फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: तीन युवतियों ने की खुदकुशी की कोशिश; RSS पदाधिकारी बोले- ट्रंप ने ऋण निपटाने के लिए लगाया टैरिफ

Mon, 15 Sep 2025 11:15 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
कर्नाटक के रायचूर में एक ही परिवार की तीन युवतियों ने कथित तौर पर जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। उनमें से एक की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि जबकि उसकी चचेरी बहनें बच गईं। देवदुर्गा तालुक के के इराबेगेरा गांव में एक खेत में रविवार को जहर खाया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि तीनों लड़कियां कथित तौर पर एक-दूसरे से प्यार करती थीं और अपने-अपने साथी से शादी करना चाहती थीं, लेकिन जब उनके माता-पिता ने इस पर आपत्ति जताई, तो उन्होंने सामूहिक रूप से जान देने का फैसला कर लिया।
विज्ञापन


ट्रंप ने राष्ट्रीय ऋण का निपटाने के लिए भारत पर लगाया 50 फीसदी टैरिफ : कानिटकर
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के वरिष्ठ पदाधिकारी मुकुल कानिटकर ने कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने देश के राष्ट्रीय ऋण का निपटारा करने के लिए भारतीय वस्तुओं पर 50 फीसदी टैरिफ लगाया है। यह ऋण अमेरिका के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) से अधिक है। अमेरिका ठप होने की स्थिति में है।

कानिटकर ने एक कार्यक्रम में अमेरिका की मौजूदा स्थिति के लिए उसकी गलत आर्थिक नीतियों को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि आज की विकट परिस्थिति में केवल भारत ही दुनिया का मार्गदर्शन कर सकता है।  उन्होंने कहा कि अमेरिका की जीडीपी 30 ट्रिलियन डॉलर से कम है। यह 29 ट्रिलियन डॉलर है और उनका राष्ट्रीय कर्ज 36 ट्रिलियन डॉलर है। आमदनी अट्ठन्नी, खर्चा रुपैया वाली हालत है। कानिटकर ने दावा किया कि अमेरिका कम से कम एक सप्ताह के लिए ठप हो जाएगा और अगर अगले महीने ऋण की राशि का निपटान नहीं किया गया तो अमेरिकी सरकार के पास अपने कर्मचारियों को वेतन देने के लिए भी धन नहीं होगा।
विज्ञापन


केंद्रीय मंत्री बोले- भारत में 2030 तक होगा 50 लाख एमटी हाइड्रोजन उत्पादन
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा है कि भारत नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से प्रगति कर रहा है। 2030 तक 50 लाख मीट्रिक टन हरित हाइड्रोजन उत्पादन के महत्वाकांक्षी लक्ष्य को प्राप्त कर लेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने या अपने कैबिनेट सहयोगियों के लिए आसान लक्ष्य निर्धारित नहीं करते हैं। उन्होंने नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में बहुत महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया है। हम अब तक पचास प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त कर चुके हैं।

पीएम मोदी ने इंजीनियर्स दिवस की दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी को इंजीनियर्स दिवस की बधाई दी है, इसे लेकर एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने लिखा, 'आज इंजीनियर्स दिवस पर, मैं सर एम. विश्वेश्वरैया को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ, जिनकी प्रतिभा ने भारत के इंजीनियरिंग परिदृश्य पर अमिट छाप छोड़ी है। मैं उन सभी इंजीनियरों को हार्दिक बधाई देता हूं, जो अपनी रचनात्मकता और दृढ़ संकल्प के माध्यम से नवाचार को आगे बढ़ा रहे हैं और विभिन्न क्षेत्रों में कठिन चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। हमारे इंजीनियर विकसित भारत के निर्माण के सामूहिक प्रयासों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे।'
 

'एक राष्ट्र-एक चुनाव' जरूरी- सुनील बंसल
भाजपा महासचिव सुनील बंसल ने रविवार को 'वन नेशन, वन इलेक्शन' (ONOE) का जोरदार समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि यह देश के तेज विकास और समृद्धि के लिए जरूरी है। ओडिशा में एक कार्यक्रम के दौरान बंसल ने कहा, 2019 लोकसभा चुनाव पर 60,000 करोड़ और 2024 चुनाव पर 1.35 लाख करोड़ रुपये खर्च हुए, यानी प्रति वोटर औसतन 1,400 रुपये। बार-बार चुनाव से न केवल खर्च 4-7 लाख करोड़ तक पहुंचता है बल्कि कर्मचारियों का समय, ऊर्जा और नीतिगत कार्य भी प्रभावित होते हैं। बंसल ने दावा किया कि ONOE से जीडीपी का 1.5% बचत होगी और प्रशासनिक दक्षता व विकास कार्य बढ़ेंगे।

हैदराबाद में मूसलाधार बारिश के बाद जलभराव
हैदराबाद में रविवार शाम भारी बारिश के बाद जलभराव और ट्रैफिक जाम देखा गया। खबर के मुताबिक अफजलसागर इलाके में नाले की तेज धारा में दो लोग बह गए। लापता लोगों की तलाश जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक मूसापेट स्थित बौद्ध नगर कम्युनिटी हॉल में 124 मिमी, एमसीएच कॉलोनी में 118.5 मिमी और जवाहर नगर हॉल में 114.3 मिमी बारिश दर्ज हुई। कई जगह सड़कों पर पानी भर गया। ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (जीएचएमसी), ट्रैफिक पुलिस और आपदा प्रबंधन टीमों ने जलभराव से निजात दिलाने में मदद की। मौसम विभाग ने तेलंगाना के कई जिलों में भारी बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है।

निष्कासित भाजपा नेता को पकड़ने के लिए मध्य प्रदेश पुलिस की तीन टीमें गठित
मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले में करीब 5 करोड़ रुपये के नशीले पदार्थ बरामद हुआ है। इस मामले में पूर्व भाजपा नेता राहुल अंजना पुलिस की रडार पर हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें बनाई गई हैं। राहुल भाजपा के तनोडिया मंडल उपाध्यक्ष थे। पार्टी ने उन्हें निष्कासित कर दिया है। पुलिस ने उनकी कार से 9.2 किलो केटामाइन, रसायन, लैब उपकरण और ग्राम पंचायत की मुहर जब्त की थी। हालांकि, राहुल फरार हो गया जबकि दो सहयोगी गिरफ्तार हुए। कोर्ट ने सहयोगियों को सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार की कीमतों के आधार पर जब्त केटामाइन से लगभग 350 करोड़ का नशीला पदार्थ तैयार किया जा सकता है।

हिंदी दिवस के मौके पर राजस्थान सरकार ने विभूतियों को किया सम्मानित
राजस्थान सरकार के भाषा एवं पुस्तकालय विभाग ने वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी को हिंदी सेवा सम्मान से नवाजा है। हिंदी दिवस पर सवाई मानसिंह मेडिकल कॉलेज में आयोजित समारोह में उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने उन्हें कला, संस्कृति और पर्यटन श्रेणी में सम्मानित किया। डॉ. सोनी की 15 से अधिक रचनाएं प्रकाशित हो चुकी हैं। उन्हें ‘साहित्य अकादमी युवा पुरस्कार’ भी मिल चुका है। सरकार की तरफ से डॉ. कृष्ण कुमार कुमावत, डॉ. मूलचंद बोहरा, डॉ. अनुपम व डॉ. दीप्ति चतुर्वेदी, प्रो. पूर्णेंदु घोष, डॉ. हिमांशु भाटिया, मनोज गत्तानी, डॉ. विजय बिप्लवी व डॉ. कुंजन आचार्य जैसी साहित्यिक विभूतियों को भी सम्मानित किया गया।

ड्रग्स तस्करों की मदद करने में 11 पुलिसकर्मी निलंबित
कर्नाटक में ड्रग्स तस्करों से सांठगांठ के आरोप में एक इंस्पेक्टर समेत 11 पुलिसकर्मियों को विभागीय जांच लंबित रहने तक निलंबित कर दिया गया है। सूत्रों के अनुसार, निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में चामराजपेट इंस्पपेक्टर टी मंजन्ना, हेड कांस्टेबल रमेश, कांस्टेबल शिवराज, मधुसूदन, प्रसन्ना, शंकर बेलागली, आनंद और जग जीवनराम नगर पुलिसकर्मी बसवनगुड़ी गौड़ा, कुमार और आनंद शामिल हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस रैकेट का पर्दाफाश 22 अगस्त को हुआ था। राजराजेश्वरी नगर पुलिस ने छह तस्करों को ग्राहकों को प्रतिबंधित नशीली गोलियां बेचते हुए पकड़ा था और उनके पास से लगभग 1,000 गोलियां भी जब्त की गई थीं।
 

मणिपुर में पीएम के कटआउट तोड़ने वाले दो युवक हिरासत में
मणिपुर के चुराचांदपुर जिले में रविवार को पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच झड़प हो गई। मामला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे से पहले लगाए गए पोस्टर और कटआउट तोड़े जाने से जुड़ा है। पुलिस ने बताया कि 11 सितंबर की रात पियर्सनमुन और फेलियन बाजार इलाके में मोदी के स्वागत के लिए लगाए गए कई बैनर और कटआउट को अज्ञात लोगों ने नुकसान पहुंचाया था। घटना के बाद पुलिस ने कई युवकों को पूछताछ के लिए पकड़ा। अधिकांश को छोड़ दिया गया, लेकिन दो युवकों को हिरासत में रखा गया। इन दोनों की रिहाई की मांग को लेकर रविवार को बड़ी संख्या में लोग चुराचांदपुर थाने के बाहर जमा हो गए और प्रदर्शन करने लगे। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव भी किया, जिससे हालात तनावपूर्ण हो गए। बाद में पुलिस ने दोनों युवकों को रिहा कर दिया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई। हालांकि, पुलिस का कहना है कि दोनों को जानबूझकर नहीं पकड़ा गया था, बल्कि वे तोड़फोड़ की जगह से ही हिरासत में लिए गए थे। उनसे पूछताछ जरूरी थी। 

पत्रकार सिद्दीकी कप्पन व 10 अन्य पर एफआईआर
केरल की कोच्चि पुलिस ने पत्रकार सिद्दीकी कप्पन और दस अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस के मुताबिक, शनिवार शाम केरल हाईकोर्ट के पास वांची स्क्वॉयर पर मानवाधिकार संगठनों ने महाराष्ट्र में गिरफ्तार पत्रकार रिजाज एम शीबा सिद्दीकी के समर्थन में कार्यक्रम आयोजित किया था। शीबा सिद्दीकी पर महाराष्ट्र में यूएपीए के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोप है कि उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर की आलोचना की थी।

तेजस्वी यादव के हमले पर दिलीप घोष का पलटवार
प्रधानमंत्री मोदी के आज के बिहार दौरे पर राजद नेता तेजस्वी यादव की टिप्पणी पर भाजपा नेता दिलीप घोष ने कहा, 'उन्हें अपनी पार्टी और अपने परिवार के बारे में सोचना चाहिए। ओडिशा और दिल्ली के पिछले मुख्यमंत्रियों को देखें, वे अब कहां गए हैं? बिहार के लोग यह नहीं भूले हैं कि उनके (तेजस्वी यादव) परिवार ने राज्य के लिए क्या किया है।'
 

कर्नाटक- आत्महत्या से पहले दंपति ने की बच्चों की हत्या
कर्नाटक पुलिस ने बताया कि बढ़ती आर्थिक तंगी के कारण एक दंपति ने कथित तौर पर अपने दो बच्चों की गला घोंटकर हत्या कर दी और फिर आत्महत्या का प्रयास किया। उन्होंने बताया कि यह घटना शनिवार शाम शहर के बाहरी इलाके गोनाकनहल्ली में हुई। पुलिस ने बताया कि शिवकुमार ने अपनी 11 और 7 साल की बेटी और बेटे की हत्या करने के बाद, खुद भी फांसी लगा ली। पुलिस ने बताया कि उसकी पत्नी मंजुला समय पर बचा ली गई, जिससे वह बच गई। हालांकि, मंजुला को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, कुछ समय पहले एक दुर्घटना में शिवकुमार के पैरों में गंभीर चोटें आई थीं और उसकी पत्नी, जो छोटी-मोटी मजदूरी करके बहुत कम कमाती थी, अपना गुजारा नहीं कर पा रही थी। उन्होंने अपने बेटे के इलाज के लिए भी पैसे उधार लिए थे और आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे। इसलिए, दंपति ने अपनी जान लेने और अपने बच्चों को भी मारने का फैसला किया ताकि वे अनाथ न हो जाएं।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि दंपति ने पहले बेटी का गला घोंटा फिर बाद में उन्होंने अपने बेटे का भी गला घोंट दिया। वहीं सुसाइड करने की कोशिश करने से पहले, शिवकुमार ने कथित तौर पर उससे शराब पीने के लिए अपनी पत्नी को कुछ स्नैक्स लाने को कहा। इस बीच, उसने आखिरी बार अपने माता-पिता से मिलने का फैसला किया। हालांकि, जब वह लौटी तो उसने पाया कि शिवकुमार ने खुद को फांसी लगा ली थी। उन्होंने बताया कि पड़ोसियों ने शवों को देखा और पुलिस को सूचित किया, जिससे मंजुला को आत्महत्या करने से पहले ही समय रहते बचा लिया गया।

सीबीआई ने कर्नाटक के पूर्व मंत्री के परिसरों  की तलाशी ली
सीबीआई ने वाल्मीकि अनुसूचित जनजाति विकास निगम घोटाला मामले में सोमवार को कर्नाटक के पूर्व मंत्री बी नागेंद्र के परिसरों और राज्य तथा आंध्र प्रदेश में 15 अन्य स्थानों पर छापेमारी की। कर्नाटक महर्षि वाल्मीकि अनुसूचित जनजाति विकास निगम के खातों से नागेंद्र के रिश्तेदारों के निजी खातों में सरकारी धन हस्तांतरित करने के गंभीर आरोप शामिल हैं। सीबीआई ने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के उप महाप्रबंधक की शिकायत पर मामला दर्ज किया था, जहां वाल्मीकि निगम का खाता था, जिसमें 21 फरवरी, 2024 और 06 मई, 2024 के बीच निगम के खातों से अवैध हस्तांतरण और निकासी के माध्यम से 84 करोड़ रुपये से अधिक की हेराफेरी का आरोप लगाया गया था। जून 2024 में नागेंद्र के खिलाफ बैंक धोखाधड़ी के रूप में शुरू हुआ था, लेकिन जांच के दौरान सीबीआई ने कुछ रिकॉर्ड एकत्र किए, जिससे इस शिकायत की पुष्टि हुई कि पूर्व मंत्री की बहन और बहनोई के खातों में कथित तौर पर धन हस्तांतरित किया गया था।
 

ईडी ने की आंतरिक मामलों के प्रबंधन की समीक्षा
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अपने 32वें त्रैमासिक क्षेत्रीय अधिकारियों के सम्मेलन (क्यूसीजेडओ) में अपनी आंतरिक मामलों के प्रबंधन प्रणाली की समीक्षा की। ईडी ने एक महीने के भीतर डाटा प्रविष्टि पूरी करने की आवश्यकता पर बल दिया। ईडी को निर्देश दिया गया कि यदि आवश्यक हो तो अधिकारियों के लिए प्रशिक्षण आयोजित किया जाए। 12 और 13 सितंबर को श्रीनगर में आयोजित सम्मेलन की अध्यक्षता ईडी निदेशक ने की। इसमें सभी विशेष निदेशकों, अतिरिक्त निदेशकों, संयुक्त निदेशकों और उप एवं सहायक कानूनी सलाहकारों ने भाग लिया। सम्मेलन में जिन महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। उनमें से एक पीएमएलए मामलों की सुनवाई में तेजी लाना था। प्रवर्तन निदेशालय के निदेशक ने आंकड़ों की समीक्षा की और क्षेत्रीय प्रमुखों को लंबित जांचों में तेजी लाने, अंतिम अभियोजन शिकायतों को दर्ज करना सुनिश्चित करने और मुकदमों में तेजी लाने के लिए हर संभव प्रयास करने के निर्देश दिए। 

कर्नाटक हाईकोर्ट का फैसला सही: कांग्रेस विधायक
कर्नाटक उच्च न्यायालय के बानू मुश्ताक द्वारा दशहरा उत्सव का उद्घाटन करने को चुनौती देने वाली याचिका खारिज करने पर कांग्रेस विधायक एनए हारिस ने कहा कि अदालत ने सही काम किया है। अदालत का फैसला इस देश के संविधान के पक्ष में है। जो सभी को अधिकार देता है। किसी को कार्यक्रम में आमंत्रित करना सरकार का पूर्ण अधिकार है। यह इस देश के संविधान की जीत है।  इसका सरकार से कोई लेना-देना नहीं है। हमारा यहां कोई व्यक्तिगत एजेंडा नहीं है। वह एक महत्वपूर्ण अतिथि हैं जिन्हें हमने आमंत्रित किया है। उन्हें भाषा और स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए पुरस्कार मिले हैं। वह राज्य का गौरव हैं। हम उन्हें आमंत्रित करते हैं और लोग इसमें राजनीति करने की कोशिश करते हैं। हम इस पर क्या कहें?

महिला आईएफएस अधिकारी के यौन उत्पीड़न मामले में पूर्व मंत्री बरी
केरल हाईकोर्ट ने सोमवार को पूर्व वन मंत्री नीलालोहितदासन नादर को कोझिकोड में महिला भारतीय वन सेवा (आईएफएस) अधिकारी के यौन उत्पीड़न मामले में बरी कर दिया। न्यायमूर्ति कौसर एडापगथ की एकल पीठ ने उन्हें बरी कर दिया। पुल्लुविला के मूल निवासी नादर जनता दल और जनता दल सेक्युलर से जुड़े थे। उन्होंने एलडीएफ सरकारों में विभिन्न मंत्री पदों पर कार्य किया। उन्हें आरोप के बाद मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था। आरोप था कि अधिकारी 27 फरवरी, 1999 को कोझिकोड के सरकारी गेस्ट हाउस में उनसे मिलने आई थीं, तब उन्होंने उनके साथ यौन संबंध बनाने की कोशिश की थी। कोझिकोड के न्यायिक प्रथम श्रेणी मजिस्ट्रेट कोर्ट ने उन्हें 2002 में एक वर्ष के साधारण कारावास की सजा सुनाई थी। अपील पर कोझिकोड की सत्र अदालत ने 2005 में सजा घटाकर तीन महीने कर दी थी। बाद में नादर ने फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी थी।

मॉरीशस के पीएम रामगुलाम पहुंचे तिरुपति के ब्रह्मर्षि आश्रम  
मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम ने भारत की आधिकारिक यात्रा के दौरान सोमवार को तिरुपति स्थित ब्रह्मर्षि आश्रम के कार्यक्रम में भाग लिया। आध्यात्मिक गुरु सिद्धगुरु सिद्श्वर ब्रह्मेदस्वी गुरुदेव स्वामी ने उनका स्वागत किया। स्वागत समारोह में पीएम रामगुलाम ने अपनी यात्रा के महत्व और स्वामी के साथ अपने जुड़ाव के बारे में बताया। रामगुलाम ने कहा कि बीते साल सितंबर में चार लोग मेरे घर आए थे। मैंने उन्हें संसद सत्र के दौरान देखा था। कुछ लोगों ने कहा कि स्वामी भारत से आए हैं और मुझे उनसे मिलना चाहिए और यह महत्वपूर्ण है। यहां का पूरा हिंदू समुदाय उन्हें जानता है। मैंने उनसे कहा था कि मैं भी धर्म और प्रार्थना के लिए दूसरों की तरह कतार में लगूंगा। मैं भारत जाऊंगा। अब मैं यहां हूं। 

उन्होंने स्वामी के मार्गदर्शन की प्रशंसा करते हुए आगे कहा, भगवान ने चुनाव का फैसला पहले ही कर दिया है। स्वामी ने मुझसे कहा था कि मैं पिछले चुनाव में और इस बार भी जीतूंगा। मैंने उनके जैसा कोई व्यक्ति पहले कभी नहीं देखा। इस दौरान स्वामी ने रामगुलाम के नेतृत्व एवं विनम्रता की तारीफ करते हुए कहा, वे मॉरीशस के संस्थापक हैं। वे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जैसे हैं। जब मैं उनके घर गया तो वे अत्यंत विनम्र और सरल थे। मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम ने पत्नी सहित तिरुपति मंदिर और हमारे आश्रम का दौरा किया। ये एक सुंदर जोड़ा हैं।
विज्ञापन

अमित शाह चार हजार करोड़ की जब्त दवाओं को नष्ट करेंगे
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मंगलवार को देश के विभिन्न हिस्सों से जब्त 4,794 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थों को नष्ट करने की पहल करेंगे। शाह ने सोमवार को कहा कि मोदी सरकार भारत के सभी एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) को एकजुट करके नशीली दवाओं के खतरे को खत्म करने के लिए दृढ़ है। मादक पदार्थों को नष्ट करने की प्रक्रिया मंगलवार को एएनटीएफ प्रमुखों के दूसरे दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन में शुरू की जाएगी। सम्मेलन का आयोजन नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) द्वारा 'संयुक्त संकल्प, साझा जिम्मेदारी' विषय पर किया जा रहा है। शाह एनसीबी की वार्षिक रिपोर्ट 2024 भी जारी करेंगे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें