक सदस्य नियुक्त किया गया है। वर्मा पिछले विधि आयोग का भी हिस्सा थे। कानून मंत्रालय के अनुसार सभी ने काम संभाल लिया है। आयोग को यह भी पड़ताल करने की जिम्मेदारी दी गई है कि क्या देश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की जा सकती है। जस्टिस माहेश्वरी मई 2023 में शीर्ष कोर्ट से सेवानिवृत्त हुए थे। उन्होंने सितंबर 2004 में राजस्थान हाईकोर्ट के न्यायाधीश के रूप में शपथ ली और जुलाई 2014 में उन्हें इलाहाबाद हाईकोर्ट में स्थानांतरित किया गया। वह फरवरी 2016 में मेघालय हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश बने और फिर फरवरी 2018 में कर्नाटक हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किए गए थे। उन्होंने जनवरी 2019 में सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश के तौर पर शपथ ली और 14 मई 2023 को सेवानिवृत्त हो गए।
निजी एअरलाइन की चेन्नई से दिल्ली व मुंबई उड़ानों में देरी से यात्री परेशान
तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में निजी एअरलाइन की नई दिल्ली और मुंबई की उड़ानों में देरी होने के कारण इन शहरों को जाने वाले 200 से अधिक यात्रियों को यहां हवाईअड्डे पर इंतजार करना पड़ा। अधिकारियों ने बताया कि तकनीकी गड़बड़ी के कारण इन उड़ानों में विलंब हुआ। ये उड़ानें क्रमश: पूर्वाह्न 11 बजकर 20 मिनट पर दिल्ली और 11 बजकर 40 मिनट पर मुंबई के लिए रवाना होने वाली थीं। लेकिन इनमें काफी विलंब हुआ। दोनों उड़ानों के यात्रियों को यहां हवाईअड्डे पर घंटों प्रतीक्षा करनी पड़ी।
दो करोड़ की ड्रग्स के साथ विदेशी तस्कर गिरफ्तार
बंगलूरू की अपराध शाखा ने मादक पदार्थ के साथ विदेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है। आरोपी से केजी एमडीएमए और करीब दो करोड़ रुपये की सामग्री भी जब्त की गई है। जांच में पता चला है कि आरोपी 2012 में व्यापारिक वीजा पर भारत आया था। वह वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद भी अवैध तरीके से रह रहा था। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी बंगलूरू में अपने परिचित से कम कीमत पर एमडीएमए क्रिस्टल खरीदकर उसे कथित तौर पर कॉलेज के छात्रों और आईटी-बीटी पेशेवरों को उच्च दरों पर बेचता था।
आंध्र प्रदेश में राजस्थानी यूट्यूबर को हिरासत में लिया गया
आंध्र प्रदेश में नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में राजस्थानी यूट्यूबर को हिरासत में लिया गया है। मामला तिरुमाला मंदिर के ऊपर ड्रोन उड़ाने का है। तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) के सतर्कता कर्मियों ने बताया कि मंगलवार को तिरुमला में हरिनाम संकीर्तन मंडपम के ऊपर कथित तौर पर ड्रोन उड़ाने वाले यूट्यूबर की पहचान राजस्थान के अंशुमान तरेजा के रूप में हुई है। सतर्कता कर्मियों ने तरेजा को तुरंत हिरासत में ले लिया गया और ड्रोन को जब्त कर पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
टीसीएस को 99 पैसे के सांकेतिक पट्टा मूल्य पर 21.16 एकड़ जमीन आवंटित
आंध्र प्रदेश में मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू की सरकार ने टाटा की आईटी इकाई टीसीएस को 99 पैसे के सांकेतिक पट्टा मूल्य पर 21.16 एकड़ जमीन आवंटित करने का फैसला लिया है। मंत्रिमंडल ने मंगलवार को मंजूरी दे दी। टीसीएस विशाखापत्तनम में आईटी हिल नंबर 3 पर आईटी कैंपस बनाएगी। यहां 1,370 करोड़ रुपये का निवेश होने की उम्मीद है। इस परियोजना से 12,000 नौकरियां भी पैदा होने का अनुमान है। कैबिनेट ने विजयनगरम में एक एकीकृत इस्पात संयंत्र के विस्तार के लिए महामाया इंडस्ट्रीज लिमिटेड के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी। इसके अलावा एलुरु जिले में श्री लक्ष्मी नरसिम्हा स्वामी मंदिर को 30 एकड़ भूमि के निःशुल्क आवंटन को भी मंजूरी दी गई। कैबिनेट में 617 करोड़ रुपये की लागत से विधानसभा भवन और 786 करोड़ रुपये की लागत से उच्च न्यायालय भवन के निर्माण से जुड़े प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई।
मणिपुर में 11 उग्रवादी गिरफ्तार
सुरक्षा बलों ने अशांत मणिपुर के थौबल, तेंगनौपाल और इंफाल पूर्व एवं इंफाल पश्चिम जिलों से तीन प्रतिबंधित संगठनों के 11 उग्रवादियों को गिरफ्तार किया। इनमें से अधिकतर जबरन वसूली में संलिप्त थे। केसीपी के चार कैडरों को थौबल जिले के सालुंगफाम ममांग लीकाई से गिरफ्तार किया ्गरया। उनके पास से एक .32 पिस्टल, मैगजीन, तीन जिंदा कारतूस और तीन हथगोले बरामद किए गए। पुलिस ने इंफाल पूर्वी जिले के वेइथो चिरू से सोशलिस्ट रिवोल्यूशनरी पार्टी ऑफ कांगलीपाक (सोरेपा) के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया। केसीपी (नोंगड्रेनखोम्बा) के एक सक्रिय सदस्य को इंफाल पश्चिम जिले के लाम्फेल क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। वहीं केंद्रीय बलों ने सोमवार को तेंगनौपाल जिले के मोरेह कस्बे के निकट सीमा स्तंभ 81 के आसपास से यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट (यूएनएलएफ-के) के तीन कार्यकर्ताओं को भी गिरफ्तार किया।
ओडिशा में धार्मिक जुलूस के दौरान बिजली का झटका लगा; दो लोगों की मौत, 10 घायल
एक धार्मिक जुलूस के दौरान डीजे उपकरण हाई वोल्टेज बिजली के तार के संपर्क में आ गया। ओडिशा के भद्रक जिले में हुई इस दुर्घटना में दो लोगों की करंट लगने से मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि घटना तिहिडी पुलिस थाना क्षेत्र में हुई। नुआंदा गांव में मंगला मंदिर के पास 'पटुआ जात्रा' के दौरान मंदिर के पास डीजे हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गया। मृतकों की पहचान स्थानीय निवासी सरत महालिक और मुना महालिक के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक जुलूस के लिए बिजली विभाग से पूर्व मंजूरी ली गई थी। घायलों को इलाज के लिए भद्रक जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस अधीक्षक घटना की जांच कर रहे हैं। जिला कलेक्टर दिलीप राउत्रे के मुताबिक प्रारंभिक जांच में पता लगा है कि मुख्य बाजार मार्ग पर बिजली काट दी गई थी, लेकिन मंदिर के आसपास वाले इलाकों से गुजरने वाले तार की बिजली सप्लाई बंद नहीं की गई थी। समन्वय की इसी चूक के कारण हादसा हुआ है।
भाजपा में नए पार्टी अध्यक्ष को लेकर मंथन
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बुधवार को गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। एक दिन पहले पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने बैठक की थी।इन बैठकों के एजेंडे के बारे में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल समेत कई केंद्रीय मंत्रियों ने मंगलवार रात भाजपा अध्यक्ष के आवास पर बैठक की थी।पार्टी सूत्रों ने कहा कि वरिष्ठ केंद्रीय मंत्री अक्सर सामयिक और राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा करने के लिए साप्ताहिक बैठकें करते हैं। जपा में नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन से पहले कई प्रदेश अध्यक्षों के चुनाव की प्रक्रिया चल रही है। नड्डा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ केंद्रीय मंत्री भी हैं। नए अध्यक्ष के चुनाव तक वह पार्टी प्रमुख के पद पर हैं।